चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए।
सरायकेला/चांडिल
चांडिल थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित पंजाबी होटल के समीप वाहन जांच के दौरान आजादनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओल्ड पुरुलिया रोड, आजादनगर निवासी समीर अंसारी (22 वर्ष) तथा कपाली गौसनगर निवासी मो. आसिफ (32 वर्ष) के रूप में हुई है। इस संबंध में चांडिल थाना में कांड संख्या 93/26 दिनांक 03 जुलाई 2026 के तहत धारा 317(5), 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया।
हूल दिवस पर आजसू पार्टी ने दी शहीद सिदो-कान्हू को श्रद्धांजलि।
सरायकेला/चांडिल
अंग्रेजी हुकूमत, ज़मींदारों के शोषण और अन्याय के विरुद्ध 1855 की ऐतिहासिक ‘हूल क्रांति’ का शंखनाद करने वाले अमर क्रांतिकारी शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव तथा वीरांगनाओं फूलो-झानो के बलिदान दिवस ‘हूल दिवस’ के अवसर पर मंगलवार को आजसू पार्टी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।चांडिल के चिलगु स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने शहीद सिदो-कान्हू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर हरेलाल महतो ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई में झारखंड के वीर सपूतों का योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायी रहा है। अंग्रेजी शासन के अत्याचार, शोषण और अन्याय के विरुद्ध सिदो-कान्हू, चांद-भैरव तथा फूलो-झानो ने जिस साहस और त्याग का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को हूल क्रांति के इतिहास और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से अवगत कराना समय की आवश्यकता है, ताकि उनके बलिदान और आदर्शों को सदैव स्मरण रखा जा सके। कार्यक्रम में पूर्व चांडिल प्रमुख अमला मुर्मू, भीम महापात्र, देवराज महतो, हिमेश महतो सहित आजसू पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नारायण प्राइवेट आई.टी.आई, लुपुंगडीह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया गया।
सरायकेला/चांडिल
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रवादी विचार के प्रखर नेता थे:- डॉ. जटाशंकर पांडेय
सरायकेला-खरसावां जिला के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह चांडिल में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडेय ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में डॉ. पांडेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था। वे अल्प आयु में ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। स्वतंत्र भारत के प्रथम मंत्रिमंडल में उन्होंने उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वर्ष 1951 में उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो आगे चलकर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में विकसित हुई। जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष व्यवस्था का उन्होंने पुरजोर विरोध किया और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष कर राष्ट्रीय एकीकरण का अभियान चलाया।
डॉ. पांडेय ने कहा कि डॉ. मुखर्जी शिक्षा के प्रसार, औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मौजूद रहे एडवोकेट निखिल कुमार, प्राचार्य जयदीप पांडे, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, शुभम साहू, शशि भूषण महतो, पवन महतो, कृष्णा पद महतो,गौरव महतो एवं संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में मोहर्रम को लेकर हुई शांति समिति की बैठक।
सरायकेला/चांडिल
सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि देश में विभिन्न समुदायों द्वारा वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व-त्योहार मनाने की परंपरा रही है। मोहर्रम भी इसी परंपरा के अनुरूप शांति एवं सद्भाव के वातावरण में मनाया जाए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी असामाजिक तत्व या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति को संरक्षण न दें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है। बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा एवं बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठा।
इस पर एसडीओ ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है, जिस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी खतरा उत्पन्न करती है। बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, नीमडीह अंचलाधिकारी, ईचागढ़ बीडीओ, चांडिल थाना प्रभारी, नीमडीह थाना प्रभारी, कपाली ओपी प्रभारी, समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य रजिया सुल्ताना, शेख फरीद, मनमन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मोहर्रम को लेकर कपाली में शांति समिति की बैठक का आयोजन।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डांगरडीह स्थित सामुदायिक भवन में आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर सोमवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा मोहर्रम जुलूस कमेटी के सदस्यों ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर चर्चा की।
बैठक में चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता, एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन, वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो, अंजना सिंह,रजिया मंजर, संतोष महतो, इनामुल हक्क, उस्मान, विक्की, हीरो, फरीद समेत विभिन्न अखाड़ा एवं मोहर्रम जुलूस कमेटियों के सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व है। सभी समुदायों के लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाना चाहिए। प्रशासन ने जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अशांति या भड़काऊ गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।
कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने किया निलंबित।
सरायकेला/चांडिल
सोनू कुमार सिंह
सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती से कपाली ओपी के पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट और बल प्रयोग का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी के थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
घटना के संबंध में मेरी जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को चाण्डिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कपाली ओपी के पुलिस पदाधिकारी/कर्मियों द्वारा हिंसा और बल प्रयोग करने की शिकायत मिली थी. मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने खुद संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चाण्डिल को जांच का निर्देश दिया.
वहीं इस मामले पर जांच के क्रम में तीन पुलिस कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई जिस पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाई करते हुए, कपाली यूपी के थाना प्रभारी धीरंजन कुमार, समेत मुकलेश्वर रहमान, कपाली ओपी महिला आरक्षी-981 कंचन, कपाली ओपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ अग्रेतर अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
वहीं इस मामले परपुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आम जनता, विशेषकर कमजोर वर्गों के साथ किसी भी तरह की हिंसा या बल प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभाग में ऐसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई तय है. पीड़ित युवती को न्याय दिलाने के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस अधीक्षक के इस कार्यवाही से क्षेत्र वीडियो में एक खुशी की लहर दौड़ पड़ी है
सब्जी खेत में निकला विशाल अजगर, दहशत में ग्रामीण।रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकरू गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सब्जी खेत में विशालकाय अजगर सांप देखने को मिला। अजगर के निकलने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। अजगर के आकार और वजन को देखकर लोग हैरान रह गए।
ग्रामीणों के अनुसार खेत की सुरक्षा और जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए खेत के चारों ओर प्लास्टिक का जाल लगाया गया था। इसी जाल में अजगर फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। खेत में काम करने पहुंचे लोगों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
अजगर के खेत में पाए जाने से ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बन गया है। खासकर महिलाएं और बच्चे खेत की ओर जाने से कतरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सांप जाल से निकल जाता है तो आसपास के इलाके में खतरा बढ़ सकता है। बतख, मुर्गी, भेंड़, बकरी यहां तक कि अजगर विशालकाय होने के कारण छोटे बच्चों तक को भी निगल सकता है।
हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार अजगर आमतौर पर जहरीला नहीं होता है, लेकिन उसका विशाल आकार किसी भी व्यक्ति या पशु के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर अजगर को देखने लगे। कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें भी बनाई। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहली बार इतना बड़ा अजगर देखा गया है, जिससे लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ डर भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुकरू क्षेत्र जंगलों और पहाड़ी इलाकों से जुड़ा हुआ है, जिस कारण समय-समय पर जंगली जीव,आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सांप को रेस्क्यू करने मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
चांडिल में आदिवासी महिला से पुलिस की बदसलूकी का आरोप।
एसआई यमुना रामपर महिला के साथ मारपीट व कपड़े फाड़ने का आरोप।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित पुलिसिया दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। चांडिल थाना में पदस्थापित एसआई यमुना राम पर आरोप है कि उन्होंने एक आदिवासी महिला के साथ मारपीट की, उसके कपड़े फाड़ दिए तथा गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एसआई यमुना राम एक नाबालिग युवक बलराम सिंह मुंडा की तलाश में रुचाप बस्ती स्थित उसके घर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि बलराम घर पर नहीं मिलने के बाद पुलिसकर्मी उसकी मामी से उलझ गए। वायरल वीडियो में महिला के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला को डंडे से पीटा गया तथा उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया।
परिजनों के अनुसार, बलराम मुंडा (जन्म तिथि 07 जनवरी 2010) नाबालिग है। बताया जाता है कि 10 जून की रात वह स्नान कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने रास्ते में गणेश सिंह सरदार और रोहित आदित्यदेव को आपस में विवाद करते देखा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही रोहित आदित्यदेव ने उसे गणेश का सहयोगी समझकर धक्का-मुक्की की। बाद में रोहित की शिकायत पर पुलिस बलराम को पकड़ने उसके घर पहुंची थी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि बलराम के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। घटना के बाद घायल महिला का चांडिल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने एसआई यमुना राम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने कहा है कि वे न्याय की मांग को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात करेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की बैठक, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल विकास कुमार राय द्वारा क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। वर्तमान में पेट्रोल पंपों पर लग रही कतारों के सुनियोजित एवं व्यवस्थित प्रबंधन हेतु आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
साथ ही एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, खाद्य सामग्री आपूर्ति से संबंधित वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि जनहित से जुड़ी सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा अनावश्यक अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ईंधन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें एवं अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है तथा प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन आवश्यकतानुसार ही ईंधन क्रय करें एवं प्रशासन का सहयोग
चांडिल वन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा हाथियों का खौफ, हाथियों ने ग्राम प्रधान गुरुपद गोप का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया।
सरायकेला/ईचागढ़
सरायकेला खरसावां जिले केचांडिल, कुकड़ु, ईचागढ़ सहित पूरे चांडिल वन क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों का उत्पात बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। बीते देर रात को कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह पंचायत के आदरडीह चौका गांव में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस घटना में गांव के ग्राम प्रधान गुरुपद गोप का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के समय गुरुपद गोप अपने पूरे परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हाथी द्वारा घर तोड़े जाने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी तरह उन्होंने अपनी पत्नी, विवाहित बेटी एवं छोटे-छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। हाथी ने घर में रखे अनाज को पूरी तरह नष्ट कर दिया। डेगची एवं बोरा में रखे चावल को चारों ओर बिखेर दिया गया। घर के कई जरूरी सामानों को नुकसान पहुंचाया गया तथा बक्से में रखे महत्वपूर्ण कागजात सहित अन्य वस्तुएं भी नष्ट हो गईं। इस घटना में ग्राम प्रधान की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके सीने में अंदरूनी चोट आई है तथा पैर में गंभीर चोट लगी है।
वहीं विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतोने वन विभाग से मांग की है कि घायल महिला के समुचित इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए एवं हाथियों का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाय ।
अवैध महुआ चुलाई शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई।
चांडिल थाना क्षेत्र में छापामारी कर 05 अवैध महुआ शराब अड्डे ध्वस्त, भारी मात्रा में जावा महुआ एवं अवैध शराब बरामद।
सरायकेला-खरसावाँ
सरायकेला-खरसावाँ जिले के उपयुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावाँ क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चिल्गु के समीप चांडिल थाना अंतर्गत ग्राम खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया एवं हमसदा टोला में विधिवत छापामारी अभियान संचालित किया गया।
छापामारी अभियान के दौरान कुल 05 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के क्रम में लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ एवं 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद सामग्री को नियमानुसार जप्त कर विनष्ट किया गया। संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक सविता महतो ने 6 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से चांडिल में चार सड़कों की रखी आधारशिला।
सरायकेला/चांडिल
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़करण योजना के तहत स्वीकृत चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चार महत्वपूर्ण सड़कों का गुरुवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर आधारशिला रखी। इन सड़कों का निर्माण कुल 6 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। विधायक सविता महतो ने बताया कि एनएच-32 से रावताड़ा तक 1.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से, चांडिल डैम रोड स्थित मुखिया होटल से दियाडीह भाया बोराबिंधा तक 5.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण 2 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
इसके अलावा चौका-कांड्रा रोड के पालगम से रायडीह तक 2.6 किलोमीटर सड़क 1 करोड़ 91 लाख रुपये तथा काशीडीह मोड़ से मिरुडीह भाया सिंगाती तक 2 किलोमीटर सड़क 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि सभी सड़कों का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, सुधीर किस्कू, जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी, मुखिया ममता हेंब्रम, पंचायत समिति सदस्य रिंकी गांगुली, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, विधायक की पुत्री स्नेहा महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, समर भुइयां, मंत्री महतो, करम चांद हेंब्रम, सुरेश मांझी, सिमल बेसरा, लंबोदर महतो, पशुपति महतो, ज्ञान रंजन हेंब्रम, राज शेखर गांगुली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।