ब्राउन शुगर तस्करी के दो फरार आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ साल से थी महिला आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर।

ब्राउन शुगर तस्करी के दो फरार आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ साल से थी महिला आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर पुलिस को एनडीपीएस मामलों में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, पहला मामला वर्ष 2025 में दर्ज कांड संख्या 97/25 से जुड़ा है। इस केस में ब्राउन शुगर तस्करी की मुख्य आरोपी बताई जा रही नाजिया परवीन को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों ने पूछताछ में नाजिया का नाम लिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। उस दौरान वह मौके से नशीला पदार्थ फेंककर भाग निकली थी।

फरार होने के बाद वह लगभग डेढ़ साल तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में छिपती रही। हाल ही में उसके सरायकेला स्थित जीवनपुर-कोलाबीरा लौटने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

वहीं, दूसरे मामले में कांड संख्या 209/2026 के वांछित आरोपी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को राम मड़ैया बस्ती से पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रह रहा था। विपुल पर पहले से ही लूटपाट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पीआईबी रांची द्वारा ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का भव्य आयोजन, पत्रकारों को किया गया सम्मानित।

पीआईबी रांची द्वारा ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का भव्य आयोजन, पत्रकारों को किया गया सम्मानित।

सरायकेला/आदित्यपुर

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रांची द्वारा होटल द क्रूज, आदित्यपुर में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला-2026 का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला का मुख्य विषय पोषण माह, स्वच्छता ही सेवा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 रहा।

कार्यक्रम में PIB रांची के अधिकारियों के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले के वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं में मीडिया की भूमिका और अफवाहों से बचाव पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी पत्रकारों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र और PIB का विशेष स्मृति फोल्डर (वार्तालाप-2026) प्रदान किया गया। सामूहिक फोटो सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

PIB के अधिकारियों ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

कवरेज — भरत सिंह, आदित्यपुर

गोलमुरी बैंक डकैती का असर: सरायकेला-खरसावां में पुलिस अलर्ट, एसपी ने बैंक शाखाओं का किया सेफ्टी ऑडिट।

गोलमुरी बैंक डकैती का असर: सरायकेला-खरसावां में पुलिस अलर्ट, एसपी ने बैंक शाखाओं का किया सेफ्टी ऑडिट।

सरायकेला/आदित्यपुर

जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में दिन के उजाले में हुई बैंक डकैती की घटना ने पड़ोसी जिला सरायकेला-खरसावां की पुलिस को भी चौकन्ना कर दिया है। सीमावर्ती औद्योगिक एवं शहरी क्षेत्रों में किसी भी संभावित वारदात को रोकने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने टीम के साथ आदित्यपुर और आरआईटी थाना क्षेत्रों में स्थित कई बैंक शाखाओं का आकस्मिक दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।

जांच के दौरान एसपी ने बैंक परिसरों की पूरी सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की पहुंच, बैकअप व्यवस्था और आपातकालीन अलार्म सिस्टम के क्रियाशील होने की स्थिति देखी। साथ ही विभिन्न शाखाओं में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्डों के हथियार लाइसेंस और असलहों की हालत की भी जांच की।

मीडिया से चर्चा में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा, “एसडीपीओ और संबंधित थाना प्रभारियों के साथ मिलकर आदित्यपुर क्षेत्र के बैंकों का सुरक्षा ऑडिट किया गया है। बैंक अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों और गश्ती दल को जरूरी सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम नागरिक सुरक्षित रहें। यह नियमित निरीक्षण का हिस्सा था, लेकिन ताजा घटना को देखते हुए अतिरिक्त एहतियात बरता जा रहा है। आरबीआई और पुलिस विभाग के जारी सभी सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन अनिवार्य किया गया है।”

एसपी ने शाखा प्रबंधकों को संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी आशंका की स्थिति में तुरंत स्थानीय थाने को सूचना देने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस पीसीआर और पेट्रोलिंग वाहनों को बैंकों के आसपास लगातार गश्त करने को कहा गया है।

इस औचक निरीक्षण अभियान में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुम व चोरी के 103 मोबाइल फोन असली मालिकों को सौंपे।

प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुम व चोरी के 103 मोबाइल फोन असली मालिकों को सौंपे।

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला पुलिस की तकनीकी टीम के सहयोग से विभिन्न थानों से ट्रैक किए गए 103 मोबाइल फोन आरआईटी थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। खोए हुए फोन महीनों बाद पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता साफ देखी गई।

इस वितरण समारोह में जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर प्रमुख रूप से मौजूद थे।

मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी स्वर्गियारी ने बताया कि सितंबर माह में तकनीकी शाखा और स्थानीय थानों के संयुक्त प्रयासों से कुल 103 मोबाइल फोन ढूंढकर बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में भी इस तरह की कार्रवाई कर फोन मालिकों को लौटाए गए थे, लेकिन इस बार बरामदगी का आंकड़ा अब तक का सबसे अधिक है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यह अभियान आगे भी पूर्ण सक्रियता के साथ चलाया जाएगा।

एसपी ने कहा कि चोरी या गुम हुए फोन का साइबर ठगी समेत संगठित अपराधों में दुरुपयोग होने का गंभीर खतरा रहता है। ऐसे में फोन की शीघ्र बरामदगी से साइबर अपराधों पर प्रभावी लगाम लगाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने आम लोगों से आग्रह किया कि मोबाइल के खोने या चोरी होने पर तुरंत भारत सरकार के CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराएं, जिससे फोन को तुरंत ब्लॉक व ट्रैक किया जा सके।

BREAKING NEWS: आशियाना मोड़ आदित्यपुर में 25 गरीब दुकानदारों पर बुलडोजर का खतरा, त्योहार से पहले 150 लोगों की रोजी-रोटी पर संकट, हाई कोर्ट में गुहार के बाद भी नोटिस।

BREAKING NEWS: आशियाना मोड़ आदित्यपुर में 25 गरीब दुकानदारों पर बुलडोजर का खतरा, त्योहार से पहले 150 लोगों की रोजी-रोटी पर संकट, हाई कोर्ट में गुहार के बाद भी नोटिस।

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल अंतर्गत आशियाना मोड़, आदित्यपुर में पिछले 20-25 वर्षों से अपनी छोटी-छोटी दुकानों से परिवार चला रहे 25 गरीब दुकानदारों को नगर निगम / प्राधिकरण के C.O. द्वारा कल दिनांक 26.09.2026 को सुबह 7 बजे दुकान तोड़ने का नोटिस दिया गया है।

पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि वे झारखंड सरकार की बिहार नाबाद जमीन पर चाय, पान, नाश्ता, फल-सब्जी, जनरल स्टोर चलाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। उनके पास बिजली बिल, होल्डिंग टैक्स, आधार, वोटर कार्ड जैसे 20 साल पुराने प्रमाण मौजूद हैं।

मामला रांची हाई कोर्ट में लंबित- दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए झारखंड हाई कोर्ट, रांची में याचिका दायर की है, जो अभी विचाराधीन है। इसके बावजूद बिना कोर्ट के अंतिम आदेश के और बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के तोड़ने की तैयारी की जा रही है, जो Street Vendors Act 2014 और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सीधा उल्लंघन है।

आरोप – बिल्डर को लाभ पहुंचाने की साजिश- स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त कीमती जमीन को किसी निजी बिल्डर को देने के लिए आनन-फानन में गरीबों को उजाड़ा जा रहा है।

जनहित में मांग-
1.  जब तक हाई कोर्ट का फैसला नहीं आता, तब तक तोड़ने की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगे।
2.  “पहले बसाओ फिर उजाड़ो” की नीति के तहत 25 परिवारों को वैकल्पिक स्थान / वेंडिंग जोन दिया जाए।
3.  त्योहार (दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ) के समय मानवीय आधार पर राहत दी जाए।
4.  उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां मामले का संज्ञान लेकर समय प्रदान करें।

दुकानदारों ने उपायुक्त और अंचल अधिकारी, गम्हरिया को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

निवेदक-
समस्त 25 पीड़ित दुकानदार, आशियाना मोड़, आदित्यपुर
संपर्क – भरत सिंह, विश्व हिंदू रक्षा परिषद, राष्ट्रीय सह प्रभारी ( संपूर्ण भारत  )

मारुति सुजुकी विक्टोरिस में वाइपर और ब्रेक पैडल में शिकायत – ग्राहक परेशान, बारिश में हादसे की आशंका।

मारुति सुजुकी विक्टोरिस में वाइपर और ब्रेक पैडल में शिकायत – ग्राहक परेशान, बारिश में हादसे की आशंका।

सरायकेला आदित्यपुर

मारुति सुजुकी की नई लॉन्च हुई विक्टोरिस गाड़ी को लेकर ग्राहकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

ग्राहकों का आरोप है कि:
1. वाइपर स्प्रे फेल- वाइपर का पानी सही से फ्रंट ग्लास पर नहीं आ पाता है, जिससे वाइपर सही से नहीं चल पाता और फ्रंट ग्लास की सफाई नहीं हो पाती। बारिश के मौसम में विजिबिलिटी जीरो हो जाती है।

2. ब्रेक पैडल में खटखट आवाज – ब्रेक दबाने पर पैडल से खटखट/कटकट की आवाज आती है। पैडल ढीला महसूस होता है, जिससे ब्रेकिंग में भरोसा कम हो रहा है।

जनहित में खतरा- नई गाड़ी लेने वाले ग्राहक रास्ते में बारिश के दौरान काफी परेशान हो रहे हैं। ग्लास साफ न होने और ब्रेक में आवाज के कारण *एक्सीडेंट की संभावना* बढ़ गई है।

जनता की मांग-
– मारुति सुजुकी कंपनी तुरंत इस तकनीकी खामी की जाँच करे।
– सभी विक्टोरियस गाड़ियों का सर्विस कैंप लगाकर वाइपर नोजल और ब्रेक पैडल असेंबली की फ्री जाँच और सुधार करे।
– ग्राहकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

> अगर किसी ग्राहक को यह समस्या आ रही है तो वह मारुति हेल्पलाइन और कंज्यूमर हेल्पलाइन 1915 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

जनहित में जारी-
भरत सिंह, राष्ट्रीय सह प्रभारी (संपूर्ण भारत)

आदित्यपुर थाना अंतर्गत मेन रोड की सर्विस रोड पर शराब दुकानों के आसपास शराबियों का जमावड़ा, राहगीर, बच्चे और बुजुर्ग परेशान।

आदित्यपुर थाना अंतर्गत मेन रोड की सर्विस रोड पर शराब दुकानों के आसपास शराबियों का जमावड़ा, राहगीर, बच्चे और बुजुर्ग परेशान।

थाना प्रभारी के कान में जूं तक नहीं रेंग रही – स्थानीय लोगों का आरोप

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड की सर्विस रोड पर स्थित शराब दुकानों के आसपास शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। खुलेआम सड़क पर शराब पीना, गाली-गलौज और हंगामा आम बात हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वजह से स्कूल से आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। कई बार छेड़खानी और मारपीट की नौबत भी आ जाती है।

पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां

आश्चर्य की बात है कि इसकी शिकायत कई बार आदित्यपुर थाना प्रभारी से की गई, लेकिन उनके कान में जूं तक नहीं रेंग रही, ऐसा जनता का आरोप है। पुलिस की गश्ती भी नदारद रहती है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी

जनता की मांग-
1. सर्विस रोड पर स्थित शराब दुकानों के 100 मीटर के दायरे में शराबियों के जमावड़े पर रोक लगे।
2. शाम 6 बजे के बाद नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए।
3. SP सरायकेला-खरसावां मामले का संज्ञान लेकर संबंधित दुकानों पर कार्रवाई करें।
4. राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

•जनहित में जारी –
•भारत सिंह
•राष्ट्रीय सह प्रभारी (संपूर्ण भारत)
•विश्व हिंदू रक्षा परिषद

सालड़ीह में करमा पर्व की धूम: मांदर की थाप पर थिरके झामुमो नेता गणेश महाली।

सालड़ीह में करमा पर्व की धूम: मांदर की थाप पर थिरके झामुमो नेता गणेश महाली।

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला प्रखंड के सालड़ीह गांव में मंगलवार को करमा पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया गया। यह झामुमो केंद्रीय सदस्य और सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली का पैतृक गांव है। प्रकृति उपासना और भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक इस पर्व में महाली परिवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

गणेश महाली और उनकी पत्नी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला महाली ने विधि-विधान से करम डाल की पूजा की और क्षेत्र की समृद्धि व खुशहाली की प्रार्थना की। पूजा के बाद मांदर की थाप और पारंपरिक करम गीतों पर महाली ग्रामीणों के साथ झूमते नजर आए। बाद में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में झामुमो नेताओं और स्थानीय लोगों ने करम नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

अपने संबोधन में गणेश महाली ने कहा कि करमा पर्व झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और मूलवासी समाज में इस पर्व का गहरा ऐतिहासिक महत्व है और करम राजा के आशीर्वाद से समाज में भाईचारा, सद्भाव और एकता मजबूत होती है, जिससे गांव और राज्य के विकास को नई दिशा मिलती है।

इस कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. सुभेंदु महतो, गणेश चौधरी, विधायक प्रतिनिधि मंगललाल महतो, सुधीर महतो, बिशु हेंब्रम, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेंब्रम, राजनगर प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेंब्रम, अमूल्य महतो, उपमुखिया वासुदेव महतो, शेखर महाकुड़ और दिलीप महतो समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

आकाशवाणी चौक पर हंगामा: वार्ड पार्षद पर ऑटो ड्राइवर ने किया जानलेवा हमला।

आकाशवाणी चौक पर हंगामा: वार्ड पार्षद पर ऑटो ड्राइवर ने किया जानलेवा हमला।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर नगर निगम इलाके के आकाशवाणी चौक के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि के साथ बदसलूकी का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वार्ड-13 के पार्षद शांतनु घोष पर एक ऑटो चालक ने हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद शांतनु घोष बिष्टुपुर से लौटते समय आकाशवाणी चौक के पास रुके थे। उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी, तभी तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया वाहन वहीं गिर पड़ा।

पार्षद ने जब चालक से वाहन थोड़ा पीछे हटाने को कहा, तो वह भड़क गया। आरोप है कि चालक ने ऑटो में रखी लोहे की रॉड निकाली और बाइक की हेडलाइट पर वार कर उसे तोड़ दिया। जब पार्षद ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उनकी जेब में रखा महंगा मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर दे मारा, जिससे फोन के टुकड़े-टुकड़े हो गए। जाते-जाते आरोपी ने पार्षद को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

इस घटना को लेकर पार्षद ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सरेआम हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।

आदित्यपुर में गंदगी का अंबार, अतिक्रमण बना मुख्य कारण।

आदित्यपुर में गंदगी का अंबार, अतिक्रमण बना मुख्य कारण।

सरायकेला/आदित्यपुर

प्रशासन मौन, दुर्गा पूजा-दीपावली-छठ से पहले स्वास्थ्य संकट का खतरा

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह कचरे के ढेर और नालियों में जाम से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त का कहना है कि अतिक्रमण (Encroachment) के कारण साफ-सफाई में बाधा आ रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की सूचना बैठक में एसडीओ और सीओ को मौखिक और लिखित रूप से भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

आयुक्त ने कहा, _”हमारे स्तर से जितना संभव हो रहा है, हम सफाई का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अतिक्रमण हटे बिना स्थिति में सुधार मुश्किल है।”_

इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा समस्या:

स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे ज्यादा गंदगी इन जगहों पर देखी जा रही है:
– आदित्यपुर थाना रोड
– आदित्यपुर दीनदली बस्ती / हरिओम बस्ती
– गम्हरिया बाजार
– मांझी टोला के सामने मुख्य सड़क

सड़क किनारे दुकानों और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण कचरा उठाव वाहन अंदर तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे कचरा सड़कों पर ही सड़ रहा है।

बीमारियों का खतरा, त्योहारों से पहले चिंता:

गंदगी के कारण बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका है।

सामने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्व हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने में खामोश क्यों है? क्या जनता के स्वास्थ्य का कोई ख्याल नहीं है?

स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले अतिक्रमण हटाकर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि लोग स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण में त्योहार मना सकें।

आदित्यपुर थाना भवन पर ‘श्याम स्टील’ की ब्रांडिंग से बवाल, भाजपा नेत्री ने पूछा- सरकारी दीवार पर निजी कंपनी का नाम क्यों?

आदित्यपुर थाना भवन पर ‘श्याम स्टील’ की ब्रांडिंग से बवाल, भाजपा नेत्री ने पूछा- सरकारी दीवार पर निजी कंपनी का नाम क्यों?

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना भवन पर लगी एक नेम प्लेट ने अब बड़ा सियासी और प्रशासनिक सवाल खड़ा कर दिया है। थाना भवन के मुख्य बोर्ड पर ‘श्याम स्टील आदित्यपुर थाना’ लिखा हुआ है, जिसमें एक निजी स्टील कंपनी का नाम सरकारी थाने के नाम के साथ प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

इस बोर्ड की तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का सीधा सवाल है कि क्या अब झारखंड पुलिस थाने भी निजी कंपनियों के विज्ञापन का माध्यम बन गए हैं?

अनुमति पर उठे गंभीर सवाल
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा है।

लोगों के मन में तीन बड़े सवाल हैं:
1. क्या श्याम स्टील कंपनी द्वारा थाना को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता, भवन निर्माण या सुविधा दी गई है?

2. यदि हां, तो क्या इसके लिए वरीय पुलिस अधीक्षक या गृह विभाग से कोई लिखित अनुमति, सरकारी आदेश या एमओयू किया गया है?

3. क्या सरकारी भवनों पर निजी ब्रांडिंग की कोई नीति है, और यदि है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
अब तक न तो जिला पुलिस और न ही कंपनी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान आया है, जिससे संदेह और गहरा गया है।

भाजपा नेत्री रश्मि भेंगरा ने घेरा
इस मामले को अब राजनीतिक तूल भी मिल गया है। भाजपा नेत्री रश्मि भेंगरा ने इस ब्रांडिंग पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, “सरकारी कार्यालय और थाना जनता की सेवा के लिए हैं, किसी कंपनी के प्रचार के लिए नहीं। पुलिस प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि किस नियम के तहत निजी कंपनी को थाने के नाम के साथ अपना नाम जोड़ने की इजाजत दी गई। यह सरकारी गरिमा के खिलाफ है।”

‘जमशेदपुर’ लिखे होने पर भी विवाद
एक और दिलचस्प पहलू ने लोगों का ध्यान खींचा है। बोर्ड पर ‘आदित्यपुर थाना’ के साथ ‘जमशेदपुर’ भी लिखा हुआ है, जबकि आदित्यपुर थाना सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आता है, न कि पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के। इस भौगोलिक गलती पर भी लोग चुटकी ले रहे हैं और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल, पूरे आदित्यपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या यह सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के नाम पर सरकारी तंत्र का निजीकरण है? लोग मांग कर रहे हैं कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर बोर्ड लगाने की अनुमति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करे।

ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में कोल्हान मजदूर यूनियन की श्रृंखला  गूंजा मजदूर एकता का नारा।

ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के नेतृत्व में कोल्हान मजदूर यूनियन की श्रृंखला  गूंजा मजदूर एकता का नारा।

सरायकेला/आदित्यपुर

भरत सिंह की रिपोर्ट

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में आज कोल्हान मजदूर यूनियन की श्रृंखला का आयोजन पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में किया गया।

सुबह से ही सैकड़ों मजदूर लाल झंडा लेकर सड़कों पर उतर आए। परंपरा के अनुसार सजे हुए काले घोड़े की पूजा कर रैली की शुरुआत की गई। पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने खुद हाथ उठाकर मजदूरों का अभिवादन किया और मिठाई बांटकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उनके साथ यूनियन के कई पदाधिकारी और महिला मोर्चा की सदस्य भी मौजूद रहीं।

रैली के बाद आदित्यपुर में एक बड़ी सभा का आयोजन हुआ, जहां खुले आसमान के नीचे बैठकर मजदूरों ने अपनी समस्याएं रखीं। मंच से अरविंद सिंह ने कहा –

“मजदूर इस क्षेत्र की रीढ़ है। अगर मजदूर को उसका हक नहीं मिला, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। कुरान की धरती से यह लड़ाई अब हर फैक्ट्री तक जाएगी।”

क्या हैं मांगें –

  • ठेका मजदूरों को स्थायी करना
  • न्यूनतम मजदूरी 500 रुपये प्रतिदिन लागू करना
  • ESI, PF और सुरक्षा उपकरण की व्यवस्था
  • स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता

सभा में मजदूरों ने एक सुर में कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, हम सब मजदूर कोल्हान मजदूर यूनियन के साथ हमेशा रहेंगे।

मौके पर हजारों की संख्या में मजदूरों की उपस्थिति ने प्रशासन को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।

Design a site like this with WordPress.com
Get started