नन्ही परी अंशिका का जन्मदिन, घर में खुशी का माहौल।
सरायकेला/आदित्यपुर
रेनू इंटरप्राइजेज परिवार की नन्ही लाडली अंशिका का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर पूरे परिवार में हर्ष और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
नन्ही अंशिका अपनी मासूम मुस्कान और चंचल अदा से सभी का मन मोह लेती है। आज उसके जन्मदिन पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उसे ढेर सारी बधाई और आशीर्वाद दिया।
अंशिका के बुआ-फूफा सहित पूरे रेनू इंटरप्राइजेज परिवार की ओर से कामना की गई है कि बिटिया खूब पढ़े-लिखे, हमेशा स्वस्थ रहे और जीवन में खूब तरक्की करे। सभी ने भगवान से उसकी लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
परिजनों ने बताया कि शाम को समारोह में केक काटकर जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा।
जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं, प्यारी अंशिका! ईश्वर तुम्हें हमेशा खुश रखे।
आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर रात में डेढ़ से 2 घंटे भीषण जाम, ट्रैफिक पुलिस के छूटे पसीने।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र की लाइफ लाइन कहे जाने वाले मुख्य मार्ग पर कल देर रात करीब डेढ़ से 2 घंटे तक भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। रात के अंधेरे में सड़क पर बाइक, कार, बस और भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आदित्यपुर टोल के पास से गम्हरिया तक दोनों लेन में वाहन फंस गए थे। इस दौरान एक क्रेन और एक बस के खराब होने या धीमी गति से चलने के कारण जाम और भी बढ़ गया। जाम में फंसे बाइक सवारों और ऑफिस से घर लौट रहे कर्मचारियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंस्पेक्टर अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। रात में भी ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था बहाल करने में पसीना-पसीना होना पड़ा।
रोज-रोज के जाम से परेशान लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग हटाई जाए, भारी वाहनों के आवागमन के लिए समय निर्धारित किया जाए और स्थायी ट्रैफिक जवानों की तैनाती हो, ताकि आम लोगों को रोज की इस समस्या से राहत मिल सके।
आदित्यपुर नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान-मकान बनाकर अवैध शराब की खुलेआम बिक्री, प्रशासन मौन।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर पक्की दुकानें और घर बनाकर रहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसी आड़ में इन दुकानों और घरों से अवैध देशी-विदेशी शराब की खुलेआम बिक्री की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि निगम की कीमती जमीन पर रातों-रात टीन-शेड और पक्का निर्माण कर लिया जाता है। दिन में किराना और चाय की दुकान चलती है, लेकिन शाम होते ही वहीं से शराब की अवैध बिक्री शुरू हो जाती है। इससे आसपास के शरीफ परिवारों का जीना मुश्किल हो गया है। आए दिन नशेड़ियों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती हैं।
नगर निगम द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया, परंतु राजनीतिक दबाव और मिलीभगत के कारण कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली जाती है।
स्थानीय निवासियों की मांग: 1. आदित्यपुर नगर निगम अपनी जमीन का सर्वे कर अवैध कब्जा चिन्हित करे। 2. उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां और नगर आयुक्त संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएं। 3. अवैध शराब बेचने वालों पर उत्पाद विभाग और स्थानीय थाना मिलकर कड़ी कार्रवाई करे।
क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने कहा, _”निगम की जमीन पर कब्जा कर शराब बेचना, ये दोहरा अपराध है। सरकार की जमीन भी गई और समाज भी खराब हो रहा है।”
प्रशासन से जनहित में अपेक्षा है कि इस पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए।
आदित्यपुर बस्ती में 83 सालों से अनवरत जारी है जन्माष्टमी की ऐतिहासिक परंपरा, मेयर संजय सरदार ने फीता काटकर मेले का किया शुभारंभ।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर बस्ती रोड नंबर-सी स्थित गौरांगो क्लब में श्री श्री जन्माष्टमी पूजा समिति द्वारा इस साल भी बड़े ही हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।
इस पूजा स्थल की सबसे खास बात यह है कि यहाँ 1942 से बिना रुके हर साल जन्माष्टमी पूजा होती आ रही है। इस 83 साल पुरानी धार्मिक परंपरा को क्लब के सदस्य आज भी पूरी आस्था और जोश के साथ निभा रहे हैं।
मुख्य अतिथि के तौर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर पूजा पंडाल और मेले का विधिवत उद्घाटन किया और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। जन्माष्टमी के मौके पर पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष विमल महतो, सुरक्षा प्रभारी हेमंत महतो, कैशियर विकास, उदय संपति, अमर कुयरी, विशाल महतो, आकाश महतो, समर, सपन महतो, संजय केवतो, दिलीप केवतो, संजीत पाल और राजेंद्र कुयरी समेत सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
समिति के आयोजकों ने बताया कि पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और भविष्य में भी इस ऐतिहासिक परंपरा को इसी भव्यता के साथ जारी रखा जाएगा।
आदित्यपुर-2 में जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन, पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने कहा- कृष्ण के आदर्शों से ही बनेगा सशक्त समाज।
आदित्यपुर में जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन हुए शामिल
सरायकेला/आदित्यपुर
श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर निर्माण समिति, श्रीकृष्णनगर, आदित्यपुर-2 द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया।
इस मौके पर आयोजित विशाल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के नारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधायक चंपाई सोरेन ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का पूरा जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने और न्याय स्थापित करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जब भी समाज में अन्याय बढ़ा है, श्रीकृष्ण ने अपनी बुद्धिमत्ता और रणनीति से उसका अंत किया है। आज के समय में भी समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए हमें उनके बताए मार्ग पर चलना होगा। आदिवासी, दलित समेत सभी वर्गों को साथ लेकर ही एक समान और मजबूत समाज बनाया जा सकता है।
आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। जब लोग एक साथ मिलकर पूजा-पाठ करते हैं तो आपसी प्रेम और भाईचारा और भी मजबूत होता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
वहीं आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों के सहयोग की सराहना की और क्षेत्र में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन किया और आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत किया।
जन्मोत्सव के दौरान भोजपुरी गायक राजेश रसिक ने अपने भजनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक नृत्य-संगीत की प्रस्तुति दी, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री के आप्त सचिव चंचल गोस्वामी, सिमल सोरेन, पार्षद उत्तरा प्रधान, रिंकी कुमारी, संगीता सामड, शिक्षाविद सत्यप्रकाश सुधांशु, अजीत कुमार, मंदिर समिति के अध्यक्ष एस.एन. यादव, वीरेंद्र यादव, विजय यादव, परमेश्वर प्रधान, सुभाष करुआ, उमेश यादव, आर.के. सिंह सहित आयोजन समिति के के.एल. यादव, नगीना प्रसाद पंडित, जितेंद्र पांडेय, संतोष कुमार सिंह, रामाधार सिंह और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर, RIT और गम्हरिया थाना क्षेत्र में खुलेआम प्रतिबंधित नशे का कारोबार, युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में।
सरायकेला/आदित्यपुर
गांजा शराब ड्रग्स मुख्य रूप से शामिल है।
औद्योगिक क्षेत्र के नाम से मशहूर सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर, RIT और गम्हरिया थाना अंतर्गत प्रतिबंधित नशा का कारोबार इन दिनों बिना रोक-टोक के फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो शाम ढलते ही कई चौक-चौराहों, सुनसान गलियों और झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में नशे की पुड़िया और नशीले पदार्थों की बिक्री आम हो गई है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस अवैध कारोबार की चपेट में सबसे ज्यादा 15 से 25 साल के युवा आ रहे हैं। स्कूल-कॉलेज के छात्र भी इसके जाल में फंसते जा रहे हैं। अभिभावकों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर भारी चिंता है।
सूत्रों के अनुसार यह कारोबार संगठित तरीके से चल रहा है। छोटे-छोटे पैडलर के माध्यम से इसकी सप्लाई की जाती है। कई बार स्थानीय लोगों द्वारा थाने में शिकायत भी की गई, परन्तु कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
जनहित में मांग: क्षेत्र के बुद्धिजीवी और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन और वरीय पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां से मांग की है कि – 1. आदित्यपुर, RIT, गम्हरिया क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए। 2. नशा के विरुद्ध जागरूकता अभियान स्कूल-कॉलेजों में चलाया जाए। 3. गुप्त सूचना तंत्र को मजबूत कर बड़े सप्लायरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
एक अभिभावक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, _”हम अपने बच्चों को बाहर भेजने से डरते हैं। अगर समय रहते रोक नहीं लगी तो यह औद्योगिक क्षेत्र अपराध का अड्डा बन जाएगा।
नोट: यह समाचार जनहित और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है।
आदित्यपुर में गैस एजेंसी संचालक दंपती पर हमला, सिलेंडर लूट का आरोप; वार्ड-2 में दहशत।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2, धीराजगंजा से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नव-निर्मित गैस एजेंसी संचालक दंपती के साथ मारपीट और जबरन गैस सिलेंडर ले जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता श्रीमती जोबा हेम्ब्रम ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता जोबा हेम्ब्रम और उनके पति विकास चंद्र गुप्ता द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 02 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। आरोप है कि कार्तिक सरदार, बबलू सरदार, गौतम गोराई, बबलू कालिंदी, मनोज सरदार और महेश महतो नामक छह लोग अचानक उनके घर पहुंचे और बिना कुछ कहे घर में रखा गैस सिलेंडर उठाकर ले जाने लगे।
जब पति विकास चंद्र गुप्ता ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर लात-घूंसों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने गई तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी कार्तिक सरदार और बबलू सरदार बार-बार धमकी देते हुए कह रहे थे कि “बिना मेयर की परमिशन लिए गैस एजेंसी क्यों ली?”
जोबा हेम्ब्रम ने बताया कि उनके पति ने 4 लाख 90 हजार रुपये देकर गैस एजेंसी का काम शुरू किया था और 02 सितंबर काम का पहला ही दिन था, उसी रात यह घटना घट गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ एजेंसी से संबंधित सभी दस्तावेज संलग्न किए हैं और आदित्यपुर थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, शिकायत मिलने के बाद आदित्यपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्री राम पब्लिक स्कूल और प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, प्रतिभाशाली छात्रों को किया गया सम्मानित।
सरायकेला/आदित्यपुर
भाटिया बस्ती स्थित श्री राम पब्लिक स्कूल एवं प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिक उत्सव सह प्राइज नाइट समारोह आदित्यपुर के ऑटो क्लस्टर सभागार में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदित्यपुर के उप महापौर अंकुर सिंह, विशिष्ट अतिथि पार्षद मंजू देवी तथा गंगोत्री नर्सिंग होम के निदेशक और विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उप महापौर अंकुर सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक पंकज प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि यह समारोह संघर्ष, सेवा और सफलता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि संस्था 1999 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्ष 2012 में एनआईटी के पूर्व प्राचार्य स्व. डॉ. श्री राम प्रसाद की स्मृति में श्री राम पब्लिक स्कूल की स्थापना की गई, वहीं 2021 में शुरू हुआ प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।
समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्री-प्राइमरी वर्ग में प्रदीप, आरव महतो और कृतिका, प्राइमरी वर्ग में अनु घोष, रिजवाना आरा और दिव्यांशु तथा हाई स्कूल वर्ग में साहिल, लक्ष्मी, पवन और अंबिका सहित अन्य छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। नर्सिंग संकाय में सानिया गोप, पिंकी पत्रा, रेशमी कुमारी और जाबा रानी महतो को पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनके मनमोहक नृत्य और गीतों ने सामाजिक संदेश देते हुए सभी का मन मोह लिया।
अंत में प्राचार्या सुषमा कुमारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव रिंकी प्रसाद, नर्सिंग प्राचार्या श्रेया झा, मो. समशेर समेत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
झामुमो का 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियाँ तेज़।
सरायकेला/आदित्यपुर
खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर विधेयक के प्रावधानों व संभावित प्रभावों से जनता को अवगत कराया और आंदोलन को व्यापक जनाधार देने के लिये रणनीतियाँ बनाईं।
झामुमो के वरिष्ठ नेता और शिक्षाविद केपी सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह विधेयक झारखंड सरकार को कमजोर करने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सोरेन ने कहा कि केंद्र पर राज्य का लगभग ₹1,36,000 करोड़ बकाया है और उस राशि का भुगतान टालने के लिए केंद्र विभिन्न तरीकों का सहारा ले रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण जल्दबाज़ी में यह कानून लाया जा रहा है।
सोरेन ने कड़ा रूख अपनाते हुए कहा कि झामुमो किसी भी स्थिति में इस विधेयक को कानून नहीं बनने देगा और इसके खिलाफ “अंतिम और निर्णायक” लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनजागरण अभियान को और तेज़ करें, लोगों तक विधेयक की जानकारी पहुँचाएँ और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ें।
पार्टी ने बताया कि इस आंदोलन की पहली झलक 7 सितंबर को दिखाई देगी और उसके बाद प्रदेश स्तर पर बड़े पैमाने पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सरायकेला-खरसावां जिला में ऐतिहासिक आंदोलन होगा। बैठकों में जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक रणनीति और स्थानीय स्तर पर लोगों को शामिल करने के तरीकों पर चर्चा जारी है। स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बैठकें और खोज-खबर अभियान सक्रिय हैं ताकि आम जनता को विधेयक के संभावित लाभ-हानि की स्पष्ट जानकारी मिल सके। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा व जन-व्यवस्था के दृष्टिकोण से क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर अभी वृहद स्तर पर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं हुई है।
झामुमो के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर क्षेत्रीय राजनीतिक व सामाजिक प्रतिक्रिया और सरकारी रुख पर अगले कुछ दिनों में निगाहें टिकी रहेंगी। जनता के साथ होने वाली बैठकों और 7 सितंबर के आयोजन के बाद ही आंदोलन की दिशा स्पष्ट रूप से सामने आएगी।
आदित्यपुर के सांई कृष्णा हेवन सिटी टावर में युवती की संदिग्ध मौत, पांचवीं मंजिल से गिरने से गई जान।
सरायकेला/आदित्यपुर
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सांई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में आज सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अपार्टमेंट के टावर की पांचवीं मंजिल से गिरने से एक युवती की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती सुबह 315 नंबर फ्लैट में जाने की बात कहकर ऊपर गई थी। कुछ ही देर बाद उसके गिरने की खबर आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि मृतका बाहर बस्ती की रहने वाली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फ्लैट को लेकर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस फ्लैट में युवती के जाने की बात कही जा रही है, उसमें वर्तमान किराएदार करीब 2 महीने पहले ही रहने आए हैं। इससे पहले उस फ्लैट में कुछ अविवाहित युवक किराए पर रहते थे। वहीं कुछ लोगों ने बिल्डर आर.के. सिन्हा पर बिल्डिंग में सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं होने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसे संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान, फ्लैट के किराएदारों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।”
पुलिस ने कहा है कि मामले में गहन जांच की जा रही है और फ्लैट के अंदर की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
आदित्यपुर के वार्ड-17 में लगा फ्री आई चेकअप कैंप, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर के वार्ड नंबर-17 स्थित कलश काली मंदिर परिसर में रविवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शारदा नेत्रालय और तेजस्विनी महिला संगठन के संयुक्त प्रयास से लगाया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि शिक्षाविद प्रो. केपी सोरेन और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
शिविर में शारदा नेत्रालय एंड मेटरनिटी के चिकित्सकों डॉ. अनुराग, डॉ. स्मिता पति, डॉ. पूजा कुमारी शर्मा और डॉ. कोमल कुमारी सहित उनकी पूरी मेडिकल टीम ने क्षेत्र के लोगों की आंखों की जांच की। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं और गंभीर मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष सम्मान समारोह भी रखा गया, जिसमें हाल ही में वार्ड-17 में शौचालय की टंकी में गिरी गाय को सकुशल बाहर निकालने वाली नगर निगम की रेस्क्यू टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
समारोह में सभी अतिथियों को पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओमप्रकाश, स्थानीय पार्षद सह तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा, अधिवक्ता एस.के. स्वाई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिवाकर झा, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जितेंद्र कुमार, कैलाश पाठक समेत वार्ड के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आदित्यपुर में दिखेगी अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की झलक, सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब का 85 फीट ऊंचा पंडाल बनेगा सेंटर ऑफ अट्रैक्शन।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर के एस टाइप स्थित सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब पूजा समिति इस साल दुर्गा पूजा में कुछ खास करने जा रही है। इस वर्ष समिति श्रद्धालुओं के लिए अमेरिका के मशहूर स्वामीनारायण मंदिर की प्रतिकृति वाला पंडाल बनाने जा रही है।
शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा स्थल पर भूमि पूजन कर पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान समिति के मुख्य संरक्षक मनोज सिंह और अध्यक्ष दिनेश सिंह उर्फ बबलू मुख्य यजमान के तौर पर मौजूद रहे।
समिति के सदस्यों के अनुसार इस बार आयोजन का कुल बजट करीब 50 लाख रुपये रखा गया है। इसमें से लगभग 30 लाख रुपये पंडाल के निर्माण पर और 10 लाख रुपये आकर्षक लाइट डेकोरेशन पर खर्च किए जाएंगे। बनने वाले पंडाल की ऊंचाई करीब 85 फीट और चौड़ाई 100 फीट होगी।
इस पंडाल की सबसे बड़ी खासियत शीशे और क्रिस्टल से की जाने वाली कारीगरी होगी। पंडाल के अंदर और बाहर दोनों तरफ कांच की अद्भुत कलाकारी देखने को मिलेगी। यही नहीं, मां दुर्गा की प्रतिमा भी शीशे और फाइबर के विशेष संयोजन से बनाई जा रही है।
पंडाल और मूर्ति बनाने की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के कांथी से आए कुशल कारीगरों को दी गई है, जबकि मनमोहक विद्युत सज्जा का काम चंदननगर के लाइट आर्टिस्ट करेंगे। आयोजकों का कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी उनका पंडाल जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।
पूजा को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नई कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसमें मनोज सिंह को प्रधान संरक्षक बनाया गया है, जबकि विमल सिंह, छोटे सिंह, विनोद सिंह और इंदर अग्रवाल को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। अध्यक्ष के रूप में बबलू सिंह कमेटी का नेतृत्व करेंगे। राणा सिंह और भोला सिंह को उपाध्यक्ष, नीरू सिंह, विक्की सिंह और सोनू खान को सचिव, चिंटू कुमार को पूजा प्रभारी और संजीव पांडे को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इनके अलावा बंटी कुमार, गोरा दादा, जसपाल सिंह, प्रकाश मेहता, पप्पू सिंह सहित सेंट्रल कमेटी के अन्य सभी सक्रिय सदस्य तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं।