सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बीएलओ पर्यवेक्षक, बीएलओ और वोलियन्टर के साथ किया बैठक।
सरायकेला/ईचागढ़
ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बीएलओ पर्यवेक्षक, बीएलओ और वोलियन्टर के साथ किया बैठक कर एसआईआर का समीक्षा किया। बैठक को सम्बोधित करते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने निर्देश दिया वितरण किए गए गणना प्रपत्र को डिजिटाई करने का आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के कोई भी मतदाता एस आई आर से न छूटे, साथ ही शत प्रतिशत डिजिटाई करने का कोशिश करे। उन्होंने सभी बी एल ओ को निर्देश दिया कि आगामी 22 जुलाई को प्रत्येक बूथ में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के एजेंट के साथ बैठक कर ए एस डी डी सूची तैयार कर साझा करे। अंचल अधिकारी ने सभी मतदाताओं को समय पर एस आई आर फॉर्म भर कर बी एल ओ के पास जमा करने का अपील किया।
ईचागढ़ में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुई माँ विपदतारिणी पूजा।
सरायकेला/ईचागढ़
ईचागढ़ प्रखण्ड अंतर्गत लेपाटॉंड़,ईचागढ़, पामिया आदि गांव में शनिवार को माँ विपदतारिणी की पूजा पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं ने भाग लेकर माँ विपदतारिणी की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की कामना की। लेपाटांड़ में पूजा-अर्चना का संचालन पंडित पशुपति बागची द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया।
श्रद्धालुओं ने फल, फूल, नारियल, धूप-दीप एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे पूजा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और माता के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस धार्मिक आयोजन को सामाजिक एकता, आस्था और पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक बताया।
बिस्टाटांड़ में जंगली हाथी ने मचाया उत्पात, किसानों के फसल को किया नष्ट।
सरायकेला/ईचागढ़
ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो पंचायत अंतर्गत बिस्टाटांड़ गांव में शुक्रवार रात को जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। बिस्टाटांड़ गांव निवासी किसान वीर सिंह महतो के खेत में लगे लौकी की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया और चासा राम महतो के खेत में लगे नेनुआ झींगा की फसल को खा कर चट कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे आसपास एक जंगली हाथी द्वारा किसानों के फसल को खाकर चट कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विगत कुछ दिनों से झूंठ से बिछड़े दो जंगली हाथी पुलिस जंगल के आसपास डेरा जमाए हुए हैं, शाम ढलते ही जंगली हाथी गांव की और कुच करते हैं। गांव के अगल-बगल में लगे फसलों को नष्ट कर देते हैं, ग्रामीण रात जगा करने को मजबूर है। वनरक्षी सह प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो ने बताया कि दो जंगली हाथी तालापीढ़ी के समीप जंगल में हैं, उसी से एक बिछड़ कर गांव पहुंचा था और किसानों के फसल को नष्ट किया।
उन्होंने किसानों से छतिपूर्ति मुआवजा हेतु आवेदन समर्पित करने का अपील किया। ग्रामीण ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में खेती का कार्य जोर शोर से चल रही है, जंगली इलाका होने के कारण शाम 4:00 बजे के बाद धान की खेती का कार्य बंद करना पड़ रहा है, क्योंकि शाम ढलते ही जंगली हाथी जंगल से गांव की ओर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग किया है कि जल्द से जल्द इस क्षेत्र से जंगली हाथियों को भगाया जाए और किसानों के फसलों का क्षतिपूर्ति मुआवजा राशि भुगतान किया जाए।
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी में बी.एड. सत्र 2023–2025 के विद्यार्थियों का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न।
सरायकेला/चांडिल
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी में बी.एड. सत्र 2023–2025 के विद्यार्थियों का भव्य दीक्षांत समारोह एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी में बी.एड. सत्र 2023–2025 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य दीक्षांत (Graduation Day) समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। यह आयोजन विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक बना।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक श्रीमती सबिता महतो थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के मेंटर श्री राम केवल सिंह, एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन श्री विवेक कुमार सिंह तथा एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की निदेशक श्रीमती अनुपा सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती सबिता महतो ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने सभी स्नातक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें समर्पण, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ समाज के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
श्री राम केवल सिंह ने विद्यार्थियों को जीवनभर सीखते रहने, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। संस्थान के चेयरमैन श्री विवेक कुमार सिंह ने कहा कि ग्रेजुएशन डे केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और नए सपनों की शुरुआत है। निदेशक श्रीमती अनुपा सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और चरित्र से समाज को नई दिशा देता है।
इस अवसर पर बी.एड. सत्र 2023–2025 के सभी सफल छात्र-छात्राओं को ग्रेजुएशन डे प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरे पर गर्व, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। Academic Excellence Award से प्रीति कुमारी को सम्मानित किया गया। Best Personality Award से नरेंद्र प्रसाद सिंह को सम्मानित किया गया। Student Favourite Award से गिरिधारी तंतुबाई को सम्मानित किया गया। Cultural Star Award से प्रभा, थेरेसा, लिपिका एवं प्रीति कुम्भकार को सम्मानित किया गया। NSS Excellence Award शाक्या कुमारी को प्रदान किया गया। Chatter Box Award नेहा मोहंती को मिला। Best Disciplined Student Award संयुक्त रूप से बरनाली अधिकारी एवं फिरोज आलम अंसारी को प्रदान किया गया। Best Leadership Award से पूनम करवा को सम्मानित किया गया तथा Pride of the Batch Award प्रीति कुमारी कुम्भकार को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों एवं संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन ने उन्हें केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का भी पाठ पढ़ाया है। सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक छायाचित्र खिंचवाए। राष्ट्रगान के साथ समारोह का सफल समापन हुआ।
यह दीक्षांत समारोह एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर रहा, जिसने एक बार फिर गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 151 अभ्यर्थी हुए सफल।
सरायकेला/चांडिल
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 17 जुलाई, 2026 को चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पंचायतों के उन अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा संपन्न कराई गई।
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार शिविर के लिए कुल 201 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें से 151 अभ्यर्थी लर्नर लाइसेंस परीक्षा में सफल हुए, 27 अभ्यर्थी असफल रहे तथा 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंडवार आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की।
साथ ही सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन का परिचालन करने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की अपील की गई।
भुइयांडीह में विधानसभा स्तरीय झामुमो के नए कार्यालय का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन।
सरायकेला/चांडिल
चांडिल प्रखंड अंतर्गत भुइयांडीह स्थित एनएच-33 के समीप झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इसी अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधानसभा स्तरीय नए कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने फीता काटकर झामुमो कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने ओम प्रकाश लायेक के नवनिर्मित आवास का अवलोकन किया तथा गृह प्रवेश समारोह में शामिल होकर परिवार को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि भुइयांडीह में झामुमो कार्यालय खुलने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं को एक मंच मिलेगा, जहां से जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार जनता के हित और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काब्लू महतो, जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, धर्मु गोप, शंकर लायेक, बादल महतो, अरुण टुडू, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, कित्तीवास महतो, दिलीप किस्कू, मिलन तंतुवाई, सुदाम हेंब्रम, राहुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सरायकेला में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार।
सरायकेला
सरायकेला थाना पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर निवासी एक महिला ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके पति सोमरा हेंब्रम ने लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया।
मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या 54/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी एवं पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सोमरा हेंब्रम (39 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लगभग एक मीटर लंबी लोहे की रॉड तथा बिजली का तार बरामद किया है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ सरायकेला, सरायकेला थाना प्रभारी सहित सीनी ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
महिला पर जानलेवा हमला करने वाले फरार अभियुक्त को महज 10 घंटे में ही किया गिरफ्तार।
सरायकेला/तिरुलडीह
सरायकेला-खरसावां जिले के तिरूलडीह थाना क्षेत्र के डाटम गांव में एक महिला को डायन बताकर उसके घर में घुसकर जानलेवा हमला कर फरार होने वाले नामजद अभियुक्त संजय महतो 26 वर्ष को तिरूलडीह पुलिस महज 10 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को चांडिल अनुमंडल न्यायालय में पेश कर सरायकेला कारा भेज दिया गया।
थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि पीड़िता सुष्मिता महतो ने तिरूलडीह थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार सुष्मिता महतो (40 वर्ष) को गांव का ही संजय महतो डायन बताकर लाठी से पीटकर घायल कर दिया था। उन्होंने कहा कि सोमवार को अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले का जांच किया जा रहा है।
अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से श्राद्ध कर्म में जा रही महिला की हुई मौत।
सरायकेला/ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मिलन चौक तिरूलडीह सड़क पर मिलन चौक मुण्डा गैरेज के पास सोमवार को एक अनियंत्रित बाइक के चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। अनियंत्रित बाइक ठोकर मारकर फरार हो गया।महिला की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बीरडीह निवासी 37 वर्षीय कुमारी अकाली के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने पति मान गोविन्द सिंह माझी के साथ बाइक पर बंगाल के उरमाल एक श्राद्ध कर्म में भाग लेने जा रही थी। सामने से आ रही एक अनियंत्रित बाइक के ठोकर मारने से दंपति घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मिलन चौक के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां से उसे बेहतर इलाज हेतु सिल्ली भेजा गया। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी वरूण यादव ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया एवं मामले की तहकीकात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना कारीत कर भागे बाइक व चालक का पता लगाया जा रहा है, बहुत जल्द बाइक को जप्त कर लिया जाएगा।
कुशपुतुल-चांडिल सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्रों व ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
सरायकेला/ईचागढ़
नीमडीह प्रखंड के राजस्व ग्राम कुशपुतुल के स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने सोमवार को कुशपुतुल-चांडिल मुख्य सड़क के जर्जर हिस्से के निर्माण की मांग को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क के करीब 800 मीटर हिस्से का जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि कुशपुतुल गांव की करीब तीन हजार आबादी के लिए यही मुख्य संपर्क मार्ग है।
लंबे समय से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बरसात में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस सहित अन्य चारपहिया वाहनों का परिचालन भी प्रभावित होता है।
एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता ने ज्ञापन को संबंधित विभाग को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर छात्र नेता समीर कुमार महतो, विजय कर्मकार, सुदीप कुमार महतो, रोहिण सिंह, कमल सिंह, राधेश्याम कर्मकार, जयदेव महतो आदि उपस्थित थे।
आदरडीह एसएम स्टील परियोजना को लेकर विवाद बरकरार, ठीकेदारी विवाद का समझौता, फिर भी ग्रामीणों का विरोध तेज।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के आदरडीह, गौरडीह, रघुनाथपुर, सांगिड़ा, नीमडीह, केतूंगा सहित आसपास के मौजा में प्रस्तावित एसएम स्टील एंड पावर लिमिटेड परियोजना शुरू से ही विवादों में घिरी रही है। दो दिन पहले कंपनी में ठीकेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसका पटाक्षेप रविवार 12 जुलाई को नीमडीह थाना में आपसी समझौते के साथ हो गया। लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। सोमवार को ग्रामीणों का एक पक्ष कंपनी गेट के पास धरने पर बैठ गया। बाद में ग्रामीण, कंपनी प्रबंधन एवं जमीन अधिग्रहण के बिचौलिया के साथ वार्ता के बाद धरना वापस ले लिया गया। हालांकि इसी बीच जमीन अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश की आग अंदर ही अंदर सुलग रहा है, जो कभी भी ज्वालामुखी बन सकता है।
छह महीने पूर्व नीमडीह प्रखंड के गौरडीह पंचायत भवन में आयोजित ग्रामसभा में माहौल पूरी तरह विरोध के रंग में दिखाई दिया। ग्रामसभा शुरू होते ही उन्होंने कहा कि ‘हम अपनी जमीन किसी कीमत पर नहीं देंगे।’ इसके बाद पूरे पंचायत भवन में विरोध के स्वर तेज हो गए।
सभा में नीमडीह, गौरडीह, रघुनाथपुर, सांगिड़ा, केतूंगा और सुंडीदीह मौजा के ग्रामीणों ने एक स्वर में घोषणा की कि वे प्रस्तावित एसएम स्टील एंड पावर लिमिटेड की स्थापना किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जमीन अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया विवादों से घिरी हुई है। उनका दावा है कि बहु संख्यक जमीन मालिकों ने अपनी सहमति नहीं दी, फिर भी कागजों में सहमति दिखाकर जमीन की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दलालों ने 44 हजार रुपये प्रति डिसमिल की दर वाली जमीन को मात्र 11 हजार रुपये प्रति डिसमिल दिखाकर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की है। कई किसानों को अब तक मुआवजा भी नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार, जमीन अधिग्रहण को लेकर क्षेत्र में लंबेसमय से गहरा विवाद बना हुआ है। ग्रामीणों के भीतर नाराजगी लगातार सुलग रही है, जो यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो कभी भी बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है। लोगों का कहना है कि उनके लिए जमीन सिर्फ संपत्ति नहीं, बल्कि उनकी पहचान और अस्मिता है। ग्रामीणों ने एक बार फिर दोहराने लगा कि उनका संघर्ष केवल एक कंपनी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए है।
मजदूर नेता शहीद रतिलाल महतो के शहादत दिवस पर विधायक सविता महतो ने दी श्रद्धांजलि।
सरायकेला/ईचागढ़
ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने मजदूर नेता शहीद रतिलाल महतो के 27वें शहादत दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित ऊपरबेड़ा में उनकी प्रतिमा एवं समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक ने शहीद रतिलाल महतो के संघर्ष, त्याग और मजदूर हितों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष हमेशा स्मरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, गणेश चौधरी, गणेश माहली, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, बिशु हेंब्रम, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, जगदीश महतो, भूंडा बेसरा, नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, अमृत महतो, दुर्गा मुर्मू, धर्मु गोप सहित शहीद रतिलाल महतो के परिजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।