आदित्यपुर में गैस एजेंसी संचालक दंपती पर हमला, सिलेंडर लूट का आरोप; वार्ड-2 में दहशत।
सरायकेला/आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2, धीराजगंजा से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नव-निर्मित गैस एजेंसी संचालक दंपती के साथ मारपीट और जबरन गैस सिलेंडर ले जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता श्रीमती जोबा हेम्ब्रम ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता जोबा हेम्ब्रम और उनके पति विकास चंद्र गुप्ता द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 02 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। आरोप है कि कार्तिक सरदार, बबलू सरदार, गौतम गोराई, बबलू कालिंदी, मनोज सरदार और महेश महतो नामक छह लोग अचानक उनके घर पहुंचे और बिना कुछ कहे घर में रखा गैस सिलेंडर उठाकर ले जाने लगे।
जब पति विकास चंद्र गुप्ता ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर लात-घूंसों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने गई तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी कार्तिक सरदार और बबलू सरदार बार-बार धमकी देते हुए कह रहे थे कि “बिना मेयर की परमिशन लिए गैस एजेंसी क्यों ली?”
जोबा हेम्ब्रम ने बताया कि उनके पति ने 4 लाख 90 हजार रुपये देकर गैस एजेंसी का काम शुरू किया था और 02 सितंबर काम का पहला ही दिन था, उसी रात यह घटना घट गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ एजेंसी से संबंधित सभी दस्तावेज संलग्न किए हैं और आदित्यपुर थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, शिकायत मिलने के बाद आदित्यपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले की पुलिसिंग को मिली रफ्तार, बेड़े में शामिल हुईं 19 नई बोलेरो।
अब 38 बोलेरो और 26 बाइक से होगी पेट्रोलिंग, एसपी ने खुद स्टेयरिंग संभालकर किया गश्त का निरीक्षण
सरायकेला
(मालखान महतो)
सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिला पुलिस के बेड़े में गुरुवार को 19 नई बोलेरो शामिल की गईं। नए वाहनों के शामिल होने के बाद जिले में पुलिस के पास कुल 38 बोलेरो और 26 बाइक उपलब्ध हो गई हैं। इन वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, रात्रि गश्ती, हाईवे निगरानी और विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में लगाया जाएगा।
सरायकेला पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, पुलिस मेंस एसोसिएशन एवं पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
एसपी ने खुद संभाली स्टेयरिंग, क्षेत्र में निकले पेट्रोलिंग पर नए वाहनों को रवाना करने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने खुद एक पेट्रोलिंग वाहन की स्टेयरिंग संभाली और क्षेत्र में गश्त के लिए निकले। उनके साथ एसडीपीओ एवं मुख्यालय डीएसपी भी रहे। एसपी ने वाहन चलाते हुए कोलेबिरा तक पेट्रोलिंग की और रास्ते में पुलिस की गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से जिला पुलिस की गतिशीलता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। किसी आपराधिक घटना या विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ अपराधियों पर भी दबाव बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग के लिए संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना जिला पुलिस की प्राथमिकता है।
दूरदराज और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की पहुंच सरायकेला-खरसावां का भौगोलिक क्षेत्र विस्तृत है। जिले में शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाके भी हैं। ऐसे क्षेत्रों में पुलिस की नियमित मौजूदगी और त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने में नए वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नई बोलेरो का उपयोग रात्रि गश्ती, हाईवे पेट्रोलिंग, अपराधियों की धर-पकड़, आपातकालीन घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। इससे पुलिस की क्षेत्र में दृश्यता बढ़ने और रिस्पॉन्स टाइम कम होने की उम्मीद है। पुलिस को मिले 40 फर्स्ट एड मेडिकल किट
कार्यक्रम से पहले ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तमोलिया की ओर से जिला पुलिस को 40 फर्स्ट एड मेडिकल किट उपलब्ध कराए गए। इन किटों को पुलिस वाहनों और जरूरत वाले स्थानों पर रखा जाएगा। सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में पुलिस के घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने की स्थिति में घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने से पहले प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
एसपी ने कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मी अक्सर दुर्घटना और अन्य आपात परिस्थितियों में सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहने से जरूरतमंदों को तत्काल सहायता देने में काफी सुविधा होगी। नई बोलेरो और मेडिकल किट के साथ जिला पुलिस की संसाधन क्षमता बढ़ी है। अब इन संसाधनों के जरिए जिले में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
सरायकेला में मासिक क्राइम मीटिंग, पेंडिंग केस निपटाने और पेट्रोलिंग तेज करने पर जोर।
सरायकेला
सरायकेला सर्कल इंस्पेक्टर कार्यालय में गुरुवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने की।
इस बैठक में सरायकेला सर्कल के अंतर्गत आने वाले सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे। इनमें सरायकेला, खरसावां, राजनगर, कुचाई और महिला थाना के थानेदार शामिल थे।
मीटिंग में पिछले महीने दर्ज हुए मामलों, उनकी जांच की प्रगति और लंबित कांडों के जल्द निपटारे को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के बाद सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि पूरे अंचल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरायकेला शहरी इलाका है, इसलिए यहां सबसे ज्यादा सड़क हादसे और बाइक चोरी के मामले सामने आते हैं। लेकिन पुलिस की लगातार कार्रवाई से बड़े और संगठित अपराधों पर पूरी तरह से नियंत्रण है। बीते कुछ महीनों में बाइक चोर गिरोह का खुलासा करने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
इसके अलावा आमदा ओपी, राजनगर और सरायकेला इलाके में घरों में हुई जेवर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी के जेवरात की बड़ी खेप बरामद की है। टुडू ने कहा कि चोरी की वारदातों और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी थानों को रात्रि गश्ती और पेट्रोलिंग बढ़ाने का आदेश दिया गया है।
श्री राम पब्लिक स्कूल और प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, प्रतिभाशाली छात्रों को किया गया सम्मानित।
सरायकेला/आदित्यपुर
भाटिया बस्ती स्थित श्री राम पब्लिक स्कूल एवं प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग का 27वां वार्षिक उत्सव सह प्राइज नाइट समारोह आदित्यपुर के ऑटो क्लस्टर सभागार में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदित्यपुर के उप महापौर अंकुर सिंह, विशिष्ट अतिथि पार्षद मंजू देवी तथा गंगोत्री नर्सिंग होम के निदेशक और विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उप महापौर अंकुर सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक पंकज प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि यह समारोह संघर्ष, सेवा और सफलता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि संस्था 1999 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्ष 2012 में एनआईटी के पूर्व प्राचार्य स्व. डॉ. श्री राम प्रसाद की स्मृति में श्री राम पब्लिक स्कूल की स्थापना की गई, वहीं 2021 में शुरू हुआ प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।
समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्री-प्राइमरी वर्ग में प्रदीप, आरव महतो और कृतिका, प्राइमरी वर्ग में अनु घोष, रिजवाना आरा और दिव्यांशु तथा हाई स्कूल वर्ग में साहिल, लक्ष्मी, पवन और अंबिका सहित अन्य छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। नर्सिंग संकाय में सानिया गोप, पिंकी पत्रा, रेशमी कुमारी और जाबा रानी महतो को पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनके मनमोहक नृत्य और गीतों ने सामाजिक संदेश देते हुए सभी का मन मोह लिया।
अंत में प्राचार्या सुषमा कुमारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव रिंकी प्रसाद, नर्सिंग प्राचार्या श्रेया झा, मो. समशेर समेत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
झामुमो का 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियाँ तेज़।
सरायकेला/आदित्यपुर
खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर विधेयक के प्रावधानों व संभावित प्रभावों से जनता को अवगत कराया और आंदोलन को व्यापक जनाधार देने के लिये रणनीतियाँ बनाईं।
झामुमो के वरिष्ठ नेता और शिक्षाविद केपी सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह विधेयक झारखंड सरकार को कमजोर करने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सोरेन ने कहा कि केंद्र पर राज्य का लगभग ₹1,36,000 करोड़ बकाया है और उस राशि का भुगतान टालने के लिए केंद्र विभिन्न तरीकों का सहारा ले रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण जल्दबाज़ी में यह कानून लाया जा रहा है।
सोरेन ने कड़ा रूख अपनाते हुए कहा कि झामुमो किसी भी स्थिति में इस विधेयक को कानून नहीं बनने देगा और इसके खिलाफ “अंतिम और निर्णायक” लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनजागरण अभियान को और तेज़ करें, लोगों तक विधेयक की जानकारी पहुँचाएँ और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ें।
पार्टी ने बताया कि इस आंदोलन की पहली झलक 7 सितंबर को दिखाई देगी और उसके बाद प्रदेश स्तर पर बड़े पैमाने पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सरायकेला-खरसावां जिला में ऐतिहासिक आंदोलन होगा। बैठकों में जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक रणनीति और स्थानीय स्तर पर लोगों को शामिल करने के तरीकों पर चर्चा जारी है। स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बैठकें और खोज-खबर अभियान सक्रिय हैं ताकि आम जनता को विधेयक के संभावित लाभ-हानि की स्पष्ट जानकारी मिल सके। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा व जन-व्यवस्था के दृष्टिकोण से क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर अभी वृहद स्तर पर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं हुई है।
झामुमो के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर क्षेत्रीय राजनीतिक व सामाजिक प्रतिक्रिया और सरकारी रुख पर अगले कुछ दिनों में निगाहें टिकी रहेंगी। जनता के साथ होने वाली बैठकों और 7 सितंबर के आयोजन के बाद ही आंदोलन की दिशा स्पष्ट रूप से सामने आएगी।
विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस।
सरायकेला/ईचागढ़
(मालखान महतो) प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को मेजर ध्यानचंद के जन्म जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। शहीद अजित धनंजय महतो विद्यानिकेतन चोगा में सर्वप्रथम मेजर ध्यानचंद के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उनके जीवनी पर प्रकाश डाला गया।
उसके बाद विद्यालय में छात्र- छात्राओं के बीच विभिन्न प्रकार के खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेलों में 100 मी दौड़,200 मी दौड़, 400 मी दौड़, रस्साकसी,म्यूजिकल चेयर,कबड्डी,फुटबॉल आदि खेल का आयोजन किया गया। खेल में प्रथम,द्वितीय तथा तृतीय स्थान वालों छात्र- छात्राओं को पुरष्कृत किया गया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्षेत्रपति महतो, शिक्षक त्रिलोचन यादव,सुजीत कुमार दत्त,कैलाश चंद्र महतो, गोपेश कुमार महतो,चन्दन कुमार महतो आदि उपस्थित थे।
रुक-रुक कर हो रही बारिश से बिजली आपूर्ति अनियमित, अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर उपभोक्ता।
सरायकेला/ईचागढ़
दिनभर बिजली गुल रहने से लोग परेशान, ऑनलाइन कामकाज व पानी सप्लाई भी प्रभावित
(मालखान महतो) ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं खराब मौसम का सीधा असर बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा है। बारिश शुरू होते ही क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है।
शुक्रवार को दिनभर बिजली आपूर्ति ठप रही। शाम के बाद करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन इसके बाद फिर बिजली गुल हो गई। देर रात तक बिजली नहीं रहने से लोगों को अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा।क्षबिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हल्की बारिश और मौसम खराब होते ही बिजली काट दी जाती है। इसके बाद घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती है। लगातार बिजली गुल रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ छोटे-बड़े व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली पर निर्भर रहने वाले दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। टीकर, गौरांगकोचा, सितु, मिलन चौक बाजार सहित प्रखंड के विभिन्न इलाकों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बाजार क्षेत्र में फोटो कॉपी, प्रिंटिंग, ऑनलाइन फॉर्म भरने, साइबर सेवा, मोबाइल रिचार्ज समेत अन्य ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिजली नहीं रहने के कारण दुकानों में लगे कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े रहते हैं। इससे ग्राहकों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा है। बिजली से चलने वाले मोटर नहीं चल पाने के कारण कई जगहों पर पानी सप्लाई प्रभावित हुई है।
लगातार बिजली कटौती का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। शाम और रात के समय बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों को पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है। ग्रामीण इलाकों में कई परिवारों के पास पर्याप्त वैकल्पिक रोशनी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बिजली गुल रहने पर बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।बारिश के दौरान विद्युत लाइन में आने वाली खराबियों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
रंगामाटी-टिकर सड़क की मरम्मत के लिए 90 लाख का होगा टेंडर।
सरायकेला/ईचागढ़
(मालखान महतो) रंगामाटी-टिकर सड़क की बदहाली दूर करने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने पहल शुरू कर दी है। सड़क के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए विभाग के सरायकेला-खरसावां रोड डिवीजन की ओर से ई-टेंडर जारी किया गया है।
करीब 9.05 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत पर 89 लाख 99 हजार 781.58 रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से जारी ई-प्रोक्योरमेंट नोटिस के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में नन-प्लान मद से सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। कार्य पूरा करने के लिए संवेदक को तीन माह का समय दिया गया है। निविदा की तिथि 27 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
भारी वाहनों के परिचालन से सड़क की हालत जर्जर
रंगामाटी-टिकर सड़क ईचागढ़ क्षेत्र के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। इसी मार्ग से जमशेदपुर, आदित्यपुर और चाईबासा की ओर से आने वाले बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन रामगढ़, हजारीबाग और पटना सहित अन्य क्षेत्रों की ओर आवागमन करते हैं। लगातार भारी वाहनों के परिचालन के कारण सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से मरम्मत कार्य पूरा किया जाता है तो क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों के आवागमन में भी काफी सुविधा होगी।
डीएवी एम पब्लिक स्कूल में छात्राओं के बीच हुई राखी प्रतियोगिता।
सरायकेला/ईचागढ़
ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा स्थित डीएवी एम पब्लिक स्कूल में रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में गुरुवार को छात्राओं के बीच राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में यूकेजी से कक्षा आठवीं तक की छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सुंदर और आकर्षक राखियां बनाईं। स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में उत्कृष्ट राखियों का चयन किया गया।प्रतियोगिता में एलकेजी की पीहू कुमारी गोप, कक्षा तीन की अनुष्का सिंह मुंडा, कक्षा चार की पायल बेसरा, कक्षा पांच की सोनिया महतो, कक्षा छह की संगीता प्रमाणिक, कक्षा सात की सुमन पुराण तथा कक्षा आठ की प्रतिमा महतो और आशा सिंह मुंडा ने बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय के प्राचार्य मनोरंजन महतो ने बच्चों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से कॉपी, पेंसिल, कलम एवं नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।मौके पर रवि शंकर पुराण, प्रवीण कुमार दास, डोना आदित्यदेव, धनेश्वर महतो, नीतू गोप, भवानी सिंह, पवन प्रमाणिक, गंगा सागर पाल, यमुना गोराई, कुंज बिहारी लायेक, दिनेश गोप, संजू रानी महतो समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
आदित्यपुर के सांई कृष्णा हेवन सिटी टावर में युवती की संदिग्ध मौत, पांचवीं मंजिल से गिरने से गई जान।
सरायकेला/आदित्यपुर
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सांई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में आज सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अपार्टमेंट के टावर की पांचवीं मंजिल से गिरने से एक युवती की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती सुबह 315 नंबर फ्लैट में जाने की बात कहकर ऊपर गई थी। कुछ ही देर बाद उसके गिरने की खबर आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि मृतका बाहर बस्ती की रहने वाली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फ्लैट को लेकर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस फ्लैट में युवती के जाने की बात कही जा रही है, उसमें वर्तमान किराएदार करीब 2 महीने पहले ही रहने आए हैं। इससे पहले उस फ्लैट में कुछ अविवाहित युवक किराए पर रहते थे। वहीं कुछ लोगों ने बिल्डर आर.के. सिन्हा पर बिल्डिंग में सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं होने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसे संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान, फ्लैट के किराएदारों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।”
पुलिस ने कहा है कि मामले में गहन जांच की जा रही है और फ्लैट के अंदर की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
75वीं प्लेटिनम जयंती को भव्य बनाने के लिए दुर्गा पूजा कमेटी का गठन।
सरायकेला/कांड्रा
श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, कांड्रा कॉलोनी की बैठक 23 अगस्त 2026 को मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता सह संरक्षक राकेश कुमार वाष्र्णेय ने की। बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष की दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए नई कमेटी का गठन किया गया।
बैठक में कमेटी के पदाधिकारियों का चयन किया गया। अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा, उपाध्यक्ष विजय तिवारी एवं के. साईं राव, महासचिव के. दुर्गा राव, सचिव हितेश वाष्र्णेय, सह सचिव राजू मंडल तथा कोषाध्यक्ष चंदन प्रताप सिंह, गिरिश वाष्र्णेय एवं स्वाधीन चंद्र महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कमेटी के गठन के बाद इस वर्ष आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस वर्ष श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, कांड्रा कॉलोनी अपनी 75वीं प्लेटिनम जयंती मना रही है। इसे देखते हुए पूजा समारोह को विशेष और भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। कमेटी ने निर्णय लिया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा नौ दिनों तक आयोजित की जाएगी तथा पहले दिन से ही मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी। इसके साथ ही नौ दिनों के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से साधन कुमार दास, विपिन वाष्र्णेय ,सजय वाष्र्णेय,रंजीत सेन, आदित्य चौधरी, शिवांशु वाष्र्णेय, अमर दे, संजू दत्ता, सकेत मिश्रा, कपिश सिंह, सौरभ,सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे। सदस्यों ने 75 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को यादगार बनाने और पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
चांडिल में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, चार गोलियां दागकर अपराधी फरार।
सरायकेला/चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। कांदरबेड़ा स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में दिनदहाड़े फायरिंग कर कारोबारी निखार सबलोक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने निखार पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं, जिनमें दो गोलियां सिर में लगीं।
गंभीर हालत में दोस्तों ने उन्हें टीएमएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस, डीएसपी समेत जमशेदपुर की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं पुलिस ने घटनास्थल से नौ खोखे बरामद किए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी समेत कई एंगल पर जांच जारी है।
वहीं इस मामले पर सरायकेला खरसावां की पुलिस अधीक्षक ने कहा जांच चल रही है अनुसंधान के बाद बता देंगे
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है निखार की हत्या क्यों और किसने की?