राजनगर-चाईबासा रूट पर नशे में वाहन चलाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, ब्रीथ एनालाइजर से की गई जांच।
सरायकेला/राजनगर
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सरायकेला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भारी वाहनों की जांच की।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने मार्ग से गुजर रहे ट्रक, ट्रेलर और अन्य बड़े वाहनों को रुकवाकर उनके चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की। अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क पर हाल के समय में कई हादसे हुए हैं, जिनमें नशे की हालत में वाहन चलाना और तेज रफ्तार प्रमुख वजह मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नशे में गाड़ी चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और दंडात्मक कार्रवाई होगी।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण अभियान में कुछ देर के लिए रुकावट आई, लेकिन मौसम साफ होते ही जांच फिर से शुरू कर दी गई। पुलिस ने सभी ड्राइवरों से अपील की है कि वे सुरक्षित ड्राइविंग करें और नियमों का पालन करें।
सरायकेला-खरसावाँ में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7100 किलो जावा महुआ जब्त।
सरायकेला/राजनगर
सोनू कुमार सिंह
सरायकेला-खरसावाँ। जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार 16 अगस्त को राजनगर थाना क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की।
गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जनबानी एवं हनुमतबेड़ा में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अवैध रूप से संचालित हो रहे शराब के अड्डों पर कार्रवाई करते हुए 04 अवैध चुलाई भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान मौके से 7,100 किलोग्राम जावा महुआ और 140 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई है। बरामद सभी अवैध उत्पाद को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है।
विभाग द्वारा संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतरगत गोविंदपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, कृष्णा बास्के और के.पी. सोरेन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।
सरायकेला/राजनगर
राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर स्थित पाण्डुगीति मैदान में खेरबार खेलोन्ड माडवा, पाण्डुगीति के तत्वावधान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के एवं वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद के.पी. सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता व उपविजेता टीमों को संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर के.पी. सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी भाईचारे और स्वस्थ समाज निर्माण का आधार है। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। वहीं कृष्णा बास्के ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा और ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रहेगा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और युवाओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों सहित सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का संकल्प लिया।
सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतरगत गोविंदपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, कृष्णा बास्के और के.पी. सोरेन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।
सरायकेला/राजनगर
राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर स्थित पाण्डुगीति मैदान में खेरबार खेलोन्ड माडवा, पाण्डुगीति के तत्वावधान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के एवं वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद के.पी. सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता व उपविजेता टीमों को संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर के.पी. सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी भाईचारे और स्वस्थ समाज निर्माण का आधार है। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। वहीं कृष्णा बास्के ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा और ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रहेगा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और युवाओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों सहित सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का संकल्प लिया।
एक महीना बीत जाने के बाद भी 3.5 करोड़ के मॉडर्न जाहेरथान में भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं।
सरायकेला/राजनगर
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरुली पंचायत के टूईबासा गांव में 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बने मॉडर्न जाहेरथान में भ्रष्टाचार और भारी अनियमितताओं की खबर सामने आए आज लगभग एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न जांच हुई, न दोषियों पर कोई कदम उठाया गया और न ही निर्माण कार्य की खामियों को दूर किया गया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने पहले ही मीडिया के माध्यम से निर्माण कार्य की पोल खोल दी थी। उन्होंने बताया था कि जाहेरथान परिसर में जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं, छत से पानी टपक रहा है, दरवाजे घटिया गुणवत्ता के हैं, पानी की मोटर खराब पड़ी है, गार्डन अधूरा है, गेस्ट रूम की स्थिति खराब है और निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये की बंदरबांट हुई है।
इतने गंभीर आरोपों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर 3.5 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी निर्माण कार्य की ऐसी बदहाल स्थिति कैसे हुई? किसकी मिलीभगत से घटिया निर्माण कराया गया? और जब ग्रामीणों ने शिकायत की, मीडिया में खबर चली, DC को ज्ञापन दिया गया, तो फिर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
ग्रामीणों का कहना है कि सांसद से लेकर जिला प्रशासन तक सबको जानकारी दी गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। एक महीना बीत गया, मगर न कोई अधिकारी जांच करने पहुंचा और न ही जिम्मेदार ठेकेदार पर कोई कार्रवाई हुई। इससे साफ लगता है कि भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है।
अब टूईबासा के ग्रामीणों का सब्र टूट चुका है। उनका कहना है कि अगर जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य में सुधार नहीं कराया गया, तो वे DC कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब आदिवासी आस्था और संस्कृति से जुड़े इतने महत्वपूर्ण स्थल के निर्माण में भी भ्रष्टाचार हो सकता है, तो फिर विकास योजनाओं की पारदर्शिता पर कैसे भरोसा किया जाए? जाहेरथान केवल एक भवन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र है। अगर यहां भी भ्रष्टाचार होगा और प्रशासन मौन रहेगा, तो यह केवल सरकारी लापरवाही नहीं बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कब जागता है। क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या फिर 3.5 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले को फाइलों में दबा दिया जाएगा? टूईबासा के ग्रामीण जवाब मांग रहे हैं और अगर जल्द जवाब नहीं मिला, तो आंदोलन तय है।
उप विकास आयुक्त ने राजनगर प्रखंड अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण किया
योजनाओं की प्रगति, अभिलेख संधारण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु संबंधित पदाधिकारियों के दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश।
सरायकेला-खरसावां
उप विकास आयुक्त, सरायकेला खरसावां सुश्री रीना हांसदा द्वारा आज राजनगर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मनरेगा योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, 15वीं वित्त आयोग मद से स्वीकृत कार्यों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालय परिसरों एवं बस स्टैंड निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से जुड़े अभिलेखों के सुव्यवस्थित, अद्यतन एवं सही संधारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अभिलेख संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पोषण सामग्री एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया तथा कहा कि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर स्थिति में सुनिश्चित की जाए। आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जॉनबानी पंचायत के ऑटोडीह गांव में मनरेगा कन्वर्जेंस मॉडल के तहत प्रस्तावित मॉडल मनरेगा पार्क के विकास को लेकर ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह पार्क ग्रामीण सहभागिता से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण समुदाय को एक उपयोगी सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेगा। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भीमखंदा मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
स्थानीय लोगों के सहयोग से भीड़ नियंत्रण में मदद
सरायकेला/राजनगर
(पारस कुमार होता)
सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भीमखंदा बुढ़ाबाबा मंदिर में सावन माह के दूसरे सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में पहुंचने लगे और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर तक लगी रहीं। सभी ने बाबा बुढ़ाबाबा को जल अर्पित कर मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा, जिनकी सक्रियता के चलते आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
सहदेव महतो ने मौके पर कहा:
“हर साल सावन में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई असुविधा न हो और हर श्रद्धालु को शांतिपूर्वक पूजा करने का अवसर मिले।”
सरायकेलाउत्पाद अधीक्षक द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कामयाबी भी हासिल कर रही है.इसी कड़ी में उत्पाद अधीक्षक के निर्देश परसरायकेलाखरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांझोर गांव में शनिवार की रात राजनगर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में नकली शराब के साथ दो मोटरसाइकिल जब्त किया हैं। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही शराब कारोबारी भागने में सफल रहे, जिनके खिलाफ फरार अभियोजन दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान घटनास्थल से विभाग ने कुल 153 लीटर अवैध विदेशी शराब किंग्स गोल्ड, गोवा किक दो मोटरसाइकिल बरामद किया है. बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति और टुसू के मद्देनजर शराब माफ़ियायों द्वारा नकली शराब खपाने की योजना है इसको लेकर विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए भाजपा नेता गणेश महाली।
सरायकेला/राजनगर
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )
राजनगर प्रखंड अंतर्गत कटंगा पंचायत के बुरुडीह गांव में स्वर्गीय भोगला टूडु जी के पुण्यतिथि पर आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता गणेश महाली शामिल होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
भाजपा नेता गणेश महाली
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं।इस मौके पर रमेश हसदा,सुनील दास,मनोज मर्डी,सुरेंद्र किस्कू,छोटा टुडू, ईश्वर टुडु,प्रेमा टुडू आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेता गणेश महली ने कहा कि अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलना टीम वर्क और निःस्वार्थता के बारे में बहुत कुछ सिखाता है। अपने साथियों का समर्थन करना और एक टीम में काम करना जीवन के सबसे आवश्यक मूल्यों में से एक है। और फुटबॉल उसके लिए एक महान शिक्षक है।
फुटबॉल खेलने के 15 फायदे- गणेश महाली
आगे कार्यक्रम में भाजपा नेता गणेश महाली ने फुटबॉल खेलने के फायदे पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से कहा कि फुटबॉल खेलने के 15 मुख्य फायदे हैं 1.टीम वर्क 2.मांसपेशियों की ताकत 3.एरोबिक क्षमता बढ़ाता है 4.हृदय स्वास्थ्य में सुधार करता है 5.शरीर की चर्बी कम करता है और मांसपेशियों की टोन में सुधार करता है 6.अस्थि शक्ति बढ़ जाती है 7.समन्वय सिखाता है 8.शारीरिक कठोरता 9.मानसिक क्रूरता 10.संज्ञानात्मक मस्तिष्क समारोह को बढ़ाता है 11.आत्मविश्वास बढ़ाएं और चिंता कम करें 12.यह जीने का एक तरीका है 13.अनुशासन की भावना 14.कोई भी और कहीं भी 15.इसके अंत में एक शानदार करियर की प्रतीक्षा है।
खेल खेलने से बच्चों को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना सीखने और नकारात्मक भावनाओं को सकारात्मक तरीके से बदलने में मदद मिलती है। यह बच्चों को धैर्य विकसित करने और यह समझने में भी मदद करता है कि उनके शारीरिक कौशल और स्कूल में वे जो करते हैं, दोनों को बेहतर बनाने के लिए बहुत अभ्यास की आवश्यकता हो सकती है।
चतुर्भुज बारीक लगातार तीसरी बार बने अध्यक्ष, पीतोवास प्रधान बने महासचिव
राजनगर प्रखंड के बड़ा सिजुलता पंचायत भवन परिसर में रविवार को गौड़ सेवा संघ का महासम्मेलन स्टेयरिंग कमेटी के चेयरमैन मारकंडो महाकुड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। महासम्मेलन में सर्वसम्मति से गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय कमेटी का पुनर्गठन किया गया।
वहीं संघ के पुनर्गठन के बाद भी चतुर्भुज बारीक लगातार गौड़ समाज के तीसरी बार अध्यक्ष मनोनित हुए। वहीं पितोवास प्रधान भी लगातार पांचवी बार केन्द्रीय महासचिव मनोनित हुए। इसके अलावे गौड़ सेवा संघ केंद्रीय समिति के सचिव हरेकृष्णा प्रधान,कोषाध्यक्ष चीनीवास प्रधान,उपाध्यक्ष नेबु प्रधान,अभिमन्यु प्रधान,नीलसेन प्रधान,शिशिर बेहरा व कमलदेव प्रधान बनाए गए। वरीय पत्रकार उमाकांत प्रधान को गौड़ सेवा संघ केन्द्रीय समिति का प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी बनाया गया।
इससे पूर्व सामाजिक झंडोतोलन एवं समाज के संस्थापक अध्यक्ष स्व देवीलाल प्रधान के तस्वीर पर मालार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
सभी वर्ग को साथ लेकर समाज का करेंगे सर्वांगीण विकास: चतुर्भुज बारीक
गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष चतुर्भुज बारीक ने कहा समाज के सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर समाज का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता होगी। अपने पिछले कार्यकाल के उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा समाज को एकजुट करने में सभी का सराहनीय योगदान रहा और आगे भी समाज के विकास व एकजुटता को लेकर कार्य जारी रहेगा।
समाज के विकास को लेकर लिए जाएंगे महत्वपूर्ण निर्णय: पीतोवास प्रधान
समाज के केंद्रीय महासचिव पीतोवास प्रधान ने कहा केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात समाज का सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें समाज के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने समाज हित मे सभी लोगो को एक मंच पर आने की अपील की। समाज के उपाध्यक्ष नीलसेन प्रधान ने भी संबोधित किया।
चतुर्भुज प्रधान बने जिला कोषाध्यक्ष
सम्मेलन में सरायकेला जिला कमेटी में तीन नए सदस्यों को पदभार दिया गया जिसमें चतुर्भुज प्रधान को जिला कोषाध्यक्ष,दिनेश प्रधान को जिला उपाध्यक्ष एवं हेमसागर प्रधान को जिला प्रवक्ता के रूप में मनोनीत किया गया। महासम्मेलन के सफल आयोजन में नीलसेन प्रधान,अशोक प्रधान,अशोक गौड़,भास्कर महाकुड़,मायधर बेहरा,नागेश्वर प्रधान,पंकज प्रधान,काशीनाथ प्रधान,मुरली प्रधान,पवित्र महाकुड़,बालक महाकुड़,सोनू महाकुड़,देवाशीष महाकुड़ व विष्णु महाकुड़ समेत समाज के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।