मुसाबनी
मुसाबनी-तंबाकू सेवन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने तथा इस नशे से समाज को दूर रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस बाबत गुरूवार को जी सी जे डी हाई स्कूल मुसाबनी में तंबाकू के दुष्परिणाम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बच्चों को नशे एवं तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। शिक्षक बिनोद लाल ने तंबाकू सेवन से होने वाली क्षति के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। कहा कि तंबाकू, गुटखा आदि सेवन से कैंसर जैसी बीमारी हो सकती है। इससे याददाश्त कमजोर हो जाता है तथा भूख नहीं लगना, चिड़चिड़ापन आदि लक्षण दिखाई देते हैं। बताया कि एकबार इसकी लत लग जाने से इसे छोड़ना बहुत ही मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अक्सर देख जा रहा है कि कम उम्र के बच्चे भी तंबाकू सेवन के आदी हो गए हैं, जो समाज तथा देश के लिए चिता का विषय है। इसलिए तंबाकू सेवन से बच्चों को दूर रहने को कहा तथा घर का कोई सदस्य इसका आदी है तो इसके कुप्रभाव के बारे जागरूक करने की बात कही। इस दौरान बच्चों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। मौके पर विद्यालय के सचिव कुंदन कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक शिवपूजन सिंह सहित शिक्षकगण व छात्र छात्रायें उपस्थित थे।












