उपायुक्त ने प्रखंड -सह- अंचल कार्यलय नीमडीह का किया औचक निरीक्षण।

उपायुक्त ने प्रखंड -सह- अंचल कार्यलय नीमडीह का किया औचक निरीक्षण।

सरायकेला/खरसावां

उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह द्वारा प्रखंड -सह- अंचल कार्यालय नीमडीह का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों के संधारण, राजस्व संबंधी कार्यों, लंबित मामलों एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए तथा अनावश्यक विलंब एवं लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

उपायुक्त ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, राजस्व वसूली, भूमि संबंधी मामलों एवं अन्य अंचल स्तरीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों एवं अभिलेखों के संधारण का अवलोकन किया तथा कार्यों के संतोषजनक निष्पादन पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा कार्यालय आने वाले नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय पहुंचे स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आमजनों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं कार्य संस्कृति को और बेहतर बनाने पर बल देते हुए कहा कि सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी नीमडीह कुमार अभिनव, अंचल अधिकारी नीमडीह अभय कुमार द्विवेदी सहित अंचल कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

गम्हरिया प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक संपन्न।

गम्हरिया प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक संपन्न।

सरायकेला/गम्हरिया

गम्हरिया प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी श्री प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और आवश्यक दस्तावेजों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तरीय एजेंट (BLA) एवं बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस, झामुमो (JMM), राजद (RJD) एवं भाजपा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कांग्रेस की ओर से जिला महासचिव राजू रजक, जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा तथा कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष गौरी शंकर उपस्थित थे।

वहीं झामुमो की ओर से प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश गोप, युवा नेता सनी सिंह, मनोज कुमार, आदित्यपुर नगर के लाल बाबू सरदार एवं सरोज मुखर्जी ने भाग लिया। राजद की ओर से वरिष्ठ नेता पुरेंद्र नारायण सिंह, डी.एन. सिंह एवं संजय यादव बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR अभियान के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग करने तथा मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है और सभी दलों की सहभागिता से यह अभियान सफल होगा।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक आयोजित, BLA को दिए गए निर्देश

गम्हारिया /झारखंड। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर प्रखंड सभागार में अधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (BLA) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और अद्यतन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान बूथ स्तरीय एजेंट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और वे बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय कर मतदाता सूची में आवश्यक सुधार, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा त्रुटियों के निराकरण में सहयोग करेंगे।

बैठक में SIR के लिए स्वीकार्य दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, सरकारी पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर सहित अन्य निर्धारित दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नए मतदाताओं तथा विशेष परिस्थितियों में आवेदन करने वाले नागरिकों को निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करें और पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

मुख्य बिंदु:

●SIR कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक।

●राजनीतिक दलों के BLA एवं अधिकारियों की भागीदारी।

●मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता पर जोर।

●आवश्यक दस्तावेजों की सूची साझा की गई।

●नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कागज कलम पर चल रहा चापाकल मरम्मती, पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण।

कागज कलम पर चल रहा चापाकल मरम्मती, पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में दर्जनों चापाकल और सौर ऊर्जा चालित जल मीनार खराब है, जिससे कई गांवों में जलसंकट से ग्रामीण जुझ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण सोड़ो पंचायत में देखने को मिला। सोड़ों गांव में अमुल्य प्रामाणिक के घर के पास चापाकल दो सप्ताह से खराब है, जारगोडीह में सुबोध राय के घर के पास चापाकल एवं जल मीनार खराब है, बिस्टाटांड़ में जल मीनार व चापाकल,ताला पीढ़ी में चापाकल व जल मीनार, तुता पंचायत के बड़ा चुनचुड़ीया में चापाकल व जल मीनार सहित कई गांवों में महिनों से दर्जनों चापाकल व जल मीनार खराब है, जिससे इस गर्मी के समय लोगों को खेतों में बने सिंचाई कुआं से पानी लाकर प्यास बुझाना पड़ रहा है।

उपायुक्त के निर्देश पर पंचायतों व पीएच ईडी विभाग को खराब चापाकलों का मरम्मती कराने का निर्देश दिया गया है एवं हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, लेकिन उपायुक्त का निर्देश के बावजूद चापाकल व जल मीनारों का मरम्मती के नाम पर सिर्फ और सिर्फ कागजी प्रक्रिया तक सीमित है। सुबोध राय ने बताया कि इसकी सुचना देने के बाद भी मरम्मती के लिए विभाग पहल नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि पानी के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विभाग से बात करने पर बताया जा रहा है कि चापाकल मरम्मती का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ ओर है, सिर्फ कागज पर ही मरम्मती कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द चापाकल व जल मीनार का मरम्मती कराने का मांग किया है।

संस्कृति समिति का छऊ झूमर उत्सव का हुआ समापन।

संस्कृति समिति का छऊ झूमर उत्सव का हुआ समापन।

सरायकेला/ईचागढ़

प्रखंड क्षेत्र के चोगा आदारडीह में दो दिवसीय छऊ झुमर महोत्सव का समापन किया गया।संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से मानभूम सांस्कृतिक समिति के द्वारा आयोजित दो दिवसीय छऊ झूमर उत्सव का समापन हुआ। समापन समारोह के अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम पंचानन उरांव, जिला परिषद सदस्य ईचागढ़ पश्चिम सुभाषिनी देवी, उप प्रमुख ईचागढ़ दीपक कुमार साव, वरिष्ठ नागपुरी लोक कलाकार रांची सुनील कुमार, सोरों पंचायत के मुखिया नयन सिंह मुंडा,ठाकुर दास महतो आदि बहुत सारे गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम प्रस्तुति भवतारण महतो एवं साथी के दरबारी झूमर से हुआ द्वितीय प्रस्तुति गूंजे झारखंड कला केंद्र रांची के द्वारा नागपुरी झूमर की प्रस्तुति से लोग झूम उठे वहीं तीसरी प्रस्तुति सुचांद महतो चोगा सरायकेला खरसावां के द्वारा मानभूम छऊ नृत्य की प्रस्तुति से लोगों को भाव विभोर कर दिया तथा अंतिम प्रस्तुति ममता महतो एवं संप्रदाय कोठशिला पश्चिम बंगाल के द्वारा कुरमाली झूमर से लोग काफी उत्साहित हुए। नटराज कला केन्द्र चोगा के सचिव प्रभात कुमार महतो ने कहा कि लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 12 यूनिट बकरियों का वितरण।

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 12 यूनिट बकरियों का वितरण।

सरायकेला/ईचागढ़

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा पशुपालन आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड में चयनित लाभुकों के बीच शुक्रवार को 12 यूनिट बकरी पालन योजना के तहत बकरियों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर लाभुकों को वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन, पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्रदान की गईं, ताकि वे योजना का समुचित लाभ प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आय का अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

संबंधित अधिकारियों ने लाभुकों से पशुओं की उचित देखभाल करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बकरी पालन को आय सृजन का सशक्त माध्यम बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत जिले में पात्र लाभुकों को पशुपालन गतिविधियों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

राज्य सरकार के निर्देश पर भिषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पर पेड़ जल की सुविधा सुनिश्चित की गई।

राज्य सरकार के निर्देश पर भिषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पर पेड़ जल की सुविधा सुनिश्चित की गई।

सरायकेला/खरसावां

राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ खराब चापाकलों की मरम्मत एवं त्वरित जलापूर्ति के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान प्रभावित हुए गरीब फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की उठी मांग।

अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान प्रभावित हुए गरीब फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की उठी मांग।

सरायकेला/गम्हरिया

गम्हरिया में फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के अनुपस्थित में बड़ा बाबू तरूण ठाकुर को को ज्ञापन सौंपा।

25 मई 2026 को गम्हरिया प्रखंड में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर हाल ही में लाल बिल्डिंग चौक के आसपास चलाए गए अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान प्रभावित हुए गरीब फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सराहनीय है, क्योंकि इससे यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा में सुधार होगा। किंतु इस अभियान से प्रभावित हुए छोटे-छोटे दुकानदारों एवं उनके परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में उनके भरण-पोषण एवं रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव राजू रजक के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि गम्हरिया बाजार स्थित पुराने भवन का पुनर्निर्माण कर उसे दो मंजिला बनाया जाए तथा वहां फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों को अस्थायी रूप से दुकानें आवंटित की जाएं, ताकि उनका रोजगार सुरक्षित रह सके और बाजार क्षेत्र भी व्यवस्थित बना रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से इस मांग पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सरायकेला विधानसभा के कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी के.पी सोरेन जी,जिला उपाध्यक्ष खिरोद सरदार, जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, गम्हारिया प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा सेवा दल के जिला अध्यक्ष गौरी शंकर, प्रखंड महिला अध्यक्ष उर्मिला देवी, सेवा सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित थे।

आगामी बकरीद पर्व को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न।

आगामी बकरीद पर्व को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न।

सरायकेला-खरसावां

आगामी बकरीद पर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अलर्ट एवं सक्रिय मोड में कार्य करेंगे।

उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर निकायों को कुर्बानी के अवशेषों का समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक्टिव मोड में रखा जाए तथा चिकित्सकीय दल 24×7 कार्यरत रहें। सभी एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को ‘रेडी टू मूव’ स्थिति में रखने का निर्देश भी दिया गया। इसके अतिरिक्त जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने पर्व के दौरान युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट एवं तेज गति से वाहन परिचालन की संभावनाओं को देखते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न होता है। इसे ध्यान में रखते हुए विशेष गश्ती दल का गठन कर विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विधि-व्यवस्था एवं यातायात परिचालन की दृष्टि से चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए। साथ ही पर्व के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए तथा मंदिर, मस्जिद, चर्च एवं अन्य धार्मिक स्थलों के समीप अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी धर्म, समुदाय अथवा वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गाना-बजाना, भड़काऊ गतिविधि अथवा आपत्तिजनक प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न हो।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि कुछ परिवार निर्धारित तिथि के अतिरिक्त अन्य दिनों में भी बकरीद पर्व मनाते हैं एवं कुर्बानी देते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारी व्यापक एवं संवेदनशील होनी चाहिए, ताकि किसी भी समुदाय को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को प्रो-एक्टिव मोड में कार्य करने तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एस आई आर को लेकर अंचलाधिकारी ने बी एल ओ के साथ किया बैठक।

एस आई आर को लेकर अंचलाधिकारी ने बी एल ओ के साथ किया बैठक।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने प्रखंड क्षेत्र में कार्यरत बी एल ओ सुपरवाइजर और बी एल ओ के साथ बैठक किया। बैठक में आगामी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण के निमित मैपिंग से संबंधित का समीक्षा किया गया।

साथ ही अंचल अधिकारी ने सभी बी एल ओ को निर्देश दिया कि जितने भी मतदाताओं का मैपिंग कार्य नहीं हुआ है,वो अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। रविवार सुबह 10 बजे से 5 बजे तक सभी बी एल ओ को अपने बूथ में उपस्थित हो कर अनमैप मतदाता सूची का प्रदशित करने का भी निर्देश दिया।

टाटा स्टील कंपनी से चोरी हुए लाखों के लोहा स्क्रैप के साथ चार गिरफ्तार, 10 टन अवैध स्क्रैप जब्त।

टाटा स्टील कंपनी से चोरी हुए लाखों के लोहा स्क्रैप के साथ चार गिरफ्तार, 10 टन अवैध स्क्रैप जब्त।

सरायकेला/गम्हरिया

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी गम्हरिया से चोरी कर बाहर निकाले जा रहे भारी मात्रा में लोहे के स्क्रैप मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप एवं एक मालवाहक वाहन जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को गम्हरिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी गम्हरिया से चोरी कर लाया गया लोहा स्क्रैप झाड़गोबिंदपुर रेलवे फाटक के समीप इकट्ठा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में निशांत कुमार पाण्डेय (26 वर्ष), नवीन प्रमाणिक (24 वर्ष), सुभाष कुमार महतो (20 वर्ष) एवं अमित कुमार यादव (22 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी आदित्यपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक महिंद्रा मालवाहक वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05EH 2727) जब्त किया है, जिसमें करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लदा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल से लगभग 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

इस संबंध में गम्हरिया थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 22.05.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

ट्रीप टेलर ,हाइबा में भीडंत चालक ,उपचालक की मौत।

ट्रीप टेलर ,हाइबा में भीडंत चालक ,उपचालक की मौत।

सरायकेला/चौका

चौका थाना क्षेत्र के एन एच 33 बड़ामटांड के समीप शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़े एक टिप ट्रेलर से हाइवा के टकरा जाने से चालक और खलासी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहन के केबिन में फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टाटा से रांची की ओर जा रही हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना चौका थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। भाजपा नेता आकाश महतो, समाजसेवी नयन सिंह स्थानीय युवाओं एवं जेसीबी मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला गया। तब तक एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नदीसाई, हुंडी निवासी 25 वर्षीय गुरुपद महतो तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के केतूंगा केंदडीह निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

सरायकेला के श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर पहुंचे धरना स्थल पर,मजदूरों की जागी उम्मीदें।

सरायकेला के श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर पहुंचे धरना स्थल पर,मजदूरों की जागी उम्मीदें।

सरायकेला/आदित्यपुर

( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )

सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशन लिमिटेड ( पूर्व में JMT ) गेट के बाहर लगभग 15 दिनों से समायोजन और फाइनल सेटलमेंट की मांग को लेकर धरना पर बैठे मजदूरों के चेहरे उस वक्त खिल उठे जब श्रम अधीक्षक स्वयं मजदूरों का हाल-चाल जानने एवं उनकी परेशानियों से अवगत हो उनकी परेशानियों का समाधान निकालने के लिए मजदूरों के समक्ष उपस्थित हुए।

आपको बताते चलें कि धरना स्थल पर श्रम अधीक्षक ने लगभग 1 घंटे तक मजदूरों से वार्तालाप की उनकी समस्याओं को जाना उनके परेशानियों से अवगत हुए।

मीडिया को जानकारी देते हुए श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कहा कि जेएमटी कंपनी के बंद होने और बाद और रामकृष्ण ग्रुप द्वारा अधिग्रहण किए जाने के बाद कई मजदूरों का समायोजन और फाइनल सेटलमेंट अधूरा रह गया था.

श्रम अधीक्षक ने आगे कहा कि मजदूरों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से कंपनि में कार्यरत थे कंपनी में अपना खून पसीना बहाया कड़ी मेहनत की लेकिन अधिग्रहण के बाद कुछ मजदूरों को समायोजित कर दिया गया जबकि कई मजदूर अब भी अपने अधिकारों के लिए भटक रहे हैं.

श्रम अधीक्षक ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि मामला एनसीएलटी तक पहुंचा था और नियमों के तहत सभी श्रमिकों के साथ न्याय होना चाहिए था. हालांकि आंदोलन के दौरान कई त्रुटियां पाई गई जिसके कारण मजदूरों की अपेक्षा के अनुसार विचार नहीं किया जा सका लेकिन मजदूरों को न्याय दिलाना भी हमारा काम है किसी भी मजदूर के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए यह हमारी प्राथमिकता रहती है।

आपको बताते चलें कि धरना स्थल पर श्रम अधीक्षक ने लगभग 1 घंटे तक मजदूरों से वार्तालाप की उनकी समस्याओं को जाना उनके परेशानियों से अवगत हुएलेकिन हद तो तब हो गई जब धरना स्थल पर श्रम अधीक्षक के 1 घंटे तक मौजूद होने के बावजूद भी कंपनी से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी धरना स्थल पर मजदूरों के समक्ष या श्रम अधीक्षक के समक्ष उपस्थित नहीं हुए

वहीं लगभग 1 घंटे बीत जाने के बाद कंपनी की सेक्रेटरी मोना बहादुर धरना स्थल पर पहुंची और श्रम अधीक्षक से वार्तालाप की कुछ देर के चले वार्तालाप में कंपनी की सेक्रेटरी ने श्रम अधीक्षक से लगभग 10 दोनों का समय मांगा है।

फिलहाल श्रम अधीक्षक ने कंपनी को 10 दिनों की मोहल्ला दी है और साथ ही मजदूरों को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया है। मजदूरों ने भी श्रम अधीक्षक का आभार जताते हुए अपनी धरना स्थगित कर दी है।

अब देखना यह दिलचस्प होगा कि 10 दिनों के बाद मजदूरों को न्याय मिलता है या फिर मजदूर यूं ही न्याय के लिए धरना प्रदर्शन करते रहते हैं कड़ी धूप में जलते रहते हैं।

Design a site like this with WordPress.com
Get started