बेनाशोल, तेरेंगा व फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत में आपकी योजना- आपकी सरकार आपके द्वार शिविर में उमड़ी भीड़।

बेनाशोल, तेरेंगा व फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत में आपकी योजना- आपकी सरकार आपके द्वार शिविर में उमड़ी भीड़।

पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को मुसाबनी प्रखंड के तेरेंगा, फारेस्ट ब्लॉक व बेनाशोल पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया । तीनों पंचायत में आयोजित शिविर में क्रमशः फारेस्ट ब्लॉक पंचायत मर 279,
तेरेंगा में 360,व
बेनाशोल पंचायत में 139
आवेदन पत्र लोगों द्वारा जमा किया गया। जिसमें दर्जनों आवेदन पत्रों का निष्पादन ऑन द स्पॉट कर दिया गया। शिविर में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन,मुखिया शुक्रमणि हेम्ब्रम,पोरमा बानरा,दुलारी सोरेन,पंसस,वार्ड सदस्य,ग्रामप्रधान, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित प्रखंड व अंचल के कर्मियों में सुमेश महली,
मो असलम,मो जुनैद,मृत्युंजय सिन्हा, आशिष पातर,देबब्रत दास आदि मौजूद थे।


पंचायत स्तरीय शिविर के माध्यम से राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, जाति/आवासीय/आय प्रमाण पत्र निर्गत करना शामिल है। जिन योजनाओं में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे, उनमें लाभुकों की प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी एवं प्राथमिकता के आधार पर उन्हें लाभ प्रदान किया जा रहा है । मौके पर सभी प्रखंड एवं अंचल कर्मी व जेएसएलपीएस के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

सरायकेला–खरसावाँ जिला के 19 ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न वार्डों में आयोजित किए जाएंगे पंचायत स्तरीय शिविर।

सरायकेला–खरसावाँ जिला के 19 ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न वार्डों में आयोजित किए जाएंगे पंचायत स्तरीय शिविर।

सरायकेला-खरसावां

“सेवा का अधिकार सप्ताह” के अंतर्गत 25 नवम्बर 2025 को सरायकेला–खरसावाँ जिला के 19 ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न वार्डों में आयोजित किए जाएंगे पंचायत स्तरीय शिविर..

“अपने नजदीकी पंचायत स्तरीय शिविर में उपस्थित होकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन करें।” — उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ


सरायकेला–खरसावाँ जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” 21 नवम्बर से 29 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 25 नवम्बर 2025, मंगलवार को जिले भर में पंचायत स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का त्वरित, सुगम एवं पारदर्शी लाभ उपलब्ध कराना है।

शिविरों में नागरिकों को जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल–खारिज वादों का निपटान, भूमि की मापी एवं भूमि धारण प्रमाण पत्र, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदन, 2011 में सूचीबद्ध सेवाएँ, विभिन्न योजनाओं के आवेदन तथा ऑनलाइन/स्थानीय शिकायत निवारण सहित अनेक सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।


ये शिविर स्थानीय निवासियों के लिए वन–स्टॉप सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेंगे, जहाँ विभागीय पदाधिकारी नागरिकों को सेवाएँ प्रदान करेंगे और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।

उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पंचायत स्तरीय शिविर में उपस्थित होकर सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपने आसपास के नागरिकों को भी शिविरों में भाग लेने हेतु प्रेरित करें।

25 नवम्बर 2025 (मंगलवार) को ( आज ) पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित होने वाले प्रखंड एवं पंचायतें — (अद्यतन सूची)

सरायकेला प्रखंड : पांडरा, मुंडाटांड

राजनगर प्रखंड : गम्हरिया, जुमाल

खरसावाँ प्रखंड : सिमला, चिलकू

कुचाई प्रखंड : बन्दोंलोहार

गम्हरिया प्रखंड : बिरबांस, दुगनी, टेंटोपोशी

चांडिल प्रखंड : चौका, चावलीबासा, खूंटी

इचागढ़ प्रखंड : देवलटांड, नदीसाई

निमड़ीह प्रखंड : लुपुंगडीह

कुकड़ू प्रखंड : लेटेमदा, ओड़िया

अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की छापेमारी,, शराब माफियाओं में हड़कंप।

अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की छापेमारी,, शराब माफियाओं में हड़कंप

सरायकेला/चिंडिल

उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह के निदेशानुसार तथा अधीक्षक, उत्पाद विभाग, सरायकेला के पर्यवेक्षण में प्राप्त गुप्त सूचना के आलोक में दिनांक 22.11.2025 को चांडिल थाना अंतर्गत आसमबनी जंगल स्थित जरियाडीह एवं खोखोडीह में अवैध शराब अड्डों पर संयुक्त छापेमारी अभियान संचालित किया गया। छापेमारी के क्रम में अवैध शराब लगभग 50 लीटर बरामद कर विधिवत जप्त किया गया तथा लगभग 400 किलोग्राम जवा महुआ को स्थल पर ही विनष्ट किया गया।

अवैध शराब निर्माण व विक्रय में संलिप्त अड्डा संचालक के विरुद्ध बिहार-झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया जा रहा है।

इस सम्बन्ध में उत्पाद अधीक्षक श्री सौरव तिवारी ने कहा है की उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के उन्मूलन हेतु इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

सरायकेला खरसावां जिले का ट्रैफिक थाना प्रभारी बनाए गए पुलिस इंस्पेक्टर राजू।

सरायकेला खरसावां जिले का ट्रैफिक थाना प्रभारी बनाए गए पुलिस इंस्पेक्टर राजू।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर की कमान अब पुलिस इंस्पेक्टर राजू के हाथों में

सरायकेला/खरसावां

( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )

सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यरत इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का तबादला एवं पदस्थापन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के साथ तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। एसपी द्वारा जारी तबादला सूची को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने और क्षेत्रों में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करते हुए इंस्पेक्टर राजू

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के द्वारा किए गए तबादले के अनुसार पुलिस इंस्पेक्टर राजू को ट्रैफिक थाना प्रभारी के रूप में नई पोस्टिंग दी गई है, जिसमें जिले के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को और व्यवस्थित रखने की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

वहीं पुलिस इंस्पेक्टर राजू ने ट्रैफिक डीएसपी से ट्रैफिक थाना प्रभारी का पद ग्रहण किया। ज्ञात हो कि पुलिस इंस्पेक्टर राजू वर्ष 1994 बैच के है। वहीं पुलिस इंस्पेक्टर राजू ने पूर्व में आर आई टी थाना प्रभारी तथा हाल ही में गम्हरिया थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं।

ईचागढ़ के नये थाना प्रभारी के रूप में बजरंग महतो ने पदभार किया ग्रहण।

ईचागढ़ के नये थाना प्रभारी के रूप में बजरंग महतो ने पदभार किया ग्रहण।

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)
सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना के नये प्रभारी के रूप में शनिवार को बजरंग महतो ने ईचागढ़ थाना में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने बिक्रम आदित्य पांडे से पदभार ग्रहण किया। मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने ईचागढ़ थाना प्रभारी बिक्रम आदित्य पांडे को लाइन क्लोज कर चौंका थाना प्रभारी बजरंग महतो को ईचागढ थाना प्रभारी बनाया एवं तत्काल योगदान करने का निर्देश दिया। योगदान के बाद थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण,अमन चैन एवं पुलिस पब्लिक संबंध को मजबूत बनाना पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनताओं को साथ लेकर चलने का कोशिश किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपसी व घरेलू वीवादों‌ पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई करने कि दिशा में उचित पहल किया जाएगा। अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास होगा। अफीम खेती के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अफीम खेती रोकना भी पहली प्राथमिकता होगी।उन्होंने लोगों से सहयोग करने का भी अपील किया।

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम मे पदाधिकारियों ने योजनाओं की दि जानकारी

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम मे पदाधिकारियों ने योजनाओं की दि जानकारी

सरायकेला/ईचागढ़

(मालखान महतो)
सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो एवं तुता पंचायत सचिवालय परिसर में शनिवार को आपकी योजना आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोड़ो पंचायत सचिवालय में कार्यक्रम का उद्घाटन ईचागढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा , उप प्रमुख दीपक कुमार साहू, मुखिया नयन सिंह मुण्डा तथा तुता पंचायत सचिवालय में अंचलाधिकारी दीपक प्रसाद, मुखिया संगीता देवी,पंसस जानकी देवी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कुल 21 विभागों के स्टॉल बनाए गए थे,सभी स्टॉलों का अधिकारियों ने बारी बारी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों के समस्याओं से रूबुरु हुए। वहीं कार्यक्रम में धोती साड़ी,कंबल ,जाती ,आय , आवासीय प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में गोद भराई, अन्न प्राशन आदि रस्में भी किया गया।विभिन्न विभागों के द्वारा परिसम्पत्ति का भी वितरण किया गया।

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में रेड हाउस बना चैम्पियन-बच्चों ने मनाया प्रतिभा का लोहा

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में रेड हाउस बना चैम्पियन-बच्चों ने मनाया प्रतिभा का लोहा

पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

    संत जोसेफ कान्वेंट हाई स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
    प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र एवं विद्यालय के पूर्व छात्र सह समाजसेवी अशोक अग्रवाल, प्रिंसिपल सिस्टर फ्रांसिस्का, अरुल मैरी आदि ने संयुक्त रूप से गुब्बारा व कबूतर उड़ाकर किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने विद्यालय का झंडा फहराया। रेड, ब्लू, ग्रीन, येलो हाउस के बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई ।मार्च पास्ट की अतिथियों ने सलामी ली।


    अतिथियों के सम्मान में बैंड की धुन पर स्कूली छात्र छात्राओं ने मार्च पास्ट कर सलामी दी।
    विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम योगा व भी प्रस्तुत किया गया। खेल कूद में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सुनील चंद्र एवं विशिष्ट अतिथि के द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सुनील चंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ – साथ खेलकूद भी जरूरी है। खेलकूद से मानसिक तनाव कम होता है और पढ़ाई में भी निखार आता है। उन्होंने इस बेहतरीन आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय बच्चों को हर क्षेत्र में हुनरमंद बनाने का काम कर रहा है जो काबिले तारीफ है। प्रतियोगिता में ओवरऑल रेड हाउस ने 136 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्लू, ग्रीन, येलो हाउस ने क्रमशः 102 अंक प्राप्त कर द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का ओवरआल चैंपियन रेड हाउस एवं रनर अप येलो हाउस रहा। बॉयज ग्रुप में 800 मीटर दौड़ में अन्वेष कुमार प्रथम, मनवीर सिंह द्वितीय, ध्रुव मिश्रा तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में सिद्धांत सिंह प्रथम, अन्वेष कुमार द्वितीय,मोहम्मद रेहान तृतीय, 200 मीटर दौड़ में सिद्धांत सिंह प्रथम, सामोदीप दत्ता द्वितीय, रितेश सोरेन तृतीय स्थान प्राप्त किया। गर्ल्स के 600 मीटर दौड़ में सुष्मिता किस्कु प्रथम,मालती हांसदा द्वितीय, अफ़राह जमाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कई अन्य प्रकार के इवेंट का आयोजन किया गया। जिसमें चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।

    कार्यक्रम ये रहे उपस्थित-

    कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रिंसिपल सिस्टर फ्रांसिस्का,सिस्टर अरुल मैरी, सिस्टर जनित, सिस्टर अन्ना तिग्गा, लोयोला स्कूल चोईरा के सुपीरियर फादर जेरोमा केरकेट्टा, फादर रिचर्ड मिरांडा, फादर काशमर केरकेट्टा, फादर रिचर्ड डुंगडुंग, सीमा भगत, फादर अलेक्स, फादर इमानुएल होरो, सिस्टर कांति लारा इंदवार,सिस्टर मनिका, अन्ना हेम्ब्रम, सिस्टर माइकल, हिन्दोल चटर्जी,स्पोर्ट्स सह पी.टी मास्टर्स – हिमाद्रि भोल, अशोक सिंह यादव, प्रकाश शर्मा, राहुल महतो, कार्यक्रम का संचालन मिताली नाथ, शमा प्रसाद चौधरी सहित सैकड़ो की संख्या में अविभावक मौजूद थे।

    सीआईटी ट्रेंनिग स्कूल में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    सीआईटी ट्रेंनिग स्कूल में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

    उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा उपायों को लेकर जागरूकता लाने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु घाटशिला अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी ऑडिट एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

    इस अभियान के तहत शनिवार को अग्निशामालय घाटशिला अनुमण्डल क्षेत्र अंतर्गत अग्निशामालय पदाधिकारी के रामाशीष राम के द्वारा सीआईटी स्कूल मुसाबनी में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के
    जंगल सर्वाइवल तकनीक कोर्स जंगल प्रशिक्षण के प्रशिक्षुओं को व्याख्यान / लेक्चर के माध्यम से एवं डेमो के माध्यम से
    वरीय अनुदेशक पदाधिकारी राज कुमार ठाकुर,नंद किशोर कुंवर के समक्ष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 80 वन आरक्षी,
    7 वरीय अनुदेशक ,2 अनुदेशक,5 पीटीआई को
    मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव के उपाय, अग्निशमन यंत्रों का उपयोग तथा सुरक्षित निकासी की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
    अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों के कर्मचारियों को आग से बचाव के प्राथमिक उपाय, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आपातकालीन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ऐसे सभी सार्वजनिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठान अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में सजग एवं सक्षम रहें।

    सरायकेला-खरसावाँ जिले की जलछाजन परियोजनाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

    सरायकेला-खरसावाँ जिले की जलछाजन परियोजनाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

    सरायकेला-खरसावां

    20 नवम्बर 2025 को लोहरदगा जिला के कुड़ु प्रखंड में ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग, झारखंड की मंत्री श्रीमती दिपिका पाण्डेय सिंह की अध्यक्षता में झारखंड राज्य जलछाजन मिशन द्वारा राज्य स्तरीय वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया।

    इस अवसर पर भारत सरकार के वाटरशेड-जन भागीदारी अभियान के तहत चलाए जा रहे राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावाँ जिले के सरायकेला एवं राजनगर प्रखंड में क्रियान्वित जलछाजन परियोजनाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक प्रखंड को ₹20-20 लाख की राशि से पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दिपिका पाण्डेय सिंह के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।

    पुरस्कार ग्रहण कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावाँ उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में जिला कृषि पदाधिकारी, जलछाजन पदाधिकारी, कर्मी और जलछाजन समितियों के सदस्य शामिल हुए। कुल लगभग 100 प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

    इस अवसर पर सरायकेला-खरसावाँ जिले द्वारा एक स्टॉल प्रदर्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें जिले में क्रियान्वित जलछाजन परियोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया।

    ज्ञातव्य है कि झारखंड राज्य जलछाजन मिशन, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिले के सरायकेला एवं राजनगर प्रखंड में जलछाजन परियोजनाएँ क्रियान्वित की जा रही हैं। इसमें शामिल गतिविधियाँ हैं—

    स्टेगरड कंटूर ट्रेंच

    वाटर एब्जॉरबेशन ट्रेंच

    ट्रेंच कम बंड

    मेढ़बंदी एवं तालाब निर्माण

    लुज बोल्डर चेक डेम एवं मिट्टी के चेक डेम

    पौधारोपण

    कृषि एवं बागवानी फसल उत्पादन

    इस परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा, कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है।

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।

    सरायकेला-खरसावां

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न — अवैध खनन एवं परिवहन पर कठोर निगरानी, संलिप्त व्यक्तियों पर सख़्त कार्रवाई हेतु स्पष्ट निर्देश।

    समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

    बैठक के प्रारंभ में जिला खनन पदाधिकारी श्री सतपथी द्वारा सितंबर एवं अक्टूबर माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध संचालित विशेष अभियानों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि इन अभियानों के दौरान 07 ट्रैक्टर, 03 जेसीबी, 01 ट्रक, 09 हाईवा, 02 हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर एवं 02 डंपिंग मशीनें जब्त की गईं। लगभग 7.5 लाख घनफुट अवैध बालू ज़ब्त किया गया तथा छह वाहनों से ₹2.45 लाख दंड राशि वसूल की गई। इसी अवधि में अवैध उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित कुल 07 प्राथमिकी दर्ज की गईं।

    बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की किसी भी गतिविधि को पूर्णतः रोकने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतत एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील खनन क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण अभियान संचालित किए जाएँ तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होते ही संयुक्त टीम द्वारा त्वरित छापेमारी की जाए। उपायुक्त ने मिलन चौक, तिरुलडीह चेकपोस्ट सहित प्रमुख चेक नाकों पर आगामी दो दिनों के भीतर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की निरंतर तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी चेक-प्वाइंट को CCTV आधारित 24×7 निगरानी प्रणाली के अंतर्गत लाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

    उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में संलग्न सभी वाहनों में ढुलाई सामग्री को पूर्णतः ढका एवं सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा एवं सार्वजनिक मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित रहे। उन्होंने जब्त बालू की नीलामी प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने तथा राजस्व प्राप्ति से संबंधित सभी कार्यवाही को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।

    बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई दल गठित करें तथा पर्याप्त पुलिस बल के साथ गोपनीय छापामारी कर दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं नियमसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जब्त वाहनों, मशीनरी एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर मामलों का न्यायालय में शीघ्र प्रस्तुतिकरण हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत देरी न हो।

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

    सरायकेला-खरसावां

    उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न — सड़क दुर्घटनाओं में नियंत्रण, यातायात अनुशासन, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई के दिए गए निर्देश।

    समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, यातायात निरीक्षक एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

    बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त ने विगत बैठक में दिए गए दिशा–निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। इस क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो द्वारा अक्टूबर माह में जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं एवं उनके संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 में कुल 24 सड़क दुर्घटनाएँ दर्ज की गईं, जिनमें 17 मृत्यु, 11 गंभीर रूप से घायल, तथा 03 मामूली चोट के मामले शामिल हैं। सभी घटनाओं में संबंधित थाना क्षेत्रों द्वारा आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की गई है तथा यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न स्तरों पर निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं।

    बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत बनाने हेतु सभी विभागों को समन्वित एवं सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रमुख चौक–चौराहों, गोलचक्कर एवं मुख्य सड़कों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड लिमिट संकेतक, चेतावनी बोर्ड एवं दिशा–निर्देश पट्टिकाओं की स्थापना सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों, बाज़ार क्षेत्रों एवं व्यस्त चौक–चौराहों पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर निरंतर एवं सख़्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया कि वे अपने परिसरों में बिना हेलमेट प्रवेश पूर्णत: वर्जित करें तथा अपने कर्मियों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य सड़क सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूक करें।

    उपायुक्त ने Jharkhand Accelerated Road Development Company Limited (JARDCL) तथा National Highways Authority of India (NHAI) के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने–अपने सड़क खंडों पर आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं सुधार कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जोनल कार्यालय को तुरंत सूचित किया जाए। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु विशेष कार्य योजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट सुधार, सुरक्षा मानक, सड़क सतह की गुणवत्ता एवं चिन्हांकन को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

    बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश विनायक ने निर्देश दिया कि जिले में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु विशेष जाँच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएँ तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दोपहिया वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को हेलमेट की उपयोगिता तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के संबंध में व्यापक जन–जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने जिला परिवहन पदाधिकारी को विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा आवश्यकतानुसार हेलमेट वितरण कर उनके अनिवार्य उपयोग के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए।

    बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित दिशा–निर्देशों के अनुपालन और संयुक्त प्रयासों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाए, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके और एक सुरक्षित यातायात वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

    श्रीश्री मां शीतला मंदिर तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का हुआ समापन

    श्रीश्री मां शीतला मंदिर तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का हुआ समापन

    पूर्वी सिंहभूम/मुसाबनी

      मुसाबनी स्थित श्री श्री मां शीतला के मंदिर में शुक्रवार को तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना के साथ संपन्न हो गया। पूजा अर्चना एवं हवन धार्मिक अनुष्ठान का सफल आयोजन चेन्नई से आए हैं पंडितों द्वारा कराया गया। इस मौके पर भक्तों ने पूरे मंदिर परिषर की परिक्रमा की। पूजा अर्चना करने को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में जुटने लगी थी। पूजा अर्चना के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।मन्दिर परिसर दक्षिण भारतीय वाद्य यंत्रों से गुंजायमान रहा।

      Design a site like this with WordPress.com
      Get started