सरायकेला
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )
सरायकेला: छोटा गम्हरिया में टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट्सद्वारा सीएसआर फंड से निर्मित अत्याधुनिक बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का बुधवार को झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री चंपई सोरेन ने उद्घाटन किया. एक करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक सामुदायिक भवन की चाभी छोटा गम्हरिया पंचायत के मुखिया निरोला सरदार ,ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो को मंत्री चंपई सोरेन ने सुपुर्द किया.

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन के साथ टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा लॉन्ग प्रोडक्ट के एमडी आशीष अनुपम, सरायकेला डीडीसी प्रवीण गागराई, एडीसी सुबोध कुमार के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी और टाटा स्टील के पदाधिकारी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि टाटा कमांड एरिया के तर्ज पर गम्हरिया और आसपास क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी विकास को गति प्रदान की जाएगी. गांव की सड़के चकाचक होगी और यहां बिजली, पानी, साफ-सफ़ाई की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी. मंत्री ने कहा कि सामाजिक व्यवस्था के तहत सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया. यहां सभी तरह के सामाजिक कार्य ग्रामीण कर सकेंगे. मंत्री ने कहा कि सामाजिक व्यवस्था कायम रखने में उद्यगों की महती भूमिका होती है. इन्होंने कहा कि बड़ा गम्हरिया में भी जल्द अत्याधुनिक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयास से सभी गांव में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है.

















