सरायकेला/आदित्यपुर
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )

मित्रता दिवस के पावन अवसर पर दोस्ती को सेवा में बदलने की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। स्वर्गीय प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित छठे वार्षिक मेगा रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 1078 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि 1078 अनजान जिंदगियों के लिए जीवनदान है।


भगवती इन्क्लेव के सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का जनसैलाब उमड़ा। रक्तदाताओं का एक ही भाव था – “मेरा रक्त किसी भाई, किसी मित्र, किसी देशवासी के काम आए।”
रक्तदान – सबसे बड़ा मित्रता बंधन
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, संस्थान के मुख्य संरक्षक व पूर्व विधायक अरविंद सिंह, मानगो नगर निगम मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और झामुमो नेता गणेश महाली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने समाजसेवी स्व. प्रवीण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


शिविर को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, “रक्तदान महादान है। इससे बड़ा कोई दान नहीं, क्योंकि यह किसी को नया जीवन देता है। यह वो मित्रता है जहाँ देने वाले को पता भी नहीं होता कि उसका रक्त किसके शरीर में जाकर उसकी जान बचाएगा।”

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्व. प्रवीण सिंह ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का हमेशा निर्वहन किया और उनके पुत्र अंकुर सिंह ने उस सेवा परंपरा को बखूबी आगे बढ़ाया है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि परस्पर प्रेम, भाईचारा और सहयोग ही स्व. प्रवीण सिंह का मुख्य लक्ष्य था, जिसे आज पूरा शहर जी रहा है।

जमशेदपुर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि स्व. प्रवीण सिंह की सेवा भावना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है और अंकुर सिंह के नेतृत्व में यह संस्थान हर साल मानवता का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के जुझारू नेता गणेश महाली ने कहा कि रक्तदान दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा का सबसे पवित्र कार्य है और स्व. प्रवीण सिंह ने हमेशा सभी दलों को जोड़कर समाज के लिए काम किया।

आदित्यपुर वार्ड नंबर 23 के लोकप्रिय पार्षद अवधेश सिंह ने कहा कि उनके वार्ड में इस तरह का विशाल आयोजन गर्व की बात है और यहाँ के युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर यह साबित कर दिया है कि आदित्यपुर सेवा और एकता में सबसे आगे है।
राजनीति से ऊपर, मानवता के लिए एक मंच
इस शिविर की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का मंच बन गया।
शिविर में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, खरसावां विधायक दशरथ गगराई, झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, पूर्व पार्षद बॉबी सिंह उर्फ अमित सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी ए.के. श्रीवास्तव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष व आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने की, जबकि स्वागत भाषण अरविंद सिंह ने दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरे भ्राता सिर्फ समाजसेवी नहीं, ‘यारों के यार’ थे। आज पूरा शहर उनकी विचारधारा को जीवित रखे हुए है।”
कोविड के बाद बढ़ी जागरूकता, डॉक्टरों का सम्मान
संस्थान ने बताया कि कोविड महामारी के बाद लोगों में रक्तदान के प्रति अभूतपूर्व जागरूकता आई है। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गम्हरिया CHC प्रभारी डॉ. प्रमिला कुमारी, TMH के सर्जन डॉ. प्रणय मिश्रा, ESI के डॉ. अभिषेक मुंडू, सिद्धेश नर्सिंग होम के डॉ. अंगज सिद्धेश, डॉ. साहिर पाल, डॉ. नकुल चौधरी सहित कई डॉक्टरों और नर्सों को सम्मानित किया गया और नर्सों को स्वास्थ्य किट वितरित की गई।
यह मेगा शिविर सिर्फ रक्तदान नहीं, बल्कि यह संदेश है कि जब देश का युवा एकजुट होता है तो मानवता की सबसे बड़ी सेवा हो जाती है।



















