चाईबासा में पुलिस बलों की नक्सलियों के साथ बुधवार 11 जनवरी 2023 को मुठभेड़ हो गयी. इसमें पुलिस बल के 6 जवान घायल हो गये. घायल पुलिसकर्मियों के नाम अजय लिंडा, शाहरुख खान, भरत सिंह राय, मुकेश कुमार सिंह, आलोक दास (बीडीडीएस) और बीरपाल सिंह तोमर हैं. मुठभेड़ नक्सल प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिला के टोंटो थाना क्षेत्र में स्थित जंगल में हुई. पुलिस का दावा है कि माओवादियों को भारी नुकसान हुआ है.

पुलिस को उग्रवादियों के जुटने की गुप्त सूचना
कोल्हान क्षेत्र के टोंटो थाना अंतर्गत ग्राम तुम्बाहाका जंगल के समीप भाकपा (माओवादी) के नक्सलियों के एकत्र होने की सूचना मिली थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद पश्चिमी सिंहभूम जिला की पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति बनायी.
नक्सलियों के खिलाफ शुरू किया गया था सर्च ऑपरेशन
बुधवार 11 दिसंबर 2023 को कोबरा 209 बटालियन, 203 बटालियन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन, 174 बटालियन एवं 197 बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर अभियान संचालित किया जा रहा था. इसी क्रम में बुधवार को दोपहर में करीब एक बजे पुलिस सर्च ऑपरेशन पर निकली थी.






















