कुकड़ू प्रखंड भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभिन्न संस्थानों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।

कुकड़ू प्रखंड भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभिन्न संस्थानों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।

सरायकेला/खरसावां

उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने कुकड़ू प्रखंड का भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्र, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सामग्री बच्चों की पहुंच में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया।

झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र छात्राओं तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत प्रखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में प्राप्त विभिन्न जनसमस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े।

साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से क्रमवार मिले उपायुक्त।

साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से क्रमवार मिले उपायुक्त।

प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई हेतु विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कई मामलों में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों को नियमानुसार निष्पादन हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

जनता दरबार में मुख्य रूप से मत्स्यजीवी समिति द्वारा तालाब बंदोबस्ती में राजस्व दर में की गई वृद्धि पर पुनर्विचार करने, कुचाई प्रखंड अंतर्गत बेरासीसीरूम गांव में विद्युत तारों की मरम्मत कराने, खरसावाँ स्थित शहीद पार्क के रखरखाव हेतु कार्ययोजना तैयार कर सामान्य दिनों में भी आमजन के लिए पार्क को खुला रखने, शहीद चौक एवं शहीद पार्क में संचालित जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ईचागढ़ में छात्रा का नामांकन कराने, झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना का लाभ विगत पाँच माह से बाधित रहने, आदित्यपुर क्षेत्र में रैयती भूमि के रास्ते को जबरन अवरुद्ध किए जाने, तमोलिया–कपाली मुख्य मार्ग पर बहने वाले दूषित जल की निकासी हेतु सार्वजनिक नाली निर्माण कराने, भूमि विवाद, पेयजल, विद्युत, राशन तथा अन्य विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य जनसमस्याओं एवं लोकहित के मामलों पर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए।

उपायुक्त ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों एवं जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा गंभीर प्रकृति के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।

ऐतिहासिक रथयात्रा को मिलेगा स्थायी संरक्षण: चंपई सोरेन ने किया बड़ा ऐलान।

ऐतिहासिक रथयात्रा को मिलेगा स्थायी संरक्षण: चंपई सोरेन ने किया बड़ा ऐलान।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपई सोरेन ने लिया तैयारियों का लिया जायजा, बोले- सरायकेला की सांस्कृतिक पहचान है रथयात्रा; रथ आसन भवन बनेगा, 16 जुलाई को स्वयं खींचेंगे रथ।

सरायकेला/खरसावां

तीन शताब्दियों से भी अधिक समय से चली आ रही सरायकेला की ऐतिहासिक रथयात्रा इस वर्ष एक नई सौगात के साथ आयोजित होने जा रही है। सोमवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपई सोरेन रथ निर्माण स्थल पहुंचे और भगवान जगन्नाथ के रथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कारीगरों से मुलाकात कर निर्माण की प्रगति जानी तथा श्री जगन्नाथ सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान चंपई सोरेन ने कहा कि सरायकेला की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कारीगरों से परंपरा और गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए रथ निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने का आग्रह किया।

इस दौरान समिति के आग्रह पर उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भविष्य में रथ को हर वर्ष खोलकर सुरक्षित रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके लिए एक स्थायी रथ आसन भवन का निर्माण कराया जाएगा, जहां रथ को संरक्षित रखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ रथ निर्माण प्रक्रिया को भी सुगम बनाएगी।

श्री जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रथ महोत्सव के अंतर्गत 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं 16 जुलाई को भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे। परंपरा के अनुसार सरायकेला राजपरिवार के गजपति राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव छेरा-पोंहरा की रस्म निभाएंगे, जिसके बाद श्रद्धालु रथ को खींचेंगे।

चंपई सोरेन भी रथयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचेंगे। मौके पर श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष लिपू मोहंती, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, बद्री नारायण दारोगा, विजय दत्त, राजकुमार सिंह, दुखु साहु सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। क्षेत्र की पहचान बन चुकी यह ऐतिहासिक रथयात्रा एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गौरव का भव्य संदेश देने को तैयार है।

डीडी बार हत्याकांड: तीन और आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद।

डीडी बार हत्याकांड: तीन और आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद।

जमशेदपुर/बिष्टुपुर

शहर के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कई घातक हथियार, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मुख्य अभियुक्तों को फरार कराने, हथियार छिपाने और साक्ष्य मिटाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 के तहत दर्ज इस मामले में 27 जून की रात डीडी बार के भीतर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा और उसके साथियों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इससे पहले इस मामले में पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिन्द्र लोहार और जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जगदीश मंडल ने मुख्य आरोपियों को फरार होने में मदद की, हत्या में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने और वाहन उपलब्ध कराने में भी उसकी भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपियों और विधि-विरुद्ध बालक की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोहे का चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, स्टील की गुप्ती, एक हीरो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामान को मामले के अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है।

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपंगडीह में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती।

नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपंगडीह में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती।

शिक्षा, राष्ट्रवाद और सेवा के प्रतीक थे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी :- डॉ. जटाशंकर पांडे।

सरायकेला/चांडिल

नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपंगडीह चांडिल में भारत के महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, शिक्षा, औद्योगिक विकास तथा जनसेवा के लिए समर्पित रहा।

उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी कम आयु में ही कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति बने तथा स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बाद में उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी विचारधारा को नई दिशा प्रदान की। डॉ॰ श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने स्वेच्छा से अलख जगाने के उद्देश्य से राजनीति में प्रवेश किया। डॉ॰ मुखर्जी सच्चे अर्थों में मानवता के उपासक और सिद्धान्तवादी थे। उन्होने बहुत से गैर कांग्रेसी हिन्दुओं की मदद से कृषक प्रजा पार्टी से मिलकर प्रगतिशील गठबन्धन का निर्माण किया। इस सरकार में वे वित्तमन्त्री बने। इसी समय वे सावरकर के राष्ट्रवाद के प्रति आकर्षित हुए और हिन्दू महासभा में सम्मिलित हुए।

डॉ. जटाशंकर पांडे ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक सेवा के मार्ग पर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों का जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस मौके पर एडवोकेट निखिल कुमार, प्राचार्य जयदीप पांडे जी, शांति राम महतो, भगत लाल तेली,प्रकाश महतो, शुभम साहू, देवाशीष मंडल, शशि भूषण महतो, पवन महतो, कृष्णा पद महतो, अजय मंडल,गौरव महतो आदि उपस्थित थे।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण-पर्व के तहत विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण-पर्व के तहत विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के गौरांगकोचा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण-पक्ष के अवसर  पर डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण, शिक्षा, राष्ट्रवाद तथा भारत की एकता एवं अखंडता के लिए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा , जिला महामंत्री डॉ भूषण चन्द्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष रितिका मुखी , अमितेश अमर, जिला मंत्री पप्पू वर्मा , सतीश शर्मा रितिका मुखी, जिला मीडिया प्रभारी मनोहर दास एवं गुरजीत मेहरा, युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय कृष्णा राजू, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेश कुंडू, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कृष्णा प्रधान, महिला मोर्चा जिला महामंत्री  मोनिका घोष,मन की बात के जिला संयोजक दिवाकर सिंह, भाजपा नेत्री अनीता पारित, मंडल अध्यक्ष शिशिर प्रमाणिक, कामदेव नायक एवं सुमन मुखर्जी,मनोरंजन महतो, युधिष्ठिर महतो, अनिल सिन्हा मोनिका घोष सुनीता पासवान सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।

चांडिल प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती पीवीटीजी बहुल गांवों में पहुंचकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत घर-घर संचालित एन्यूमरेशन एवं मतदाता सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण।

चांडिल प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती पीवीटीजी बहुल गांवों में पहुंचकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत घर-घर संचालित एन्यूमरेशन एवं मतदाता सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण।

सरायकेला/चांडिल

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह द्वारा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांडिल प्रखंड के पीवीटीजी (PVTG) बहुल सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत धुनाबुरु के टोला कोड़ाबुरु, तुलग्राम एवं पालगाम का क्षेत्र भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत संचालित घर-घर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घर-घर जाकर मतदाताओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया तथा एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया एवं मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया तथा मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कराने, आवश्यकतानुसार एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने एवं विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने क्षेत्र के दिव्यांग (PWD) मतदाताओं के घर पहुंचकर भी उनका कुशलक्षेम जाना तथा एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित बीएलओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच बनाते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

इस क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांडिल तलेस्वर रविदास, संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए एन्यूमरेशन प्रपत्रों का वितरण, योग्य मतदाताओं का सत्यापन तथा पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों एवं आवेदनों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा ग्रामीणों को यथाशीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।।

अवैध बालू – पत्थर परिवहन से सड़कें बदहाल,आम जनता परेशान: मधुश्री महतो।

अवैध बालू – पत्थर परिवहन से सड़कें बदहाल,आम जनता परेशान: मधुश्री महतो।

सरायकेला/ईचागढ़

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू एवं पत्थर के परिवहन को लेकर एक बार फिर प्रशासन की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित तिरूलडीह, पोइलोंग, जारगो, सापादा तथा आसपास के क्षेत्रों से बिना नंबर की जेसीबी मशीनों और ओवरलोड हाइवा के माध्यम से रात के अंधेरे में अवैध खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की सड़कें तेजी से जर्जर हो रही हैं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मिलन चौक से तिरुलडीह, कुकड़ू, सपादा, सिरुम, झिमरी, बान्दू एवं आदरडीह तक की सड़कें जगह-जगह बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों का आवागमन प्रभावित हो रहा है जबकि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

मधुश्री महतो ने आरोप लगाया कि यदि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र का सड़क नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगा। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने याद दिलाया कि झारखंड में 10 जून से 15 अक्टूबर तक NGT के निर्देश प्रभावी रहते हैं जिसके तहत केवल पर्यावरण स्वीकृत स्टॉक से ही बालू के उठाव और परिवहन की अनुमति है। इसके बावजूद यदि नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है तो संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने बिना नंबर की जेसीबी मशीनों और हाइवा की तत्काल जब्ती, जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनहित, सड़क सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए प्रशासन को अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।

भाजपा नेत्री मीरा मुंडा की कार ऑटो से टकराई, हादसे के बाद दिखाई मानवता।

भाजपा नेत्री मीरा मुंडा की कार ऑटो से टकराई, हादसे के बाद दिखाई मानवता।

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से एक और दुर्घटना की खबर सामने आ रही है जिसमें की आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित टोल ब्रिज के समीप रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की धर्मपत्नी एवं भाजपा नेत्री मीरा मुंडा की कार एक ऑटो से टकरा गई।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि टक्कर के कारण मीरा मुंडा की कार क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन भाजपा नेत्री मीरा मुंडा ने बेहद संवेदनशील और मानवीय व्यवहार का परिचय देते हुए उन्होंने सबसे पहले ऑटो चालक का हालचाल जाना। मीरा मुंडा ने चालक से पूछा, “आपको कहीं चोट तो नहीं लगी?” जब यह सुनिश्चित हो गया कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है, तो उन्होंने बिना किसी बहस या कानूनी विवाद के उसे वहाँ से जाने दिया।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मीरा मुंडा के इस सहृदय व्यवहार की जमकर सराहना की। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार, वार्ड संख्या-11 के पार्षद पुत्र गोपी सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

आमतौर पर सड़क हादसों के बाद तीखे विवादों उत्पन्न होती है। कई बार मारपीट की स्थिति बन जाती है लेकिन रविवार को हुए सड़क हादसे में भाजपा नेत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की धर्म पत्नी ने मानवता दिखाते हुए ऑटो चालक को घटनास्थल से सकुशल जाने दिया।

हिमांशु सिंह हत्याकांड में डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार।

हिमांशु सिंह हत्याकांड में डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार।

जमशेदपुर/बिष्टुपुर

हिमांशु सिंह हत्याकांड में मामले में फरार चल रहे डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने मैनजर को भी हिरासत में ले लिया है. दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। ज्ञात हो कि  27 जून की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस वैन से निकालकर दो युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

वहीं पुलिस की जांच में अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए नीरज सिंह और मैनेजर से पूछताछ के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम पूजा कर मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय पुलिस ने नीरज सिंह को हिरासत में ले लिया। हालांकि, इस मामले में झारखंड पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। गिरफ्तारी की औपचारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और हर एक की निगाहें मुख्य आरोपी पर टिकी है।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव गुरुचरण बाबू से मिले वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूलकांत झा, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव गुरुचरण बाबू से मिले वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूलकांत झा, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पीडीएस संघ के प्रदेश सचिव और जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने चांडिल स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव गुरुचरण बाबू के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। गुरुचरण बाबू पिछले लगभग 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं।

इस अवसर पर फूलकांत झा ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि गुरुचरण बाबू जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः आम जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की।

फूलकांत झा ने बताया कि उनके परिवार और गुरुचरण बाबू के परिवार के बीच पिछले लगभग 40 वर्षों से आत्मीय एवं पारिवारिक संबंध रहे हैं। इसी स्नेह और आत्मीयता के कारण वे व्यक्तिगत रूप से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे।

इस मौके पर देव प्रकाश देवता, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा तथा मनोहर मंडल भी उपस्थित रहे। सभी ने गुरुचरण बाबू (मामाजी)  के शीघ्र स्वस्थ होकर जनसेवा में पुनः सक्रिय होने की कामना की।

15 वर्षों बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के 50 घरों में पहुंचा नल का पानी।

15 वर्षों बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के 50 घरों में पहुंचा नल का पानी।

जमशेदपुर/बागबेड़ा

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयास रंग लाए।

बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत करीब 15 वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के लगभग 50 घरों में आखिरकार नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि डीएमएफटी मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन का इंटर कनेक्शन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति बहाल हो सकी। उन्होंने बताया कि सुबह बेला की सप्लाई शुरू होते ही सभी घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचा। वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं थी। पानी आते ही लोगों ने अपने घरों में बाल्टी, ड्रम एवं अन्य बर्तनों में पानी संग्रह किया और अपनी खुशी व्यक्त की।

सुनील गुप्ता ने कहा कि इस कार्य को पूरा कराने के लिए वे पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने इस संबंध में पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार, जिला उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से कई बार मुलाकात कर मांग पत्र सौंपे। इसके अलावा पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी उन्होंने लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिली है। स्थानीय निवासियों ने जलापूर्ति बहाल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के निरंतर प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना है कि “सुनील गुप्ता केवल वादे नहीं करते, बल्कि अपने प्रयासों से उन्हें धरातल पर साकार भी करते हैं।”

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free