बढ़ते गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में हुआ बदलाव
सरायकेला/आदित्यपुर
महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग झारखंड सरकार द्वारा निर्गत किए गए पत्र के आलोक में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के संबंध में उपायुक्त अरवा राजकमल ने निर्णय लिया है कि बदलते मौसम एवं जिले में पड़ रही अत्यधिक गर्मी को देखते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन आगामी दिनांक 17.06.2023 तक अब निर्धारित दिनचर्या के स्थान पर प्रातः 6:30 से 9:30 तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उक्त समय अवधि में इन आंगनबाड़ी केंद्रों पर 03 से 06 वर्ष तक की आयु के बच्चों का पूर्व की भांति ही शाला संचालित होती रहेगी एवं उन्हें पूरक पोषाहार सहित आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रदत सेवाएं जैसे टीकाकरण एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराया जाता रहेगा। वहीं उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित कर्मियों को भी उक्त अवधी एवं समय अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया है।
चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान का स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवान किया
सरायकेला
सरायकेला खरसावां जिले में 12 जून तक ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ अभियान चलाया जाएगा। जिला स्तरीय माहवारी स्वच्छता कार्यक्रम के तहत ’’चुप्पी तोड़ो: स्वस्थ रहो’’ अभियान के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उदेश्य से आज उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक वीरेन कुमार शीत एवं जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह नें सामूहिक रूप से हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता जागरूकता रथ को रवाना किया।
’’चुप्पी तोड़ो: स्वस्थ रहो’’ अभियान के तहत रवाना किए गए इस जागरूकता रथ के द्वारा जिले के सभी प्रखंड में पंचायतवार भर्मण कर किशोरियों एवं महिलाओं, विशेषकर 10-19 आयु वर्ग किशोरियों में स्वच्छता को बढ़ावा देने और उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों साझा कर उन्हें जागरूक करने का कार्य किया जायेगा।मौक़े पर उपरोक्त के अलावा कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सरायकेला , कनीय अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सरायकेला, जिला समन्वयक, आईएसए प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित रहे।
नागरिक समन्वय समिति जन समस्याओं को लेकर आयुक्त से मिले और मांग पत्र सौंपा
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर: मंगलवार को नागरिक समन्वय समिति का एक प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय अध्यक्ष प्रसिद्ध नारायण सिंह के नेतृत्व में नगर निगम से जुड़ी जन समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सह प्रशासक गिरिजा शंकर प्रसाद से मिलकर एक मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र के माध्यम से नागरिक समन्वय समिति ने बरसात के पूर्व नालियों की सफाई, बंद पड़े स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, टैंकरों की संख्या बढ़ा कर जलापूर्ति आदि के सामयिक समाधान अविलंब कराने की मांग की गई है।
समन्वय समिति के प्रतिनिधि मंडल ने यह भी सुझाव दिया कि जनसरोकार से संबंधित कार्यों के लिए प्रत्येक वार्ड के लिए प्रभारी एवं हर पांच वार्ड पर एक सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति की जाय एवं उनका नाम मोबाइल नंबर के साथ समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक किया जाय. दैनिक समस्याओं के निराकरण के लिए होल्डिंग टैक्स कलेक्शन के लिए हर वार्ड में कैम्प लगाया जाए।
प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से केंद्रीय उपाध्यक्ष विमल सिंह, जगदेव प्रसाद, महासचिव अजीत कुमार, आदित्यपुर इकाई के अध्यक्ष निरंजन मिश्रा, गंभीर सिंह, संजय कुमार, मनोज सिंह, रतन सिंह मौजूद थे।
संस्कार प्ले स्कूल भाटिया बस्ती का समर कैंप अव्वल- पुरेंद्र
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर भाटिया बस्ती स्थित संस्कार प्ले स्कूल में भारत संस्कार द्वारा आयोजित पांच दिवसीय समर कैम्प में योग ,नृत्य की प्रस्तुति सह पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ।
इन पांच दिनों में विभिन्न विधाओं योग ,ड्राइंग ,नृत्य , संगीत नैतिक शिक्षण द्वारा व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण शिक्षकों द्वारा दिया गया।इस अवसर मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह , विशिष्ठ अतिथि पंतजलि योगपीठ की प्रशिक्षित योग शिक्षिका रीमा जायसवाल उपस्थित थीं।
मुख्य अतिथि पुरेंद्र नारायण सिंह, विशिष्ठ अतिथि रीमा जायसवाल,भारत संस्कार के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय ,उपाध्यक्ष सह प्ले स्कूल के डायरेक्टर एसडी प्रसाद ,संगठन सचिव प्रमोद गुप्ता , प्राचार्य उर्वशी मेहता ने दीप प्रज्ज्वलित कर समापन समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।इस अवसर पर सभी ग्रुप के बच्चों द्वारा योग और नृत्य का प्रदर्शन किया गया.
के अंत में मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने सभी विजेता बच्चों को पुरस्कार तथा प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया। पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि समर कैंप में छुट्टियों का छात्र सही सदुपयोग कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कार प्ले स्कूल का समर कैंप अन्य कैंप से अलग हैl संस्कार प्ले स्कूल में विभिन्न विधाओं के प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को अच्छे संस्कार भी दिए जाते हैं.कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका कुमकुम ,मुनमुन ,योग टीचर पम्मी ,ड्राइंग टीचर लखन महतो ,अर्चना ,नृत्य टीचर सुधीर और स्कूल स्टाफ अंजना सावित्री ने भरपूर सहयोग किया।अतिथियों का स्वागत प्राचार्य उर्वशी मेहता ने किया ,जबकि संचालन डायरेक्टर एसडी प्रसाद ने किया।इस अवसर पर भारी संख्या में छात्र एवं अभिभावक मौजूद थे।
‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ जन आंदोलनों में भी यह ध्यान रखना बेहद ज़रूरी
दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार व राजनीतिक विश्लेषक
जन आंदोलनों का उद्देश्य किसी भी देश के सिस्टम में बैठे हुए चंद ताकतवर लोगों व राजनेताओं के अहंकार को चूर-चूर करते हुए, गहरी नींद में सोये हुए या फिर गूंगे-बहरे हो चुके कर्ताधर्ताओं व पूरे सिस्टम को जगाकर के एक बार फिर से आम जनमानस के हितों के कार्यों को करने के लिए प्रेरित करना होता है। नकि किसी भी आंदोलन के नाम पर राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता को चोट पहुंचाने का दुस्साहस करना होता है। राष्ट्र गौरव के महत्वपूर्ण दिन घेराव करना हंगामा बरपाना नहीं होता है। देश की अनमोल संपत्ति को तोड़फोड़ करके नुकसान पहुंचाना नहीं होता है। नाही देश में आगजनी करके व जगह-जगह जाम लगा कर हंगामा बरपा कर के नुकसान पहुंचाना या फिर देश के भोले-भाले आम जनमानस को दंगे-फसाद के लिए उकसाना होता है। इसलिए यह हम सभी का दायित्व है कि आंदोलनों के दौरान भी हम हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मान उसका ध्यान रखें।
देश में पिछले कई वर्षों से विभिन्न मुद्दों को लेकर के कुछ बड़े जन आंदोलनों लंबे समय तक चले हैं। जिसमें अन्ना हजारे के आंदोलन, रामदेव का आंदोलन, राजस्थान में गुर्जर समाज के आरक्षण का मसला, हरियाणा में जाट समाज के आरक्षण का मसला, वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाने का देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध, वहीं वर्ष 2019 में सीएए-एनआरसी लागू करने का पूरे देश में जबरदस्त विरोध, केन्द्र सरकार के द्वारा देश में तीन कृषि कानून लागू करने का देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध होना, असम व मेघालय सीमा विवाद का मसला, मणिपुर में आरक्षण को लेकर विरोध व पहलवानों के यौन शौषण का मसला आदि सभी आंदोलनों के माध्यम से आम जनमानस के द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को समय-समय पर दमदार ढंग से उठाया जाता रहा हैं, जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार आंदोलनकारियों का हक है। वैसे अगर हम पिछले कुछ वर्षों में हुए आंदोलनों का गहराई से अध्ययन करने कार्य करें, तो स्पष्ट नज़र आता है कि शुरुआत में अधिकांश जन आंदोलनों का मकसद केवल अपनी मांगों तक सीमित होता हुआ नज़र आता है, लेकिन बीतते हुए समय के साथ-साथ कुछ आंदोलनों में जिस तरह से तोड़फोड़, आगजनी व हिंसा हुई उससे लोगों को ऐसे आंदोलनों में बड़े पैमाने पर देश विरोधी ताकतों व कुछ देशद्रोही षड्यंत्रकारी लोगों के शामिल होने की बू आती है, ऐसे चंद लोगों ने ही आंदोलनों की आड़ में देश के विभिन्न भागों में जमकर तोड़-फोड़, आगजनी, हिंसा, दंगा-फसाद करके देश की फिजा को खराब करने का दुस्साहस करते हुए, वास्तविक आंदोलनकारियों की छवि को खराब करके बट्टा लगाने का कार्य किया। हालांकि कुछ आंदोलनों में जो घटनाएं घटित हुई वह कोई मामूली छोटी घटनाएं नज़र नहीं आती हैं, बल्कि लोगों को हंगामें व हिंसा का पूरा घटनाक्रम ही एक सुनियोजित षड्यंत्र नज़र आता है।
इन आंदोलनों के दौरान जिस तरह से सड़कों को जाम करके सीएए-एनआरसी लागू होने से रोकने के लिए तोड़फोड़ हिंसा का सहारा लिया गया था, उसको पूरी दुनिया ने देखा। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर से लेकर देश के अन्य भागों में जिस तरह से बेवजह का हंगामा बरपाया गया, उसको भी पूरी दुनिया ने देखा। तीनों कृषि कानूनों के विरोध में जिस तरह से 26 जनवरी 2021 के दिन दिल्ली की सड़कों से लेकर के लालकिले की प्राचीर तक पर जबरदस्त ढंग से हंगामा बरपाया गया, उसको पूरी दुनिया ने देखा। जाट समाज व गुर्जर समाज के आरक्षण के मुद्दे पर हरियाणा व राजस्थान में हुए हुड़दंग को पूरी दुनिया ने देखा। आंदोलन की आड़ में असम व मेघालय के सीमा विवाद में लोगों की जान तक जाना बेहद दुर्भाग्य पूर्ण घटनाक्रम था, उसको भी दुनिया ने देखा।
अब मणिपुर में आरक्षण के पक्ष-विपक्ष में चल रहे आंदोलन में एक दूसरे की जान लेने के लिए उतावले लोगों के हिंसात्मक आंदोलन को भी पूरी दुनिया देख रही है। ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे पहलवानों के आंदोलन में 28 मई 2023 को जब नव निर्मित संसद भवन का उद्घाटन होना था, उस राष्ट्र गौरव के दिन संसद भवन के बाहर पहलवानों के द्वारा महिला महापंचायत आयोजन करने के प्रयास को भी दुनिया ने देखा, जो कि राष्ट्र गौरव के दिन पहलवान व उनके समर्थक आंदोलनकारियों की सरकार पर दबाव बनाने की एक बचकाना रणनीति थी। हालांकि आंदोलनों की आड़ में इस तरह के घटनाक्रम बार-बार घटित होने के बाद अब देश के एक बड़े वर्ग को लगने लगा है कि देश में होने वाले आंदोलनों में पिछले कुछ वर्षों से अपने छुपे हुए भारत विरोधी एजेंडे की पूर्ति के लिए कुछ लोग बड़े पैमाने पर शामिल होने लगें हैं, देश में पिछले कुछ वर्षों से मौकापरस्त देशद्रोही लोगों ने बहुत सारे आंदोलनों को हाई जैक करके, अपना भारत विरोधी एजेंडे को साधने का एक बहुत बड़ा अक्षम्य अपराध किया है, आंदोलनों की आड़ में बार-बार घटित हो रहे दुस्साहसी घटनाक्रमों को पूरी दुनिया निरंतर देख रही है। लेकिन हाल ही में जब 28 मई 2023 को नव निर्मित संसद भवन का उद्घाटन होना था, तो उस समय राष्ट्र गौरव के प्रतीक नव निर्मित संसद भवन पर पहलवानों के द्वारा महिलाओं की महा पंचायत बुलाना समझ से परे का घटनाक्रम था, आज भी लोग आत्ममंथन कर रहे हैं कि लोकतंत्र के नव निर्मित मंदिर के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर पहलवानों का यह कृत्य कितना उचित था, हालांकि राष्ट्र गौरव के अहम दिन यह विरोध प्रदर्शन करके हंगामा बरपाने की घटना सामान्य थी या नहीं, यह देश की जांच एजेंसियों का विषय है, लेकिन फिर भी जो कुछ घटित हुआ वह देश देशवासियों व खुद पहलवानों की छवि के हित में बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
वैसे देखा जाए तो देशहित व जनहित की सरकार की नीतियों का समर्थन जितना आवश्यक है, वहीं सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध भी उतना ही आवश्यक है, लेकिन विरोध के नाम पर चलने वाले आंदोलनों को देश विरोध का माध्यम बनने से आंदोलन का नेतृत्व करने वाले लोगों को रोकना होगा, वरना विरोध प्रभावहीन हो जाता है और आंदोलन दिशाहीन हो जाता है। आज देश व जन मानस के हित में यह आवश्यक है कि सत्ता पक्ष मुद्दों पर सर्वसम्मति बनाकर चलें और विपक्ष दलों को भी राजनीति चमकाने के लिए बेवजह तथ्यहीन विरोध नहीं करना चाहिए और मुद्दों का विरोध देश विरोध में किसी भी परिस्थिति में कभी भी तब्दील नहीं होना चाहिए, यही स्थिति देश व समाज के लिए श्रेष्ठ है।
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड रांची मुख्यालय द्वारा सरकार की महत्वकांक्षी योजना एक मुश्त समाधान योजना।
सरायकेला-खरसावां
2023 के तहत बिजली बिल माफी योजना का लाभ लेने हेतु सरायकेला जिले के अंतर्गत आने वाले सरायकेला प्रखंड के सभी पंचायत में दिनांक- 05/06/2023 से दिनांक- 31/06/2023 तक पंचायत स्तर कैम्प का अयोजन किया जा रहा है।
वैसे घरेलु (शहरी एवं ग्रामीण) श्रेणी 05 KW तक एवं कृषि एवं सिचाई (IAS -1) निजी श्रेणी के उपभोक्ता ,सरकार के इस एक मुश्त समाधान योजना 2023 के तहत बिजली बिल माफी योजना का लाभ ले । क्योंकि एक मुश्त समाधान योजना 2023 के तहत बिजली बिल माफी योजना का ये अंतिम माह है।
माननीय मुखिया एवं जनप्रतिनिधि से आग्रह है कि पंचायत स्तर कैम्प को सफल बनाने हेतु ज्यादा से ज्यादा प्रचार एवं प्रसार करने की कृपा करेंगे तथा अपने स्तर से ग्रामीणों को कैम्प के बारे में सूचित करेंगे।
आदिवासी समाज ने आरक्षण पर कुठाराघात की कोशिश का किया जोरदार विरोध,
सरायकेला/चांडिल
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चांडिल डैम के पास स्थित गांगुडीह फुटबॉल मैदान में संयुक्त आदिवासी सामाजिक संगठन की ओर से आक्रोश जनसभा का आयोजन किया गया. इस दौरान आदिवासी समाज के आरक्षण पर कुठाराघात करने की कोशिश का जोरदार विरोध किया गया.
साथ ही समाज के लोगों को अपने अधिकार और अस्तित्व की रक्षा के लिए आपसी एकजुटता का आह्रवान किया.इस दौरान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चांडिल अनुमंडल अंतर्गत गांगुडीह फुटबॉल मैदान में संयुक्त आदिवासी सामाजिक संगठन के बैनर तले आक्रोश जनसभा का आयोजन किया है. इससे पहले रैली की शक्ल पारंपरिक हथियारों से लैश होकर चांडिल अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी समाज के लोग यहां पहुंचे और इस आक्रोश सभा में शामिल हुए.
इसमें महिलाएं भी काफी संख्या में शामिल रही. इस मौके पर संगठन के श्यामल मार्डी, भोला सिंह सरदार, जिला पार्षद जयंती लाल बेसरा सहित काफी संख्या में आदिवासी समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित हुए. सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज के आरक्षण पर कुठाराघात करने की कोशिश का जोरदार किया. साथ ही, अपने हक- अधिकार और अस्तित्व की रक्षा के लिए आपसी एकजुटता का आह्वान किया गया.आदिवासी समाज के लोगों ने यह भी कहा कि कुछ लोग समाज के इतिहास के साथ छेड़छाड़ करने में जुटे हुए हैं, जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आदिवासी समाज के लोग अपने हक और अधिकार की लड़ाई आगे भी लड़ने को
लोकसभा चुनाव 2024 नीतीश कुमार तमाम विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं, अशोक चौधरी
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष एक सशक्त भूमिका अदा कर सकता है. हमारे नेता नीतीश कुमार तमाम विपक्षी दलों को एक साथ बैठाकर एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं. ताकि 2024 के चुनाव में विपक्षी दल अपना दमखम दिखा सके. उक्त बातें बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड के झारखंड प्रभारी डॉ. अशोक चौधरी ने सरायकेला जिले के आदित्यपुर में आयोजित हुए जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन के मौके पर कही.
दल यूनाइटेड सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार के नेतृत्व में रविवार को आदित्यपुर स्थित एसिया भवन में बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद खीरू महतो का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. कार्यकर्ता सम्मेलन सम्मान समारोह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि 2024 में विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम नीतीश कुमार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी कई दौर की बैठक होने बाकी हैं. जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट होगी. उन्होंने कहा कि हमें झारखंड में अपनी पुरानी पहचान प्राप्त करनी है. इसी के तहत राज्य भर में सम्मेलन और कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा रहा है.फूलों की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया जदयू कार्यकर्ता इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने संगठन को धारदार बनाने की बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि झारखंड के 24 जिले में सम्मेलन आयोजित कर पार्टी को मजबूत किया जा रहा है ताकि आगामी चुनाव में जदयू मजबूती से उभरे. उन्होंने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार बेदाग छवि के हैं और इसी बदौलत हम चुनावी किला फतह करेंगे. मजबूती के साथ गठबंधन कर सरकार में भूमिका अदा करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार ने एवं संचालन कौशल कुमार ने किया. इस अवसर पर युवा जद यू के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, श्रवण कुमार, शैलेंद्र महतो, विश्राम कुमार, सत्यप्रकाश आदि उपस्थित थे.
वॉलीबॉल समर कैंप का आयोजन,शुरुआत पुरेंद्र के कर कमलो द्वारा किया गया
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर: झारखंड वॉलीबॉल संघ के निर्देशानुसार जिला सरायकेला खरसावां वॉलीबॉल संघ के तरफ से 4 जून से लेकर 11 जून तक आदित्यपुर 2 कुलुपतंगा मैदान में वॉलीबॉल समर कैंप आयोजन किया गया।
जिसमे सरायकेला खरसवां के चुने हुए 30 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आने वाले टूर्नामेंटों में वह सरायकेला खरसावां की टीम का नेतृत्व करेंगे.समर कैंप का शुरुआत मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के कर कमलो द्वारा किया गया तथा उन्होंने खिलाड़ियों को वॉलीबॉल तथा नेट देकर उनका सम्मान बढ़ाया और आने वाले समय में जिला के मुख्य खिलाड़ियों को खेल के मुख्यधारा में जाने के लिए सलाह दी।
कैंप के प्रशिक्षक के रूप में नितेश कुमार चौबे , सरायकेला खरसवां जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव गणेश चौबे, अध्यक्ष राज बक्शी, चेयरमैन अरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुमित शर्मा आज जिला के सभी गणमान्य वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित थेl नवनीत कुमार शर्मा, सौरभ गुप्ता, रंजन तिवारी, सनी सिंह, संकेत चौधरी, विशाल मिश्रा, अमित ठाकुर, शुभम कुमार सिंह, अभिषेक झा, ओमवीर मिश्रा, विनोद सिंह और बहुत सारे खिलाड़ी उपस्थित होकर सफल बनाने में सहयोग दे रहे हैं। समर कैंप का समापन 11 जून 2023 को किया जाएगा।
महाप्रभु भगवान जगन्नाथ को 108 कलश जल से महास्नान कराया गया,14 दिनों के लिए प्रभु का मंदिर बंद
सरायकेला/चांडिल
चांडिल: रविवार को महाप्रभु भगवान जगन्नाथ को 108 कलश जल से महास्नान कराया गया. मुख्य पुरोहित आचार्य मधुसूदन जोशी, पवन कुमार त्रिवेदी, काशी से अंकित शर्मा, चांडिल के बच्चा तिवारी समेत अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दूध, दही, घी, पंचामृत, गुलाब, जल, चंदन और हल्दी के मिश्रण से महाप्रभु के साथ बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को स्नान कराया।
देव स्नान पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम स्थित श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही.इस संबंध में जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि महाप्रभु भगवान जगन्नाथ को 108 कलश जल से महास्नान कराया गया. इसमें गंगाजल, पंचामृत व औषधीय मिश्रित जल मिलाया गया था. उन्होंने बताया कि परंपरा अनुसार अब भगवान बीमार हो जाते हैं. इस दौरान भगवान जगन्नाथ एकांतवास में चले जाते हैं. जहां महाप्रभु का जड़ी-बूटी से इलाज किया जाता है. भक्तों के लिए अगले 14 दिनों तक मंदिर का कपाट बंद रहेगा. इसके साथ ही अब रथयात्रा की तैयारी आरंभ हो चुकी है. 18 जून को भक्त महाप्रभु के नवजीवन रूप का दर्शन कर सकेंगे. जिसे नेत्र उत्सव कहा जाता है. मंदिर के पट खुलने के बाद भक्त महाप्रभु भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकेंगे
भगवान बलभद्र, महाप्रभु जगन्नाथ, एवं मां शुबद्रा की पूर्णिमा पूजन सम्पन्न
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर: रविवार को आदित्यपुर-2 रेलवे कॉलोनी स्थित शिव दुर्गा मंदिर प्रांगण में स्थापित नए भगवान बलभद्र, महाप्रभु जगन्नाथ, एवं मां शुबद्रा की पूर्णिमा के शुभ अवसर पर विधिवत रूप से देवस्नान पूर्णिमा पूजन सम्पन्न हुआ।
अगामी 20 जून को पवित्र रथ यात्रा निकलेगी। रविवार को इस देवस्नान पूर्णिमा पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से,यजमान मोहित कुमार,ज्ञानेंद्र जेना,अशोक महाकुड,सतीश शर्मा,रवि शंकर शर्मा,संतोष बेहेरा,शिव शंकर यादव ,अभिलाष मिश्रा,राजू मुखी,अभिषेक,सत्यजीत साहू, हेमंत कुमार,कृष्णा साहू, रोबिन तराई,राकेश कुमार,विराज , सहित कई श्रद्धालु उपस्थित हुए कमिटी द्वारा सभी सहर वासियों से आगामी 20 जून को निकलने वाली भव्य रथ यात्रा में सामिल होने का आग्रह किया गया है।
भाजपा द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहे महाजनसंपर्क,सोशल मीडिया इंफ्लूंसर मीट का आयोजन किया गया
आदित्यपुर
आदित्यपुर: भाजपा द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहे महाजनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को ज़िला भाजपा द्वारा आदित्यपुर नगर निगम के निवर्तमान महापौर बिनोद श्रीवास्तव के रोड न 5 स्थित आवासीय कार्यालय में सरायकेला विधानसभा स्तरीय सोशल मीडिया इंफ्लूंसर मीट का आयोजन कार्यक्रम प्रभारी निरंजन मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।
के माध्यम से आये हुए वैसे लोग जो भाजपा की विचारधारा के समर्थक है एवं सोशल मीडिया में अलग पहचान रखते है मोदी के 9 वर्षों के कार्यकाल में हुए प्रमुख उपलब्धियों को प्रजेंटेशन के माध्यम से दिखाया गया एवं सभी से देश की उज्ज्वल भविष्य के लिए 2024 की चुनावी लड़ाई में मदद के लिए आग्रह किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे गणेश महली ने कहा की 2024 की लड़ाई बहुत ही अहम है, सारे भ्रष्टाचारी नेता जिन्हें देश की प्रगति से पेट में दर्द हो रहा है वे सभी अभी साथ आ रहे है और उनका एक ही मक़सद है मोदी हटाओ, इसलिए आप सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से मोदी के कार्यों को आम जानता तक ले जाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील श्रीवास्तव, ज़िला आई टी सेल प्रभारी आकाश रंजन, आर आई टी मण्डल महामंत्री पंकज सिंह, अजय मिश्रा, सौरव पाठक, दीपक राय, शत्रुधन कुमार, अंकित श्रीवास्तव, कार्तिक मंडल, दिलीप गुप्ता, विशाल विनायक, राहुल शर्मा, अभय मिश्रा एवं अन्य युवा मौजूद थे।