सरायकेला/कांड्रा
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )
दुर्गा पूजा को मध्य नजर रखते हुए कांड्रा थाना परिसर में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्वक व भाईचारे के वातावरण में मनाने का आग्रह किया. उन्होंने लाइसेंसी दुर्गा पूजा कमेटी को लाइसेंस में वर्णित सभी शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं डेंगू के प्रकोप को देखते हुए सभी पूजा पंडालों के सामने आयोजन समिति साफ-सफाई पर विशेष रूप से ध्यान देने का भी निर्देश दिया।
इसके अलावा पूजा कमेटी प्रतिमा को विसर्जन सूर्यास्त के पूर्व करने की कोशिश करने को भी कहा गया ताकि किसी तरह की समस्या उत्पन्न ना होने पाए. शांति समिति की बैठक में कहा गया कि पूजा आयोजन समिति पूजा पंडालों के आसपास अपना स्वयंसेवक तैनात करेंगे और कमेटी और पुलिस-प्रशासन द्वारा दिए जाने वाले दिशानिर्देशों का अनुपालन करेंगे. मौके पर उपस्थित पूजा आयोजन समिति और शांति समिति के सदस्यों से अफवाहों से बचने और इस पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई. किसी भी प्रकार की सूचना या जानकारी मिलने पर उसे तत्काल पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों तक तुरन्त पहुंचाने को कहा गया. बैठक में उपस्थित पूजा आयोजन समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा के अवसर पर बिजली, ट्रैफिक,अग्निशमन एवं विसर्जन के लिए कांड्रा बस्ती बांधकुली स्थित तालाब की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
वहीं मंगलवार को आयोजित बैठक में मुख्य रूप से बीडीओ प्रवीण कुमार के अलावा अंचलाधिकारी गिरेन टूटी, कांड्रा थाना प्रभारी पास्कल टोप्पो, दुर्गा पूजा कमिटी कांड्रा कॉलोनी अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा, सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी कांड्रा बाजार अध्यक्ष संजय महंती, रावण दहन कमिटी अध्यक्ष लालबाबू महतो,जिप सदस्य पिंकी मंडल, बीस सूत्री उपाध्यक्ष राम हांसदा,फायर ऑफिसर महावीर मुंडा, विनोद कुमार, मेन लाइन मेन सरोज कुमार,एसआई सुनील कुमार भोक्ता, एस आई राहुल कुमार,एस आई शिवजी सिंह, एसआई चंदन कुमार, ए एस आई गुरवा मुंडा, एस आई ए एस आई किशोर मुंडा, डुमरा पंचायत मुखिया पियो हांसदा, कांड्रा पंचायत मुखियाशंकरी सिंह एवं पूजा कमेटी के सदस्य गण उपस्थित रहे

















