सरायकेला-खरसावां में प्रदूषण का कहर: आम जनजीवन, प्रकृति और पशु-पक्षियों का जीना मुहाल, विभाग बोला – अनुसंधान जारी।

सरायकेला-खरसावां में प्रदूषण का कहर: आम जनजीवन, प्रकृति और पशु-पक्षियों का जीना मुहाल, विभाग बोला – अनुसंधान जारी।

सरायकेला/आर आई टी

सरायकेला-खरसावां जिले में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण ने आम जनमानस के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन और पशु-पक्षियों के जीवन पर भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। आदित्यपुर, गम्हरिया, चांडिल और चौका क्षेत्र में संचालित स्पंज आयरन, स्टील फैक्ट्रियों से निकलने वाली काली धूल, राख और जहरीले धुएं से पूरा इलाका त्रस्त है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सुबह-शाम फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं से सांस लेना मुश्किल हो गया है। खेतों में काली राख जम रही है जिससे फसलें खराब हो रही हैं। जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं। पेड़-पौधों पर धूल की मोटी परत जमने से हरियाली खत्म हो रही है और पशु-पक्षी गांव छोड़कर पलायन कर रहे हैं।

स्वास्थ्य संकट गहराया
प्रदूषण के कारण क्षेत्र में खांसी, दमा, आंखों में जलन, एलर्जी और त्वचा रोग के मामले तेजी से बढ़े हैं। चौका क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स में पिछले 5 साल में एंटी-एलर्जी दवाओं मोंटास-एल, एलेग्रा और इनहेलर की बिक्री दोगुनी हो गई है, जो इस संकट की गंभीरता को दर्शाता है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 से लगातार झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद (JSPCB) और जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इस संबंध में जब विभागीय पदाधिकारी से बात की गई तो उनका कहना है कि “मामले पर अनुसंधान चल रही है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रदूषण पर रोक नहीं लगी तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जनहित में प्रशासन को अविलंब उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर फैक्ट्रियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

शेष अगले अंक में………?

75वीं प्लेटिनम जयंती को भव्य बनाने के लिए दुर्गा पूजा कमेटी का गठन।

75वीं प्लेटिनम जयंती को भव्य बनाने के लिए दुर्गा पूजा कमेटी का गठन।

सरायकेला/कांड्रा

श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, कांड्रा कॉलोनी की बैठक 23 अगस्त 2026 को मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता सह संरक्षक राकेश कुमार वाष्र्णेय ने की। बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष की दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए नई कमेटी का गठन किया गया।

बैठक में कमेटी के पदाधिकारियों का चयन किया गया। अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा, उपाध्यक्ष विजय तिवारी एवं के. साईं राव, महासचिव के. दुर्गा राव, सचिव हितेश वाष्र्णेय, सह सचिव राजू मंडल तथा कोषाध्यक्ष चंदन प्रताप सिंह, गिरिश वाष्र्णेय एवं स्वाधीन चंद्र महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई।

कमेटी के गठन के बाद इस वर्ष आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस वर्ष श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, कांड्रा कॉलोनी अपनी 75वीं प्लेटिनम जयंती मना रही है। इसे देखते हुए पूजा समारोह को विशेष और भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया।
कमेटी ने निर्णय लिया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा नौ दिनों तक आयोजित की जाएगी तथा पहले दिन से ही मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी। इसके साथ ही नौ दिनों के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से साधन कुमार दास, विपिन वाष्र्णेय ,सजय वाष्र्णेय,रंजीत सेन, आदित्य चौधरी, शिवांशु वाष्र्णेय, अमर दे, संजू दत्ता, सकेत मिश्रा, कपिश सिंह, सौरभ,सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे। सदस्यों ने 75 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को यादगार बनाने और पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

चांडिल में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, चार गोलियां दागकर अपराधी फरार।

चांडिल में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, चार गोलियां दागकर अपराधी फरार।

सरायकेला/चांडिल

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। कांदरबेड़ा स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में दिनदहाड़े फायरिंग कर कारोबारी निखार सबलोक की हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने निखार पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं, जिनमें दो गोलियां सिर में लगीं।

गंभीर हालत में दोस्तों ने उन्हें टीएमएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस, डीएसपी समेत जमशेदपुर की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं
पुलिस ने घटनास्थल से नौ खोखे बरामद किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी समेत कई एंगल पर जांच जारी है।

वहीं इस मामले पर सरायकेला खरसावां की पुलिस अधीक्षक ने कहा जांच चल रही है अनुसंधान के बाद बता देंगे

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है निखार की हत्या क्यों और किसने की?

एक दर्जन हाथियों ने दर्जन भर किसानों के धान की फसल को किया नष्ट।

एक दर्जन हाथियों ने दर्जन भर किसानों के धान की फसल को किया नष्ट।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो पंचायत अंतर्गत तालापीड़ी, बिस्टाटांड़, जारगोडीह, सोड़ो के दर्जन भर किसानों के खेत में लगे धान की खेती को शनिवार देर रात को 13 जंगली हाथियों ने रोंद कर नष्ट कर दिया। वनरक्षी सह प्रभारी वन पाल कैलाश चंद्र महतो ने बताया कि कुटाम जंगल में विगत कोई दिनों से डेरा जमाए हुए थे। शनिवार रात को हथियों का झुण्ड सालूकडीह,डुमरा,सितु होते हुए तालापीढ़ी, बिस्टाटांड़ के रास्ते स्वर्णरेखा नदी जारगोडीह में  डेरा जमाए हुए है। कुटाम जंगल से जरगोडीह जाने के क्रम में दर्जनभर किसानों के धान की खेती को नुकसान पहुँचाया है।

ग्रामीणों ने बताया कि किसी तरह  किसानों ने धान की खेती तैयार की है,उपर से जंगली हाथियों द्वारा नष्ट किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग किया है कि जंगली हाथियों को इस क्षेत्र से भगाया जाए और क्षतिग्रस्त फसलों का समय पर उचित क्षतिपूर्ति मुआवजा दिया जाए।

जंगल में दफन दो युवकों के हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी धराए।

जंगल में दफन दो युवकों के हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी धराए।

सरायकेला/कांड्रा

सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत राप्चा जंगल में दो युवकों की हत्या कर शव दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय फूलचंद रघुनाथ हांसदा और 25 वर्षीय रवींद्र मार्डी के रूप में हुई है।

सरायकेला के SDPO ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल चोरी के शक में तीन युवकों – तपन प्रधान, राहुल हांसदा और सूरज को कांड्रा के धातकीडीह इलाके से अगवा किया गया था। आरोपियों ने तीनों को बोलेरो गाड़ी में बैठाकर सरना उमूल टायो गेट के पास ले जाकर बांस की बल्लियों से बेरहमी से पिटाई की।

SDPO के अनुसार, आरोपियों ने सूरज को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया, जबकि तपन और राहुल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शवों को राप्चा-रामचंद्रपुर के जंगल में ले जाकर दफना दिया गया।

पुलिस ने इस कांड में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस अन्य शामिल लोगों की तलाश में जुटी है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।

सरायकेला-खरसावां

दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वागिंयारी की उपस्थिति में विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ जिले में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी द्वारा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिनांक 22 जून 2026 से 21 अगस्त 2026 तक लगभग 3,50,000 घन फीट बालू से संबंधित मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 14 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 12.91 लाख रुपये की राशि की वसूली की गई तथा 01 प्राथमिकी/शिकायतवाद दर्ज किया गया। कार्रवाई के क्रम में 03 ट्रैक्टर, 05 हाइवा एवं 01-407 वाहन सहित अवैध क्वार्जाइट पत्थर उत्खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, विशेषकर बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। एनजीटी के निर्देशानुसार निर्धारित अवधि में नदी से बालू के अवैध उत्खनन एवं उठाव पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा नदी घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने जिला खनन विभाग को भी जिला स्तर पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों की नियमित जांच करने तथा वैध दस्तावेज के बिना खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के संबंध में किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत अथवा सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्राप्त सूचना को लंबित न रखते हुए संबंधित पदाधिकारी द्वारा त्वरित सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

अवैध खनन एवं खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए पुलिस, खनन विभाग, अंचल प्रशासन एवं परिवहन विभाग के बीच समन्वय के साथ संयुक्त जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील मार्गों एवं क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार विशेष जांच अभियान चलाते हुए अवैध खनिज परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों में खनिज को तिरपाल से पूरी तरह ढंककर परिवहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं गश्त, संयुक्त छापेमारी अभियान तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम से संबंधित नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन शिवम गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

आदित्यपुर के वार्ड-17 में लगा फ्री आई चेकअप कैंप, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ।

आदित्यपुर के वार्ड-17 में लगा फ्री आई चेकअप कैंप, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ।

सरायकेला/आदित्यपुर

आदित्यपुर के वार्ड नंबर-17 स्थित कलश काली मंदिर परिसर में रविवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शारदा नेत्रालय और तेजस्विनी महिला संगठन के संयुक्त प्रयास से लगाया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि शिक्षाविद प्रो. केपी सोरेन और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।

शिविर में शारदा नेत्रालय एंड मेटरनिटी के चिकित्सकों डॉ. अनुराग, डॉ. स्मिता पति, डॉ. पूजा कुमारी शर्मा और डॉ. कोमल कुमारी सहित उनकी पूरी मेडिकल टीम ने क्षेत्र के लोगों की आंखों की जांच की। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं और गंभीर मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष सम्मान समारोह भी रखा गया, जिसमें हाल ही में वार्ड-17 में शौचालय की टंकी में गिरी गाय को सकुशल बाहर निकालने वाली नगर निगम की रेस्क्यू टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

समारोह में सभी अतिथियों को पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओमप्रकाश, स्थानीय पार्षद सह तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा, अधिवक्ता एस.के. स्वाई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिवाकर झा, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जितेंद्र कुमार, कैलाश पाठक समेत वार्ड के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आंसगी मैदान के पास मजदूर से लूट: पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को दबोचा।

आंसगी मैदान के पास मजदूर से लूट: पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को दबोचा।

सरायकेला/आर आई टी

( सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट )

सरायकेला खरसावां जिले के आर आई टी थाना क्षेत्र अंतर्गत के आंसगी फुटबॉल मैदान के पास मारपीट कर मोबाइल और पैसा लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

मामला आर आई टी थाना कांड संख्या 40/26 दिनांक 20.08.2026 धारा- 126(2)/115(2)/117(2)/118(1)/309(6)/109/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को विनय डोंगी, उम्र 35 वर्ष, पिता- रामेश्वर डोंगी, पता- हरनाली, पो०- पिटिज, थाना- इतखोरी, जिला- चतरा, वर्तमान में सुदिशा फाउंड्री प्रा० लि० में कार्यरत ने लिखित आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि आंसगी फुटबॉल मैदान के किनारे तीन युवकों ने उन्हें गंभीर रूप से मारपीट कर घायल कर दिया और मोबाइल व नकद लूट लिया।

इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम हैं:

1. प्रकाश कर्मकार उर्फ प्रकाश लोहार, उम्र-28 वर्ष, बरगीडीह
2. 2. रोहित कर्मकार उर्फ रोहित लोहार, उम्र-27 वर्ष, बरगीडीह
3. 3. मन्तु महतो, उम्र-23 वर्ष, बरगीडीह तीनों थाना- आर आई टी, जिला- सरायकेला-खरसावां के रहने वाले हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त रोहित कर्मकार की निशानदेही पर लूटे गए सामान को बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है।

बरामद सामान:
वीवो कंपनी का मोबाईल -01, जियो कंपनी का सिम-01, 500-500 रूपये के दो नोट कुल 1000 रूपया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। प्रकाश लोहार के विरुद्ध आर आई टी थाना में पहले से कांड दर्ज है, वहीं रोहित लोहार के विरुद्ध आदित्यपुर थाना में 302, 376, पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कांड दर्ज है।

इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी पु०अ०नि० रविकांत पराशर के नेतृत्व में पु०अ०नि० विमलेश कु० महतो, पु०अ०नि० संजीत कुमार, स०अ०नि० रामजतन प्रसाद, स०अ०नि० विक्रम कुमार और आरक्षी/204 उमाशंकर सिंह शामिल थे।

विधायक ने किया कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 6 सड़कों का शिलान्यास।

विधायक ने किया कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 6 सड़कों का शिलान्यास।

सरायकेला/ईचागढ़

ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शनिवार को कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 6 सड़कों का शिलान्यास नारियल फोड़कर व शिलापट्ट अनावरण कर किया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना अन्तर्गत तिरूलडीह चौड़ा पथ से सापारूम 2.800 किलोमीटर, चौड़ा कारगिल चौक से संपतडीह भाया मानकीडीह तक 3.500 किलोमीटर पथ, कुकड़ू चौड़ा पथ से शोभानदी तक 2.917 किलोमीटर, लेटेमदा रेलवे लाइन से बांदावीर तक 2.200 किलोमीटर पथ, कुकड़ू से ईचाडीह 4.300 किलोमीटर पथ एवं कुकड़ू,हेड़ेमुली चान्हो तक 2.300 किलोमीटर पथ निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। वहीं विधायक सविता महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 6 सड़कों का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

उन्होंने कहा कि कुल 18 किलोमीटर सड़क का निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य 11 करोड़ 86 लाख 64 हजार की लागत से किया जाएगा। सड़कों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य होने से लोगों को यातायात की समस्या से निजात मिल सकती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब 300 किलोमीटर सड़कों का कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि संवेदक को गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण कार्य ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।मौके पर जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, प्रमुख प्रतिमा बाला पातर ,सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, झामुमो केन्द्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने डेढ़ किलोमीटर लंबे पुल का किया लोकार्पण।

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने डेढ़ किलोमीटर लंबे पुल का किया लोकार्पण।

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल और नीमडीह थाना क्षेत्र की सीमा पर चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बहुप्रतीक्षित पितकी रेलवे ओवरब्रिज का शनिवार को विधिवत लोकार्पण कर  जनता को समर्पित किया गया। रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। लोकार्पण के साथ ही पुल पर वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया। इससे पितकी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण समारोह में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, आजसू नेता हरेलाल महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, वरिष्ठ नेता पप्पू वर्मा, अनिता पारित, सारथी महतो, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, महेश कुंडू, विशाल चौधरी, दिवाकर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनहित और विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पितकी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान है और यह जनहित में हो रहे विकास कार्यों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान अक्सर घंटों जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।

मुआवजे की मांग पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ खरसावां चांदनी चौक को किया जाम, डेढ़ घंटे के बाद एक लाख मुआवजा के आश्वासन से हटा जाम।

मुआवजे की मांग पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ खरसावां चांदनी चौक को किया जाम, डेढ़ घंटे के बाद एक लाख मुआवजा के आश्वासन से हटा जाम।

सरायकेला-खरसावां

खरसावां थाना क्षेत्र के बनाईकेला चौक के समीप शुक्रवार को सड़क हादसे में पीडीएस दुकानदार सह संतीकुदर निवासी करम सिंह बोदरा (55) की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों और आदिवासी हो समाज महासभा के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ खरसावां चांदनी चौक जाम कर दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुआ सड़क जाम लगभग डेढ़ घंटे तक चला। अधिकारियों और वाहन मालिक की ओर से मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद करीब 3 बजे जाम हटाया गया।

सड़क जाम की सूचना पर खरसावां अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह और आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से वार्ता की।

वार्ता के दौरान मालवाहक 407 वाहन के मालिक की ओर से मृतक के परिवार को कुल एक लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसमें तत्काल 50 हजार रुपये दिए गए, जबकि शेष 50 हजार रुपये तीन से पांच दिनों के भीतर देने की बात कही गई। इसके अलावा वाहन के इंश्योरेंस से मिलने वाले मुआवजे का भी आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान आदिवासी हो समाज महासभा के मनोज सोय सहित मृतक के परिजन, समाज के लोग और संतीकुदर के ग्रामीण मौजूद रहे।

राशन लेने के बाद नातियों को स्कूल से लेकर लौट रहे थे
बताया गया कि करम सिंह बोदरा शुक्रवार को अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या जेएच 06 पी 2306 से खरसावां प्रखंड परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम से अपनी पीडीएस दुकान का राशन लेने गए थे। राशन उठाने के बाद वे देहरूडीह स्थित आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल पहुंचे और वहां पढ़ने वाले अपने दोनों नातियों को बाइक पर बैठाकर संतीकुदर लौट रहे थे।

इसी दौरान बनाईकेला चौक के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि उनके पीछे पीडीएस दुकान का राशन लदा 407 वाहन भी आ रहा था। हादसे में करीब 70 क्विंटल राशन लदा 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।

दुर्घटना में करम सिंह बोदरा और उनके दोनों नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को खरसावां के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने करम सिंह बोदरा को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे में उनके नाती निखिल बोदरा (8), पिता मांगीलाल बोदरा, के सिर और पैर में चोट लगी है। वहीं दूसरे नाती बिरज सिंह बोदरा (10), पिता हरिचरण बोदरा, के सिर और हाथ में चोट आई है। दोनों आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल, देहरूडीह में क्रमशः कक्षा दो और कक्षा तीन के छात्र हैं।

अंचल अधिकारी, कुकड़ू एवं थाना प्रभारी, तिरुलडीह के संयुक्त नेतृत्व में अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई, 5,000 CFT बालू जब्त।

अंचल अधिकारी, कुकड़ू एवं थाना प्रभारी, तिरुलडीह के संयुक्त नेतृत्व में अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई, 5,000 CFT बालू जब्त।

सरायकेला/खरसावां

उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार जिले में अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 21 अगस्त, 2026 को अंचल अधिकारी, कुकड़ू श्री अभय कुमार दिर्वेदी एवं थाना प्रभारी, तिरुलडीह द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान तिरुलडीह थाना अंतर्गत डांटम जंगल क्षेत्र से लगभग 5,000 CFT (पांच हजार घन फीट) बालू जब्त किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा अवैध बालू उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Design a site like this with WordPress.com
Get started