आदित्यपुर में रविवार को 4 घंटे तक बिजली रहेगी बाधित, JBVNL ने जारी की सूचना।

आदित्यपुर में रविवार को 4 घंटे तक बिजली रहेगी बाधित, JBVNL ने जारी की सूचना।

सरायकेला/आदित्यपुर

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL), विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल-II, आदित्यपुर कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 02.08.2026, रविवार को मेंटेनेंस कार्य के कारण आदित्यपुर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने बताया कि अति आवश्यक कार्य होने के कारण यह शटडाउन लिया जा रहा है।

कहां और कब रहेगी बिजली बंद –

1. दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक:
प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० पी०एस०एस० आदित्यपुर-02 के सभी 11 के०वी० फीडर
प्रभावित क्षेत्र: 4th फेज इंडस्ट्रियल एरिया, 6th फेज इंडस्ट्रियल एरिया, गायत्री नगर, गम्हरिया ब्लॉक, चित्रगुप्त नगर, गम्हरिया बस्ती, स्टेशन रोड एवं मोतीनगर
कार्य: कनेक्टर बदलने, AB Switch Maintenance एवं पेड़ों की डाली की छंटाई का कार्य।

2. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक:

प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० विद्युत शक्ति उपकेन्द्र, आदित्यपुर SS-4
फीडर: 33 KV Noddy एवं RKFL फीडर
प्रभावित क्षेत्र: M/S NODDY AUTO PVT. LTD. एवं M/S RAMKRISHNA FORGING LTD
कार्य: 33 के० वी० नया ब्रेकर लगाने का कार्य।

3. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक:

प्रभावित सब-स्टेशन: 33/11 के०वी० विद्युत शक्ति उपकेन्द्र, आदित्यपुर-3
फीडर: 11 के०वी० फीडर नं०-2
प्रभावित क्षेत्र: पी०एस०एस० से उषा मोड़ & डॉल्फिन तक, श्यामलाल आयरन & स्टील कंपनी, KYS, माँ तारा, सिंह इलेक्ट्रिकल, सिंह मैकेनिकल, अनुपमा रंजन, सिंहभूम स्टील, श्रीराम क्रीक्स एवं डॉल्फिन इत्यादि।

कार्य: पेड़ों की डाली की छंटाई का कार्य।

विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। विद्युत संबंधित जानकारी या विशेष परिस्थिति में सहायक विद्युत अभियंता, आदित्यपुर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

यह सूचना जनहित में जारी की गई है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिक समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं : जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिक समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं : जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत पात्र होने पर समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 05 अगस्त, 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के उपरांत ऐसे सभी नए मतदाता, जिनकी आयु 01 अक्टूबर, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 05 अगस्त, 2026 से 04 सितंबर, 2026 तक पात्र नागरिक अपने संबंधित बीएलओ अथवा ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में सभी पात्र नागरिक निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन कर अपने मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदाता के रूप में पंजीकरण पर निर्भर करती है। इसलिए सभी युवा, शैक्षणिक संस्थान, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाएँ, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें तथा मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं भी मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सभी का समय पर मतदाता सूची में पंजीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाएगा।

आदित्यपुर से राहत भरी खबर: गुमशुदा दोनों बच्चे सकुशल मिले, वार्ड 23 के पार्षद अवधेश सिंह के प्रयासों की हो रही सराहना।

आदित्यपुर से राहत भरी खबर: गुमशुदा दोनों बच्चे सकुशल मिले, वार्ड 23 के पार्षद अवधेश सिंह के प्रयासों की हो रही सराहना।

बच्चों के परिजन उन्हें वापस लाने के लिए झारसुगुड़ा रवाना हो चुके हैं।

सरायकेला/आदित्यपुर

सोनू कुमार सिंह

आदित्यपुर के लिए अत्यंत हर्ष और राहत का समाचार है। दो मासूम बालक मोहम्मद असद और अंश गुप्ता सकुशल मिल गए हैं। दोनों बच्चों के मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर हैं।

ज्ञात हो कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 (कल्पनापुरी) से दो नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को वॉलीबॉल खेलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे हैं।

इस पूरे कठिन समय में वार्ड संख्या 23 के लोकप्रिय पार्षद अवधेश सिंह ने जिस संवेदनशीलता, तत्परता और नेतृत्व का परिचय दिया, वह काबिले-तारीफ है। बच्चों की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पार्षद जी ने स्वयं मोर्चा संभाला, प्रशासन से लगातार संपर्क में रहे और खोज अभियान को तेज करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया।

पार्षद अवधेश सिंह ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम और सहयोगियों को देते हुए कहा –

“यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। यह सफलता पुलिस प्रशासन की तत्परता और आम नागरिकों की एकजुटता का परिणाम है। मैं उन सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस अभियान में सहयोग किया।”

पार्षद ने विशेष रूप से धन्यवाद दिया-

1. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह जी एवं उनकी पूरी टीम का, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए मेहनत कर बच्चों को ढूंढ निकाला।
2. आरपीएफ (RPF) पुलिस का, जिन्होंने इस अभियान में सक्रिय सहयोग दिया।
3. मधु प्रजापति जी का, जिन्होंने ट्रेन में बच्चों की पहचान कर समय पर सूचना देकर मानवता की मिसाल पेश की।

इसके साथ ही उन सभी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया साथियों और शुभचिंतकों का भी आभार जिन्होंने गुमशुदगी की सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया।

वार्ड 23 की जनता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्षद अवधेश सिंह ने एक सच्चे जनसेवक की तरह अपने परिवार की तरह पूरे मामले को देखा। उनकी सक्रियता और मानवीय संवेदना समाज के लिए प्रेरणादायक है। वार्डवासियों की ओर से पार्षद जी को हृदय से धन्यवाद!

चांडिल में नोटरी की फर्जी मोहर से दस्तावेज तैयार करने का मामला, पुलिस जांच में जुटी।

चांडिल में नोटरी की फर्जी मोहर से दस्तावेज तैयार करने का मामला, पुलिस जांच में जुटी।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल व्यवहार न्यायालय से नोटरी पब्लिक की फर्जी मोहर बनाकर दस्तावेज तैयार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले का खुलासा वरिष्ठ अधिवक्ता सह नोटरी पब्लिक अशोक कुमार झा ने किया है। शिकायत मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
अधिवक्ता अशोक कुमार झा ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें एक दस्तावेज प्राप्त हुआ। दस्तावेज पर उनका नाम और नोटरी की मोहर अंकित थी, लेकिन जांच करने पर पता चला कि वह मोहर फर्जी थी और उस पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे।

अशोक कुमार झा ने बताया कि वे भारत सरकार से लाइसेंस प्राप्त नोटरी पब्लिक हैं और वर्षों से चांडिल व्यवहार न्यायालय परिसर में नोटरी सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके नाम और फर्जी मोहर का इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार किए जाने से उनकी प्रतिष्ठा के साथ-साथ न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने इस संबंध में चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल थाना, न्यायालय तथा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के साथ उन्होंने अपनी असली नोटरी मोहर का नमूना और फर्जी दस्तावेज की प्रति भी सौंपी है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर फर्जी दस्तावेज बनाने वाले का पता लगाने में जुटी है।

मामले की जांच के लिए चांडिल थाना के ASI सुरेंद्र कुमार व्यवहार न्यायालय पहुंचे और अधिवक्ताओं तथा नोटरी से जुड़े कर्मियों से पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली मोहर किसने तैयार की और उसका इस्तेमाल किन-किन दस्तावेजों में किया गया।

बार एसोसिएशन ने भी घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

रेलवे ट्रैक पर ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस।

रेलवे ट्रैक पर ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में तिरुलडीह और बाकारकुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच चानो गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक 50 वर्षीय ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान तिरूलडीह थाना क्षेत्र के चानो गांव निवासी मंगल सिंह मुंडा के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।परिजनों एवं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह मुंडा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे।

हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कपाली पुलिस की बड़ी कामयाबी हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार, लोडेड देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद।

कपाली पुलिस की बड़ी कामयाबी हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार, लोडेड देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद।

सरायकेला/कपाली

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस को 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजकर 50 मिनट पर गुप्त सूचना मिली कि पुड़ीसिली के पास दो युवक स्कूटी पर हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी, निवासी निर्मलनगर दोमुहानी विलासबस्ती, थाना सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कपाली ओपी कांड संख्या 105/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सोनारी, घोड़ाबांधा और कपाली थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
इस सफल अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने किया। अभियान में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

कपाली पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना समय रहते टल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सतर्कता और सक्रियता की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है। अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

रघुनाथपुर में जंगली हाथियों का उत्पात, किसानों की धान की बिचड़े रौंदी।

रघुनाथपुर में जंगली हाथियों का उत्पात, किसानों की धान की बिचड़े रौंदी।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने शुक्रवार को जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई किसानों के खेतों में लगी धान की बिचड़ी को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। रघुनाथपुर निवासी किसान गुरुपद महतो, निमाई महतो, कुंजबिहारी महतो, शशिभूषण महतो, शिवराम महतो, जगन्नाथ महतो, निवारण महतो और उमापद महतो के खेत में लगे धान के बिचड़े को रौन्द कर नष्ट कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड पिलीद जंगल में डेरा जमाए हुए है। शाम होते ही हाथी जंगल से निकलकर गांवों और खेतों में पहुंच जाते हैं तथा फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

वन विभाग के अनुसार, हाथियों का यह झुंड पश्चिम बंगाल से स्वर्णरेखा नदी पार कर ईचागढ़ क्षेत्र में पहुंचा है। फिलहाल झुंड का अधिकांश हिस्सा पिलीद जंगल में मौजूद है, जबकि कुछ हाथी तमाड़ रेंज की ओर चले गए हैं। हाथियों को गांव की ओर आने से रोकने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अकेले जंगल या खेत की ओर नहीं जाने तथा हाथी दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने बच्चों के खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर सी.आई. को सौंपा आपत्ति पत्र।

गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने बच्चों के खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर सी.आई. को सौंपा आपत्ति पत्र।

सरायकेला/गम्हरिया

गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने छोटा गम्हरिया स्थित बानी विद्या स्कूल के बच्चों के खेल मैदान पर प्रस्तावित मेधा मिल्क बूथ निर्माण के विरुद्ध शुक्रवार को अंचल कार्यालय, गम्हरिया पहुंचकर अपना आपत्ति पत्र सौंपा। अंचल अधिकारी (सी.ओ.) के अवकाश पर रहने के कारण प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन अंचल निरीक्षक (सी.आई.) को सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिस भूमि पर मेधा मिल्क बूथ निर्माण का प्रस्ताव है, वह वर्षों से बानी विद्या स्कूल के बच्चों के खेल मैदान के रूप में उपयोग में लाई जाती रही है। यदि इस भूमि पर निर्माण कराया जाता है तो बच्चों के खेलने का एकमात्र मैदान समाप्त हो जाएगा, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थल पर निर्माण कार्य रोकने तथा मेधा मिल्क बूथ के लिए वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने की मांग की।

इस अवसर पर गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर, जिला महासचिव राजू रजक, गम्हरिया प्रखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला देवी तथा विनय सिंह उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए उनकी आपत्ति पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल द्वारा खरसावाँ एवं कुचाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल द्वारा खरसावाँ एवं कुचाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया।

सरायकेला-खरसावां

उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल द्वारा खरसावाँ एवं कुचाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, विक्रय अभिलेख, पीओएस (PoS) मशीन के माध्यम से की जा रही ऑनलाइन प्रविष्टि, मूल्य सूची के प्रदर्शन तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में कुचाई प्रखंड क्षेत्र की कुछ उर्वरक दुकानें बंद पाई गईं, जिस पर संबंधित दुकानदारों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा गया कि बिना उचित कारण दुकान बंद न रखें तथा किसानों की आवश्यकता को देखते हुए नियमित रूप से दुकान का संचालन सुनिश्चित करें।

जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, प्रत्येक बिक्री की ऑनलाइन प्रविष्टि पीओएस मशीन के माध्यम से अनिवार्य रूप से करें, निर्धारित दर से अधिक मूल्य की वसूली नहीं करें, स्टॉक एवं विक्रय अभिलेख अद्यतन रखें तथा दुकान में स्टॉक एवं मूल्य सूची का स्पष्ट प्रदर्शन करें। साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी अथवा अनियमितता उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन, अनावश्यक रूप से दुकान बंद रखना अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस क्रम में कृषि निरीक्षक मधुसुधन कुमार सिन्हा उपस्थित रहे.

इंडियन ट्रेड लिंक्स ने किए मासिक संयुक्त बैठक (सेफ्टी मास मीटिंग) का आयोजन।

इंडियन ट्रेड लिंक्स ने किए मासिक संयुक्त बैठक (सेफ्टी मास मीटिंग) का आयोजन।

जमशेदपुर

इंडियन ट्रेड लिंक्स ने गुरुवार को जमशेदपुर में टाटा स्टील लिमिटेड परिसर के स्कैफोल्डर कॉन्ट्रैक्टर्स पार्क में सुरक्षा पर केंद्रित एक संयुक्त बैठक आयोजित की। इस बैठक में लवदीप और विनोद पाण्डेय विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

बैठक में मुख्य रूप से शॉप फ्लोर पर कॉन्ट्रैक्ट वर्करों की सुरक्षा को बेहतर बनाने और सुरक्षा से जुड़ी पहलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई। सेफ्टी ऑफिसर सरफराज और नीरज ने बैठक का एजेंडा बताया और स्कैफोल्डर्स के सुरक्षा प्रदर्शन और नई पहलों के असर के बारे में जानकारी दी। विनोद पाण्डेय और लब्दीप ने कंपनी में हाल ही में हुई गंभीर दुर्घटनाओं का ज़िक्र किया और ‘ज़ीरो हार्म’ अभियान में कॉन्ट्रैक्ट वर्करों और वेंडरों की सक्रिय भागीदारी की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।

उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा से जुड़े नैतिक मुद्दों पर खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित किया। कंपनी के मैनेजर लवदीप और विनोद ने अब तक के बेहतरीन सुरक्षा प्रदर्शन और कर्मचारियों की प्रभावी कार्यों के लिए की तारीफ़ भी की।

साथ ही उन्होंने वर्करों की चिंताओं को सुना और उनके सुझावों का स्वागत किया। इसके अलावा, महीने के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को तोहफ़े देकर सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में सुपरवाइज़र मुकेश कुमार शर्मा, स्कैफोल्डर राज कुमार कैवर्ता,कलोल रॉय,बबलू महतो,ड्राइवर रोशन महतो के साथ साथ (सभी कार्यों को बेहतर तरीके से करने के लिए) एडमिन भी शामिल थे।

ईचागढ़ गांव में हादसा पीड़ित परिवार से मिलीं विधायक सविता महतो किया आर्थिक सहयोग

ईचागढ़ गांव में हादसा पीड़ित परिवार से मिलीं विधायक सविता महतो किया आर्थिक सहयोग

सरायकेला/ईचागढ़

सोनू कुमार सिंह

ईचागढ़ प्रखंड के ईचागढ़-डुमटांड़ मुख्य मार्ग स्थित घुनियापाड़ा में बालू लदे अनियंत्रित टीपर के घर में घुस जाने की घटना के बाद शुक्रवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने मंगल राजवार के घर जाकर हादसे की जानकारी ली तथा दुर्घटना में घायल बच्चों और परिजनों का हालचाल जाना।

विधायक ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कच्चे मकान का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में तिरपाल उपलब्ध कराया। साथ ही उन्होंने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

इस दौरान विधायक ने संबंधित प्रखंड कर्मियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके।विधायक के आगमन पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सपन आदित्यदेव, पशुपति बागची, समेत प्रखंड कर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

पांच चोरी की बाइक के साथ तीन गिरफ्तार

पांच चोरी की बाइक के साथ तीन गिरफ्तार

सरायकेला

सरायकेला थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की एक पंजीकृत हीरो स्प्लेंडर बाइक समेत कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंसारी उर्फ तेजा, करण बास्के और कृष्णा नाथ उर्फ दुखु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

यह मामला सरायकेला थाना कांड संख्या-61/2026 से जुड़ा है। 27 जुलाई को लाल चांद सरदार की लिखित शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में 17 जुलाई की रात घर के सामने से उनकी हीरो स्प्लेंडर (रजिस्ट्रेशन संख्या JH22F-8686) चोरी होने की बात कही गई थी।

गिरफ्तार आरोपी-अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), कमलपुर, सीनी ओपी करण बास्के (22 वर्ष), पदमपुर, कांड्रा थाना
कृष्णा नाथ उर्फ दुखु (22 वर्ष), लखीपुर, राजनगर थाना
पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ पूर्व में कई चोरी और अन्य मामलों में केस दर्ज हैं, जबकि करण बास्के पर भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Design a site like this with WordPress.com
Get started