ऑपरेशन प्रहार में पलामू पुलिस को बड़ी कामयाबी, 121 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर धराए।

ऑपरेशन प्रहार में पलामू पुलिस को बड़ी कामयाबी, 121 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर धराए।

पलामू/झारखंड

पलामू पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक कार से 121 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लातेहार के मनिका की तरफ से एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में बड़ी मात्रा में गांजा डाल्टनगंज ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध कार JH-03-AQ-3253 को रोककर तलाशी ली गई। कार में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव निवासी सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शंभू कुमार यादव (30) के रूप में हुई है।

तलाशी लेने पर कार की डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया कुल 121 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में परीक्ष्यमान डीएसपी मृत्युंजय गोप, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई सुजीत रजक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

बस और पिकअप वैन की जोरदार टक्कर, ड्राइवर और खलासी की मौत

पलामू सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा बस और पिकअप वैन में टक्कर की वजह से हुआ जिसमें ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के डाल्टनगंज गढ़वा रोड पर भी भिखही मोड़ की है। बस और पिकअप की जोरदार टक्कर के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। मृतक पिकअप का ड्राइवर और खलासी है।

इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि खलासी को इलाज के लिए गढ़वा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक यात्री बस डालटेनगंज से गढ़वा जा रही थी और पिकअप वैन गढ़वा से डाल्टनगंज जा रही थी।

Design a site like this with WordPress.com
Get started