घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध कारोबार जोरों पर, जनता परेशान – छोटे-छोटे गैस काटकर बेचने वालों की चांदी।

घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध कारोबार जोरों पर, जनता परेशान – छोटे-छोटे गैस काटकर बेचने वालों की चांदी।

सरायकेला/आदित्यपुर

भरत सिंह की रिपोर्ट

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध कारोबार जोर-शोर से चल रहा है। आरोप है कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, वहीं घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे-छोटे सिलेंडरों (कटिंग) में भरकर बेचने वाले लोगों तक गैस पहुंचाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एचपी गैस एजेंसी, आदित्यपुर की लापरवाही/मिलीभगत से यह खेल चल रहा है।

घरेलू महिलाओं ने बताया कि बुकिंग के 8-10 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच रहा, जबकि चौक-चौराहों पर खुलेआम 200-300 रुपये में छोटे गैस सिलेंडर धड़ल्ले से बिक रहे हैं। इससे आम जनता परेशान है और अवैध गैस बेचने वाले मालामाल हो रहे हैं।

जनता की मांग-
1.  जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग तुरंत छापेमारी करे।
2.  एचपी गैस एजेंसी आदित्यपुर की जांच हो।
3.  घरेलू गैस से व्यावसायिक कटिंग करने वालों पर FIR हो।

*विश्व हिंदू रक्षा परिषद राष्ट्रीय सह प्रवक्ता ने भी इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है।*

> “अगर 48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो गैस एजेंसी के सामने धरना देंगे” – स्थानीय लोगों।

जनता का धन कैसे लूट सकता है कोई डालमिया? सरायकेला में 35 करोड़ के खेल पर ED का शिकंजा।

जनता का धन कैसे लूट सकता है कोई डालमिया? सरायकेला में 35 करोड़ के खेल पर ED का शिकंजा।

सरायकेला/आदित्यपुर

भरत सिंह की रिपोर्ट

सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आलीशान आवास पर  ED की तीन गाड़ियां जब पहुंचीं, तो एक ही सवाल हर जुबान पर था – आखिर जनता का पैसा लोन के बहाने कैसे लूट सकता है कोई डालमिया?

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला 35 करोड़ रुपये के लोन घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि बैंक से लिया गया लोन, जो विकास कार्यों और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा है, उसे निजी फायदे के लिए इधर-उधर किया गया। ED की टीम सुबह से ही घर में मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों और लेन-देन की जांच में जुटी है।

और इस मामले पर संजय डालमिया के भतीजे को भी कदमा के आवास से गिरफ्तार किया गया है।

सवाल जो उठ रहे हैं
1.  एक ठेकेदार को 35 करोड़ का लोन किन शर्तों पर मिला?
2.  क्या इस लोन के पैसे की हेरा फेरी में बैंक के अधिकारियों की भी मिलीभगत है?
3.  जब आम आदमी 50 हजार के लोन के लिए चक्कर काटता है, तो करोड़ों कैसे दे दूए जाते हैं?

आज जब ED के साथ केंद्रीय बल के जवान डालमिया के घर के बाहर खड़े थे, तो मोहल्ले के लोग भी देख रहे थे कि कैसे कुछ लोग सिस्टम को जेब में रखकर जनता के पैसे पर ऐश करते हैं।

फिलहाल ED ने कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज नहीं दी है, लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि कई अहम कागजात जब्त किए गए हैं। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ लोन का मामला नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ धोखा है।

सरायकेला की जनता अब इंतजार कर रही है कि ED की इस जांच से दूध का दूध और पानी का पानी होगा।

क्या 35 करोड़ जनता के खाते में वापस आएगा? यह सबसे बड़ा सवाल है।

आदित्यपुर में आस्था का महासंगम: राधा अष्टमी और कृष्ण-रुक्मणी विवाह उत्सव पर निकली रथयात्रा, भजनों पर झूमे भक्त।

आदित्यपुर में आस्था का महासंगम: राधा अष्टमी और कृष्ण-रुक्मणी विवाह उत्सव पर निकली रथयात्रा, भजनों पर झूमे भक्त।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर में दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। 18 और 19 सितंबर को आयोजित हो रहे राधा अष्टमी एवं भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह समारोह के पहले दिन नगर में भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भारतीय कृष्ण भावामृत संघ द्वारा आयोजित इस यात्रा में इस्कॉन के प्रतिनिधियों सहित कई विदेशी भक्त भी शामिल हुए, जिससे आयोजन को वैश्विक पहचान मिली। ढोल-नगाड़ों और हरे कृष्ण संकीर्तन के बीच पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

रथयात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंच से स्वयं भजन प्रस्तुत किया और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राधा-कृष्ण की कथा प्रेम, सरलता और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि इंसान को निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाना चाहिए, उसके फल की चिंता ईश्वर पर छोड़ देनी चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक और पूर्व उपमहापौर अमित कुमार सिंह उर्फ बॉबी सिंह ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूरी तरह धार्मिक है और इसका किसी राजनीति से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सभी दलों और सामाजिक संगठनों के लोगों को आमंत्रित करने की बात कही और श्रद्धालुओं से रथ खींचकर पुण्य अर्जित करने की अपील की।

इस अवसर पर आदित्यपुर के मेयर संजय सरदार ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और सनातन परंपरा को मजबूती देते हैं। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि देशी-विदेशी भक्तों का एक साथ भजन-कीर्तन करना सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण है।

कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने भी शिरकत की और आयोजकों को बधाई दी। इसके अलावा डॉ. मीरा मुंडा, भाजपा प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव सहित कई पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आदित्यपुर में धूमधाम से मनी भगवान विश्वकर्मा पूजा, रेणु देवी इंटरप्राइजेज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

आदित्यपुर में धूमधाम से मनी भगवान विश्वकर्मा पूजा, रेणु देवी इंटरप्राइजेज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

सरायकेला/आदित्यपुर

औद्योगिक नगरी आदित्यपुर में भगवान विश्वकर्मा पूजा बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रेणु देवी इंटरप्राइजेज, रेणु देवी ड्रिंकिंग वाटर एवं रेणु देवी वाशिंग सेंटर, आदित्यपुर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

प्रोपराइटर रेणु देवी के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा की गई। प्लांट में लगी AQUAGOLD RO मशीनों, वाशिंग सेंटर की मशीनों और वाहनों की पूजा कर सुख-समृद्धि और तरक्की की कामना की गई।

पूजा के दौरान पंडित जी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य, कर्मचारी और आसपास के दुकानदार मौजूद रहे।

पूजा के उपरांत सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आसपास के राहगीरों, ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर को फूल-मालाओं और झालरों से सजाया गया था।

रेणु देवी ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा शिल्प और मशीनों के देवता हैं। उन्हीं की कृपा से आज उनका यह छोटा सा उद्योग लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा रहा है और कई लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।

मौके पर रेणु देवी इंटरप्राइजेज के सभी कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एस टाइप शाखा पर गंभीर आरोप : उद्यमी महिला को एक महीने तक दौड़ाया, फिर लोन देने से किया इनकार।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एस टाइप शाखा पर गंभीर आरोप : उद्यमी महिला को एक महीने तक दौड़ाया, फिर लोन देने से किया इनकार।

सरायकेला/आदित्यपुर

रेणु देवी इंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर रेणु देवी, निवासी आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एस टाइप शाखा, आदित्यपुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि

उन्होंने अपने व्यापार के लिए लोन हेतु आवेदन किया था। बैंक ने उनसे सभी जरूरी दस्तावेज लिए, फिजिकल वेरिफिकेशन किया, दुकान/जगह का निरीक्षण किया और फोटो भी लिया।

इस प्रक्रिया में लगभग एक महीना बीत गया। इसके बाद बैंक की तरफ से कहा गया कि आपके CIBIL / eligibility में स्कोर कम दिख रहा है, इसलिए आपको कम लोन मिलेगा। रेणु देवी कम लोन के लिए भी तैयार हो गईं और फिर से सारे कागजात बनवाकर बैंक में जमा किए।

पहले लगभग 13 लाख का आवेदन किया गया था, जिसे बाद में घटाकर 3 लाख कर दिया गया।

इतना सब करने के बाद अब शाखा प्रबंधक श्रीमती मोनिका वर्मा द्वारा कहा जा रहा है कि “आपका एक लोन पहले से चल रहा है, वह खत्म होगा तभी दूसरा लोन मिलेगा।”

उठ रहे हैं बड़े सवाल

1.  अगर आवेदिका का पहले से लोन चल रहा था, तो यह जानकारी बैंक के सिस्टम में पहले दिन ही क्यों नहीं देखी गई?
2.  एक महीने तक वेरिफिकेशन, फोटो, डॉक्यूमेंट लेने का क्या मतलब था?
3.  क्या आम उद्यमियों, खासकर महिला उद्यमियों को इस तरह परेशान करना उचित है?

रेणु देवी का कहना है कि बैंक के इस रवैये से न सिर्फ उनका समय और पैसा बर्बाद हुआ, बल्कि मानसिक रूप से भी वे परेशान हुईं।

पीड़िता ने यूनियन बैंक के वरीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जांच करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अन्य आम नागरिक इस तरह परेशान न हो।

बैंक प्रबंधक से पूछे जाने पर कहा कि जो प्रॉब्लम यहां आ रहा है वही सभी बैंकों में भी आएगा और मेरे ऊपर काम का प्रेशर है आपके इंतजार करना पड़ेगा।

20 सितंबर को आदित्यपुर में श्रमिकों की बड़ी एकजुटता, बनेगी खरकई पुल से टायो गेट तक मानव श्रृंखला।

20 सितंबर को आदित्यपुर में श्रमिकों की बड़ी एकजुटता, बनेगी खरकई पुल से टायो गेट तक मानव श्रृंखला।

सरायकेला/आदित्यपुर

क्षेत्र के कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों के हितों और उनकी मूलभूत सुविधाओं को लेकर कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन ने बड़े आंदोलन की घोषणा की है। संगठन के अध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने आदित्यपुर में पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी कि 20 सितंबर को खरकई पुल, आदित्यपुर से लेकर गम्हरिया के टायो गेट तक लंबी मानव श्रृंखला का आयोजन होगा। इसके बाद घोड़ा बाबा मंदिर प्रांगण में बड़ी जनसभा भी होगी।

अरविंद सिंह ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी कंपनी या प्रबंधन के खिलाफ नहीं है, बल्कि मजदूरों के सम्मान और उनके अधिकारों को आवाज देने के लिए है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य है — कारखाने तरक्की करें, कामगार सुरक्षित रहें और मेहनत का उचित सम्मान मिले।

उन्होंने श्रमिकों से जुड़े 18 प्रमुख मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि कई औद्योगिक इकाइयों में श्रम कानूनों का पालन नहीं हो रहा है। आरोप है कि अधिकांश फैक्ट्रियों में मजदूरों से 12 घंटे तक काम लिया जाता है, लेकिन साप्ताहिक छुट्टी, पीने का साफ पानी और आराम की व्यवस्था नहीं मिलती। यहां तक कि राष्ट्रीय व राजकीय छुट्टियों का लाभ भी नहीं दिया जाता।

उनके मुताबिक, कई मजदूर सुबह 4 बजे घर से निकलते हैं और प्रबंधन उनसे 16 घंटे तक काम कराता है, जिससे न उन्हें आराम मिल पाता है, न परिवार के लिए समय।

वेतन और सुविधाओं पर उठे सवाल
अरविंद सिंह ने कहा कि एक जैसा काम करने के बावजूद स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों के वेतन व बोनस में भारी अंतर है। न्यूनतम मजदूरी, पीएफ, ईएसआई और ओवरटाइम के नियमों को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि हक मांगने वाले श्रमिकों में नौकरी छूटने का डर बना रहता है। साथ ही, कुशल कारीगरों को अर्ध-कुशल या ठेका श्रेणी में दिखाकर उनका ग्रेड घटाने और आवाज उठाने वालों का तबादला कर परेशान करने की शिकायतें भी मिल रही हैं।

बुनियादी सुविधाओं की मांग
यूनियन अध्यक्ष ने श्रम विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्न उठाए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, अतिरिक्त पुलिस चौकी और मजदूरों के लिए सुरक्षित बस सेवा की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि सरायकेला, खरसावां, चांडिल, ईचागढ़, राजनगर, हाता, हल्दीपोखर समेत आसपास के कई इलाकों से हजारों मजदूर रोजाना आते हैं, जिन्हें आवागमन में भारी दिक्कत होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरों के मुद्दों पर जल्द ही खुली चर्चा आयोजित की जाएगी ताकि समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

जुटान की अपील
अंत में अरविंद सिंह ने कोल्हान के मजदूरों और आम लोगों से 20 सितंबर के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में यूनियन के महामंत्री अजय कुमार शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बसंत कुमार, उपाध्यक्ष जगदीश नारायण चौबे, इन्द्र कांत झा उर्फ इशू झा और असंगठित मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

बड़े नेताओं की पूजा को कवरेज, गरीब की पूजा को कौन पूछे?

बड़े नेताओं की पूजा को कवरेज, गरीब की पूजा को कौन पूछे?

सरायकेला/आदित्यपुर

हर साल गणेश पूजा और दुर्गा पूजा में शहर के बड़े-बड़े पंडालों की धूम रहती है। अधिकारी हों या छोटे से लेकर नेशनल लेवल तक के नेता, सभी पंडालों का उद्घाटन करने पहुँचते हैं। उनके पीछे मीडिया की लाइट, कैमरा और माइक दौड़ते हैं। अगले दिन अखबारों के पहले पन्ने पर उनकी बड़ी-बड़ी तस्वीरें छपती हैं।

लेकिन सवाल यह है — उस गरीब की पूजा को कौन दिखाएगा, जो बस्ती में चंदा जुटाकर दो बांस और तिरपाल से पंडाल बनाकर बप्पा को बैठाता है?
आस्था अमीरी-गरीबी नहीं देखती
वार्ड 20 की तंग गलियों में कुछ ऐसा ही जज़्बा देखने को मिलता है। यहाँ श्रीराम बॉयज क्लब के लड़के साल 2012 से लगातार गणेश पूजा करते आ रहे हैं।

ना उनके पास लाखों का स्पॉन्सर है, ना किसी बड़े नेता का हाथ। है तो सिर्फ तीन चीज़ें — भक्ति, मेहनत और बस्ती के लोगों का 10-20 रुपये का चंदा।

इस बार इन युवाओं ने हिम्मत करके 15 फीट की बप्पा की भव्य मूर्ति स्थापित की है। पंडाल की सजावट भी इन्होंने अपने हाथों से की है। सोचिए, बिना पैसे, बिना संसाधन के इतना बड़ा आयोजन करने में कितनी मेहनत और कितना समर्पण लगा होगा?
यहाँ VIP नहीं, सब भक्त हैं, इन छोटे पंडालों की सबसे खूबसूरत बात यही है।

यहाँ कानफोड़ू डीजे नहीं, ढोलक की थाप और मंजीरे की खनक पर आरती होती है।
यहाँ VIP पास नहीं बँटते, सबके लिए भोग बराबर है।
यहाँ दिखावा नहीं, सच्ची आस्था है।

यह पूजा सिर्फ एक मूर्ति स्थापना नहीं है, यह गरीब की आस्था का प्रतीक है। यह उन हज़ारों बस्तियों की कहानी है जहाँ भगवान को अमीरों के चमचमाते पंडालों का इंतज़ार नहीं, बल्कि सच्चे मन से लगाए गए दो फूल ही काफी हैं।

मीडिया से एक अपील
बड़े-बड़े पंडालों की भव्यता तो हर कोई दिखाता है। चंदा-वसूली से लेकर लाइटिंग तक की खबरें बनती हैं।

लेकिन हमारी मीडिया से हाथ जोड़कर अपील है — एक बार इन गरीबों के पंडाल की ओर भी कैमरा घुमाइए। इनकी मेहनत, इनके हौसले को भी एक खबर बनाइए।

ताकि अगली बार बस्ती का कोई बच्चा यह न सोचे कि पूजा सिर्फ अमीरों के लिए होती है।

क्योंकि जब भगवान अमीर-गरीब में फर्क नहीं करता, तो फिर मीडिया क्यों करे?

वार्ड 20, आदित्यपुर से एक आम नागरिक की आवाज़

नए चेहरों को वक्त दें, तभी परखें उनकी कार्यक्षमता: आनंद मोहन

नए चेहरों को वक्त दें, तभी परखें उनकी कार्यक्षमता: आनंद मोहन

सरायकेला/आदित्यपुर

बिहार के पूर्व सांसद और वरिष्ठ राजनेता आनंद मोहन सोमवार को आदित्यपुर पहुंचे। यहां वे एम-टाइप में पूर्व ईचागढ़ विधायक अरविंद सिंह के निवास पर गए, जहां आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए आनंद मोहन ने बिहार के सियासी हालात, लोकतंत्र में विपक्ष की अहमियत और नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर अपनी राय व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि किसी भी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि के कार्यों का आकलन करने से पहले उसे कम से कम छह महीने से एक साल तक का समय अवश्य देना चाहिए। उपमहापौर अंकुर सिंह की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि युवा नेताओं को अपनी योग्यता साबित करने का पूरा मौका मिलना जरूरी है।

लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना और वैचारिक मतभेद को उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाला बताया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में राज्य ने सुशासन और तरक्की के मामले में अलग पहचान स्थापित की है।

आनंद मोहन ने स्पष्ट किया कि उनका जमशेदपुर आना किसी सियासी मकसद से नहीं है, बल्कि पुराने संबंधों को और प्रगाढ़ करने तथा सामाजिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से है।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुधीर चौधरी, मनोज आनंद, मनोज सिंह, जगदीश नारायण चौबे, संजय सिंह हितैषी, डॉ. मृत्युंजय सिंह, लाल बाबू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

BREAKING NEWS: इस वक्त की बड़ी खबर, आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थ, अवैध स्क्रैप टाल और सट्टे का धंधा जोरों पर, चोरी की वारदातों में इजाफा।

BREAKING NEWS: इस वक्त की बड़ी खबर, आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थ और सट्टे का धंधा जोरों पर, चोरी की वारदातों में इजाफा।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आदित्यपुर निकाल कर सामने आ रही है जहां पर आदित्यपुर थाना अंतर्गत कई इलाकों में अवैध नशीले पदार्थ, अवैध स्क्रैप टाल सट्टा और जुआ का धंधा बेधड़क चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम ढलते ही कई जगहों पर भीड़ जुटती है और देर रात तक यह अवैध कारोबार चलता है।

सूत्रों का कहना है कि इस धंधे में कई युवा बर्बाद हो रहे हैं और नशे की लत के कारण पैसों के लिए क्षेत्र में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी तेजी आई है। पिछले एक महीने में गम्हरिया, बड़ाकाठी और आदित्यपुर-2 के इलाकों में बाइक चोरी और घरों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। इतना ही नहीं आदित्यपुर क्षेत्र में कई अवैध स्क्रैप टाल भी संचालित किया जा रहे हैं जहां पर चोरी की गई सामानों की खरीद बिक्री करने की सूचनाएं प्राप्त हो रही है

स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार थाना में शिकायत की गई लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्ती बढ़नी चाहिए और ऐसे अवैध अड्डों पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय पुलिस ने कहा:
इस संबंध में आदित्यपुर थाना से संपर्क करने पर बताया गया कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी और रात में गश्ती बढ़ा दी गई है।

स्थानीय जनता ने एसपी सरायकेला-खरसावां से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर जल्द से जल्द रोक लगाई जाए ताकि शांति व्यवस्था कायम रह सके।

मजदूर जागरूकता अभियान 2026: कोल्हान एवं टायो मजदूर यूनियन का बड़ा आह्वान, 20 सितंबर को बनेगी मजदूर श्रृंखला।

मजदूर जागरूकता अभियान 2026: कोल्हान एवं टायो मजदूर यूनियन का बड़ा आह्वान, 20 सितंबर को बनेगी मजदूर श्रृंखला।

सरायकेला/आदित्यपुर

मजदूरों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कोल्हान एवं टायो मजदूर यूनियन ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन द्वारा “मजदूर जागरूकता अभियान – 2026” के तहत 20 सितंबर 2026 (रविवार) को मजदूर श्रृंखला एवं विशाल मजदूर सभा का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की थीम “जागरूक मजदूर – सशक्त समाज – समृद्ध भारत” रखी गई है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य मजदूरों की समस्याओं, रोजगार, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

कार्यक्रम का विवरण:
• मजदूर श्रृंखला: सुबह 10 बजे से आदित्यपुर खरकाई पुल से टायो गेट तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।

• विशाल मजदूर सभा: श्रृंखला के पश्चात घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में विशाल जनसभा होगी।

निवेदक पूर्व विधायक ईचागढ़ अरविन्द सिंह की ओर से जारी आमंत्रण पत्र में सभी मजदूर भाई-बहनों, श्रमिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।

पत्र में कहा गया है, “यह संघर्ष किसी जाति, धर्म या वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान के लिए है। आइए, एकजुट होकर सम्मानजनक रोजगार एवं न्यायपूर्ण श्रम व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।”

यूनियन ने नारा दिया है – “मजदूर जागेगा तो हक मिलेगा!”, “मजदूर एकता जिंदाबाद!”, “श्रम ही शक्ति है!”

SDS Towers में दुर्गा पूजा 2026 की तैयारी जोरों पर, भोग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी

SDS Towers में दुर्गा पूजा 2026 की तैयारी जोरों पर, भोग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी

सरायकेला/आदित्यपुर

SDS Towers सोसाइटी में इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह चरम पर है। SDS Towers Durga Puja Committee द्वारा 2026 के पूजा कार्यक्रम, भोग (लंच) और सांस्कृतिक आयोजनों की समय-सारणी जारी कर दी गई है।

कमेटी के अध्यक्ष K. Upadhyay एवं उपाध्यक्ष श्री D. D. Bhattacharjee और सचिव M. S. Mandal के नेतृत्व में पूरी आयोजन समिति तैयारियों में जुट गई है। इस बार पूजा को और भी भव्य बनाने की योजना है।

6 दिनों तक चलेगा माँ की आराधना और भोग का कार्यक्रम:

पूजा का शुभारंभ 16 अक्टूबर, शष्ठी को बोधन, आमंत्रण और अधिवास के साथ शाम 5:57 बजे होगा।

17 और 18 अक्टूबर सप्तमी को नबपत्रिका प्रवेश, स्थापना और सप्तमी पूजा सुबह 7:14 बजे से होगी। दोपहर 12 बजे देवी भोग और 1:30 बजे से सभी के लिए भोग (लंच) की व्यवस्था रहेगी। शाम 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

19 अक्टूबर, महा अष्टमी को मुख्य संधि पूजा सुबह 7:26 बजे शुरू होगी। इस दिन पुष्पांजलि, देवी भोग के बाद दोपहर भोग और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन है।

20 अक्टूबर, महानवमी को विशेष आकर्षण के रूप में *डांडिया नाइट* का आयोजन शाम 7 बजे से किया जाएगा। भोग दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा।

दशमी (21 अक्टूबर) को सिंदूर खेला, दशमी पूजा और विसर्जन सुबह 6:14 बजे से होगा, शाम को विजया सम्मेलनी का आयोजन 8 बजे होगा।

प्रतिदिन भोग की व्यवस्था:
रोजाना पूजा के लिए भोग की व्यवस्था मौसमी रॉय, सुनीता रॉय, माधुरी मंडल, मोहिनी जी, मौसमी बिस्वास, पिंकी बनर्जी और मोनालिसा जी की देखरेख में की जाएगी।

कमेटी के समन्वयक सुदीप बनर्जी और कैशियर पिंकी बनर्जी ने सभी निवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार पूजा में शामिल होकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें।

कोल्हान में मजदूरों के शोषण के खिलाफ सिंहनाद, 20 तारीख को विशाल रैली और जनसभा।

कोल्हान में मजदूरों के शोषण के खिलाफ सिंहनाद, 20 तारीख को विशाल रैली और जनसभा।

सरायकेला/आदित्यपुर

कोल्हान में मजदूरों के शोषण, न्यूनतम वेतन और सुरक्षा को लेकर कोल्हान एवं टायो मजदूर यूनियन ने बिगुल फूंक दिया है।

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ईचागढ़ के पूर्व विधायक माननीय अरविंद सिंह ने बताया कि कोल्हान के औद्योगिक क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कंपनियों में मजदूरों को न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।

इसी के विरोध में 20 तारीख को सुबह 9:00 बजे से एक विशाल रैली और जनसभा का आयोजन किया गया है।

रैली का रूट: यह विशाल रैली आदित्यपुर कोल्हान टायो मजदूरी यूनियन के हेड ऑफिस से शुरू होकर घोड़ा बाबा मंदिर तक जाएगी, जहाँ विशाल जनसभा में तब्दील हो जाएगी।

अरविंद सिंह ने कहा कि इस रैली में श्रम विभाग के अधिकारी, इंडस्ट्रियलिस्ट और हजारों मजदूर एक साथ एक मंच पर होंगे ताकि मजदूरों के हक और सुरक्षा की बात मजबूती से रखी जा सके।

उन्होंने कोल्हान के सभी मजदूर भाइयों से अपील की है कि अपने हक की लड़ाई के लिए 20 तारीख को सुबह 9 बजे समय पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।

मुख्य मांगें:
1. सभी कारखानों में सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन लागू हो
2. मजदूरों को ESI, PF, हेलमेट, सेफ्टी शूज और सुरक्षा सुविधा मिले
3. शोषण करने वाली कंपनियों पर श्रम विभाग सख्त कार्रवाई करे

स्थान: आदित्यपुर यूनियन ऑफिस से घोड़ा बाबा तक
समय: 20 तारीख, सुबह 9:00 बजे

Design a site like this with WordPress.com
Get started