विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 08 एवं 09 अगस्त को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर लगेगा विशेष शिविर।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 08 एवं 09 अगस्त को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर लगेगा विशेष शिविर।

सरायकेला/खरसावां

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत 08 एवं 09 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक सरायकेला-खरसावाँ जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष शिविर में पात्र नागरिक फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा आवश्यक संशोधन/स्थानांतरण से संबंधित आवेदन कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ, श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों की आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष अथवा उससे अधिक हो जाएगी तथा जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे विशेष शिविर में पहुंचकर फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भरते हुए आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं।

उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाता जिनके परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केन्द्रों पर दर्ज हैं अथवा जो अपने पूरे परिवार का नाम एक ही मतदान केन्द्र पर दर्ज कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिन मतदाताओं के मतदान केन्द्र अथवा मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन अपेक्षित है, वे भी फॉर्म-8 का उपयोग कर सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि आवेदन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से मतदान केन्द्र पर जमा किए जा सकते हैं। साथ ही नागरिक ECINET App अथवा voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है तथा इसमें किसी भी विदेशी नागरिक की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर अपने निकटतम मतदान केन्द्र पहुंचकर इस विशेष शिविर का लाभ उठाने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी जागरूक करने की अपील की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सेक्टर पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिया है कि विशेष शिविर के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं संशोधन की सुविधा सुगमता से उपलब्ध हो सके।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में चलाया जा रहा है मतदाता जागरूकता अभियान।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में चलाया जा रहा है मतदाता जागरूकता अभियान।

सरायकेला/खरसावां

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में चलाया जा रहा है मतदाता जागरूकता अभियान

जिले में नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु विशेष जागरूकता अभियान जारी

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिले में 05 अगस्त से नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में राजनगर प्रखंड स्तर पर नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता की भूमिका, लोकतंत्र के सशक्त निर्माण में प्रत्येक मतदाता के महत्व तथा मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 18 वर्ष अथवा निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई।

इसी प्रकार जिला उप निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया एवं सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका की जानकारी दी गई तथा पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान किया गया।

इसके अतिरिक्त हेल्प डेस्क मैनेजर (Help Desk Manager–HDM) द्वारा भी जिले के विभिन्न बूथों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य ऐसे स्थानों, जहाँ युवा वर्ग की सहभागिता अधिक है, वहाँ चुनावी पाठशाला, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ, प्रश्नोत्तरी, निबंध, चित्रांकन एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के दौरान पात्र युवाओं को ECINET App डाउनलोड कर प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, प्रविष्टियों में संशोधन, परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केन्द्र पर दर्ज कराने तथा निर्वाचन संबंधी अन्य सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की जा रही है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। सभी पात्र युवा समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

नल जल योजना के तहत सड़क किनारे पाइप लाइन बिछाकर  नहीं किया ड्रैसिंग ,  बारिश में टुट रहा सड़क का फुटपाथ।

नल जल योजना के तहत सड़क किनारे पाइप लाइन बिछाकर  नहीं किया ड्रैसिंग ,  बारिश में टुट रहा सड़क का फुटपाथ।

सरायकेला/ईचागढ़

सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सितु ,सोड़ो,तुता सहित कई पंचायत क्षेत्रों में जल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा हर घर नल जल योजना अन्तर्गत बृहत जल मीनार का निर्माण जारगोडीह में कराया जा रहा है, जिसमें हर घर नल से जल आपूर्ति हेतु पाइप लाइन का कार्य संवेदक द्वारा किया जा रहा है। सड़क किनारे एवं गांवों में पाइप बिछाने के गड्ढे खोदने का काम किया जा रहा है। पाइप बिछाने के बाद ऊपर मिट्टी को हल्का देकर छोड़ दिया गया है, जिससे आए दिन वाहन फंस रहा है। पाइप बिछाने के बाद ड्रेसींग भी नहीं किया गया है, जिससे बारिश में मिट्टी का कटाव होने से सड़क किनारे फुटपाथ जगह जगह धंस कर खतरे को आमंत्रित कर रहा है।

लोगों का आरोप है कि सुरजमल ओंकारमल कंस्ट्रक्शन द्वारा पाइप बिछाकर मिट्टी को समान भी नहीं किया जा रहा है। लोगों को आवागमन में असुविधा के साथ ही। सड़क किनारे का मिट्टी कटाव होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइप बिछाए गए गढ्ढों को ठीक नहीं करने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को ग्रामीणों द्वारा शिकायत किया जाएगा।

चिपड़ी से चुनीडीह गांव तक की बदहाल सड़क से ग्रामीण त्रस्त, 15 वर्षों से जर्जर मार्ग पर आवागमन को मजबूर।

चिपड़ी से चुनीडीह गांव तक की बदहाल सड़क से ग्रामीण त्रस्त, 15 वर्षों से जर्जर मार्ग पर आवागमन को मजबूर।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के तिरुलडीह 2 पंचायत अंतर्गत चिपड़ी से चुनीडीह गांव तक की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 15 वर्षों से सड़क की हालत बद से बदतर बनी हुई है, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलजमाव से भर जाती है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि चिपड़ी हाई स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन करीब दो किलोमीटर तक साइकिल हाथ में लेकर या उतरकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। किसानों और ग्रामीणों को बाजार तक सब्जियां पहुंचाने में भी भारी परेशानी होती है और कई बार सामान को कंधे पर ढोकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाए तो एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीज को खाट पर लिटाकर लगभग दो किलोमीटर तक मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिसके बाद ही अस्पताल पहुंचाना संभव हो पाता है।
ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि विकास के दावों के बावजूद गांव आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित है।

इस दौरान जगदीश सिंह मुंडा, जगदीश महतो, सुग्रीव भगत, डीसी महतो, राजकिशोर महतो, नरेश महतो, विष्णु महतो, शिवचरण महतो तथा वरुण महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अविलंब सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

कुड़मि समाज की पहचान, धर्म एवं कुड़मालि भाषा की राष्ट्रीय मान्यता की मांग।

कुड़मि समाज की पहचान, धर्म एवं कुड़मालि भाषा की राष्ट्रीय मान्यता की मांग।

जमशेदपुर

आदिवासी कुड़मि समाज के मूलखूॅंटी मूलमानता (संरक्षक) अजीत प्रसाद महतो के नेतृत्व में कुड़मि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी जातीय पहचान, पारंपरिक धर्म एवं कुड़मालि भाषा को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने की मांग को लेकर 6 अगस्त 2026 को भारत सरकार, नई दिल्ली में रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त के समक्ष मांग-पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, आदिवासी कुड़मि समाज के अध्यक्ष शशांक शेखर महतो सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि मंडल उपस्थित रहे।

मांग पत्र में आगामी जनगणना में कुड़मि समाज की जातीय पहचान एवं मातृभाषा का स्पष्ट एवं पृथक अंकन, पारंपरिक “प्रकृति धर्म अर्थात सारना कुड़मि धर्म” की मान्यता तथा कुड़मालि भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुड़मि समाज की मांग केवल पहचान का प्रश्न नहीं, बल्कि उसकी भाषा, संस्कृति, धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा विषय है। समाज ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर संवेदनशीलता पूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्ति की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अगस्त को गृह मंत्रालय की ओर से आश्वासन दिया गया कि वर्तमान संसद सत्र की व्यस्तताओं के कारण गृह मंत्री अमित शाह शीघ्र ही आदिवासी कुड़मि समाज के मुलखूॅंटी मूलमानता (संरक्षक) अजीत प्रसाद महतो तथा सांसद विद्युत वरण महतो, चंद्र प्रकाश चौधरी, ज्योतिर्मय सिंह महतो एवं खीरू महतो सहित अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में कुड़मि समाज की मांगों पर विचार कर आवश्यक निर्णय लिए जाने की बात कही गई है। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री भी शामिल होने की संभावना व्यक्त की है।
इस आश्वासन से कुड़मि समाज में अपनी भाषा, धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक अधिकारों को लेकर सकारात्मक उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर  कृष्ण पद महतो, प्रेमचॉंद महतो, कमलेश महतो, अनंत महतो, वनमाली महतो एवं राधानाथ महतो सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

एसिया ने किया एसपी मनोज स्वर्गियारी का अभिनंदन, उद्योगों में चोरी और नशे के कारोबार पर लगेगी लगाम – नए एसपी ने उद्यमियों को दिया भरोसा।

एसिया ने किया एसपी मनोज स्वर्गियारी का अभिनंदन, उद्योगों में चोरी और नशे के कारोबार पर लगेगी लगाम – नए एसपी ने उद्यमियों को दिया भरोसा।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) की ओर से ऑटो क्लस्टर के सभागार में सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्यमियों ने मुख्य रूप से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने, फैक्ट्रियों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर रोक लगाने, बस्ती इलाकों में बढ़ते नशा कारोबार पर कार्रवाई और आदित्यपुर में ट्रैफिक जाम व बेतरतीब पार्किंग की समस्या का मुद्दा उठाया।

समारोह में स्वागत भाषण देते हुए एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए सुरक्षित माहौल सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि नए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी, ऐसी उम्मीद है।

उद्यमियों की बात सुनने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि पुलिस और उद्यमी एक टीम की तरह मिलकर काम करेंगे तो बेहतर परिणाम आएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चोरी और आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। साथ ही ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों से बातचीत कर ठोस पहल की जाएगी।

मौके पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, गम्हरिया थाना प्रभारी संजय कुमार, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर, ट्रैफिक प्रभारी राजू सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। वहीं एसिया के उपाध्यक्ष राजीव रंजन मुन्ना, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, पूर्व महासचिव दशरथ उपाध्याय, विनोद सिंह, चतुर्भुज केडिया, देवांग गांधी, संजय सिंह, रतन लाल अग्रवाल समेत आदित्यपुर के कई प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे।

वायरल इंफेक्शन के बाद अब बेहतर महसूस कर रहे हैं विधायक सरयू राय, समर्थकों से अस्पताल न आने की अपील।

वायरल इंफेक्शन के बाद अब बेहतर महसूस कर रहे हैं विधायक सरयू राय, समर्थकों से अस्पताल न आने की अपील।

रांची

वायरल इंफेक्शन के बाद अब बेहतर महसूस कर रहे हैं विधायक सरयू राय, समर्थकों से अस्पताल न आने की अपील
जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने अपनी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा है कि वे अब पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।

दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के रांची के एक निजी अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचने के बाद यह अफवाह उड़ गई थी कि विधायक गंभीर रूप से बीमार हैं और भर्ती हैं। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए सरयू राय ने बताया है।

उन्होंने बताया कि 1 और 2 अगस्त को जमशेदपुर में लगातार कार्यक्रमों में शामिल होने के कारण काफी थकान हो गई थी। इसके बावजूद 3 अगस्त को वे टेल्को और गोविंदपुर में लगे कांवरिया सेवा शिविर के साथ ही तारापुर और डुमा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।

इसके अगले दिन यानी 4 अगस्त को वे विधानसभा की समिति की बैठक में भाग लेने के लिए रांची रवाना हुए। रांची पहुंचने पर उन्हें बहुत ज्यादा थकावट महसूस हुई। इस पर उन्होंने डॉ. निशीथ कुमार और डॉ. संजय कुमार से संपर्क किया।

डॉक्टरों की सलाह पर वे रांची के क्योरेस्टा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉ. संजय कुमार ने उन्हें कुछ दिनों तक निगरानी में रहने की सलाह देते हुए भर्ती कर लिया।

सरयू राय ने बताया कि दो दिन तक अस्पताल में रहने के दौरान उनकी कई तरह की मेडिकल जांचें की गईं। अब उन्हें अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। चिकित्सकों ने उम्मीद जताई है कि एक-दो दिन में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जांच में वायरल संक्रमण की पुष्टि हुई थी और लगातार भागदौड़ व थकान की वजह से उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में रहना पड़ा। दो दिन के इलाज के बाद अब उनकी तबीयत में काफी सुधार है।

महापौर संजय सरदार ने तनुश्री बोस को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

महापौर संजय सरदार ने तनुश्री बोस को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर और जानी-मानी शिक्षाविद् डॉ. तनुश्री बोस को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किए जाने पर नगर निगम परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महापौर संजय सरदार ने डॉ. बोस को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान महापौर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और जन-जागरूकता के लिए किया जा रहा उनका कार्य पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। यह उपलब्धि सिर्फ आदित्यपुर ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

सम्मान के लिए आभार जताते हुए डॉ. तनुश्री बोस ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। इससे उन्हें भविष्य में शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में और अधिक लगन से काम करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने इस सम्मान के लिए महापौर और नगर निगम परिवार का धन्यवाद किया।

बता दें कि डॉ. तनुश्री बोस वर्तमान में गम्हरिया स्थित केरल पब्लिक स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षण के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। उन्हें मिसेज इंडिया आईएमपी झारखंड 2025, सुपर मॉम झारखंड 2025 और मिसेज इंडिया नेशनल ग्लैम प्राइड 2025 जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। हाल ही में उन्हें विश्व संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग के अंतरराष्ट्रीय सदस्य के रूप में भी चुना गया है।

इमली चौक के फल विक्रेता पर आपत्तिजनक आरोप, विश्व हिंदू परिषद ने थाने में की कार्रवाई की मांग।

इमली चौक के फल विक्रेता पर आपत्तिजनक आरोप, विश्व हिंदू परिषद ने थाने में की कार्रवाई की मांग।

सरायकेला/आदित्यपुर

सोनू कुमार सिंह

सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक इलाके से एक मामला प्रकाश में आया है, जहां एक फल विक्रेता पर दुकान परिसर में प्रतिबंधित मांस का सेवन करने का आरोप लगा है।


मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में रोष देखा गया। संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास के नेतृत्व में विहिप कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर थाना पहुंचा और थाना प्रभारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष रोशन खां ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि इमली चौक स्थित फल की दुकान में फल विक्रेता द्वारा प्रतिबंधित मांस का सेवन किया जा रहा है। सूचना पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। बताया गया कि उक्त वीडियो को साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा है, इस दौरान बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और फलाहार करते हैं। ऐसी स्थिति में फल की दुकान पर इस प्रकार की गतिविधि से लोगों की धार्मिक भावना आहत हुई है और क्षेत्र के सामाजिक माहौल पर भी असर पड़ सकता है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना है।

वहीं, इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि प्राप्त शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

सरायकेला-खरसावां पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 3 हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, लूटे गए हथियार बरामद।

सरायकेला-खरसावां पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 3 हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, लूटे गए हथियार बरामद।

कांड्रा थाना क्षेत्र में संयुक्त अभियान, दलमा पहाड़ से मिला पुलिस से लूटा गया इंसास राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद।

सरायकेला-खरसावां

सोनू कुमार सिंह

नक्सलवाद के खिलाफ सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान में भाकपा (माओवादी) के 3 कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सब जोनल कमिटी का एक सदस्य, एक रीजनल कमिटी सदस्य और एक महिला सब जोनल कमांडर शामिल है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामला है –

दिनांक 04-08-2026 को वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना अंतर्गत ग्राम-उदयपुर के एक घर में कुछ उग्रवादी संगठन के लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही झारखण्ड पुलिस, 203-कोबरा बरही, 134 बटालियन सीआरपीएफ दुगुनी, 26 वाहिनी एसएसबी राँची के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया गया।

वहीं गांव की घेराबंदी कर संदिग्ध घर से भाकपा (माओवादी) के सब जोनल कमिटि सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन सिंह उर्फ सागर उर्फ छोटा विजय (28 वर्ष), पिता-राम सिंह उर्फ फौजी सिंह, सा०-टेंगाडीह, टोला-बेनाडीह, थाना-नीमडीह को लोडेड AKM-47 रायफल, गोली, वाकी-टॉकी के साथ पकड़ा गया।

गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ के बाद चाण्डिल थाना अंतर्गत कान्दरबेडा से रीजनल कमिटी सदस्य सह बंगाल-झारखण्ड-उड़िसा सीमान्त कमिटी के सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो (54 वर्ष) को लोडेड 9mm पिस्टल के साथ और सब जोनल कमाण्डर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (26 वर्ष), पति-रवि सिंह सरदार, सा०-घाटबेड़ा, थाना-बलरामपुर, जिला-पुरुलिया को 7.62mm की गोली और कोडेक्स वायर के साथ गिरफ्तार किया गया। मीना पहाड़िया गिरफ्तार नक्सली रवि सिंह सरदार की पत्नी है।

तीनों की निशानदेही पर चाण्डिल थाना अंतर्गत ग्राम-आसनबनी के ऊपर दलमा पहाड़ से छुपाकर रखा हुआ पुलिस बल से लूटा हुआ एक मैगजीन लगा इन्सास रायफल, AKM-47 के 208 जिंदा गोली और कोडेक्स वायर बरामद किया गया।

गिरफ्तार नक्सलियों ने स्वीकारा –

पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे पूर्व में दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे। हाल के दिनों में सारंडा क्षेत्र में पुलिस के दबिश के कारण वे इस क्षेत्र में बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए भ्रमणशील थे। इन्होंने कुकडू में पुलिस बल की हत्या कर हथियार लूट की घटना सहित दलमा क्षेत्र में घटित सभी नक्सली घटनाओं में शामिल रहने की बात स्वीकार की है।

इस संबंध में कांड्रा थाना कांड सं

01 दिनांक 05.08.2026, धारा 221/190(3)191(2)191(2)61/352(2)351/132 BNS-2023 एवं 1)25A)/25(1-B)a/25(6)/26/35 आर्म्स एक्ट एवं 17 CLA Act एवं 18/13/10 UAP Act एवं 4/3 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बरामदगी-

पुलिस ने कुल 12 सामान बरामद किए हैं जिसमें AKM-47 रायफल-01, AKM-47 का मैगजीन-02, AKM-47 की जिंदा गोली-361, इन्सास रायफल-01, मोटोरोला कंपनी का वाकी-टॉकी-01, पुलिस का काला नेवार बेल्ट-01, टॉर्च-01, छाता-01, 9mm पिस्टल-01, 9mm की जिंदा गोली-42, कोडेक्स वायर (विस्फोटक)-03 बंडल और एक पल्सर मोटरसाईकिल शामिल है।

छापामारी दल को सलाम

इस साहसिक और सफल अभियान में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गियारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला श्री अनुभव भारद्वाज, उप समादेष्टा 26 वाहिनी SSB राँची श्री शक्ति सिंह, उप समादेष्टा कोबरा-203 मो0 आरीफ के साथ कांड्रा, चाण्डिल, नीमडीह, गम्हरिया थाना प्रभारी और झारखण्ड जगुआर, SSB, कोबरा-203 के सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।

सरायकेला-खरसावां पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे जिले में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और नक्सलियों में दहशत है। पुलिस की तत्परता, सटीक सूचना तंत्र और संयुक्त कार्रवाई काबिले तारीफ है।

जर्जर सड़क बनी जानलेवा! गहरे गड्ढे में फंसी दो मालवाहक गाड़ियां।

जर्जर सड़क बनी जानलेवा! गहरे गड्ढे में फंसी दो मालवाहक गाड़ियां।

सरायकेला/चांडिल

वोट देकर विधायक को गद्दी पर बैठाने वाली जनता बेहाल – जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौन।

सड़क पर नहीं, गड्ढों में चल रही है जिंदगी।

हल्की बारिश ने प्रशासन व जनप्रतिनिधि की खोल दी पोल।

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बदहाली और लापरवाही की भेंट चढ़ी इस सड़क पर दो बड़ी मालवाहक ट्रकें गहरे गड्ढे और कीचड़ में फंस कर दम तोड़ चुकी हैं। एक ट्रक का आधा हिस्सा धंस गया है तो दूसरी गाड़ी घंटों से उसी जगह खड़ी है, निकलने का कोई रास्ता नहीं।

सविता महतो, विधायक, ईचागढ़ विधानसभा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। यह सड़क महीनों से नहीं, सालों से जर्जर है। बरसात में तो हालात नरक से भी बदतर हो जाते हैं। बड़े-बड़े गड्ढे पानी में तालाब बन जाते हैं और रोजाना कोई न कोई वाहन उसमें फंस जाता है।

सबसे बड़ा सवाल – जनप्रतिनिधि कहां हैं?

जिस जनता ने अपने एक-एक वोट से विधायक जी को गद्दी पर बैठाया, आज वही जनता इस टूटी सड़क पर अपनी किस्मत को कोस रही है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि अब AC कमरों में बैठे हैं और जनता की इस परेशानी को देखने वाला कोई नहीं है।

प्रशासन की अनदेखी भी कम नहीं है। कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो सड़क की मरम्मत हुई, न ही गड्ढों को भरने की जहमत उठाई गई। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

यक्ष प्रश्न:

1. आखिर कब तक जनता इस जानलेवा सड़क पर चलने को मजबूर रहेगी?

2. सरकार द्वारा निर्धारित प्रत्येक तरह के टैक्स का पैसा कहां जा रहा है जब सड़क की ये हालत है?

3. क्या जनप्रतिनिधि और प्रशासन की आंखें तब खुलेंगी जब कोई बड़ी जनहानि होगी?

4.कहां है पथ निर्माण विभाग।

5.कहां है परिवहन पदाधिकारी।

जनता नेताओं से पूछ रही है – वोट हमारा, तो सजा भी हमारी ही क्यों?

स्वर सम्राट किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर गम्हरिया में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनिल ठाकुर बने मुख्य अतिथि।

स्वर सम्राट किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर गम्हरिया में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनिल ठाकुर बने मुख्य अतिथि।

सरायकेला/गम्हरिया

स्वर सम्राट एवं महान पार्श्वगायक किशोर कुमार की 97वीं जयंती के अवसर पर भारती विविध कला मंदिर, गम्हरिया द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंटक जिला अध्यक्ष एवं गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि अनिल ठाकुर का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं इंटक जिला महासचिव राजू रजक को भी बुके देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अनिल ठाकुर ने कहा कि किशोर कुमार केवल एक महान पार्श्वगायक ही नहीं, बल्कि भारतीय संगीत जगत की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी मधुर आवाज और सदाबहार गीत आज भी हर पीढ़ी के लोगों के दिलों में जीवंत हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे महान कलाकारों की जयंती मनाना नई पीढ़ी को उनकी कला और योगदान से परिचित कराने का एक सार्थक प्रयास है। इस अवसर पर इंटक महिला जिला अध्यक्ष रानी शर्मा, उर्मिला देवी मंडल, अध्यक्ष संजीव कुमार दास, अध्यक्ष अर्जुन दास, कोसा अध्यक्ष अर्जुन दास तथा छोटा गम्हरिया वार्ड पार्षद अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा वातावरण उनके अमर गीतों से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन महान पार्श्वगायक किशोर कुमार को सामूहिक श्रद्धांजलि एवं उनके अमूल्य योगदान को नमन करते हुए किया गया।

Design a site like this with WordPress.com
Get started