मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नाम जुड़वाने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026
बरडीहा/गढ़वा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत, निर्वाचन आयोग द्वारा नागरिकों के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की भली-भांति जांच कर लें और आवश्यकतानुसार अपने फॉर्म समय पर जमा करें।
विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित फॉर्म विवरण: फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने हेतु, एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र, एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र अथवा एक राज्य से दूसरे राज्य में नाम स्थानांतरित करवाने के लिए। फॉर्म-8: प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार करवाने के लिए। फॉर्म-7: मतदाता सूची में किसी नाम के समावेश पर आपत्ति दर्ज कराने अथवा नाम विलोपन (हटाने) के लिए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस बात पर विशेष जोर दिया है कि SIR के तहत तैयार की जाने वाली मतदाता सूची को एक स्थायी अभिलेख (Permanent Document) के रूप में संरक्षित किया जाता है। इसलिए, सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और यह सुनिश्चित करें कि सूची में उनका तथा उनके परिवार का नाम व विवरण बिल्कुल सही दर्ज हो।
प्रवीण कुमार सिंह प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 077, विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र बरडीहा, गढ़वा
बरडीहा के बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने किया लोका , मझगावां और बरछाबांध का औचक निरीक्षण।
बरडीहा/गढ़वा
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने सुबह लोका , मझगावां और बरछाबांध क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।
बरछा बांध की गलियों और सड़कों का जायजा लेते हुए उन्होंने बदहाल सड़कों को ग्राम सभा के माध्यम से तुरंत योजना में शामिल करने का निर्देश दिया। नई जगहों पर मिट्टी-मोरम और पुरानी सड़कों पर जीएसबी सड़क बनाने का आदेश दिया गया।
आपसी विवाद के कारण लोगों द्वारा घेरे गए रास्ते का मौके पर मुआयना कर दोनों पक्षों को समझाया गया और अवरोध को हटाकर रास्ता तुरंत खुलवाया गया।
प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पर निर्धारित समय के बाद भी शिक्षक या छात्र उपस्थित नहीं मिले। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ ने शिक्षक को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं, अतः वे अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहें।
आहर की मेड़ बांधने से एक व्यक्ति के धान के खेत के डूबने की शिकायत पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकान के कारण प्लास्टिक की झोपड़ी में रह रहे एक पीड़ित व्यक्ति को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा देने का निर्देश देते हुए तत्काल आवेदन की मांग की गई।
बीडीओ ने बताया कि प्रशासनिक व्यस्तता के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जा रहा है।
गरीब परिवार का जर्जर मकान देख विचलित हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी; दबंगों को चेतावनी देते हुए दिए तत्काल आवास निर्माण के निर्देश, राशन कम बांटने पर डीलर को लगाई सख्त फटकार।
बरडीहा/गढ़वा
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने आज प्रातः 6:00 बजे से बरडीहा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का सघन स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने सर्वप्रथम ब्लॉक कॉलोनी से की, जहाँ उन्होंने आवासों एवं आवागमन के रास्तों का जायजा लिया। कर्मियों द्वारा मार्ग न होने की समस्या बताए जाने पर बीडीओ ने जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया।
नाद-खूंटा हटवाकर आम रास्ता कराया मुक्त
इसके पश्चात कुन्दरहे मोड़ से पहले मुखिया उमेश प्रजापति के नेतृत्व में एकत्रित 50-60 ग्रामीणों के आग्रह पर बीडीओ कुन्दरहे गांव पहुँचे। गांव के मुख्य रास्ते पर मवेशियों को बांधकर एवं नाद-खूंटा लगाकर किए गए अतिक्रमण को बीडीओ ने मौके पर ही हटवाया और आम रास्ते को सुचारू रूप से बहाल कराया।
हृदय विदारक दृश्य: जर्जर मकान और दबंगों की साजिश उजागर
निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह की नजर एक अत्यंत जर्जर मकान पर पड़ी, जो बरसात में कभी भी धराशायी हो सकता था। पूछने पर कुछ असमाजिक तत्वों ने भ्रमित करने का प्रयास किया कि घर खाली है। परंतु सच्चाई सामने आते ही बीडीओ परिवार की अनुमति से घर के आंगन में दाखिल हुए।
पूछताछ में गृहस्वामी राजेंद्र सिंह के परिजनों ने बताया कि उन्हें आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन कुछ दबंगों द्वारा धोखे से जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का दावा कर निर्माण कार्य रोका जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीडीओ ने कड़ा रुख अपनाया। “मानवता के खिलाफ है काम रोकना, हर हाल में बनेगा गरीब का घर”
मौके से ही बीडीओ ने आवास कोऑर्डिनेटर रवि रंजन को अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने का कड़ा निर्देश दिया। बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कड़े शब्दों में कहा:
“ज़मीन विवाद का बहाना बनाकर किसी गरीब को बेघर नहीं रखा जा सकता। यह मानवता के खिलाफ है। अगर यह जर्जर घर गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। कोई भी ताकत इस गरीब का घर बनने से नहीं रोक सकती। ज़मीन विवाद का निष्पादन मैं स्वयं (अंचल अधिकारी के रूप में) करूँगा, लेकिन निर्माण कार्य तुरंत शुरू होना चाहिए।”
बीडीओ के इस कड़े व मानवीय रुख से प्रभावित होकर ग्रामीणों में भी एकजुटता दिखी। मौके पर ही ग्रामीणों ने स्वतः आगे आकर मदद की घोषणा की—किसी ने एक ट्रैक्टर छरी, किसी ने बालू तो किसी ने सीमेंट देने का संकल्प लिया।
स्कूल, आंगनबाड़ी और खेल मैदान का निरीक्षण
आगे बढ़ते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने गांव के बच्चों के खेल मैदान एवं स्थानीय विद्यालय का जायजा लिया, जहाँ साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली।
राशन में कटौती पर डीलर को कड़ी हिदायत
निरीक्षण के अंतिम चरण में बीडीओ ‘अनीता स्वयं सहायता समूह’ द्वारा संचालित जन वितरण प्रणाली (डीलर) की दुकान पर पहुँचे। वहाँ लाभुकों से राशन में कटौती (कम तोलने) की शिकायत मिलने पर बीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डीलर को सख्त निर्देश दिए कि: गोदाम से पूरा राशन तौल कर प्राप्त करें। लाभुकों को निर्धारित मात्रा में पूरा राशन वितरित करें। भविष्य में राशन कटौती की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आज होगी सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन।
बरडीहा/गढ़वा
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: प्रारूप प्रकाशन, नोटिस तामिला एवं BLO के दायित्वों को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड के पत्रांक 1605 (दिनांक 31.07.2026) के आलोक में आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को प्रखंड सभागार, बरडीहा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) , सुपरवाईजर एवं निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे। प्रमुख बिंदु एवं आवश्यक दिशा-निर्देश: आज होगा मतदाता सूची एवं ASDDF सूची का प्रारूप प्रकाशन: प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि कल सभी मतदान केंद्रों (बूथों) पर मतदाता सूची के प्रारूप (Draft Publication) का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही ASDDF (Absent, Shifted, Dead, Duplicate, False) सूची का भी प्रकाशन होगा।
प्रारूप प्रकाशन के साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने एवं संशोधन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू होगी।
दावा एवं आपत्ति (Claim & Objection): प्रारूप प्रकाशन के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों—जैसे नया नाम जोड़ने (प्रपत्र 6), नाम हटाने/आपत्ति (प्रपत्र 7) और प्रविष्टियों में सुधार या स्थान परिवर्तन (प्रपत्र 8)—का ससमय एवं पारदर्शी निष्पादन किया जाएगा।
बीएलओ (BLO) द्वारा ही कराया जाएगा नोटिस तामिला: दावा एवं आपत्तियों की सुनवाई के दौरान जो भी नोटिस जनरेट किए जाएँगे, उनका स्थलीय तामिला कराने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित BLO की ही होगी।
बीएलओ घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करेंगी। अभियान की महत्वपूर्ण तिथियाँ एवं कार्य योजना: पात्रता/कट-ऑफ तिथि: 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी युवा अपना नाम जुड़वाने हेतु पात्र होंगे।
अभियान की अवधि: फॉर्म 6, 7 और 8 स्वीकार करने का कार्य 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक चलेगा।
विशेष बूथ कैंप तिथियाँ (शनिवार-रविवार): पहला कैंप: 09 एवं 10 अगस्त 2026 दूसरा कैंप: 22 एवं 23 अगस्त 2026 (इन तिथियों पर सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर बैठकर आवेदन प्राप्त करेंगी।)
विशेष ग्राम सभा: 15 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के संबंध में विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा।
ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन: आम नागरिक अपना आवेदन ऑफलाइन (BLO के माध्यम से) या ऑनलाइन (Voter Helpline App / ECINET) भी कर सकते हैं।
सार्वजनिक अपील:
BDO प्रवीण कुमार सिंह ने बरडीहा के आम नागरिकों से अपील की है कि कल बूथों पर प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जाँच लें किसी भी तरह की शिकायत /समस्या होने पर तुरंत अपनी दर्ज करें l अभियान अवधि (05 अगस्त से 04 सितंबर) के दौरान अपनी पात्रता के अनुसार फॉर्म भरकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें l
पलामू सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा बस और पिकअप वैन में टक्कर की वजह से हुआ जिसमें ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के डाल्टनगंज गढ़वा रोड पर भी भिखही मोड़ की है। बस और पिकअप की जोरदार टक्कर के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। मृतक पिकअप का ड्राइवर और खलासी है।
इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि खलासी को इलाज के लिए गढ़वा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक यात्री बस डालटेनगंज से गढ़वा जा रही थी और पिकअप वैन गढ़वा से डाल्टनगंज जा रही थी।