झारखंड क्राइम स्पेशल: गुमला में खाकी और माफियाओं के गठजोड़ पर उठे सवाल, आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत पर सुलग उठा पूरा प्रदेश।

झारखंड क्राइम स्पेशल: गुमला में खाकी और माफियाओं के गठजोड़ पर उठे सवाल, आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत पर सुलग उठा पूरा प्रदेश।

गुमला/रांची:

(मालखान महतो )
झारखंड की आबोहवा एक बार फिर खून के आंसुओं रो रही है। राज्य के भीतर चल रहा अपराधी-माफिया गठजोड़ और पुलिसिया तंत्र की नाकामी अब एक और हंसती-खेलती जिंदगी को लील चुकी है। गुमला जिले की प्रखर आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने झारखंड के ‘क्राइम सिंडिकेट’ और प्रशासनिक भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है। यह महज एक आत्महत्या नहीं, बल्कि उस खौफनाक व्यवस्था का परिणाम है जहां सच बोलने वालों की आवाज को हमेशा के लिए खामोश करने की साजिश रची जाती है।

घटना के बाद से ही गुमला से लेकर झारखंड की राजधानी रांची तक सनसनी फैल गई है। आदिवासी समाज, युवा संगठनों और आम जनता का खून खौल उठा है। मामले की संवेदनशीलता को भांपते हुए झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सीधे गुमला स्थित निशा के पैतृक आवास पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा और इस लड़ाई में हर कदम पर साथ खड़े रहने का कड़ा संकल्प लिया। इसके पश्चात, गुमला जिला के चैनपुर प्रखंड में आदिवासी समाज की साहसी और संघर्षशील बेटी, दिवंगत निशा भगत के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस दौरान हर आंख नम थी और हर दिल में एक ही दुआ थी कि—ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
पिता हंदु भगत का छलका दर्द: “मेरी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, उसका मुंह बंद किया गया है”

नेता प्रतिपक्ष के सामने जब निशा भगत के पिता हंदु भगत का रोना फूटा, तो वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा फट गया। एक पिता का वह क्रंदन झारखंड के भ्रष्ट तंत्र और अपराधियों के माथे पर एक बदनुमा दाग है। हंदु भगत ने फफकते हुए दो टूक शब्दों में मांग की है कि इस पूरे ब्लाइंड मर्डर या सुसाइड मिस्ट्री की जांच स्थानीय पुलिस से नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी CBI (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) से कराई जाए।

पीड़ित पिता ने प्रशासन को चुनौती देते हुए अजय तिर्की और संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल हत्या का मुकदमा (FIR) दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पिता का साफ कहना है कि जब तक इन गुनाहगारों को हथकड़ी नहीं लगती और सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक यह परिवार चैन से नहीं बैठेगा।
फेसबुक लाइव के वे आखिरी खौफनाक अल्फाज: “मेरी जान को खतरा है…”

दुनिया को अलविदा कहने से ठीक पहले निशा भगत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर जो सनसनीखेज खुलासे किए थे, उसने झारखंड की कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। वीडियो में जिस बेबाकी से उन्होंने रसूखदारों, भू-माफियाओं और सिस्टम के कारगुजारियों की पोल खोली, वह किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह कंपाने के लिए काफी है।

क्राइम रिपोर्टिंग के जानकारों का यह सवाल सबसे बड़ा है कि जब एक नेत्री सरेआम सोशल मीडिया पर अपनी जान का खतरा बता रही थी, तब गुमला की खाकी और खुफिया तंत्र गहरी नींद में क्यों सोया हुआ था? क्या पुलिस किसी बड़े आदेश का इंतजार कर रही थी? वह वीडियो अब झारखंड के हर मोबाइल और हर जुबान पर तैर रहा है, और सिस्टम से सिर्फ एक ही जवाब मांग रहा है—”आखिर निशा को न्याय कब मिलेगा?”

सड़कों पर उबाल और सुलगता राजनीतिक पारा
निशा भगत की मौत के बाद झारखंड के क्राइम ग्राफ और पुलिसिया कार्यशैली पर सबसे बड़े सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। विपक्षी दलों से लेकर आदिवासी संगठनों ने इसे राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की खुली विफलता करार दिया है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की सुगबुगाहट तेज हो गई है कि यदि इस मामले में लीपापोती या आरोपियों को बचाने की कोशिश की गई, तो यह झारखंड का सबसे बड़ा जन-आंदोलन बन जाएगा, जिसकी तपिश रांची की कुर्सी तक पहुंचेगी।

न्याय की आस में टकटकी लगाए बैठा पूरा झारखंड
फिलहाल पूरे राज्य की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार निशा भगत के पिता की मांग के आगे झुकते हुए CBI जांच का ऐलान करेगी? क्या अजय तिर्की और आरोपित थाना प्रभारी सलाखों के पीछे जाएंगे? झारखंड की धरती चीख-चीखकर बस एक ही सवाल पूछ रही है—”आखिर कब तक झारखंड में भू-माफियाओं और खाकी की साठगांठ की भेंट चढ़ती रहेंगी ऐसी ही बेबाक बेटियां?”

गुमला में हथियारों के साथ कुख्यात गिरफ्तार: कार से AK-56 राइफल और कार्बाइन जब्त, तीन-चार आरोपी फरार।

गुमला में हथियारों के साथ कुख्यात गिरफ्तार: कार से AK-56 राइफल और कार्बाइन जब्त, तीन-चार आरोपी फरार।

गुमला/झारखंड

गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र को नाकाम करते हुए हथियारों के जखीरे के साथ एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक लाल रंग की वागन-आर कार से एके-56 राइफल, देसी कार्बाइन और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर तीन से चार अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।

पुलिस को 27 अक्टूबर 2026 की रात को गुप्त सूचना मिली थी कि भरनो थाना क्षेत्र के लेकटो टोली निवासी राजेंद्र यादव अपने साथियों के साथ सिसई थाना क्षेत्र के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही गुमला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

रात करीब 10:45 बजे पुलिस टीम लेकटो टोली गांव के पास पहुंची, जहां एक लाल रंग की वागन-आर कार (नंबर JH01AA-9378) खड़ी थी, जिसमें चार-पांच लोग सवार थे। पुलिस को देखते ही अपराधियों में भगदड़ मच गई और वे गाड़ी छोड़कर पास की झाड़ियों तथा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने जब लावारिस छोड़ी गई कार की तलाशी ली, तो वहां से एक देसी कार्बाइन, एक एके-56 राइफल और दो मैगजीन, 7.62 एमएम की 34 गोलियां, 9 एमएम राइफल की 2 जिंदा गोलियां, एक लोहे-लकड़ी का धारदार फरसा, दो मोबाइल फोन और दुर्गा पूजा चंदा पर्ची बरामद हुई।

अगले दिन 28 अक्टूबर को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने और भी हथियार व गोलियां बरामद कीं। मामले में पुलिस ने रोहित कुमार शर्मा (ग्राम छारदा, सिसई) सहित दो-तीन अन्य अज्ञात लोगों को भी संदिग्ध के तौर पर शामिल किया है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस सफल अभियान में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

सरायकेला के मालखान महतो व जयमुनि कुमारी ने परिवार संग गुमला के टांगीनाथ धाम में टेका मत्था, मांगी सुख-समृद्धि की दुआ।

सरायकेला के मालखान महतो व जयमुनि कुमारी ने परिवार संग गुमला के टांगीनाथ धाम में टेका मत्था, मांगी सुख-समृद्धि की दुआ।

गुमला/झारखंड

झारखंड के गुमला जिले में घने जंगलों और पहाड़ों के बीच स्थित प्रसिद्ध टांगीनाथ धाम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और अनूठे रहस्यों के लिए पूरे देश में विख्यात है। इसी पावन स्थल पर शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ क्षेत्र से पहुँचे मालखान महतो और जयमुनि कुमारी ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। परिवार के सदस्यों ने मंदिर परिसर में भगवान परशुराम के ऐतिहासिक फरसे, प्राचीन शिवलिंगों और देवी-देवताओं के दर्शन किए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

टांगीनाथ धाम का सबसे बड़ा आकर्षण यहाँ जमीन में गड़ा भगवान परशुराम का वह विशाल फरसा है। सदियों से खुले आसमान के नीचे धूप, बारिश और मौसम की हर मार झेलने के बावजूद लोहे के इस फरसे पर आज तक जंग का एक दाग तक नहीं लगा है। आधुनिक विज्ञान और शोधकर्ताओं के लिए यह आश्चर्य आज भी एक अबूझ पहेली बना हुआ है। स्थानीय नागपुरी और कुड़ुख भाषा में कुल्हाड़ी या फरसे को ‘टांगी’ कहा जाता है, इसी वजह से इस पवित्र स्थल का नाम टांगीनाथ पड़ा है।

पूजा-अर्चना करने के बाद मालखान महतो ने कहा कि टांगीनाथ धाम की इस पवित्र धरती पर कदम रखते ही एक अलग ही सुकून और सकारात्मक ऊर्जा का अहसास होता है। परिवार के साथ इस ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहर के दर्शन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। वहीं, जयमुनि कुमारी ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि घने जंगलों और पहाड़ों के बीच बसा यह धाम हर किसी का मन मोह लेता है। शुक्रवार के दिन परिवार के साथ यहाँ आकर जो शांति और आत्मिक आनंद मिला है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और यह पल हमेशा याद रहेगा।

मोटरसाइकिल और टेंपो में सीधी टक्कर एक की हुई मौत

मोटरसाइकिल और टेंपो में सीधी टक्कर एक की हुई मौत

गुमला

गुमला जिला में लागातार रप्तार का कहर दिखने को मिल रहा हैं ताजा मामला घाघरा थाना के अरंगी दुलकी नदी के समीप मोटरसाइकिल व टेंपो के सीधी टक्कर में एक की मौत हो गयी जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार टेंपो सवारी लेकर घाघरा से अरंगी की ओर जा रही था। विपरीत दिशा से मोटरसाइकिल में सवार दो युवक घाघरा की ओर आ रहा था। इसी बीच दुलकी नदी के समीप दोनो की सीधी भिड़ंत हुई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से सामूदायिक स्वस्थ केंद्र घाघरा लाया गया। जहां मोटरसाइकिल सवार सलगी चापी निवासी 25 वर्षीय गौतम महली को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में जरगाटोली निवासी 22 वर्षीय छोटू उरांव, अरंगी निवासी 35 वर्षीय प्रतिमा देवी, 40 वर्षीय धनेश्वर सिंह, 28 वर्षीय बिरसई उरांव, 24 वर्षीय मनिता देवी व उसका बेटा 9 माह का निशांत उरांव के नाम शामिल है। वहीं चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु प्रतिमा देवी और धनेश्वर सिंह को सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया।

आगामी होली पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिती की बैठक संपन्न

आगामी होली पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिती की बैठक संपन्न

झारखण्ड/गुमला

उपायुक्त ने आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए होली के त्योहार को मानने की अपील की

आज शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं जिला पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी होली पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिती की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में उपायुक्त द्वारा शांति समिति के सदस्यों से जिले के मुख्य समस्याओं की जानकारी ली गई। जिसमें सदस्यों ने होली के त्योहार के दिन बिजली एवं स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर विशेष ध्यान रखने के लिए आग्रह किया। वहीं सदस्यों ने नगर परिषद क्षेत्र अंर्तगत खुले नाली की समस्या से भी उपायुक्त को अवगत कराया। सदस्यों द्वारा खुले एवं अधीक नीचे झूल रहे बिजली के तारों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से ठीक करने, साफ सफाई पर ध्यान देने आदि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपायुक्त का ध्यान इंगित किया। सदस्यों द्वारा नशीले पदार्थो / ड्रग्स आदि की अवैध बिक्री की समस्या को भी उपायुक्त के समक्ष रखा एवं इसपर विशेष ध्यान देने की बात कही।

सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने कहा कि उक्त सभी समस्याओं को ध्यान में रखा जाएगा एवं उन्होंने प्रत्येक समस्याओं के निराकरण किए जाने के प्रति सभी को आश्वस्त किया। उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से एकता एवं आपसी सहयोग से आगामी त्योहारों को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी समस्याओं के निराकरण एवं आम नागरिकों के सहयोग के प्रति कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले त्योहारों में भी शांति समिति के सदस्यों के सहयोग एवं बेहतर ताल मेल ने राज्य स्तर पर नाम किया इस बार भी सभी सदस्यों से यही अपेक्षा रहेगी। उन्होंने नगर क्षेत्र के समस्याओं जैसे पानी, बिजली, साफ सफाई को लेकर नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को विशेष दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने अवैध रूप से शराब एवं अन्य ड्रग्स की बिक्री को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़ाई बरतने एवं विशेष तंत्र का उपयोग करते हुए औचक छापामारी करने हेतु निर्देशित किया साथ ही उन्होंने सभी से अपील कि की यदि अवैध रूप से ड्रग्स/गांजा/ नशीले पदार्थों के बिक्री करने आदि से संबंधित यदि किसी को भी कोई भी जानकारी मिले तो वे भयमुक्त होकर पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ट्रैफिक को लेकर कहा कि जल्द ही ट्रैफिक से संबंधित समस्याओं का भी निवारण किया जाएगा जिसपर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने सोशल मीडिया के फेक न्यूज से सभी को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई AI तकनीक का दुरुपयोग करते हुए लोग आपसी शांति के माहौल को खराब कर सकते हैं इससे सभी जिले वासियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, किसी भी प्रकार के खबर, तस्वीर एवं वीडियो पर बिना पुष्टि के विश्वास एवं उसे शेयर न करें।

इसके साथ ही उपायुक्त ने आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए जिले वासियों को त्योहार मनाने की अपील की तथा आगामी होली पर्व को लेकर अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मौके पर पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार ने कहा कि गुमला जिले में पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए यहां की जनता प्रत्येक त्योहारों को आपसी मेल जोल एवं हर्षोल्लास से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहारों को मनाती है जिसके लिए जिले वासी एवं खास कर शांति समिति के सदस्य बधाई के पात्र है। उन्होंने इस बार भी शांतिपूर्ण रूप से आगामी त्योहारों के सफल आयोजन की अपेक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कटिबद्ध है। इस बार राज्य में आचार संहिता लागू है जिसे ध्यान में रखते हुए सभी होली एवं आगमी सभी त्योहारों को मनाएं, उन्होंने कहा कि आचार संहिता के लग जाने से सरकारी अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारी एवं कर्मी जिले में ही रहेंगे एवं पुलिस प्रशासन सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर जगह तैनात रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों में परंपरा के विरुद्ध एवं किसी अन्य धर्म के नागरिकों की भावना को ठेस पहुंचाए बगैर त्योहारों को मनाने की अपील की।

इस दौरान मौके पर अपर समाहर्ता गुमला, परियोजना निदेशक आईटीडीए, डीएसपी गुमला, एसडीओ चैनपुर, सिविल सर्जन गुमला, सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक सह जिला नजरत उप समाहर्ता,जिला सामान्य शाखा पदाधिकारी सहित शांति समिति के सदस्यों एवं अन्य संबधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें।

बाईट-कर्ण सत्यर्थी उपायुक्त गुमला
बाईट-शम्भु कुमार एसपी गुमला

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free