असंगी चेक डैम में डूबे दो बच्चे एक का शव बरामद दूसरे की तलाश जारी

असंगी चेक डैम में डूबे दो बच्चे एक का शव बरामद दूसरे की तलाश जारी

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला खरसावां जिले से दिल को झांकझोर देने वाली और खबर निकल कर सामने आ रही है कि जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी चेक डैम से सटे खरकई नदी किनारे शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जहां नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

वहीं इस पूरे मामले की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा स्थानीय थाना को दी गई। सूचना मिलते ही आरआईटी पुलिस ने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने कुश का शव पानी से बाहर निकाल लिया। लेकिन उत्सव का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गोताखोरों की टीम लगातार चेक डैम में सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के बाद चेक डैम के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातम और शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर गहरे जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने की बड़ी चेतावनी दे रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान आदित्यपुर के कल्पनापुरी अशोक विहार निवासी उत्कर्ष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, लापता दूसरा छात्र एस टाइप का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों दोपहर करीब 1:00 बजे नदी किनारे नहाने पहुंचे थे, जहां वे तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और डूब गए।

पुलिस ने बताया कि एक शव को बाहर निकाल लिया गया है और दूसरे की खोज जारी है। गौरतलब है कि आसंगी चेक डैम और खरकाई नदी के इस क्षेत्र में लगातार डूबने की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे अक्सर बाहर से आने वाले युवकों को गहरे पानी में जाने से मना करते हैं, लेकिन युवक चेतावनी को नजरअंदाज कर नदी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।

लगातार चर्चाओं में बना रहा हिमांशु सिंह हत्याकांड मामला, परिजनों की आंखें नम, नेताओं का लग रहा तांता।

लगातार चर्चाओं में बना रहा हिमांशु सिंह हत्याकांड मामला, परिजनों की आंखें नम, नेताओं का लग रहा तांता।

सरायकेला/खरसावां

साथियों वर्तमान में सरायकेला खरसावां जिले में एक समाचार, एक खबर, एक दुखद खबर, वह खबर जिसने झारखंड के कानून व्यवस्था की पूरी पोल पट्टी खोल कर रख दी, वह खबर जिसने झारखंड की पुलिस की कार्रवाई पर एक प्रश्न चिन्ह छोड़ दी, वह खबर जिसने झारखंड वासियों के दिल को झांकझोर कर रख दिया है, वह खबर जो हर एक समाचार चैनलों हर एक अखबारों हर एक न्यूज़ पोर्टलों की ब्रेकिंग न्यूज़ बन चुका है, वह खबर जिसने राज्य के नेताओं को समाजसेवियों को बुद्धिजीवियों को नींद से जगा दिया है।

और वह खबर है हिमांशु सिंह हत्याकांड।

साथियों आपको बताते चलें कि हिमांशु सिंह हत्याकांड मामला घटनाक्रम से लेकर अब तक चर्चाओं में बना हुआ है। यह मामला एक घटना से लेकर मौत का सफर तय करते हुए सबकी आंखें नम करते हुए राजनीतिक रूप धारण कर लिया।

गौरतलब है कि 27 जून की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस वैन से निकालकर दो युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद हिमांशु सिंह के पिता के बयान पर बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बताया गया है, जिनमें डीडी बार के संचालक नीरज सिंह और बार के मैनेजर का नाम भी शामिल है।

साथियों जहां एक तरफ पुलिस हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले को लेकर पूरी तरह सक्रिय बनी हुई है ताबड़तोड़ छापेमारी, गिरफ्तारी की जा रही है हर वो पहलुओं की जांच कि जा रही है जिससे मुख्य आरोपी का सुराग मिल सके और उस तक पहुंचा जा सके। सीधे लफ्जों में कहा जाए तो जमशेदपुर पुलिस इस वक्त पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस हर एक गतिविधियों पर पैनी नजर बनाई हुई है।

वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं अपने परिजन के खोने के दुख में उनकी आंखों के आंसू रुक नहीं रहे रो-रो कर उनकी आंखें सूज गई। पड़ोसी रिश्तेदार सभी एक-एक कर हिमांशु के घर पहुंच रहे हैं इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का एहसास दिला रहे हैं उनके दुख को बांटने का प्रयास कर रहे हैं।

इधर इस मामले पर नेताओं ने भी अपनी कमर कस ली है एक-एक कर नेता हिमांशु सिंह के घर पहुंच रहे हैं और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधा रहे हैं और झारखंड में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था साथ ही अपराधियों के बढ़ते होसलो के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।  शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी आदित्यपुर स्थित मृतक हिमांशु सिंह के घर पहुंचे। नेताओं ने 100 का कुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढंढास बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रूप से विधायक भानु प्रताप शाही और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

वहीं नेताओं ने परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर बेहद गंभीर आरोप लगाया राज की बधाई सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करते हुए कहा कि जमशेदपुर के नाक के नीचे पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर अपराधियों ने चपड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए पीड़ित युवा पुलिस की जिप्सी में भी घुसे लेकिन अपराधियों ने पुलिस के सामने ही उन्हें बाहर घसीट कर उन पर हमला किया गया। पुलिस मुख दर्शक बनी रही ऐसा लगता है कि राज्य में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है जिसे पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।

भाजपा नेताओं ने इस मामले पर और गंभीरता दिखाते हुए घटना के वक्त मौके पर तैनात लापरवाह पुलिस कर्मियों पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत जेल भेजने की सरकार से मांग कर रहे हैं, साथ ही नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी और भानु प्रताप शाही ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की लीपा पोती करने और केस को मोड़ने का प्रयास कर रही है जिसे भाजपा सफल नहीं होने देगी।

वहीं भाजपा नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस हत्याकांड के खिलाफ पहले जमशेदपुर बंद किया गया है और यदि पीड़ित परिवार को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला तो पार्टी पूरे झारखंड को ठप और बंद करने का काम करेगी इस विषय को लेकर भाजपा का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा।

डीडी बार संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह

वहीं इस मामले में आरोपी बनाए गए डीडी बार के संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह ने जमशेदपुर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत (एंटिसिपेटरी बेल) की याचिका दायर की है। इसके साथ ही एफआईआर में उन्हें आरोपी बनाए जाने को भी कानूनी चुनौती दी गई है।

जानकारी के अनुसार, इस मामले में नीरज सिंह और उनकी पत्नी संध्या सिंह की ओर से कोर्ट में कुल तीन अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इनमें पहली याचिका नीरज सिंह की अग्रिम जमानत से संबंधित है। दूसरी याचिका में एफआईआर में उनका नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी गई है। वहीं, तीसरी याचिका नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह की ओर से दायर की गई है, जिसमें पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को रिलीज करने की मांग की गई है। फिलहाल इन सभी याचिकाओं पर कोर्ट में सुनवाई लंबित है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में नीरज सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा कोर्ट में पैरवी कर रहे हैं।

हालांकि, नीरज सिंह का कहना है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे और न ही वारदात डीडी बार के अंदर हुई थी। उनका दावा है कि पूरी घटना बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में हुई, इसलिए उन्हें इस मामले में आरोपी बनाया जाना उचित नहीं है। इसी आधार पर उन्होंने कोर्ट में एफआईआर को चुनौती देते हुए राहत की मांग की है।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में कोर्ट के आगामी फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह फैसला जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

और अगर इस मामले पर जिले वासियों की कहें तो लगभग लगभग तमाम जिलेवासी इस मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के इंतजार में है हर किसी के जुबान पर बस एक ही सवाल है कि अपराधी आखिर कौन सी ऐसी बिल में छिप गया है जिसे पुलिस ढूंढ नहीं पा रही? या फिर अपराधी को किसी बड़े सफेद पोस् का संरक्षण प्राप्त है?

शेष अगले भाग में

चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

सरायकेला/चांडिल

चांडिल थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित पंजाबी होटल के समीप वाहन जांच के दौरान आजादनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओल्ड पुरुलिया रोड, आजादनगर निवासी समीर अंसारी (22 वर्ष) तथा कपाली गौसनगर निवासी मो. आसिफ (32 वर्ष) के रूप में हुई है। इस संबंध में चांडिल थाना में कांड संख्या 93/26 दिनांक 03 जुलाई 2026 के तहत धारा 317(5), 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त ने मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त ने मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की।

कार्ययोजना निर्धारित कर शत-प्रतिशत जांच एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मलेरिया नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समन्वित कार्ययोजना बनाकर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच की जाए, ताकि संक्रमित मरीजों की समय पर पहचान कर शीघ्र एवं समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों, सीआरपीएफ शिविरों एवं पुलिस थाना परिसरों में प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर नियमित मलेरिया जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य मलेरिया जांच कर उनकी सतत निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जहां भी मलेरिया का कोई मरीज चिन्हित हो, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित मरीज के घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों की मलेरिया जांच करेगी। इसके साथ ही प्रभावित गांव में विशेष सर्वे एवं व्यापक जांच अभियान चलाकर संभावित संक्रमित व्यक्तियों की पहचान तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में मलेरिया नियंत्रण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने, नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक स्तर पर उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए जांच, उपचार, दवा की उपलब्धता, फॉलोअप, स्रोत नियंत्रण तथा जनजागरूकता गतिविधियों को अभियान मोड में संचालित करने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि मलेरिया नियंत्रण एक सतत अभियान है, जिसमें सभी विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आशा, सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से घर-घर निगरानी, समय पर जांच, उपचार तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उपायुक्त के निर्देश पर आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के बार एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण।

उपायुक्त के निर्देश पर आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के बार एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण।

नियमों के कड़ाई से अनुपालन के दिए गए निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र स्थित विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज एवं उत्पाद निरीक्षकों के द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में स्थापित सीसीटीवी व्यवस्था, लाइसेंस एवं अभिलेखों, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही संचालकों को शासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को बार परिसर में प्रवेश अथवा मदिरा परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी। किसी भी प्रकार के डीजे, लाइव म्यूजिक अथवा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही किया जाएगा।

सभी प्रतिष्ठानों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने, बार परिसर एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले आई.पी. आधारित सीसीटीवी कैमरे स्थापित एवं क्रियाशील रखने तथा सीसीटीवी फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यक सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) एवं पहचान सत्यापन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्धारित क्षमता एवं लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही प्रतिष्ठान का संचालन करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालक निर्धारित नियमों, लाइसेंस की शर्तों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। विशेष रूप से 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के प्रवेश एवं उन्हें मदिरा परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन किया जाएगा। साथ ही सभी सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी व्यवस्था एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का हर स्थिति में अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान एवं संचालकों के विरुद्ध प्रचलित विधि के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन के प्रति प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन के हित एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।

मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश।

सरायकेला-खरसावां

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत संचालित गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण अभियान के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ नितिश कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र-51 अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-351 एवं 352 का भ्रमण कर घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य निष्पादन की गुणवत्ता का आकलन किया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत वितरण, समयबद्ध संग्रहण, मतदाता विवरण का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता की उपेक्षा न हो तथा कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार तक पहुँच बनाते हुए सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरवाया जाए तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना वैधानिक कारण के मतदाता सूची से न हटे तथा पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित की जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है तथा इसकी सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय पर निर्भर है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करते हुए अभियान की दैनिक समीक्षा करने, क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन कार्य का नियमित क्षेत्र भ्रमण कर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के माध्यम से अभियान की सतत निगरानी करते हुए समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित कराने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सरायकेला अमित कुमार, संबंधित बीएलओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

खूंटपानी में 992 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल, विधायक ने 436 विद्यार्थियों मे बांटे साईकिल।

खूंटपानी में 992 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल, विधायक ने 436 विद्यार्थियों मे बांटे साईकिल।

बच्चे मन लगाकर पढे, यही झारखंड सरकार की सोच है- दशरथ गागराई।

खूटपानी

झारखंड सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में खूंटपानी प्रखंड के कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष प्रखंड में कुल 992 विद्यार्थियों को साइकिल देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुसार 509 बालकों एवं 483 बालिकाओं को योजना का लाभ मिलना है। अब तक 450 साइकिलों की फिटिंग पूरी की जा चुकी है, जिनमें 200 बालकों और 250 बालिकाओं की साइकिलें शामिल हैं।

शुक्रवार को खूंटपानी के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय पूरूणिया में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के द्वारा विभिन्न विद्यालयों के कुल 436 विद्यार्थियों को साइकिलें का वितरण किया गया। इनमें 198 बालक तथा 238 बालिकाएं शामिल हैं। शेष विद्यार्थियों के बीच भी जल्द साइकिल वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मौके पर दशरथ गागराई ने कहा कि राज्य सरकार में विकास की गंगा बह रही है. लगातार क्षेत्रवासियों को सीधे तौर पर लाभ देने का काम किया जा रहा है। साइकिल मिलने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब आने-जाने में कोई परेशानी नहीं उठानी होगी। बच्चे मन लगाकर पढ़ें, यही झारखंड सरकार की सोच है। इससे बच्चे उत्साहित होंगे तथा शिक्षण कार्य में सुधार होगा। ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या में कमी आएगी एवं नियमित रूप से विद्यालय आने को प्रेरित होंगे। वहीं छात्र-छात्राओं को शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बीईईओ कार्यालय की सूची के अनुसार विभिन्न मध्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर साइकिलों का आवंटन किया गया है। सूची में मिडिल स्कूल पुरुनिया, पीएम श्री यूएचएस भोया, यूएचएस केयाडचालाम, यूएमएस पंड्रासाली, यूएमएस चुरुयू, यूएमएस गलुबासा, यूएमएस अंकोलकुटी, यूएमएस बाचोमहातु, यूपीजी एमएस सोनरो, एएमएस खूंटपानी, एमएस लोटा आदर्श, यूएमएस रंगरुई तथा यूएमएस बड़ागुंटिया सहित कुल 13 विद्यालय शामिल हैं।

खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में पीटीएम आयोजित, बच्चों की नियमित उपस्थिति व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर।

खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में पीटीएम आयोजित, बच्चों की नियमित उपस्थिति व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर।

सरायकेला-खरसावां

प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय, खरसावां में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल संसद के सदस्यों द्वारा अभिभावकों का तिलक, चंदन एवं पुष्प देकर स्वागत के साथ हुई। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए पीटीएम के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में घर पर सहयोग करने, नियमित स्वाध्याय की आदत विकसित कराने तथा विद्यालय से लगातार जुड़े रहने की अपील की गई। साथ ही विद्यार्थियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं, यूनिफॉर्म, ई-कल्याण छात्रवृत्ति, अपार आईडी समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यालय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, स्कूल स्कोर कार्ड, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विद्यालय परिसर के आसपास नशापान और नशीले पदार्थों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, सुझाव पेटी, खोया-पाया बॉक्स एवं कूड़ेदान की उपयोगिता के संबंध में अभिभावकों को जागरूक किया गया। चेतना सत्र के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विज्ञान, पेंटिंग, संगीत एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों की भी प्रदर्शनी लगाई गई।

अभिभावकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय का सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि सरकार की ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू होने के कारण कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को भविष्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई तथा अध्यक्ष एवं सदस्यों के लिए नामांकन लिया गया। अगली बैठक में नई समिति का गठन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। मौके पर खरसावां थाना के एसआई श्याम राठौर, सुजाता सरदार, डॉ. विशाल कुमार साहू, पुष्पा बाखला, रेणुका पुथाल, राज पांडा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

“बिरसा मुंडा स्टेडियम बनेगा जिले की खेल प्रतिभाओं का केंद्र : मनोज कुमार चौधरी।

“बिरसा मुंडा स्टेडियम बनेगा जिले की खेल प्रतिभाओं का केंद्र : मनोज कुमार चौधरी।

सरायकेला-खरसावां

जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि बिरसा मुंडा स्टेडियम आने वाले समय में जिले की खेल प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने सरकारी विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से नियमित रूप से स्टेडियम में अभ्यास करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मक जीवन दृष्टि का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का स्वाभाविक हिस्सा हैं। जीत विनम्रता सिखाती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, कठोर परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा जन्म से नहीं, बल्कि नियमित अभ्यास और अनुशासित मेहनत से विकसित होती है। जो खिलाड़ी मैदान में लगातार पसीना बहाता है, वही भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

चौधरी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पदक जीतने वाले ही नहीं, बल्कि पूरे समर्पण के साथ मैदान में उतरने वाले प्रत्येक खिलाड़ी सम्मान के पात्र हैं। खेल का सबसे बड़ा पुरस्कार बेहतर व्यक्तित्व, स्वस्थ शरीर और आत्मविश्वास का विकास है।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिला फुटबॉल ओलंपिक संघ के सचिव दिलदार अंसारी के मार्गदर्शन में मैच रेफरी, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता के परिणाम
सुब्रतो कप अंडर-17 बालिका वर्ग
प्रथम : गम्हरिया प्रखंड (केजीबीवी गम्हरिया)
द्वितीय : नीमडीह प्रखंड (केजीबीवी नीमडीह)
तृतीय : सरायकेला प्रखंड (केजीबीवी सरायकेला)
लिटिल चैंप्स फुटबॉल टूर्नामेंट (अंडर-12 बालक वर्ग)
प्रथम : चांडिल प्रखंड (यूएमएस गांगुडीह)
द्वितीय : कुचाई प्रखंड (यूएमएस कुचाई)
तृतीय : सरायकेला प्रखंड (यूएचएस तिलोपदा)
अंडर-12 बालिका वर्ग
प्रथम : चांडिल प्रखंड (यूएमएस बुढ़ालाखा)
द्वितीय : खरसावां प्रखंड (प्राथमिक विद्यालय खमारडीह)
तृतीय : कुचाई प्रखंड (यूएमएस कुचाई)

मानवाधिकार मिशन के पूर्वी सिंहभूम ज़िला अध्यक्ष के रूप में रजनीश कुमार की नियुक्ति।

मानवाधिकार मिशन के पूर्वी सिंहभूम ज़िला अध्यक्ष के रूप में रजनीश कुमार की नियुक्ति।

सरायकेला/खरसावां

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और कई सामाजिक संगठनों से अलग-अलग भूमिकाओं में जुड़े रजनीश कुमार ने झारखंड ह्यूमन राइट्स मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। उचित जांच-पड़ताल के बाद, उन्हें पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के लिए ह्यूमन राइट्स मिशन का डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

एक सादे समारोह में, झारखंड ह्यूमन राइट्स मिशन के स्टेट प्रेसिडेंट पी.के. लाला ने रजनीश कुमार को नियुक्ति पत्र, ज़रूरी दस्तावेज़ और बैच सौंपा। पी.के. लाला एक अनुभवी और प्रतिष्ठित कानूनी विशेषज्ञ और मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं।

बहुत जल्द पूर्वी सिंहभूम शाखा के ह्यूमन राइट्स मिशन की एक उचित समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति लोगों की जायज़ मांगों और अधिकारों के मुद्दों पर काम करेगी और उन सभी लोगों की मदद करेगी जो पीड़ित या परेशान हैं।

शिव किशोर शर्मा
राज्य मीडिया सचिव
ह्यूमन राइट्स मिशन

आदित्यपुर क्षेत्र में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात, सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद कर रहे पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी।

आदित्यपुर क्षेत्र में चप्पे छपे पर पुलिस तैनात, सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद कर रहे पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर बंद कराने सड़क पर उतरे मेयर समेत 40 भाजपाई समर्थक को आदित्यपुर पुलिस ने लिया हिरासत में।

आदित्यपुर क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर पुलिस ने अपनी पैनी नजर बनाई हुई है।

( सोनू कुमार सिंह )

साथियों सरायकेला-खरसावां जिले का आदित्यपुर क्षेत्र काफी व्यस्त माना जाता है यहां छुट्टियों के दिन भी ट्रैफिक सिग्नल पर काफी भीड़ देखी जाती है। शायद ही यहां कभी कोई ऐसा दिन हो जब यहां सन्नाटा देखने को मिलता हो अथवा कम भीड़ देखने को मिलती हो और यह काफी दुर्लभ होता है। लेकिन आदित्यपुर के स्थानीय निवासी हिमांशु सिंह के हत्या के बाद वह दिन आया जब आदित्यपुर क्षेत्र में काफी सन्नाटा देखने को मिला लोगों के चेहरे मायूस दिखे। सड़कों पर गाड़ियां कम दिखीं लोगों की भीड़ कम दिखी गाड़ियों में बजने वाले होरन की आवाज कम सुनाई दी।

ज्ञात हो कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन’ बार में किसी बात को लेकर हिमांशु सिंह और उसके दोस्त प्रत्युष की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी।
इसके बाद बार के बाहर बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की सोमवार को इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे और व्यापारियों-स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था।

वही हिमांशु सिंह की हत्या के बाद भाजपाइयों ने 3 जुलाई को बंदी का आवाहन किया था। जिसे देखते हुए आज 03 जुलाई को आदित्यपुर के लगभग तमाम काम बंद रहे। आदित्यपुर सरायकेला खरसावां मुख्य मार्ग के किनारे लगभग लगभग तमाम दुकान बंद पड़े मिले अथवा मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की संख्या भी लगभग लगभग ना के बराबर ही देखने को मिली। कई जगहों पर लोगों ने टायर जलाकर बंद के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

वहीं बंद को सफल बनाने के लिए आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप सड़क पर उतरे करीब 40 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार , विहिप ज़िला अध्यक्ष डॉ जेएन दास समेत कई दिग्गज स्थानीय भाजपा नेता शामिल हैं।

आपको बताते चलें कि उक्त बंदी के आवाहन को सफल बनाने के लिए सुबह से ही बंद के समर्थक सड़कों पर उतरकर हिमांशु सिंह के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात बाधित कर रहे पूर्व मेयर संजय सरदार और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच आदित्यपुर थाने ले गई।

वहीं मामला गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है कहा कि सरायकेला पुलिस सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। प्रदर्शनकारियों से अपील है कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें। कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।”

वहीं पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण आदित्यपुर खरकई पुल से लेकर गम्हरिया जाने वाले व्यस्त टाटा-कांदरा मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुगम और सामान्य बना हुआ है। हालांकि, हत्याकांड के विरोध में स्थानीय बाजार के कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध को अपना समर्थन दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल गश्त कर रहा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

वहीं इस मामले पर मीडिया को जानकारी देते हुए आदित्यपुर के नवनियुक्त थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जमशेदपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले को लेकर बुलाए गए बंदी का मिला-जुला असर आदित्यपुर क्षेत्र में भी है। आगे उन्होंने कहा कि आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे थे लेकिन क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से उनके समर्थकों के साथ उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो कि बीजेपी समर्थक है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है कुछ दुकानें खुली है और कुछ दुकान शुभेच्छा से बंद है।

मॉडल स्कूल खरसावॉं में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण संपन्न।

मॉडल स्कूल खरसावॉं में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण संपन्न।

सरायकेला-खरसावां

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मॉडल स्कूल खरसावॉं में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावॉं के चिकित्सकों द्वारा विद्यालय के कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मो. नजीर आलम एवं डॉ. ममता कुमारी ने विद्यार्थियों के सामान्य स्वास्थ्य की जॉंच करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं नियमित स्वस्थ्य देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

चिकित्सकों ने बताया कि यदि किसी विद्यार्थी में पोलियो, कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप), कटे तालु (क्लेफ्ट पैलेट), जन्मजात विकृतियॉं अथवा अन्य गंभीर एवं असाध्य बीमारियों के लक्षण पाए जाते हैं, तो उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि प्रत्येक बच्चे को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका बासुमति मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य उनके सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से ऐसे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षिका शशिवाला बागे, शिक्षक जीडी महन्त, आशिष कुमार प्रमाणिक, विकास चंद्र महतो, सतीश सेन प्रधान, प्रभात कुमार महतो, प्रियतम सिंह, बीएड प्रशिक्षु शिक्षिका रोजालिन नाहक तथा मो. अब्दुल सत्तार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खरसावॉं की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर बच्चों के स्वस्थ सुरक्षित एवं उज्जवल भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free