सरायकेला/ईचागढ़
(मालखान महतो)
रंगामाटी-टिकर सड़क की बदहाली दूर करने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने पहल शुरू कर दी है। सड़क के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए विभाग के सरायकेला-खरसावां रोड डिवीजन की ओर से ई-टेंडर जारी किया गया है।

करीब 9.05 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत पर 89 लाख 99 हजार 781.58 रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से जारी ई-प्रोक्योरमेंट नोटिस के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में नन-प्लान मद से सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। कार्य पूरा करने के लिए संवेदक को तीन माह का समय दिया गया है। निविदा की तिथि 27 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
भारी वाहनों के परिचालन से सड़क की हालत जर्जर
रंगामाटी-टिकर सड़क ईचागढ़ क्षेत्र के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। इसी मार्ग से जमशेदपुर, आदित्यपुर और चाईबासा की ओर से आने वाले बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन रामगढ़, हजारीबाग और पटना सहित अन्य क्षेत्रों की ओर आवागमन करते हैं। लगातार भारी वाहनों के परिचालन के कारण सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से मरम्मत कार्य पूरा किया जाता है तो क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों के आवागमन में भी काफी सुविधा होगी।

