सरायकेला-खरसावां
शुक्रवार को खरसावां प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह पंचायत भवन में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत एवं उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की सही एवं समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए और लाभुकों को योजनाओं का लाभ स्थल पर ही उपलब्ध कराने के हर संभव प्रयास किए जाएँ।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में शासन-प्रशासन द्वारा सेवाओं को जन-सामान्य तक पहुँचाने हेतु आयोजित किया जा रहा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग/विधवा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, आय/जाति/निवास प्रमाणपत्र, भूमि संबंधी सेवाएँ तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों के त्वरित समाधान हेतु विभागीय टीमों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की दैनिक निगरानी की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण न करने वाले विभागों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।


