इंटर परीक्षा 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जेआईएस फाउंडेशन द्वारा किया गया सम्मानित।

इंटर परीक्षा 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जेआईएस फाउंडेशन द्वारा किया गया सम्मानित।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला-खरसावां जिले के इंटर कॉलेज तिरुलडीह के इंटर परीक्षा 2026 में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को शुक्रवार को जेआईएस फाउंडेशन, चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जेआईएस फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें उच्च शिक्षा के साथ-साथ डिप्लोमा एवं अन्य तकनीकी तथा अल्पकालीन व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों में विशेष रुचि दिखाई तथा इनसे जुड़ने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं जेआईएस फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

झारखंड सरकार की इंटर्नशिप योजना के तहत विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने बागबेड़ा के नवाचारों का किया अध्ययन।

झारखंड सरकार की इंटर्नशिप योजना के तहत विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने बागबेड़ा के नवाचारों का किया अध्ययन।

पूर्वी सिंहभूम/बिस्टुपुर

( सोनू कुमार सिंह )

झारखंड सरकार की झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं के एक दल ने बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न नवाचार एवं विकास कार्यों का अध्ययन किया। छात्राओं ने कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर के समीप पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की अनुशंसा एवं फंड से लगभग 7.30 लाख रुपये की लागत से स्थापित झारखंड के पहले पायलट आरओ प्लांट का निरीक्षण किया।

छात्राओं को बताया गया कि इस प्लांट के माध्यम से स्थानीय लोगों को आई-कार्ड आधारित व्यवस्था से मात्र पांच रुपये शुल्क पर 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है, जिससे बिजली बिल, ऑपरेटर की मजदूरी एवं रखरखाव का खर्च वहन किया जाता है। यह आरओ प्लांट अपने आप में एक अनूठा एवं प्रेरणादायक मॉडल है।

इसके अलावा छात्राओं ने गांधीनगर बस्ती में बागवानी कार्यों तथा जगदीशपुर रोड के समीप कुम्हार समुदाय द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पादों सहित अन्य स्थानीय नवाचारों एवं आजीविका गतिविधियों का भी निरीक्षण किया।

छात्रा राजश्री दास ने बताया कि उनकी चार सदस्यीय टीम ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर ऊर्जा, डिजिटल जल प्रबंधन एवं अन्य नवाचारों से संबंधित जानकारी संकलित कर रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिसे झारखंड सरकार के पोर्टल पर जमा किया जाएगा।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य उमेश पाण्डे ने छात्राओं को पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनहित कार्यों की जानकारी दी। निरीक्षण कार्यक्रम में राजश्री दास, सुचित्रा मलिक, अंजली कुमारी, प्रीति पाल, समाजसेवी मिथिलेश सिंह, शुभम एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

खूंटपानी में 992 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल, विधायक ने 436 विद्यार्थियों मे बांटे साईकिल।

खूंटपानी में 992 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल, विधायक ने 436 विद्यार्थियों मे बांटे साईकिल।

बच्चे मन लगाकर पढे, यही झारखंड सरकार की सोच है- दशरथ गागराई।

खूटपानी

झारखंड सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में खूंटपानी प्रखंड के कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष प्रखंड में कुल 992 विद्यार्थियों को साइकिल देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुसार 509 बालकों एवं 483 बालिकाओं को योजना का लाभ मिलना है। अब तक 450 साइकिलों की फिटिंग पूरी की जा चुकी है, जिनमें 200 बालकों और 250 बालिकाओं की साइकिलें शामिल हैं।

शुक्रवार को खूंटपानी के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय पूरूणिया में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के द्वारा विभिन्न विद्यालयों के कुल 436 विद्यार्थियों को साइकिलें का वितरण किया गया। इनमें 198 बालक तथा 238 बालिकाएं शामिल हैं। शेष विद्यार्थियों के बीच भी जल्द साइकिल वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मौके पर दशरथ गागराई ने कहा कि राज्य सरकार में विकास की गंगा बह रही है. लगातार क्षेत्रवासियों को सीधे तौर पर लाभ देने का काम किया जा रहा है। साइकिल मिलने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब आने-जाने में कोई परेशानी नहीं उठानी होगी। बच्चे मन लगाकर पढ़ें, यही झारखंड सरकार की सोच है। इससे बच्चे उत्साहित होंगे तथा शिक्षण कार्य में सुधार होगा। ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या में कमी आएगी एवं नियमित रूप से विद्यालय आने को प्रेरित होंगे। वहीं छात्र-छात्राओं को शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बीईईओ कार्यालय की सूची के अनुसार विभिन्न मध्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर साइकिलों का आवंटन किया गया है। सूची में मिडिल स्कूल पुरुनिया, पीएम श्री यूएचएस भोया, यूएचएस केयाडचालाम, यूएमएस पंड्रासाली, यूएमएस चुरुयू, यूएमएस गलुबासा, यूएमएस अंकोलकुटी, यूएमएस बाचोमहातु, यूपीजी एमएस सोनरो, एएमएस खूंटपानी, एमएस लोटा आदर्श, यूएमएस रंगरुई तथा यूएमएस बड़ागुंटिया सहित कुल 13 विद्यालय शामिल हैं।

खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में पीटीएम आयोजित, बच्चों की नियमित उपस्थिति व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर।

खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में पीटीएम आयोजित, बच्चों की नियमित उपस्थिति व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर।

सरायकेला-खरसावां

प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय, खरसावां में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल संसद के सदस्यों द्वारा अभिभावकों का तिलक, चंदन एवं पुष्प देकर स्वागत के साथ हुई। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए पीटीएम के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में घर पर सहयोग करने, नियमित स्वाध्याय की आदत विकसित कराने तथा विद्यालय से लगातार जुड़े रहने की अपील की गई। साथ ही विद्यार्थियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं, यूनिफॉर्म, ई-कल्याण छात्रवृत्ति, अपार आईडी समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यालय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, स्कूल स्कोर कार्ड, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विद्यालय परिसर के आसपास नशापान और नशीले पदार्थों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, सुझाव पेटी, खोया-पाया बॉक्स एवं कूड़ेदान की उपयोगिता के संबंध में अभिभावकों को जागरूक किया गया। चेतना सत्र के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विज्ञान, पेंटिंग, संगीत एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों की भी प्रदर्शनी लगाई गई।

अभिभावकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय का सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि सरकार की ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू होने के कारण कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को भविष्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई तथा अध्यक्ष एवं सदस्यों के लिए नामांकन लिया गया। अगली बैठक में नई समिति का गठन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। मौके पर खरसावां थाना के एसआई श्याम राठौर, सुजाता सरदार, डॉ. विशाल कुमार साहू, पुष्पा बाखला, रेणुका पुथाल, राज पांडा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

मध्य विद्यालय दुलमी में दो शिक्षकों की नियुक्ति, बच्चों व अभिभावक ने जताया आभार।

मध्य विद्यालय दुलमी में दो शिक्षकों की नियुक्ति, बच्चों व अभिभावक ने जताया आभार।

सरायकेला/ईचागढ़

कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय दुलमी में दो नए शिक्षकों की नियुक्ति गुरुवार को किया गया। स्कूली बच्चों व अभिभावक ने दोनो को स्वागत किया। मालूम हो कि काफी समय से विद्यालय के दो शिक्षक डेपुटेशन पर रहने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को लेकर समाजसेवी गौरांग दत्त ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिया था तथा सोशल मीडिया (ट्विटर/एक्स) के माध्यम से भी नए शिक्षकों की नियुक्ति का आग्रह किया था।

समाजसेवी गौरांग दत्त ने  बताया कि विद्यालय में दो नए शिक्षक मिलने से विश्वास है कि बच्चों की पढ़ाई बेहतर होगी और आने वाले समय में विद्यालय का शैक्षणिक परिणाम भी उत्कृष्ट होगा। इस जनहित के कार्य में सहयोग देने वाले दुलमी के सभी ग्रामीणों, पत्रकार बंधुओं तथा पूर्वी सिंहभूम शिक्षक संघ के अध्यक्ष महोदय का हृदय से आभार एवं धन्यवाद दिया।

बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान, भीषण गर्मी के बीच स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ की व्यवस्था लागू की गई।

बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान, भीषण गर्मी के बीच स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ की व्यवस्था लागू की गई।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला खरसावां जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर अहम कदम उठाया है। अब जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘वॉटर बेल’ व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत प्रतिदिन निर्धारित अंतराल पर कम से कम तीन बार घंटी बजाकर बच्चों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने इस संबंध में सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विद्यालयों में स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वाटर कूलर के साथ-साथ पारंपरिक घड़े के उपयोग पर भी जोर दिया है, ताकि बच्चों को पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी मिल सके।

इसके अलावा, प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को गर्मी से बचाव और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से बचने के उपायों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) उपलब्ध रखने तथा लंच ब्रेक के दौरान बच्चों के लिए छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ रखना है।

जान्हवी महतो जिले में छठवें स्थान, प्रिया मेहता सातवें व सुभम कुमार दास दसवां स्थान लाकर बढ़ाया स्कूल का नाम।

जान्हवी महतो जिले में छठवें स्थान, प्रिया मेहता सातवें व सुभम कुमार दास दसवां स्थान लाकर बढ़ाया स्कूल का नाम।

जान्हवी महतो जिला में छठवें स्थान, प्रिया मेहता सातवें व सुभम कुमार दास दसवां स्थान लाकर बढ़ाया एएन प्लस टू उच्च विद्यालय का नाम।

सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के अनुग्रह नारायण प्लस टू उच्च विद्यालय पिलीद का माध्यमिक परीक्षा फल‌ शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के सालुकडीह निवासी जान्हवी महतो 483 नंबर लाकर विद्यालय टापर एवं जिला में छठवें स्थान प्राप्त किया।

वहीं हजारीबाग निवासी प्रिया मेहता 480 नंबर लाकर विद्यालय में द्वितीय टापर एवं जिला में सातवें स्थान प्राप्त किया। पिलीद निवासी सुभम कुमार दास 476 नंबर के साथ विद्यालय में तीसरे स्थान एवं जिला में दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रौशन किया। विद्यालय के प्राचार्य मिताली ने बच्चों की उज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। वहीं जान्हवी महतो जिव विज्ञान के साथ विज्ञान संकाय में पढ़ाई कर डाक्टर बनना चाहती है।

शहीद अजित धनंजय महतो विद्यानिकेतन चोगा के सचिन मंडल को जिला में मिला पांचवा स्थान।

शहीद अजित धनंजय महतो विद्यानिकेतन चोगा के सचिन मंडल को जिला में मिला पांचवा स्थान।

सरायकेला/ईचागढ़

( मालखान महतो )

ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के अजित धनंजय महतो विद्यानिकेतन चोगा के माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के छात्र सचिन मंडल को विद्यालय में प्रथम तथा पूरे जिले में पांचवा स्थान मिला है। संचिन मंडल को कुल 484 अंक मिला है। उनके पिता अश्विनी मंडल एक किसान है साथ ही धान मील चलाते है एवं माता चन्दना देवी गृहणी है।

सचिन आगे चल कर इंजीनियर बनना चाहता है। वही विद्यालय के द्वितीय टॉपर विशाल गोप को जिला में 10 वां स्थान मिला है। विशाल गोप को कुल 476 अंक मिला है। विशाल गोप का सपना शिक्षक बनने का है। वही विद्यालय के तीसरा टॉपर सौरभ प्रामाणिक को 475 अंक मिला है। सौरभ प्रामाणिक आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्षेत्रपति महतो ने बताया कि इस वर्ष कुल 105 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए थे। जिसमें 05 बच्चे अनुपस्थित थे। विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अरुण कुमार मांझी और प्रधानाध्यापक क्षेत्रपति महतो ने सभी बच्चों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना किया है।

झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच स्कूलों के समय में बदलाव, 21 अप्रैल से लागू होगा नया आदेश।

झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच स्कूलों के समय में बदलाव, 21 अप्रैल से लागू होगा नया आदेश।

झारखंड/रांची

राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा।

जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा K.G. से लेकर कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को शेष समय, यानी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।

सरकार का यह निर्णय छात्रों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश को विभागीय सचिव की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

ईचागढ़ में ‘स्कूल रुआर’ कार्यक्रम का आयोजन, शिक्षा की मुख्यधारा से बच्चों को जोड़ने पर जोर।

ईचागढ़ में ‘स्कूल रुआर’ कार्यक्रम का आयोजन, शिक्षा की मुख्यधारा से बच्चों को जोड़ने पर जोर।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)

ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा की अध्यक्षता में ‘स्कूल रुआर’ (बैक टू स्कूल) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ईचागढ़ की वार्डेन सुनीता महतो, शिक्षिका मल्लिका महतो एवं मौसमी महतो के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। छात्राओं ने गीतों के माध्यम से बच्चों की अनिवार्य शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शत-प्रतिशत नामांकन, 5 से 18 वर्ष की आयु के सभी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को चिन्हित कर उन्हें वापस शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना। नामांकित बच्चों की स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना। बच्चों को सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाओं (पुस्तकों, पोशाक आदि) के प्रति जागरूक करना।

अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक कर उन्हें विद्यालय प्रबंधन से जोड़ना।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘स्कूल रुआर’ मात्र एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक अभियान है, ताकि ईचागढ़ प्रखंड का कोई भी बच्चा शिक्षा की रोशनी से वंचित न रहे।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुखदेव कुमार , शिक्षा विभाग के बीपीएम चंदन कुमार सिंह, जेएलएसपीएस बीपीएम मनोहर टोप्पो, महिला पर्यवेक्षिका कृष्णा देवी, संकुल साधन सेवी प्रकाश प्रमाणिक, शक्ति पद महतो, पद्म लोचन महतो, भूतेश महतो, बीआरसी कर्मचारी और प्रखंड की सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

Design a site like this with WordPress.com
Get started