सड़क दुर्घटना प्रकरण में मृतक के आश्रित को मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत क्षतिपूर्ति भुगतान — द्वितीय किस्त प्रदान

सड़क दुर्घटना प्रकरण में मृतक के आश्रित को मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत क्षतिपूर्ति भुगतान — द्वितीय किस्त प्रदान

सरायकेला-खरसावां

मोटरयान अधिनियम (MV Act) के अंतर्गत सड़क दुर्घटना से संबंधित एक प्रकरण में मृतक के आश्रित को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि के भुगतान की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप मृतक के आश्रित को कुल ₹9,41,517/- (नौ लाख इकतालीस हजार पाँच सौ सत्रह रुपये मात्र) की क्षतिपूर्ति स्वीकृत की गई है।

उक्त के क्रम में द्वितीय किस्त के रूप में ₹3,00,000/- (तीन लाख रुपये मात्र) का भुगतान किया गया। इससे पूर्व प्रथम किस्त के रूप में भी ₹3,00,000/- (तीन लाख रुपये मात्र) का भुगतान मृतक के आश्रित को किया जा चुका है। शेष बची हुई क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के अनुरूप आगामी किस्त में किया जाएगा।

अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की उपस्थिति में कार्यपालक दंडाधिकारी–सह–प्रभारी पदाधिकारी, नीलाम पत्र शाखा कमलेश कुमार दास द्वारा मृतक के आश्रित को चेक प्रदान किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों में मृतक के आश्रितों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु पारदर्शी, विधिसम्मत एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है, ताकि प्रभावित परिवार को त्वरित राहत मिल सके।इसी क्रम में जिले के सभी वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों में वाहन पंजीयन प्रमाण पत्र (RC), वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा प्रमाण पत्र (Insurance) तथा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) सहित सभी आवश्यक दस्तावेज सदैव साथ रखें। इन दस्तावेजों की उपलब्धता न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में बीमा दावा, क्षतिपूर्ति भुगतान एवं विधिक प्रक्रिया को सरल एवं सुचारू बनाने में अत्यंत उपयोगी होती है।
जिला प्रशासन द्वारा वाहन चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके एवं जन–धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था प्रभावित/प्रतिबंधित रहेगी तथा कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बाधित रह सकता है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था प्रभावित/प्रतिबंधित रहेगी तथा कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बाधित रह सकता है।

सरायकेला-खरसावां

सभी कारखाना/औद्योगिक प्रतिष्ठान, सरायकेला–खरसावाँ जिला को सूचित किया जाता है कि आगामी दिनांक 29.12.2025 को माननीय राष्ट्रपति महोदया का कार्यक्रम सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत NIT Jamshedpur (आदित्यपुर) मे निर्धारित है। उक्त कार्यक्रम के मद्देनज़र दिनांक 29 दिसंबर 2025 को प्रातः 09:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित/प्रतिबंधित रहेगी तथा कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बाधित रह सकता है।

इस सम्बन्ध में श्रम अधीक्षक, सरायकेला–खरसावाँ अविनाश कुमार ठाकुर द्वारा जिले के सभी कारखाना/औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों को निर्देशित/अनुरोधित किया गया है कि जिन प्रतिष्ठानों में कार्य-पाली (Shift) प्रणाली के अंतर्गत कार्य संचालित किया जाता है, वे दिनांक 29.12.2025 को प्रथम पाली का समापन अपराह्न 02:00 बजे के स्थान पर अपराह्न 04:00 बजे निर्धारित करें तथा द्वितीय पाली का संचालन अपराह्न 04:00 बजे के पश्चात प्रारंभ करें।

श्रम अधीक्षक द्वारा यह भी कहा गया है कि उक्त व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों/कामगारों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के संधारण में सहयोग प्राप्त हो सके।

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा सरायकेला–खरसावां जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकाश सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा आज सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न पंचायतों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

भ्रमण के क्रम में सरायकेला प्रखंड परिसर स्थित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई, पथनमारा पंचायत अंतर्गत धोबाडीह ग्राम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, इटाकुदर पंचायत अंतर्गत बुंडू ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सरायकेला प्रखंड अंतर्गत तीतीरबिला पंचायत स्थित राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र तथा गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बिरबांश पंचायत भवन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिरबांश का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई में पशुओं के उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्था, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा एवं पोषण स्थिति, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता, राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में पशुपालन सेवाओं की कार्यशीलता तथा पंचायत भवन एवं शैक्षणिक संस्थान में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की स्थिति का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के क्रम में केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से संबंधित सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, नियमित उपस्थिति एवं सेवा गुणवत्ता बनाए रखने, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से उपचार एवं टीकाकरण सेवाओं का सुदृढ़ीकरण करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, रोहित कुमार उद्योग विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

धोबनी पंचायत में पेसा दिवस पर विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों को पेसा एक्ट की जानकारी, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

धोबनी पंचायत में पेसा दिवस पर विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों को पेसा एक्ट की जानकारी, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

बुधवार को मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत धोबनी पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस ग्राम सभा में ग्रामीणों को पेसा एक्ट (पंचायत विस्तार अनुसूचित क्षेत्र अधिनियम) से संबंधित ग्राम सभा की भूमिका, अधिकार एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्राम सभा में ठंड को देखते हुए पंचायत के जरूरतमंद लोगों के बीच मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा कंबल का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया रामचंद्र मुर्मू, वार्ड सदस्य कमला देवी, काजल बास्के, पोद्दावती सरदार, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

झारखंड शिक्षा परियोजना कि ओर से एसपीटीएम कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।

झारखंड शिक्षा परियोजना कि ओर से एसपीटीएम कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)
सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के ए एन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद एवं स्वामी श्रद्धानंद प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर , कुकड़ू प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय तिरूलडीह में झारखंड शिक्षा परियोजना सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में शिक्षक -अभिभावक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।

प्लस टू उच्च विद्यालय तिरूलडीह में उप विकास आयुक्त रिना हांसदा, श्रद्धानंद प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर में डीटीओ गिरजा शंकर महतो, एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद में मुखिया लक्ष्मी देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालयों में शिक्षक -अभिभावक मीट में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति, शिक्षक -अभिभावक के बीच अच्छा तालमेल , बेहतर प्रदर्शन आदि को लेकर चर्चा किया गया। शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले बच्चों, प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले, पढ़ाई में अधिक रूचि रखने वाले बच्चों व अभिभावकों को प्रशस्ती पत्र व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद में बच्चों ने स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अभिभावकों के बीच मैजिक चेयर , बच्चों द्वारा कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। डीटीओ गिरजा शंकर महतो ने अपने संबोधन में कहा कि अभिभावक और शिक्षक का बेहतर तालमेल से बेहतर शिक्षण माहौल तैयार हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों को समय पर और शत प्रतिशत बच्चों का उपस्थिति सुनिश्चित कराने में विद्यालय का सहयोग करने का अपील किया । मौके पर प्राचार्य मिताली, मिलन रक्षित, वरिष्ठ पत्रकार अरुण माझी,पंचानन पातर, दिलीप दास, अरूण महतो, सुबोध गोराई, हाराधन महतो दिप्ती कुमारी, गुरू चरण सरदार, राकेश भरद्वाज, स्वेता खलको आदि सैकड़ों अभिभावक उपस्थित थे।

जंगली हाथी ने किया किसानों का फसल नष्ट।

जंगली हाथी ने किया किसानों का फसल नष्ट।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)
सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो पंचायत अंतर्गत बिस्टाटांड़ गांव में रविबार सुबह को जंगली हाथी द्वारा फसल को रौंद कर नष्ट कर दिया। बिस्टाटांड़ गांव निवासी किसान लक्ष्मण महतो और अधीर महतो के आलू की फसल को चट कर दिया।

ग्रामीण सह समाजसेवी निमाई चंद्र महतो ने बताया कि पिछले कोई दिनों से क्षेत्र में जंगली हाथी द्वारा उत्पात मचाया जा रहा है, जिससे किसान को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने वन विभाग से जंगली हाथी को इस क्षेत्र से भगाने और किसानों को जल्द मुआवाजा राशि भुगतान करने की मांग किया है।

दलदल में फंसे बीमार हाथी का इलाज के दौरान हुई मौत।

दलदल में फंसे बीमार हाथी का इलाज के दौरान हुई मौत।

हाथीयों की मौत की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से वन विभाग के पास बड़ी चुनौती।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)

सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल वन क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड के चातरमा गांव के कीचड़ नुमा खेत में गीरने से इलाज के दौरान करीब एक महीने से बीमारी से ग्रस्त एक हाथी की मौत हो गई। रविवार को पशु चिकित्सा पदाधिकारी का टीम द्वारा पोस्टमार्टम कर हाथी को बगल में ही दफनाया गया। हाथी की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने फुल अगरवत्ती से मृत हाथी का पूजा पाठ भी किया गया।मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को हाथी एक दलदल खेत में फंस गया और चाहकर भी दलदल से निकल नहीं पाया।

वन विभाग को सुचना मिलते ही रेंजर शशि प्रकाश रंजन,वन पाल राधारमण ठाकुर,राणा प्रताप, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ के के चौधरी पहुंचे और हाथी चिकित्सकों का टीम द्वारा हाथी का इलाज प्रारंभ किया। वन पाल राधारमण ठाकुर से बात करने से बताया गया कि स्थानीय चिकित्सक एवं गुजरात के स्पेशल चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी का इलाज किया गया।

उन्होंने बताया कि 45 बोतल स्लाइन चढ़ाया गया। काफी प्रयास के बाद भी हाथी को बचाने में चिकित्सकों का दल नाकाम रहे।देर रात को हाथी की मौत हो गई। हांलांकि रात भर वन विभाग के पदाधिकारी घटनास्थल पर डटे रहे।बताया जा रहा है कि एक माह से बीमार चल रहे हाथी को ठीक करने के लिए 10 लाख रुपए वन विभाग द्वारा खर्च किया गया ।

दो वर्ष में 6 हाथीयों की विभिन्न घटनाओं से हुई है मौत।

दो वर्षों में ईचागढ, कुकड़ू एवं नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न घटनाओं से 6 हाथियों की मौत हो गई है। वहीं बीते कई वर्षों के अंदर दर्जन भर हाथियों की मौत हो गई है। आए दिन हाथियों की विभिन्न कारणों से हो रही मौत वन विभाग की लापरवाही या तो हाथी मानव संघर्ष का नतीजा है,जो मृत्यु दर को रोकना वन विभाग के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होगा।

डालसा के द्वारा लीगल लिटरेसी क्लब का आयोजन।

डालसा के द्वारा लीगल लिटरेसी क्लब का आयोजन।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)
शुक्रवार को भोमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस पर झालसा के तत्वधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला खरसावां के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार ईचागढ़ प्रखंड के कस्तूरबा बालिका गांधी उच्च विद्यालय टिकर (ईचागढ़) में लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित सभी छात्र एवं छात्राओं को पीएलवी कार्तिक गोप ने संविधान से मिलने वाले अधिकार के बारे में, घरेलू हिंसा, डायन कुप्रथा एवं सरकार के विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और कार्यक्रम का समापन किया गया इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षिका मसोमी महतो एवं विद्यालय के सभी बच्चे उपस्थित थे।

संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी का किया दौरा।

संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी का किया दौरा।

पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केन्द्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद अपने तीन दिवसीय पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवास के दूसरे दिन आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, बीडीओ सह सीओ मुसाबनी पवन कुमार व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

संयुक्त सचिव ने मुसाबनी प्रखंड के माटिगोड़ा पंचायत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया । मौके पर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों का टीकाकरण, फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन दिया ।

वहीं मेड़िया पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर बच्चों के अन्नप्राशन, महिलाओं की गोद भराई रस्म में शामिल हुए तथा उचित पोषाहार अपनाने हेतु जागरूक किया। उन्होंने पोषण के 7 मुख्य इंडिकेटर्स, कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, वजन जांच, फॉलो-अप एवं संपूर्ण देखभाल की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में संयुक्त सचिव ने खेल एवं पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। स्कूल की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।

शिक्षकों से संवाद कर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुधार हेतु संभावित नवाचारों पर सुझाव सुने। साथ ही ड्रॉप आउट दर एवं उच्च कक्षा में ट्रांजिशन की स्थिति की जानकारी ली। संयुक्त सचिव ने बेहतर प्रशासनिक कार्यान्वयन, सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय आधारित सहभागिता एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।

समाहरणालय परिसर से धान अधिप्राप्ति जागरूकता रथ को उपायुक्त ने किया रवाना।

समाहरणालय परिसर से धान अधिप्राप्ति जागरूकता रथ को उपायुक्त ने किया रवाना।

सरायकेला-खरसावां

किसानों को पारदर्शी एवं सुचारु क्रय व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर

समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा जिले में धान अधिप्राप्ति संबंधी जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले में संचालित कुल 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों की विस्तृत जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाएगा तथा किसानों को अधिप्राप्ति से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराएगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा—
“किसानों को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध धान क्रय व्यवस्था उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिप्राप्ति केंद्रों पर आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।”

धान अधिप्राप्ति केंद्र सूची 👆🏼

उपायुक्त ने आगे कहा कि जागरूकता रथ के माध्यम से धान अधिप्राप्ति कार्यक्रम से जुड़ी सही एवं अद्यतन जानकारी गाँव-गाँव तक पहुँचेगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिप्राप्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा किसानों के समय पर भुगतान की सुनिश्चितता बनाए रखें।

जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो रहा है। जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, धान गुणवत्ता मानक, एवं निर्धारित दरों से संबंधित सूचनाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। साथ ही किसानों को समय पर पंजीकरण कराने हेतु प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे अधिप्राप्ति प्रक्रिया में समयबद्ध रूप से भाग ले सकें और कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहने पाए।

जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर धान अधिप्राप्ति से संबंधित सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा तथा ऑडियो संदेश एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से किसानों में जागरूकता बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां का वार्षिक वन भोज सह मिलन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न।

प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां का वार्षिक वन भोज सह मिलन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न।

सरायकेला/आदित्यपुर

प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां का पारिवारिक मिलन समारोह सह वार्षिक वन भोज आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए इचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह।

आपको बताते चलें की प्रेस क्लबऑफ सरायकेला खरसावां नित्य निरंतर सामाजिक घटनाओं को उजागर करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती चली आ रही है एवं समय-समय पर तरह-तरह के कार्यक्रम का आयोजन भी प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां की ओर से आयोजित किया जाता है।

वहीं बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां का वार्षिक वनभोज एवं मिलन समारोह बड़े ही धूमधाम के साथ संपन्न किया गया।

उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ-साथ सरायकेला खरसावां के श्रम अधीक्षक अविनाश कुमार ठाकुर एवं सरायकेला खरसावां जिले के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं नंदन उपाध्याय उपस्थित रहे इनके साथ-साथ सरायकेला खरसावां जिले के तहसील अस्तर के एवं प्रखंड स्तर के तमाम पत्रकार उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सह प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां के संरक्षक अरविंद सिंह का क्लब के अध्यक्ष भरत सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया एवं क्लब के माध्यम से पत्रकारों को समाज में और अग्रसर होकर कार्य करने के लिए अरविंद सिंह ने शुभकामनाएं दी।

वहीं कार्यक्रम में अरविंद सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का एक आईना है पत्रकार भारत देश का चौथा स्तंभ ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण अंग भी है जिसके बिना यह समाज अधूरा है पत्रकार ही है जो ठंड हो गर्मी हो या बरसात हो अपने दायित्वों से पीछे नहीं हटकर हर एक मुश्किल घड़ी में समाज में घट रही घटनाओं को उजागर करते हैं एवं हम सभी तक पहुंचाते हैं जिसमें पत्रकारों को काफी तरह की परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है लेकिन फिर भी पत्रकार अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं।

आगे उन्होंने कहा कि कई ऐसी जानकारियां हैं कई ऐसी सूचनाएं हैं जो हमें पत्रकारों के माध्यम से ही प्राप्त होती है उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की भी जानकारी हमें पत्रकारों के माध्यम से ही प्राप्त होती है और तभी हम उन योजनाओं का लाभ ले पाते हैं और अगर किसी को योजनाओं का लाभ न मिल रहा हो तो उसकी खबर भी हमें पत्रकारों से ही प्राप्त होती है एवं पत्रकार ही दवे कुचले लोगों की समस्याओं को ऊंचे स्तर के अधिकारी एवं सरकार तक पहुंचने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

शून्य काल में विधायक संजीव सरदार ने उठाई टाटा स्टील के सीएसआर से स्थायी नागरिक सुविधा की मांग।

शून्य काल में विधायक संजीव सरदार ने उठाई टाटा स्टील के सीएसआर से स्थायी नागरिक सुविधा की मांग।

पोटका क्षेत्र के 20 पंचायतों के लगभग एक लाख लोगों को मिलेगा लाभ, पंचायत प्रतिनिधियों के आग्रह पर सदन में गूंजा मुद्दा।

पूर्वी सिंहभूम-जमशेदपुर

पंचायत प्रतिनिधियों के आग्रह पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा सत्र के दौरान शून्य काल में अपने क्षेत्र की ज्वलंत समस्या को जोरदार ढंग से उठाते हुए टाटा स्टील के सीएसआर मद से स्थायी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग सरकार के समक्ष रखी।

उन्होंने बताया कि पोटका क्षेत्र अंतर्गत बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह, करनडीह, पुड़ीहासा, केरूवाडूंगरी, वयांगिल सहित 20 पंचायतों के लगभग एक लाख लोग टाटा स्टील कंपनी के 3 से 5 किलोमीटर के परिधि क्षेत्र में निवास करते हैं, लेकिन इसके बावजूद इन्हें अब तक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं।

विधायक ने सदन में कहा कि इन पंचायतों में टाटा ग्रुप में कार्यरत स्थायी, अस्थायी एवं ठेका मजदूर बड़ी संख्या में निवास करते हैं, परंतु कंपनी की ओर से यहां पेयजल, सफाई और बिजली जैसी नागरिक सुविधाएं स्थायी रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे आम ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि झारखंड सरकार द्वारा टाटा स्टील के लीज नवीकरण से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में सीएसआर के तहत स्थायी नागरिक सुविधा बहाल की जाए, ताकि वर्षों से समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सके।

पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा था मांग पत्र

विदित हो कि बीते शनिवार को बागबेड़ा जिला परिषद सदस्य किशोर यादव के नेतृत्व में मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य राजू ठाकुर ने संयुक्त रूप से विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर इस विषय में मांग पत्र सौंपा था। मांग पत्र में मुख्य रूप से बागबेड़ा, कीताडीह और घाघीडीह क्षेत्र के 15 पंचायतों में सीएसआर मद से स्थायी नागरिक सुविधा बहाल करने की मांग की गई थी।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया था कि इस मुद्दे को विधानसभा पटल पर उठाया जाए, ताकि सरकार एवं कंपनी का ध्यान क्षेत्र की गंभीर समस्याओं की ओर आकृष्ट हो सके। इसी आग्रह के आलोक में विधायक संजीव सरदार ने सदन में मामला रखकर क्षेत्रवासियों की आवाज बुलंद की।

पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने जताया आभार

विधानसभा में मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाने पर जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य राजू ठाकुर ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा इस पहल से पोटका क्षेत्र के लाखो लोगों को स्थायी नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है, जो वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे।

Design a site like this with WordPress.com
Get started