विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत माननीय पूर्व मुख्यमंत्री-सह-सरायकेला विधायक एवं माननीय खरसावाँ विधायक ने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत माननीय पूर्व मुख्यमंत्री-सह-सरायकेला विधायक एवं माननीय खरसावाँ विधायक ने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा।

सरायकेल/खरसावां

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत आज माननीय पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र, चंपई सोरेन तथा माननीय विधायक, खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र, दशरथ गागराई ने अपने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को सौंपा। उक्त अवसर पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित थे।

इस अवसर पर माननीय दोनों जनप्रतिनिधिगण ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा 29 जुलाई, 2026 के भीतर अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र मतदाता का इस अभियान में सहभागी होना आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे समय पर अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

चांडिल प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती पीवीटीजी बहुल गांवों में पहुंचकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत घर-घर संचालित एन्यूमरेशन एवं मतदाता सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण।

चांडिल प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती पीवीटीजी बहुल गांवों में पहुंचकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत घर-घर संचालित एन्यूमरेशन एवं मतदाता सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण।

सरायकेला/चांडिल

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह द्वारा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांडिल प्रखंड के पीवीटीजी (PVTG) बहुल सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत धुनाबुरु के टोला कोड़ाबुरु, तुलग्राम एवं पालगाम का क्षेत्र भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत संचालित घर-घर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घर-घर जाकर मतदाताओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया तथा एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया एवं मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया तथा मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कराने, आवश्यकतानुसार एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने एवं विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने क्षेत्र के दिव्यांग (PWD) मतदाताओं के घर पहुंचकर भी उनका कुशलक्षेम जाना तथा एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित बीएलओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच बनाते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

इस क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांडिल तलेस्वर रविदास, संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए एन्यूमरेशन प्रपत्रों का वितरण, योग्य मतदाताओं का सत्यापन तथा पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों एवं आवेदनों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा ग्रामीणों को यथाशीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।

मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत संचालित गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण अभियान के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ नितिश कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र-51 अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-351 एवं 352 का भ्रमण कर घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य निष्पादन की गुणवत्ता का आकलन किया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत वितरण, समयबद्ध संग्रहण, मतदाता विवरण का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता की उपेक्षा न हो तथा कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार तक पहुँच बनाते हुए सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरवाया जाए तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना वैधानिक कारण के मतदाता सूची से न हटे तथा पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित की जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है तथा इसकी सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय पर निर्भर है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करते हुए अभियान की दैनिक समीक्षा करने, क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन कार्य का नियमित क्षेत्र भ्रमण कर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के माध्यम से अभियान की सतत निगरानी करते हुए समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित कराने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सरायकेला अमित कुमार, संबंधित बीएलओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान जारी।

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान जारी।

सरायकेला/खरसावां

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य विद्यालय, घोड़ानेगी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर माननीय ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांडिल, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA1) तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित समयसीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र नागरिकों से अपने एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम का मतदाता सूची में सत्यापन कराने, नए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।

इस दौरान बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक आवेदन प्रपत्र संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के माध्यम से जमा करने का आग्रह किया गया।

इसी क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश के आलोक में जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड, कुरली द्वारा अपने अधिकारियों एवं कर्मियों के मध्य मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को SIR-2026 की प्रक्रिया, आवेदन प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज, मतदाता सूची में नाम के सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन तथा अपात्र, मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी कर्मियों से समयबद्ध रूप से अपने मतदाता विवरण का सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार अद्यतन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि SIR-2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या 1950 पर प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफल बनाने तथा शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई।

गम्हरिया प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक संपन्न।

गम्हरिया प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक संपन्न।

सरायकेला/गम्हरिया

गम्हरिया प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी श्री प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और आवश्यक दस्तावेजों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तरीय एजेंट (BLA) एवं बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस, झामुमो (JMM), राजद (RJD) एवं भाजपा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कांग्रेस की ओर से जिला महासचिव राजू रजक, जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा तथा कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष गौरी शंकर उपस्थित थे।

वहीं झामुमो की ओर से प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश गोप, युवा नेता सनी सिंह, मनोज कुमार, आदित्यपुर नगर के लाल बाबू सरदार एवं सरोज मुखर्जी ने भाग लिया। राजद की ओर से वरिष्ठ नेता पुरेंद्र नारायण सिंह, डी.एन. सिंह एवं संजय यादव बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR अभियान के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग करने तथा मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है और सभी दलों की सहभागिता से यह अभियान सफल होगा।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक आयोजित, BLA को दिए गए निर्देश

गम्हारिया /झारखंड। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर प्रखंड सभागार में अधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (BLA) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और अद्यतन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान बूथ स्तरीय एजेंट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और वे बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय कर मतदाता सूची में आवश्यक सुधार, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा त्रुटियों के निराकरण में सहयोग करेंगे।

बैठक में SIR के लिए स्वीकार्य दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, सरकारी पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर सहित अन्य निर्धारित दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नए मतदाताओं तथा विशेष परिस्थितियों में आवेदन करने वाले नागरिकों को निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करें और पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

मुख्य बिंदु:

●SIR कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक।

●राजनीतिक दलों के BLA एवं अधिकारियों की भागीदारी।

●मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता पर जोर।

●आवश्यक दस्तावेजों की सूची साझा की गई।

●नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

Design a site like this with WordPress.com
Get started