आदित्यपुर नगर निगम में बिना सड़क बने भुगतान का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-20 में सड़क निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितता का आरोप सामने आया है। आरोप है कि सड़क का निर्माण कराए बिना ही संवेदक को लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया।
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता बैध संजय कुमार ने राज्य के मुख्य सचिव के नाम संबोधित शिकायत पत्र सरायकेला-खरसावां के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त को सौंपा है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला? शिकायत पत्र के अनुसार, वार्ड-20 में तीन हिस्सों में पीसीसी सड़क निर्माण की योजना स्वीकृत की गई थी – 1. इमली चौक स्थित सर्विस रोड से शिव मंदिर तक – लगभग 300 फीट 2. शिव मंदिर से बजरंग मंदिर तक – लगभग 250 फीट 3. स्पार्क ऑटोमोबाइल दुकान से सर्विस रोड तक – लगभग 250 फीट इस कुल लगभग 800 फीट सड़क निर्माण के लिए 12,24,843 रुपये की योजना स्वीकृत हुई थी और इसके लिए मेसर्स आर.एस. इंटरप्राइजेज के साथ एकरारनामा भी किया गया था।
आरोप है कि निर्धारित स्थल पर पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य हुआ ही नहीं, फिर भी संवेदक को भुगतान कर दिया गया।
कांग्रेस नेता संजय कुमार का आरोप है कि इस कथित अनियमितता को छिपाने के लिए बाद में उसी स्थल पर योजना का नाम बदलकर फेवर ब्लॉक (पेवर ब्लॉक) सड़क का निर्माण करा दिया गया। उनका कहना है कि एक ही कार्यस्थल पर एक ही अवधि में दो अलग-अलग सड़क योजनाओं का क्रियान्वयन संभव नहीं है, जिससे वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका गहरी हो जाती है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और सरकारी राशि के दुरुपयोग की जांच की मांग की है।
वहीं, इस पूरे मामले पर आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो पाएगी।
आदित्यपुर में गूंजा दुर्गा पूजा की तैयारियों का शंखनाद, त्रिधारा मंदिर के रूप में बनेगा इस साल का भव्य पंडाल।
सरायकेला/आदित्यपुर
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )
प्रवीण सिंह सेवा संस्थान ने किया भूमि पूजन।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रवीण सिंह सेवा संस्थान द्वारा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण किया जाएगा। जिसको लेकर आज वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर कलश स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
इस शुभ अवसर पर शशि शेखर, भगवान सिंह, जवाहर लाल सिंह, उमेश सिंह, संजय सिंह, इन्द्रजीत पांडेय, धनंजय कुमार, सुनील गुप्ता, अनुराग सिंह और जगदीश नारायण चौबे समेत संस्थान के कई सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
संस्थान के संरक्षक अरविंद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि कि इस वर्ष मां दुर्गा के पूजा पंडाल का निर्माण त्रिधारा मंदिर के स्वरूप में कराया जाएगा। त्रिधारा मंदिर की अनूठी वास्तुकला और आध्यात्मिक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। इसका मॉडल भी आज पूजा स्थल पर रखा गया था।
आपको बता दें कि प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के संरक्षक सह इचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह हैं। उनके द्वारा निर्मित यह पूजा पंडाल हर साल चर्चा का विषय बना रहता है। इस पंडाल को देखने के लिए सिर्फ सरायकेला-खरसावां ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड सहित बंगाल और ओडिशा से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। पंडाल के अंदर प्रवेश करने के लिए घंटों लंबी कतार लगी रहती है।
हर साल की तरह इस साल भी पंडाल में भव्यता, रोशनी और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। संस्थान के सदस्यों ने कहा कि मां दुर्गा के आगमन की तैयारी पूरे जोश और श्रद्धा के साथ शुरू कर दी गई है।
इस वर्ष श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण के लिए ‘पुरानी काल्पनिक हवेली’ की थीम पर आधारित पंडाल तैयार किया जा रहा है. यह जानकारी संस्थान के संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने दी। उन्होंने जानकारी देते हुए आगे कहा कि पूजा पंडाल के बाहरी और आंतरिक स्वरूप हल्के काले रंग में नजर आएगा। पंडाल की भीतरी और बाहरी दीवारों पर मां काली समेत विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक कलाकृतियां व मूर्तियां उकेरी जाएंगी। साथ ही कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ इस मंच से सामाजिक जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
वहीं इस पूजा पंडाल के निर्माण का जिम्मा मां पार्वती डेकोरेटर्स के संचालक अशोक कुमार डे को दिया गया है जो कि मेदिनीपुर के रहने वाले हैं।
अशोक कुमार डे ने बताया कि लगभग 60 से 70 फीट ऊंचे इस भव्य पंडाल के निर्माण में 25 से 30 लाख रुपये की अनुमानित लागत आएगी. फिलहाल 40 कारीगर दिन-रात काम में लगे हुए हैं और महालया तक निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा.
मित्रता दिवस पर मानवता की मिसाल: आदित्यपुर में 1078 यूनिट रक्तदान, ‘यारों के यार’ स्व. प्रवीण सिंह को श्रद्धांजलि।
सरायकेला/आदित्यपुर
( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )
मित्रता दिवस के पावन अवसर पर दोस्ती को सेवा में बदलने की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। स्वर्गीय प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित छठे वार्षिक मेगा रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 1078 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि 1078 अनजान जिंदगियों के लिए जीवनदान है।
भगवती इन्क्लेव के सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का जनसैलाब उमड़ा। रक्तदाताओं का एक ही भाव था – “मेरा रक्त किसी भाई, किसी मित्र, किसी देशवासी के काम आए।”
रक्तदान – सबसे बड़ा मित्रता बंधन
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, संस्थान के मुख्य संरक्षक व पूर्व विधायक अरविंद सिंह, मानगो नगर निगम मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और झामुमो नेता गणेश महाली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने समाजसेवी स्व. प्रवीण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शिविर को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, “रक्तदान महादान है। इससे बड़ा कोई दान नहीं, क्योंकि यह किसी को नया जीवन देता है। यह वो मित्रता है जहाँ देने वाले को पता भी नहीं होता कि उसका रक्त किसके शरीर में जाकर उसकी जान बचाएगा।”
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्व. प्रवीण सिंह ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का हमेशा निर्वहन किया और उनके पुत्र अंकुर सिंह ने उस सेवा परंपरा को बखूबी आगे बढ़ाया है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि परस्पर प्रेम, भाईचारा और सहयोग ही स्व. प्रवीण सिंह का मुख्य लक्ष्य था, जिसे आज पूरा शहर जी रहा है।
जमशेदपुर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि स्व. प्रवीण सिंह की सेवा भावना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है और अंकुर सिंह के नेतृत्व में यह संस्थान हर साल मानवता का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के जुझारू नेता गणेश महाली ने कहा कि रक्तदान दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा का सबसे पवित्र कार्य है और स्व. प्रवीण सिंह ने हमेशा सभी दलों को जोड़कर समाज के लिए काम किया।
आदित्यपुर वार्ड नंबर 23 के लोकप्रिय पार्षद अवधेश सिंह ने कहा कि उनके वार्ड में इस तरह का विशाल आयोजन गर्व की बात है और यहाँ के युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर यह साबित कर दिया है कि आदित्यपुर सेवा और एकता में सबसे आगे है।
राजनीति से ऊपर, मानवता के लिए एक मंच
इस शिविर की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का मंच बन गया।
शिविर में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, खरसावां विधायक दशरथ गगराई, झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, पूर्व पार्षद बॉबी सिंह उर्फ अमित सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी ए.के. श्रीवास्तव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष व आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने की, जबकि स्वागत भाषण अरविंद सिंह ने दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरे भ्राता सिर्फ समाजसेवी नहीं, ‘यारों के यार’ थे। आज पूरा शहर उनकी विचारधारा को जीवित रखे हुए है।”
कोविड के बाद बढ़ी जागरूकता, डॉक्टरों का सम्मान
संस्थान ने बताया कि कोविड महामारी के बाद लोगों में रक्तदान के प्रति अभूतपूर्व जागरूकता आई है। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गम्हरिया CHC प्रभारी डॉ. प्रमिला कुमारी, TMH के सर्जन डॉ. प्रणय मिश्रा, ESI के डॉ. अभिषेक मुंडू, सिद्धेश नर्सिंग होम के डॉ. अंगज सिद्धेश, डॉ. साहिर पाल, डॉ. नकुल चौधरी सहित कई डॉक्टरों और नर्सों को सम्मानित किया गया और नर्सों को स्वास्थ्य किट वितरित की गई।
यह मेगा शिविर सिर्फ रक्तदान नहीं, बल्कि यह संदेश है कि जब देश का युवा एकजुट होता है तो मानवता की सबसे बड़ी सेवा हो जाती है।
आदित्यपुर में रविवार को 4 घंटे तक बिजली रहेगी बाधित, JBVNL ने जारी की सूचना।
सरायकेला/आदित्यपुर
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL), विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल-II, आदित्यपुर कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 02.08.2026, रविवार को मेंटेनेंस कार्य के कारण आदित्यपुर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने बताया कि अति आवश्यक कार्य होने के कारण यह शटडाउन लिया जा रहा है।
कहां और कब रहेगी बिजली बंद –
1. दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक: प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० पी०एस०एस० आदित्यपुर-02 के सभी 11 के०वी० फीडर प्रभावित क्षेत्र: 4th फेज इंडस्ट्रियल एरिया, 6th फेज इंडस्ट्रियल एरिया, गायत्री नगर, गम्हरिया ब्लॉक, चित्रगुप्त नगर, गम्हरिया बस्ती, स्टेशन रोड एवं मोतीनगर कार्य: कनेक्टर बदलने, AB Switch Maintenance एवं पेड़ों की डाली की छंटाई का कार्य।
2. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक:
प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० विद्युत शक्ति उपकेन्द्र, आदित्यपुर SS-4 फीडर: 33 KV Noddy एवं RKFL फीडर प्रभावित क्षेत्र: M/S NODDY AUTO PVT. LTD. एवं M/S RAMKRISHNA FORGING LTD कार्य: 33 के० वी० नया ब्रेकर लगाने का कार्य।
3. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक:
प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० विद्युत शक्ति उपकेन्द्र, आदित्यपुर-3 फीडर: 11 के०वी० फीडर नं०-2 प्रभावित क्षेत्र: पी०एस०एस० से उषा मोड़ & डॉल्फिन तक, श्यामलाल आयरन & स्टील कंपनी, KYS, माँ तारा, सिंह इलेक्ट्रिकल, सिंह मैकेनिकल, अनुपमा रंजन, सिंहभूम स्टील, श्रीराम क्रीक्स एवं डॉल्फिन इत्यादि।
कार्य: पेड़ों की डाली की छंटाई का कार्य।
विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। विद्युत संबंधित जानकारी या विशेष परिस्थिति में सहायक विद्युत अभियंता, आदित्यपुर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
आदित्यपुर से राहत भरी खबर: गुमशुदा दोनों बच्चे सकुशल मिले, वार्ड 23 के पार्षद अवधेश सिंह के प्रयासों की हो रही सराहना।
बच्चों के परिजन उन्हें वापस लाने के लिए झारसुगुड़ा रवाना हो चुके हैं।
सरायकेला/आदित्यपुर
सोनू कुमार सिंह
आदित्यपुर के लिए अत्यंत हर्ष और राहत का समाचार है। दो मासूम बालक मोहम्मद असद और अंश गुप्ता सकुशल मिल गए हैं। दोनों बच्चों के मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर हैं।
ज्ञात हो कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 (कल्पनापुरी) से दो नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को वॉलीबॉल खेलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे हैं।
इस पूरे कठिन समय में वार्ड संख्या 23 के लोकप्रिय पार्षद अवधेश सिंह ने जिस संवेदनशीलता, तत्परता और नेतृत्व का परिचय दिया, वह काबिले-तारीफ है। बच्चों की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पार्षद जी ने स्वयं मोर्चा संभाला, प्रशासन से लगातार संपर्क में रहे और खोज अभियान को तेज करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया।
पार्षद अवधेश सिंह ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम और सहयोगियों को देते हुए कहा –
“यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। यह सफलता पुलिस प्रशासन की तत्परता और आम नागरिकों की एकजुटता का परिणाम है। मैं उन सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस अभियान में सहयोग किया।”
पार्षद ने विशेष रूप से धन्यवाद दिया-
1. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह जी एवं उनकी पूरी टीम का, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए मेहनत कर बच्चों को ढूंढ निकाला। 2. आरपीएफ (RPF) पुलिस का, जिन्होंने इस अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। 3. मधु प्रजापति जी का, जिन्होंने ट्रेन में बच्चों की पहचान कर समय पर सूचना देकर मानवता की मिसाल पेश की।
इसके साथ ही उन सभी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया साथियों और शुभचिंतकों का भी आभार जिन्होंने गुमशुदगी की सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया।
वार्ड 23 की जनता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्षद अवधेश सिंह ने एक सच्चे जनसेवक की तरह अपने परिवार की तरह पूरे मामले को देखा। उनकी सक्रियता और मानवीय संवेदना समाज के लिए प्रेरणादायक है। वार्डवासियों की ओर से पार्षद जी को हृदय से धन्यवाद!
ग्लोरिया इंजीनियरिंग हादसे के घायलों से मिले झामुमो नेता गणेश महाली, TMH पहुंचकर जाना हाल-समाचार, परिजनों को दिया भरोसा।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग में हुए हादसे में घायल मजदूरों से मिलने झामुमो नेता गणेश महाली TMH अस्पताल पहुंचे।
TMH के वार्ड में भर्ती घायल मजदूरों से उन्होंने एक-एक कर मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके इलाज की पूरी जानकारी ली। इस दौरान घायलों के परिजनों से मिलकर उन्होंने ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मौके पर मौजूद लोगों से बात करते हुए गणेश महाली ने कहा कि – “झामुमो हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी है। मजदूर ही हमारे राज्य की रीढ़ हैं, उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मिले और कंपनी प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटे, यह हम सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि सभी घायल मजदूरों के इलाज का पूरा खर्च कंपनी वहन करे और नियमानुसार उचित मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
गणेश महाली के इस मानवीय कदम की अस्पताल में मौजूद परिजनों और आम लोगों ने काफी सराहना की। लोग कह रहे थे कि चुनाव के समय नहीं, बल्कि दुख की घड़ी में जो नेता साथ खड़ा हो, वही सच्चा जननेता होता है।
फोटो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे वह खुद बेड के पास जाकर घायल मजदूरों की स्थिति देख रहे हैं और उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने कहा – गणेश महाली सिर्फ एक नेता नहीं, गरीब-मजदूरों की आवाज हैं और हमेशा उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे।
आर्थिक संकट से जूझ रहे राशन डीलर, लंबित कमीशन के भुगतान में हो रही आनाकानी : फूलकांत झा।
सरायकेला/गम्हरिया
झारखंड पीडीएस (PDS) संघ के प्रदेश सचिव, कोल्हान संयोजक एवं सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने जनवितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े राशन डीलरों की गंभीर समस्याओं की ओर राज्य सरकार एवं खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है।
फूलकांत झा ने कहा कि राज्य के अनेक राशन डीलरों का कमीशन पिछले लगभग एक वर्ष से लंबित पड़ा हुआ है, जिसके कारण वे गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा का खर्च तथा जनवितरण दुकान का संचालन करना उनके लिए दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर विभाग द्वारा ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा कराने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर डीलरों के लंबित कमीशन के भुगतान को लेकर कोई स्पष्ट समय-सीमा या आश्वासन नहीं दिया जा रहा है। इसके बावजूद राशन डीलर कोल्हू के बैल की तरह लगातार मेहनत करते हुए समय पर लाभुकों तक राशन पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं और पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
फूलकांत झा ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों का ध्यान केवल निरीक्षण, शिकायतों की समीक्षा एवं कार्रवाई तक सीमित होकर रह गया है, जबकि डीलरों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित पहल दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि झारखंड सरकार जनवितरण प्रणाली को पारदर्शी, सुदृढ़ और प्रभावी बनाना चाहती है, तो उसे राशन डीलरों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होना होगा तथा लंबित कमीशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने अंत में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जनवितरण प्रणाली के डीलरों की स्थिति “पानी में मीन प्यासी” जैसी हो गई है। जो डीलर दिन-रात कोल्हू के बैल की तरह मेहनत कर आम लोगों तक खाद्यान्न पहुंचा रहे हैं, वही आज अपने मेहनताने और अधिकार के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर योग साधकों का सम्मान।
सरायकेला/आदित्यपुर
दिनांक 28 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या के अवसर पर पतंजलि योग समिति एवं पतंजलि महिला योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में सरायकेला-खरसावाँ जिले के आदित्यपुर स्थित विवेक विहार कॉलोनी कम्युनिटी हॉल में सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं निःस्वार्थ सेवा देने वाले अनेक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया तथा इंजीनियर विपेंद्र कुमार राय, देवेश चौहान सहित महिला एवं पुरुष सहयोग शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पतंजलि महिला योग समिति की राज्य प्रभारी सुधा झा, जिला प्रभारी बीना बर्नवाल, सरायकेला जिला की कोषाध्यक्ष माधुरी सिंह, भारत स्वाभिमान के पूर्व जिला प्रभारी नंदकिशोर झा, रीता झा एवं निशी बर्नवाल सहित अनेक योग साधकों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सरायकेला-खरसावाँ जिले में पतंजलि योग समिति एवं पतंजलि महिला योग समिति के माध्यम से लगभग 100 से अधिक नियमित निःशुल्क योग कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं।
आदित्यपुर में ब्राउन शुगर कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार,7.59 लाख नकद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद, आजाद अंसारी गिरफ्तार।
सरायकेला/आदित्यपुर
एसपी के निर्देश अनुसार आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करों के नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती समेत विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद तथा 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर के पुराने आरोपी एवं फरार चल रहे जावेद अंसारी उर्फ लड्डू के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि घर की छत पर कुछ लोग नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रुपयों का हिसाब-किताब कर रहे हैं।
वहीं सूचना के आधार पर जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां जाने वाला दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर पुलिस जैसे ही ऊपर पहुंची, वहां मौजूद लोग छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। भागते समय आरोपियों ने रुपये से भरे कई झोले सड़क पर फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। मौके से आजाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी तलाशी में 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त नकदी की गिनती करने पर कुल 7,59,650 रुपये मिले।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जांच में कपाली के मिन्नत नगर, जुगसलाई के आजाद नगर तथा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती को इस नेटवर्क का प्रमुख ठिकाना पाया गया है। मामले में इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लड्डू, राशिद खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल तथा प्रकाश पटेल की संलिप्तता सामने आई है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने इस कार्रवाई में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार एवं उनकी टीम की सराहना की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों को उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिलों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिस टीम घटनास्थल तक तेजी से पहुंचकर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर पा रही है।
मेयर संजय सरदार की अध्यक्षता में शनिवार को आदित्यपुर नगर निगम की चौथी बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
वहीं बैठक में नगर निगम क्षेत्र में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के माध्यम से नई कचरा गाड़ियों की खरीद की जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था का वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष मूल्यांकन कराने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से जुड़ी एक निजी एजेंसी की सेवाएं लेने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ साथ बैठक में कचरा प्रबंधन को आधुनिक स्वरूप देने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ-साथ उससे बायोगैस और बिजली उत्पादन की संभावनाओं पर काम करने की योजना बनाई गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके। यह जानकारी नगर आयुक्त एजाज अनवर ने दी।
इस दौरान सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सड़क, नाला और पुलिया निर्माण जैसी समस्याएं को बोर्ड के समक्ष रखते हुए अपने वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की।
वहीं इस बैठक में उपस्थित मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत आवश्यकताओं में सुधार के लिए निगम ने एक माह का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि सभी वार्डों में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे। वहीं सड़क, नाला और पुलिया निर्माण कार्यों को उपलब्ध बजट और फंड के आधार पर प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। बैठक में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त एजाज अनवर तथा निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।
राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा विवाद समाप्त होने पर कांग्रेस नेता ने जताई प्रसन्नता।
सरायकेला/आदित्यपुर
कांग्रेस के वरीय नेता जगदीश नारायण चौबे ने राज्य के वित्त मंत्री एवं सरायकेला-खरसावाँ जिला के प्रभारी मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विवाद समाप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि राधाकृष्ण किशोर का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने लंबे समय तक पलामू जैसे उग्रवाद एवं संगठित अपराध से प्रभावित क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है और ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर संघर्ष किया है। अपनी कार्यकुशलता, ईमानदार छवि और जनहित के प्रति समर्पण के कारण उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक के सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जगदीश नारायण चौबे ने कहा कि श्री किशोर की सुरक्षा व्यवस्था उनकी परिस्थितियों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा में अतिरिक्त स्कॉर्ट वाहन को पुनः शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय एक अनुभवी, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उचित एवं सराहनीय कदम है।
चांडिल पुलिस ने गुम हुए 4 मोबाइल फोन बरामद कर असली मालिकों को सुपुर्द किया। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरायकेला खरसावां द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट डिवाईस के तहत चांडिल थानांतर्गत CEIR सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 04 मोबाइल को बरामद कर उसके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कराया गया।
वहीं मोबाइल मालिकों को अपनी गुम हुए मोबाइल फोन मिलने से काफी खुश नजर आए एवं जिला पुलिस व चांडिल पुलिस की सराहना किया एवं आभार जताया।
वहीं थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी का भी मोबाइल गुम हो तो नजदिक के थाने में सुचना दर्ज कराएं, सरायकेला पुलिस आपकी सेवा में हमेशा तत्पर होकर गुम हुए मोबाइल लौटाने का काम करेंगे।