सरायकेला-खरसावां
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शांकचार्य सामड़, मोटरयान निरीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ एवं यातायात पुलिस निरीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ के संयुक्त नेतृत्व में जिले में सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों की जांच की गई। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 25 भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1,70,000/- (एक लाख सत्तर हजार रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अभियान के दौरान माइकिंग के माध्यम से वाहन चालकों को सड़क किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की स्पष्ट हिदायत दी गई। वाहन चालकों को बताया गया कि अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती है।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के संबंध में संबंधित कंपनी प्रबंधन एवं प्रबंधकों को भी माइकिंग के माध्यम से चेतावनी दी गई। कंपनी प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि प्रतिष्ठान में आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर अथवा निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा मुख्य सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग न होने दें। कंपनी के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं जिम्मेदार पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधकों को भी माइकिंग के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए गए कि पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।














