सरायकेल/तिरुलडीह
तिरुलडीह थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, चांडिल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी शिव प्रकाश कुमार ने किया।

डीएसपी ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को तिरुलडीह थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(1), 334(1) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता संध्या देवी (सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक) ने सपाड़ा स्थित गैस गोदाम से 56 गैस सिलेंडर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों-सदाब आलम उर्फ बटर, बाबू गोराई तथा मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के 64 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन (JH05DW-4807) और एक पल्सर मोटरसाइकिल (JH05BN-7028) भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






