दिनदहाड़े निहत्थे पर वार कर एक ही पल में उतारा मौत के घाट।

दिनदहाड़े निहत्थे पर वार कर एक ही पल में उतारा मौत के घाट।

निहत्थे पर वार कर एक ही पल में उतारा मौत के घाट।

चार-पांच लोग अचानक सामने आए और बिना किसी वार्ता के किया हमला।

हमला इतना तेज कि संभलने तक का मौका नहीं मिला।

सरायकेला/आदित्यपुर

सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर लगभग एक बजे एक भयानक वारदात ने पूरे मोहल्ले को हिला कर रख दिया। गोप पाड़ा के रहने वाले जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा (27) को चार-पांच अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गया। इसी चीख-पुकार के बीच आरोपी घटनास्थल से भाग निकले। बीच सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

कथित तौर पर हमला अचानक और निहत्थे पल में हुआ। चार-पांच लोग अचानक सामने आए और बिना किसी वार्ता के हमला कर दिया। हमला इतना तेज कि काड़ा को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

सूचना पाते ही आदित्यपुर व गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दी। साथ ही घटना स्थल को सील कर दिया गया। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ भी घटनास्थल पर रवाना हुए हैं और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण का खुलासा नहीं किया है। पुलिस जाँच में हर सम्भव पहलू—रंजिश, आपराधिक संगठनों की एंट्री या कोई अन्य विवाद की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों में रोष और डर दोनों दिखाई दे रहे हैं; कई लोग सुरक्षा की मांग कर रहे हैं और आरोपियों को कड़ी सजा की माँग बार-बार कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए  पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

भक्ति भाव से मनाई गई बिपत तारिणी मां की पूजा, महिलाओं ने मांगे परिवार की सुख-शांति।

भक्ति भाव से मनाई गई बिपत तारिणी मां की पूजा, महिलाओं ने मांगे परिवार की सुख-शांति।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर थाना में आषाढ़ माह के मंगलवार और शनिवार को बिपत तारिणी मां की पूजा बड़े भक्ति भाव से मनाई गई। आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और घरों में महिलाओं ने व्रत रखकर मां बिपत तारिणी की पूजा-अर्चना की।

मान्यता है कि बिपत तारिणी मां अपने भक्तों को सभी प्रकार की विपत्तियों से बचाती हैं। इसी आस्था के साथ सुबह से ही महिलाओं ने लाल वस्त्र धारण कर, 13 प्रकार के फल, फूल, मिठाई और 13 गांठ वाला धागा चढ़ाकर मां से परिवार की सुख-समृद्धि और कष्टों से मुक्ति की कामना की।

मंदिरों में भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन किया गया। पुजारियों ने कथा सुनाई और प्रसाद वितरित किया। व्रत रखने वाली महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखा और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल रहा।

मां से प्रार्थना है कि वे सभी भक्तों को हर विपदा से बचाएं और घर-परिवार में सुख-शांति, समृद्धि बनाए रखें।

पूजा में शामिल सभी माताओं और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं।

बिपत तारिणी व्रत की 3 खास बातें:

1.  13 चीजें चढ़ाई जाती हैं – 13 फल, 13 फूल, 13 सुपारी
2.  13 गांठ वाला लाल धागा हाथ में बांधा जाता है
3.  कथा सुनना जरूरी माना जाता है

चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 151 अभ्यर्थी हुए सफल।

चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 151 अभ्यर्थी हुए सफल।

सरायकेला/चांडिल

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 17 जुलाई, 2026 को चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पंचायतों के उन अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा संपन्न कराई गई।

जिला परिवहन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार शिविर के लिए कुल 201 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें से 151 अभ्यर्थी लर्नर लाइसेंस परीक्षा में सफल हुए, 27 अभ्यर्थी असफल रहे तथा 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।

शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंडवार आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की।

साथ ही सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन का परिचालन करने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की अपील की गई।

ईचागढ़ में चला एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश।

ईचागढ़ में चला एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सिल्ली-रांगामाटी मुख्य सड़क पर बड़ा चुनचुड़ीया स्थित सिंह लाइन होटल के समीप दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। वाहनों को रोककर डीक्की , कमर ,बैग आदि का तलाशी लिया गया।जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। हेलमेट नहीं पहनकर चल रहे बाइक सवारों को इस बार चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की हिदायत दी गई।

इस दौरान एएसआई पंकज कुमार ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय आवश्यक कागजात भी साथ ने रखे , ताकि वाहन का सत्यता का जांच हो सके। जिससे वाहन चोरी की घटनाओं से बचा जा सके।कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सके। उन्होंने लोगों से एंटी क्राइम चेकिंग में सहयोग करने का अपील किया।

भुइयांडीह में विधानसभा स्तरीय झामुमो के नए कार्यालय का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन।

भुइयांडीह में विधानसभा स्तरीय झामुमो के नए कार्यालय का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन।

सरायकेला/चांडिल

चांडिल प्रखंड अंतर्गत भुइयांडीह स्थित एनएच-33 के समीप झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इसी अवसर पर  झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधानसभा स्तरीय नए कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने फीता काटकर झामुमो कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने ओम प्रकाश लायेक के नवनिर्मित आवास का अवलोकन किया तथा गृह प्रवेश समारोह में शामिल होकर परिवार को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि भुइयांडीह में झामुमो कार्यालय खुलने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं को एक मंच मिलेगा, जहां से जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार जनता के हित और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का अभियान जारी रहेगा।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काब्लू महतो, जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, धर्मु गोप, शंकर लायेक, बादल महतो, अरुण टुडू, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, कित्तीवास महतो, दिलीप किस्कू, मिलन तंतुवाई, सुदाम हेंब्रम, राहुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

खरसावां में छैरा पैरा पुरातन परंपराओं के बीच महाप्रभुजगन्नाथ संग देवी सुभद्रा व भाई बलराम की सवारी निकली,मौसीबाडी में करगे विश्राम, नौवें दिन में होगी वापसी।

खरसावां में छैरा पैरा पुरातन परंपराओं के बीच महाप्रभु
जगन्नाथ संग देवी सुभद्रा व भाई बलराम की सवारी निकली,
मौसीबाडी में करगे विश्राम, नौवें दिन में होगी वापसी।

खरसावां

मालखान महतो
खरसावां में छैरा पैरा पुरातन परंपराओं के बीच महाप्रभु जगन्नाथ संग बहन सुभद्रा व भाई बलराम की सवारी खरसावां के जगन्नाथ मंदिर से मौसीबाडी स्थित गुंडिचा मंदिर के लिए रवाना हुई। प्रभु जगन्नाथ की सारथी की भुमिका झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, डॉ मीरा मुंडा, प्रखंड बिकास पदाधिकारी प्रधान माझी, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने निभाई। प्रभु जगन्नाथ की सरकारी रथयात्रा को आकर्षण बनाने के लिए ओडिसा के कलाकारों के द्वारा घंटा बाजा की पारंपरिक धुन व देवदासी भेषभूषा के बीच निकाली गई। जय जगन्नाथ के उदघोष एवं छैरा पैरा परंपराओं के तहत प्रभु जगन्नाथ बहन सुभद्रा व बडे भाई बलराम की प्रतिमा को पूजनोपरांत रथ की परिक्रमा कर एक-एक कर रथ पर विराजमान किया गया। सैकडों श्रद्वालुओं ने प्रभु जगन्नाथ के गुनगान के साथ रथ खिंचाई शुरू की। जैसे-जैसे रथ बढ़ता रहा, लगा महाप्रभु जी सबको अपने साथ लिए बढ़ रहे है। करीब एक किमी के यात्रा में मार्ग पर सिर्फ भक्त और भगवान दिखे। प्रभु जगन्नाथ की यात्रा विभिन्न अनुष्ठानों के साथ देर शाम तक मौसीबाडी तक सफर किया। रथ को खिचनें के लिए श्रद्वालुओं में होड मची थी। जैसे ही रथ मंदिर परिसर से निकलकर गौपबंधु चौक पहुचां, देखते ही देखते भक्तों का हुजुम उमड पडा। रथयात्रा के दौरान युवाओं का उत्साह चरम पर था। ऊंचे रथ से प्रसाद व लडडुओं को फेंकने की परंपरा का निर्वाह हुआ। भक्त रथ खींचने के साथ प्रसाद लेने के लिए होड करते रहे। मौसीबाडी में प्रभु जगन्नाथ के पहुंचने पर विशेष पूजा अर्चना की गई। रथयात्रा के दौरान खरसावां जगन्नाथमय बना रहा। चारों और महाप्रभु की जय जय कार होती रही। महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, डॉ मीरा मुंडा, बीडीओ प्रधान माझी, सीओ कप्तान सिंकू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह आदि शामिल हुए।
नौ रूपों में होगे प्रभु के दर्शन
महाप्रभु जगन्नाथ अपने बडे भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर को मौसीबाडी पहुचें। वहां नौ दिनों तक विश्राम करेगे। इसी बीच मौसीबाडी में 9 दिनों तक उनके अलग-अलग रूपों का श्रृंगार किया जाएगा। भक्तगण उनके अलग अलग रूपों का पूजन और दर्शन करेगें। नौ दिनों के बाद पुनःघूरती रथ पर सवार होकर प्रभु जगन्नाथ गुंडिचा मंदिर वापस जाएगें।
सरकारी खर्च पर हुई रथयात्रा
खरसावां की रथयात्रा का खर्च सरकार उठाती है। खरसावां अंचल कार्यालय के द्वारा प्रभु जगन्नाथ के रथयात्रा एवं पूजा अर्चना में 3.62 लाख रूपये खर्च किए जा रहे है। इसके अलावे वर्षो पूर्व प्रभु जगन्नाथ के लिए 18 लाख की लागत से नए रथ का निर्माण कराया गया था। मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा अर्चना होती रही। मंत्रोच्चारण, शंख और घंटी की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान के दर्शन और अराधना के लिए श्रद्वालुओं की हुजूम उमड आई।
प्रसाद को लेकर हुई मशक्कत
रथयात्रा के दौरान रथ पर चढे पुरोहित हर भक्तो के बीच प्रसाद वितरित करते रहे। इस दौरान प्रसाद पाने के लिए लोगो को अच्छी चासी मशक्कत करनी पडी। रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह जगह पुलिस के जवान तैनात रह।
यहॉ निकाली गई रथयात्रा
प्रभु जगन्नाथ अपने बडे भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ गुरूवार को खरसावां के हरिभंजा, बंदोलोहर, दलाईकेला, जोजोकुडमा, सीनी, छोटाचांकडी, पोडाकांटा, पोटोबेडा, संतारी आदि गांवों में प्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई।
यह सांस्कृतिक कार्यक्रम होगे
प्रभु श्री जगन्नाथ की गुंडिचा रथ यात्रा पर 17 (आज) जुलाई को मौसी बाडी (काली मंदिर प्रागंण) में ओ0एन0एस0 इवेंटस पुरी के कलाकारों के द्वारा भंजन संध्या कार्यक्रम, 19 जुलाई को नृत्य प्रतिभा प्रतिभा पांडा भुवनेश्वर के द्वारा ओडिसी नृत्य, 21 जुलाई को रॉयल म्यूजिक एकेडमी खुदा भुवनेश्वर के द्वारा भेजन संध्या तथा 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा पर श्रद्वा क्रिएटिव आर्टस कमर्दा बालेश्वर के द्वारा ओडिसी नृत्य एवं प्रधान इवेंट समागरा पुरी के कलाकारों के द्वारा साहिजात एवं घंटावाद्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगे।
प्रभु जगन्नाथ की कृपा अपरंपार-अर्जुन मुंडा, 
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रभु जगन्नाथ की कृपा अपरंपार है। प्रभु के प्रति आस्था व विश्वास हमारी ताकत है। भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते है कि क्षेत्र पर अपनी कृपा बनाये रखे। उन्होने ने कहा कि जीवन के हर मोड पर जीवन के हर क्षण में एक नये त्यौहार की सृष्टि करता है। भारतीय सांस्कृतिक वांगमय जीवन को उत्साह, सुख एवं हर्षाेल्लास के साथ जीने की सीख देता है। पूजा अर्चना जनमानस को भी क्रियाशील, ऊर्जावान औ जीवंत बनाती है।

सरायकेला में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार।

सरायकेला में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार।

सरायकेला

सरायकेला थाना पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर निवासी एक महिला ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके पति सोमरा हेंब्रम ने लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया।

मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या 54/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी एवं पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सोमरा हेंब्रम (39 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लगभग एक मीटर लंबी लोहे की रॉड तथा बिजली का तार बरामद किया है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ सरायकेला, सरायकेला थाना प्रभारी सहित सीनी ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों ने मचाया उत्पाद, खामीयाजा भुगत रहे किसान।

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों ने मचाया उत्पाद, खामीयाजा भुगत रहे किसान।

सरायकेला/ईचागढ़

साथियों किसानों की रोजी-रोटी का एकमात्र साधन उनकी खेती होती है और पूरे देश का पेट भरने में सबसे बड़ा योगदान हमारे देश के किसानों का होता है। और यह किसान दिन रात कड़ी मेहनत कर फसल को उपजाते हैं तभी जाकर आपके और हमारे घर में पूरे देश के घरों में अनाज पहुंचता है लेकिन क्या हो अगर किसानों के कड़ी मेहनत पर हाथी उत्पाद मचा कर उनकी फसल को नष्ट कर दे इसमें केवल किसानों की हानि नहीं होती बल्कि हमारे और आपके घर में जो अनाज पहुंचता है उनकी कीमतों में भी बढ़ोतरी हो जाती है।

जी हां साथियों ताजा मामला सरायकेला खरसावां जिले का है जहां पर ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र सहित पूरे चांडिल अनुमंडल क्षेत्र जंगली हाथियों के उत्पाद से ग्रसित है किसान त्राहिमाम कर रहे हैं हाथियों द्वारा किसानों के फसल को नष्ट किया जा रहा है उनकी मेहनत को हाथी अपने पैरों तले रौंद कर चले जा रहे है।

आपको बताते चलें कि बुधवार करीब शाम 4 बजे ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो पंचायत अंतर्गत तालापीढ़ी निवासी किसान निमाई चंद्र महतो के खेत में लगे धान की बिछड़ा को दो जंगली हाथी ने रौंद कर नष्ट कर दिया।

वर्तमान समय में पूरे प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य जोर शोर से किया जा रहा है। रोपनी के समय धान की बिछड़ा को नष्ट करने से किसान मायूस है। किसान निमाई चंद्र महतो ने बताया कि धान की बिछड़ा पूरी तरह से तैयार हो गया था और दो दिन बाद रोपनी का कार्य करना था। ऐसे समय में जंगली हाथी द्वारा धान की बिछड़ा को नष्ट कर दिया कि रोपनी का कार्य पीछे हो जाएगा और समय पर खेती नहीं हो पाएगा।

मालूम हो कि विगत दो दिन पूर्व चुनीडीह गांव में जंगली हाथी द्वारा आधा दर्जन किसानों के खेत में लगे धान की बिछड़ा को नष्ट कर दिया गया था। लगातार जंगली हाथी द्वारा किसानों की खेती को नष्ट किए जाने से किसान मायूस है।

वही इस मामले पर सूत्रों ने जानकारी दी है कि ग्रामीणों ने जल्द से जल्द हाथियों को क्षेत्र से भागने की स्थानीय प्रशासन से मांग की है ताकि किस समय रहते खेती कर सके।

क्षत्रिय कल्याण संघ के संस्थापक रुद्रसेन सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुए झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह।

क्षत्रिय कल्याण संघ के संस्थापक रुद्रसेन सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुए झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह।

सरायकेला/आदित्यपुर

( भरत सिंह )

झारखंड क्षत्रिय संघ, कदमा द्वारा क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष “स्व. रुद्रसेन सिंह” जी के आकस्मिक निधन पर बुधवार, 15 जुलाई को संध्या 7:00 बजे क्षत्रिय भवन, कदमा में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह शामिल हुए। अध्यक्ष ने स्व. रुद्रसेन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की की। मौके पर उपस्थित झारखंड क्षत्रिय संघ के कई गणमान्य पदाधिकारियों ने “स्व. रुद्रसेन सिंह” के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अध्यक्ष ने कहा कि “स्व. रुद्रसेन सिंह” जी ने समाज को एकजुट करने और क्षत्रिय कल्याण के लिए जो कार्य किए, वे हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर हम समाज को शिक्षा, सेवा और संस्कार की दिशा में आगे ले जा सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड क्षत्रिय संघ, क्षत्रिय कल्याण संघ के साथ जुड़कर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर युवाओं को राष्ट्र और समाज सेवा से जोड़ना ही “स्व. रुद्रसेन सिंह” जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

वहीं इस श्राद्धकर्म के मौके पर अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने “स्व. रुद्रसेन सिंह” सिंह के द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को याद करते हुए कहा कि “स्व. रुद्रसेन सिंह” ने 2003 में क्षत्रिय कल्याण संघ की स्थापना की थी और क्षत्रिय कल्याण संघ के माध्यम से गोबर घुसी के राजा से वार्ता कर क्षत्रिय कल्याण संघ के नाम से 51 बीघा जमीन खरीदी थी जिसमें झारखंड क्षत्रिय संघ ने भी सहयोग किया था और वे पोर्टाल केमिकल के बहुत बड़े इंजीनियर थे और अपने सूझबूझ से 5-7 लोगों को सफल केमिकल इंडस्ट्रीज लगवाने में सहयोग किए थे।

उन्होंने आगे कहा की “रुद्रसेन सिंह” के स्वर्गवास हो जाने के बाद अब जल्द ही झारखंड क्षत्रिय संघ और क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट दोनों एक साथ जुड़कर जनहित में समाज कल्याण का कार्य करेगी।

आपको बताते चलें कि “स्व. रुद्रसेन सिंह” ने अपने जीवित रहते 2021 में झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह को क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया था। जो कि अब दोनों संग एक साथ जुड़कर वृहद स्तर पर जनहित में कार्य करेगी जो कि दिवंगत आत्मा के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

वहीं इस मौके पर अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह साथ साथ प्रशांत सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, अनूप सिंह, बबलू सिंह, आर.के सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अजय सिंह. रवि शंकर सिंह, दीपक सिंह साथ ही संगठन के सभी सदस्य ने मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित।

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित।

सरायकेला/खरसावां

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा दिनांक 19 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज नगर भवन, सरायकेला के सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारी, सेक्टर दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी, पेट्रोलिंग दण्डाधिकारी, ऑब्जर्वर, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा का संचालन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराया जाए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास को सुव्यवस्थित करने, प्रश्नपत्र एवं अन्य परीक्षा सामग्रियों के सुरक्षित वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन, सीलबंदी तथा परीक्षा उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने की प्रक्रिया का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्गत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने तथा परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त बेंच-डेस्क, समुचित प्रकाश व्यवस्था हेतु बल्ब, विद्युत पंखे, कार्यशील दीवार घड़ी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखें।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपने संबोधन में कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु कार्य करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास सतत निगरानी रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं गरिमा बनाए रखना सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान संयुक्त आदेश में वर्णित विभिन्न दायित्वों, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं संधारण, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संकलन, सीलबंदी, स्ट्रांग रूम में जमा करने की प्रक्रिया, स्टैटिक, सेक्टर, उड़नदस्ता एवं पेट्रोलिंग दण्डाधिकारियों की भूमिका तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु पूर्ण सजगता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्यपुर के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई, अधिक संख्या में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का मिलेगा अवसर।

आदित्यपुर के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई, अधिक संख्या में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का मिलेगा अवसर।

सरायकेला/आदित्यपुर

( सोनू कुमार सिंह )

सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। और यह नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

आपको बताते चलें कि नेताजी नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बुधवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में अपनी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए मिडिया को बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी है।

उन्होंने कॉलेज एंड हॉस्पिटल की दूसरी उपलब्धि के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पटना के बिहटा में स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ( NSMCH ) में भी एमबीबीएस की सीटें 150 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं।

साथ ही उन्होंने संस्थान की तीसरी बड़ी परियोजना की घोषणा करते हुए कहा कि टाटा-रांची रिंग रोड के पास 21.20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है. जिसमें वर्ष 2028 तक तीसरा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल शुरू किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धियां केवल संस्थान के लिए नहीं है संस्थान में सीटों की संख्या बढ़ने से अधिक संख्या में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

आदित्यपुर के बास्कोनगर से लापता हुई तीन लड़कियां, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी।

आदित्यपुर के बास्कोनगर से लापता हुई तीन लड़कियां, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी।

सरायकेला/आदित्यपुर

( सोनू कुमार सिंह )

सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वास्को नगर से तीन नाबालिक लड़कियों के लापता होने की खबर है। लापता तीनों लड़कियां आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्कोनगर की निवासी बताई जा रही हैं। लापता लड़कियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) एवं सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई 2026 को घर से घूमने के लिए निकली थीं। जिनमें से एक लड़की मंगलवार दोपहर अपने घर लौट आई, जबकि तीन अन्य लड़कियां अब तक घर नहीं पहुंची हैं। परिजनों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस लड़कियों की तलाश में जुट गई हैं संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इधर नाबालिक लड़कियों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि किसी को भी अगर लड़कियां दिखाई दे या फिर लड़कियों की सूचना प्राप्त हो तो वे तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाना या फिर परिजनों को दें।

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free