चलन्त लोक अदालत वाहन को हरी झंडी दिखाकर बीडीओ ने किया रवाना
सरायकेला/ईचागढ़
( मालखान महतो) जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला के तत्वावधान में ईचागढ़ प्रखंड के बीडीओ एकता वर्मा ने चलन्त लोक अदालत वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चलन्त लोक अदालत वाहन पुरानडीह मोड़ पहुचकर विधिक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया । उक्त कार्यक्रम में लीगल एण्ड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के सहायक अम्बिका चरण पाणी ने चलंत लोक अदालत के उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी दी। प्राधिकार द्वारा निःशुल्क सहायता पाने को लेकर कई बिंदु पर चर्चा की, उन्होंने बताया कि अपने अधिकार को पाने के लिए खुद को कानूनी तौर पर मजबूत होना जरूरी है,कानून के जानकारी के अभाव में लोग समस्या में उलझे रहते हैं।उन्होंने विवादों को सुलझाने के लिए मध्यसता को अपनाने पर भी जोर दिया तथा उसके लाभ भी बताया।
इस दौरान बाल विवाह, डायन प्रथा, बाल श्रम से संबंधित कानूनी अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गईं। योग्य जरूरतमंद गरीब व्यक्ति को जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिलने वाले निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा पर विशेष रूप से जागरूक करते हुए ग्रामीणों के समस्याओं से अवगत हुए एवं निवारण करने का भरोसा दिलाया ।मौके पर पैरा लीगल वॉलिंटियर्स कार्तिक गोप गंगा सागर पाल तुष्ट रानी मण्डल इशिता उरांव निर्मल घोष दिगम्बर महतो ग्रामीण उपस्थित रहे।
जीसीजेडी हाई स्कूल में एचसीएल एचआर हेड का हुआ स्वागत।
पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी
गिरीश चंद्र देवी उच्च विद्यालय मुसाबनी में शुक्रवार को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के एचआर हेड कमलेश कुमार बच्चों से मिलने पहुंचे इस मौके पर उन्होंने विद्यालय में चल रही पठन-पाठन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रबंध समिति के सचिव सह संस्थापक कुंदन कुमार सिंह, इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पूजन सिंह चौहान, मुरारी प्रसाद सिंह आदि से विद्यालय के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया।
छात्रों को मिलने वाली सुविधा एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी उन्होंने प्रधानाध्यापक मुरारी प्रसाद सिंह से लिया। विद्यालय के सचिव कुंदन कुमार सिंह ने एचआर हेड कमलेश कुमार को विद्यालय में पहलीबार आगमन पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। एचआर हेड कमलेश कुमार विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को देखकर काफी प्रसन्न हुए।
साहित्य संस्कृति संघ के रक्तदान शिविर में 67 यूनिट रक्त संग्रह।
नेताजी सुभाष चंद्र के मुसाबनी आगमन की याद में हुआ रक्तदान शिविर आयोजित।
पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी
5 दिसंबर 1939 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के मुसाबनी आगमन की याद में शुक्रवार को साहित्य संस्कृति संघ की ओर से संघ कार्यालय में एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में कुड़मी संस्कृति विकास समिति का अहम योगदान रहा। साहित्य संस्कृति संघ द्वारा पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया व 67 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस मौके पर साहित्य संस्कृति संघ के सांस्कृतिक सचिव संगीता मंडल ने कहा कि क्षेत्र में रक्तदान के प्रति एक मूहिम संघ द्वारा चलाए जा रहा है ताकि जरूरतमंदों को समय पर खून भी उपलब्ध करवाया जा सके। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने भाग लेकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। रक्तदान करने वाले लोगों को उन्होंने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। साहित्य संस्कृति संघ की ओर से कुणाल षाड़ंगी व प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुर्मी विकास समिति के अध्यक्ष स्वपन कुमार महतो,मारवाड़ी महिला समिति के अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, श्री जगन्नाथ महिला समिति के अध्यक्ष प्रतिभा साव, किरण सिंह,संगीता मंडल, शुभ्रा घोष, कल्पना बोस, कृष्णा घोष, बिनापानी साधु खाँ, सोमा महतो, दिलीप घोष, सनातन दास, अरुण दे, गणेश नायर,आशा दास,अनिमा मंडल,शत्रुघन प्रसाद, कमल कांत मंडल,गौरव क्रांतिगुरु, गोपाल लाल सहित ब्रह्मानंद ब्लड बैंक के डॉक्टर व कर्मियों का अहम योगदान रहा।
उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया।
सरायकेला-खरसावां
जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण हेतु उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जन-अभ्यावेदनों को सुनते हुए उपायुक्त ने प्रत्येक मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उपस्थित आमजनों ने अपने क्षेत्र में उत्पन्न विविध जनसमस्याओं, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने की स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया।
जनता दरबार में आज प्राप्त आवेदनों में बुरुडीह बाईपास सड़क निर्माण कार्य से संबंधित मुआवजा भुगतान में अनियमितता, झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना (JMMSY) का लाभ प्राप्त न होने, तथा अबुआ आवास योजना की सूची में चयनित होने के पश्चात भी लाभ प्राप्त न होने जैसी समस्याएँ प्रमुख रूप से सम्मिलित रहीं। इसके अतिरिक्त दिव्यांग लाभुक हेतु इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, चापाकल निर्माण, तथा ग्राम/पंचायत गोपीडीह में मोबाइल टॉवर स्थापना किए जाने से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
इसी क्रम में सरायकेला अंचल अंतर्गत शासन गाँव से मासिक बाँध अखाड़ा शाल मुख्य पथ तक स्थित लगभग एक किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण, मिलन चौक से जुड़ने वाली विभिन्न सड़कों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु स्पीड ब्रेकर निर्माण, तथा मुरूप पंचायत के नरायणडीह ग्राम स्थित विद्यालय के दो जर्जर कक्षा-कक्षों के मरम्मतीकरण अथवा नवनिर्माण संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। साथ ही राशन कार्ड निर्गमन तथा विधवा पेंशन स्वीकृति के संबंध में भी अभ्यावेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त ने जनता दरबार में उपस्थित सभी विभागीय एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आज प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रकरणों में स्थलीय सत्यापन आवश्यक है, वहाँ संबंधित अधिकारी त्वरित निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराएँ, ताकि जनसमस्याओं का समाधान बिना किसी अनावश्यक विलंब के सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जनसुविधा और जनकल्याण से संबंधित सभी योजनाओं के लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की जवाबदेह जिम्मेदारी है।
अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने लगाया अस्थायी चेकनाका,दण्डाधिकारी नियुक्त।
सरायकेला/ईचागढ़
( मालखान महतो) सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल के द्वारा ईचागढ़ और कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन को रोकने के लिए अस्थायी चेकनाका गुरुवार को लगाया गया। ग्रामीणों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के शिकायत में कहा गया था कि अवैध बालू कुकडू प्रखंड़ के सिरुम चौक तथा ईचागढ़ प्रखंड़ के मिलन चौक तथा ईचागढ़ थाना से होकर अवैध बालू का परिवहन किया जाता है।
इस तत्काल कार्रवाई करते हुए उपायुक्त सरायकेला खरसावां नितीश कुमार सिंह ने उक्त चार जगहों पर तीन पालियों सुबह छह बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक तथा दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक एवं रात दस बजे से लेकर सुबह चाह बजे तक दण्डाधिकारियों की नियुक्ति किया। सभी को आदेश दिया गया है कि चिन्हित जगहों पर अवैध बालू, पत्थर आदि का जांच कर तथा सभी का फोटोग्राफी भी करना है। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के झाडुवा, टीकर गाँव तथा अंचल कार्यालय गौरांगकोचा के समीप तथा कुकडु प्रखंड़ के कुकड़ू थाना के समीप बेरियर लगाया जाना है।
गुरुवार को झाडुवा मोड़ के समीप ही बेरियर पर दंडाधिकारी तथा स्थानीय पुलिस सुबह से ही तैनात थे और सड़क पर आने जाने वाले हर अवैध परिवहन पर नजर रख रहे थे। अभी तक गौरांगकोचा और टीकर गाँव में बेरियर नहीं लगा है।
ईचागढ़ के कुटाम में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुए विधायक सविता महतो।
सरायकेला/ईचागढ़
( मालखान महतो)
झारखंड विधानसभा सत्र के पूर्व रांची मे आयोजित विधायक दल की बैठक में शामिल होने जाने के क्रम में गुरुवार को ईचागढ़ प्रखंड के कुटाम में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो शामिल हुए। एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में एसबीसी प्रेमनगर की टीम ने सावित्री इंटरप्राइजेज को हराकर विजेता बना। प्रथम विजेता टीम को कमेटी द्वारा 40 हजार रुपए एवं उप विजेता टीम को 30 हजार रुपए नगद देकर पुरस्कृत किया।
इस दौरान विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। विधायक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा की खिलाड़ी एकाग्रता के साथ खेल को खेलें निश्चित लक्ष्य की प्राप्ति होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है , जरूरत है उसे निखारने का । उन्होंने कहा कि ईचागढ़ क्षेत्र फुटबॉल खेल के प्रसिद्ध है और आज भी फुटबॉल प्रतियोगिता काफी लोकप्रिय है।इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, अमित सिन्हा, युगल किशोर महतो, विजय कृष्ण महतो, अनिल सिन्हा समेत काफी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।
ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों के बीच कंबल का वितरण
साहिबगंज/झारखंड
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के दिशानिर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), साहेबगंज के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार ने आज व्यवहार न्यायालय, साहेबगंज के परिसर में जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों के बीच ठंड से बचाव के लिए कंबलों का वितरण किया।
इस अवसर पर, डालसा अध्यक्ष अखिल कुमार ने कहा कि यह कंबल वितरण अभियान केवल आज तक ही सीमित नहीं है बल्कि उन्होंने प्राधिकार के सचिव, विश्वनाथ भगत को निर्देश दिया है कि जिला प्रशासन और नगर परिषद के सहयोग से यह अभियान आगे भी जारी रखा जाए। इसके अतिरिक्त, प्राधिकार सचिव विश्वनाथ भगत ने पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) – न्याय मित्र की एक टीम का गठन किया है। यह टीम शहर के विभिन्न हिस्सों में जाएगी और अत्यंत जरूरतमंद, लाचार, वृद्ध, विधवा और बेसहारा बच्चों, विभिन्न आश्रय गृहों और रैन बसेरों में रहने वालों को चिन्हित करेगी। टीम उन्हें ठंड से बचाव के लिए गर्म कंबल उपलब्ध कराएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि वे सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उठा सकें।
इस पुनीत कार्य के दौरान अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद,न्यायालय के अन्य गणमान्य व्यक्ति और कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने सहयोग किया।
कानूनी समस्याओं या सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 पर, या प्राधिकार के मोबाइल नंबर 9471521725 पर कॉल करके अथवा ईमेल आईडी- dlsasahibganj@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
मुसाबनी प्रखंड के सुविधा पंचायत सचिवालय में कार्यक्रम आयोजित कर पांच अबुआ आवास के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, एलआरडीसी नित निखिल सुरीन,बीडीओ पवन कुमार,पूर्व जिला पार्षद बाघराय मार्डी,प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन की मौजूदगी में ऊपरबांदा के रुक्मणी पाल, पार्वती पाल, सुरदा के नेहा टुडू, गौरी मुर्मू एवं तिलाबनी के पारुल ग्वाला का अबुआ आवास पूर्ण होने पर उन्हें आवास का प्रतीकात्मक चाभी भेंट कर गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर नवनिर्मित घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विधायक ने कहा कि अबुआ आवास योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिसके माध्यम से बेघर और जरुरतमंदों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए छत उपलब्ध करायी जा रही है।
मौके पर सुरदा पंचायत के मुखिया इसाक बाखला, मेड़िया पंचायत की मुखिया बासो हांसदा,पश्चिम मुसाबनी की बसंती सोरेन, बेनाशोल की शुक्रमणि हेंब्रम, पारूलिया के नंदी गागरई, पंचायत सचिव संपत नाथ भुंइया, प्रखंड नाजिर जयराम हांसदा,प्रधान सहायक मंगल हांसदा,पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्य आदि मौजूद थे।
जगन्नाथपुर में भव्य श्रीकृष्ण मन्दिर निर्माण के लिए हुआ भूमिपूजन, शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन।
सरायकेला
भक्ति में ही शक्ति निहित है,पूजा अर्चना से जनता के काम के लिए मिलती है ऊर्जा: चंपाई सोरेन
श्री कृष्ण के तीन गुम्बद वाला बनेगा भव्य मंदिर,58 फिट लम्बाई,37 फिट चौड़ाई व 60 फिट ऊंचाई का होगा मन्दिर
सरायकेला प्रखंड के जगन्नाथपुर स्थित रांगाटांड मैदान में गुरुवार को भगवान श्री कृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला के स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन ने कहा बहुत खुशी की बात है कि आज अन्नपूर्णा पूजा के शुभ मुहूर्त पर जगन्नाथपुर में श्रीकृष्ण मन्दिर का भूमि पूजन हुआ. यह मंदिर पूरे जिले में भव्य मंदिर होगा और जल्द बनकर तैयार होगा इसके लिए हरसंभव सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा भक्ति में ही शक्ति है और पूजा अर्चना से क्षेत्र के लोगो के लिए काम करने की नई ऊर्जा मिलती है. उन्होंने कहा मन्दिर निर्माण समेत अन्य सभी आपकी आशा आकांक्षाओं को पूर्ण किया जाएगा.
इससे पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने पंडित रामनाथ होता के मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़ कर विधिवत मन्दिर निर्माण का भूमिपूजन किया. कार्यक्रम में समिति द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री समेत सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया. जानकारी हो वर्ष 2007 से क्षेत्रीय गौड़ समाज द्वारा जगन्नाथपुर के रांगाटांड में भव्य रूप से जन्माष्टमी मेला का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में पहुंचे सभी भक्त श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद के रूप में खीर, खिचड़ी,सब्जी का वितरण किया.
पूरे क्षेत्र के लिए आस्था का केंद्र होगा श्रीकृष्ण मन्दिर: सोनाराम
विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा यह श्री कृष्ण मंदिर पूरे क्षेत्र के लिए भक्ति व आस्था का केंद्र है और जल्द मन्दिर निर्माण का कार्य पूरा किया जाएगा ताकि लोग भक्तिभाव से पूजा अर्चना कर सके.
श्री कृष्ण मंदिर निर्माण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक होगा: पितोवास प्रधान
सम्मानीय अतिथि गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा सोलह कलाओं से परिपूर्ण सरायकेला के जगन्नाथपुर में श्रीकृष्ण मन्दिर का निर्माण ऐतिहासिक होगा. समारोह का संचालन उमाकांत प्रधान ने किया जबकि स्वागत भाषण देवीदत्त प्रधान ने दिया व धन्यवाद ज्ञापन हेमसागर प्रधान ने दिया।
दो वर्षों में तैयार होगा भव्य श्री कृष्ण मंदिर
मन्दिर निर्माण समिति के संकल्प के अनुसार जगन्नाथपुर में भव्य श्री कृष्ण मंदिर अगले दो वर्षों में पूरा होगा. श्री कृष्ण के तीन गुम्बद वाला भव्य मंदिर 58 फिट लम्बाई,37 फिट चौड़ाई व 60 फिट ऊंचाई का होगा. मन्दिर का पहला गुम्बद 58 फिट ऊंची,दूसरा गुम्बद 35 फिट व तीसरा गुम्बद 25 फिट का होगा.
ये सम्मानीय अतिथि थे उपस्थित
जिप सदस्य लक्ष्मी सरदार,पंस सदस्य अनिता प्रधान,वकील सोरेन,सनद आचार्य,लिपू मोहंती,बबलू सोरेन,गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष पितोवास प्रधान,महासचिव भास्कर महाकुड़,मनोज सिंहदेव,मायाधर बेहरा,काशीनाथ प्रधान,अशोक गोप,हरेकृष्ण प्रधान,मुरली प्रधान,सुधांशु प्रधान,परमेश्वर प्रधान व असीम प्रधान समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनका योगदान रहा सराहनीय
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सह मन्दिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान,सचिव हेमसागर प्रधान,कोषाध्यक्ष जगन्नाथ प्रधान,विष्णु प्रधान,उमाकांत प्रधान,तीर्थो प्रधान, पंचु महतो,सीताराम मंडल,देवीदत्त प्रधान, प्रधान,शम्भूनाथ प्रधान,ओमप्रकाश प्रधान,सागर प्रधान व टिंकू प्रधान समेत अन्य का कार्यक्रम के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान रहा.
“सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत जिले के 19 ग्राम-पंचायतों एवं विभिन्न वार्डों में शिविरों का आयोजन।
तेलाईडीह पंचायत में माननीय खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं मौसाडा पंचायत में माननीया इचागढ़ विधायक सबिता महतो द्वारा शिविरों का निरीक्षण, संबोधन एवं सफल क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश।
सरायकेला/खरसावां
“सेवा का अधिकार सप्ताह” के चौथे दिन जिले के 19 ग्राम-पंचायतों एवं नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष पंचायत स्तरीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों की व्यापक एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली और बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न सेवाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर रहे हैं।
अब तक जिले में 28,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी विभागीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) तथा अंचल अधिकारियों (CO) को निर्देशित किया है कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक आवेदन का लाभ समय पर संबंधित आवेदक तक पहुँच सके।
जिले के सरायकेला प्रखंड के नुआगांव एवं छोटादावना, कुचाई प्रखंड के छोटासेगोई और गोमियाडीह, खरसावां प्रखंड के तेलाईडीह और जोरडीह, राजनगर प्रखंड के टिंटिडीह, गोविंदपुर और बड़ासीजुलता, गम्हरिया प्रखंड के नुवागढ़, यशपुर और दुगधा, चांडिल प्रखंड के रुदिया और चांडिल, नीमडीह प्रखंड के तिल्ला, इचागढ़ प्रखंड के मौसाडा और बांदु, तथा कुकड़ू प्रखंड के बेरासीसिरूम पंचायतों में शिविरों का सफल आयोजन किया गया। नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी शिविर लगाए गए, जहाँ नागरिकों की समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए गए और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविरों में आय, जाति, आवासीय, जन्म–मृत्यु प्रमाण-पत्र, दाखिल–खारिज, राशन कार्ड, भूमि धारण प्रमाण-पत्र, भूमि मापी, दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धा पेंशन सहित झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं क्लस्टर सदस्यों के बीच आईडी कार्ड का वितरण भी किया गया। 21 से 29 नवंबर तक संचालित इस अभियान में जिलेवासियों की सक्रिय भागीदारी लगातार जारी है, जिससे योजना संचालन की प्रभावशीलता और अधिक बढ़ी है।
खरसावां प्रखंड के तेलाईडीह पंचायत में आयोजित शिविर में माननीय खरसावां विधायक श्री दशरथ गागराई उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में आए नागरिकों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने शिविर संचालन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि आवेदन-पत्रों एवं सेवा-सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। इसी प्रकार, इचागढ़ प्रखंड के मौसाडा पंचायत में आयोजित शिविर में माननीया इचागढ़ विधायक सबिता महतो उपस्थित रहीं। उन्होंने भी शिविर में आए लाभुकों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्टॉल पर पदाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा किसी भी नागरिक को सेवा प्राप्ति में असुविधा न हो।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने आयोजित शिविरों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों (परिश्रम पाटियों) का वितरण भी किया। उन्होंने लाभुकों को योजनाओं का सही उपयोग करने एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को भी शिविरों में भाग लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर अधिकतम मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे शिविरों में उपलब्ध विभागीय स्टॉलों से योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें, अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन जमा करें तथा अपने आसपास के वंचित परिवारों को भी शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण तथा लाभुकों को योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करने का भी निर्देश दिया।
उपायुक्त ने राजाबासा गांव पहुंचकर योजना के क्रियान्वयन की ली जानकारी, ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी अन्य समस्याओं को जाना।
पूर्वी सिंहभूम/जमशेदपुर
घाटशिला के राजाबासा गांव अंतर्गत एक टोला में ‘मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना’ के तहत विद्युत आपूर्ति शुरू, 6 परिवारों को मिला योजना का लाभ।
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत राजाबासा गांव के एक टोला में मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना के तहत आज से विद्युत आपूर्ति शुरु हो गई है । बिजली सुविधा से वंचित 6 परिवारों को इस योजना के अंतर्गत कनेक्शन प्रदान किया गया जिसपर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की ।
इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने राजाबासा गांव पहुंचकर योजना के क्रियान्वयन की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी 6 परिवारों को सुरक्षित और सुचारू ढंग से विद्युत सुविधा मिलती रहे, आगे किसी प्रकार की बाधा न आए। उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी अन्य स्थानीय समस्याओं व आवश्यकताओं को भी सुना तथा मौके पर मौजूद घाटशिला बीडीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना के तहत छूटे हुए गांव-टोलों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास है । योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी परिवार मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे ।
24 पंचायत और 3 नगर निकायों में आयोजित किए गए शिविर, अबतक प्राप्त हुए 24367 आवेदन।
पूर्वी सिंहभूम/जमशेदपुर
माननीय विधायकगण एवं पंचायत जनप्रतिनिधि ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का किया वितरण, शिविर को लेकर शहरी नागरिकों एवं ग्रामीणों में उत्साह।
28 नवंबर को ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का अंतिम दिन, नागरिकों से अपील है कि अपने नजदीकी शिविरों में शामिल होकर अवश्य लाभ उठाएं: उपायुक्त
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में आयोजित ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के शिविर के माध्मम से व्यापक स्तर पर नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इस अभियान के तहत अबतक कुल 24367 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आज 24 पंचायत एवं 3 नगर निकाय में शिविर का आयोजन किया गया । शिविरों में बड़ी संख्या में जिलेवासियों की भागीदारी रही। माननीय विधायकगण एवं पंचायत जनप्रतिनिधियों ने शिविर में शामिल होकर विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया तथा नागरिकों से अपील किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठायें ।
उपायुक्त के निर्देशानुसार इन शिविरों में राईट टू सर्विस अंतर्गत चिन्हित सभी सेवाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है । पंचायत एवं नगर निकायों में लगाए गए शिविर के माध्यम से अबतक प्राप्त आवेदनों में दिव्यांग पेंशन के 32, विधवा पेंशन 105, वृद्धा पेंशन के 2393, जन्म प्रमाण पत्र 179, आय प्रमाण पत्र 616, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र 567, नया राशन कार्ड के 526, जाति प्रमाण पत्र के 760, झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 से जुड़ी अन्य सेवाएं के 306 आवेदन, भूमि की मापी के 34, मृत्यु प्रमाण पत्र के 89, भूमि धारण प्रमाण पत्र 25, दाखिल खारिज वादों का निष्पादन 68, तथा अन्य लोककल्याणकारी योजनाओं के 18664 आवेदन शामिल हैं।
‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत आयोजित किए जा रहे शिविर 28 नवंबर तक प्रस्तावित हैं। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने अपील करते हुए कहा कि अंतिम दिन अपने नजदीकी शिविर में जिलावासी जरूर शामिल हों तथा इस अभियान में परस्पर भागीदारी निभाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठायें।